Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
Browsing: बिलासपुर

panchayattantra24.-कोरबा: कोरबा में बेलगाम दौड़ रही गाड़ियां सड़क हादसे का शिकार हो गई. दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में दो लोगों की मौत हो गई, वहीं दो लोगों की हालत गंभीर है. घायलों को पुलिस की मदद से उपचार के लिए अस्पताल में दाखिल कराया गया है. पहली घटना बांगो थाना अंतर्गत मदनपुर घाटी के पास घटी, जहां तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी. घटना में 35 वर्षीय गणेश प्रजापति और 35 वर्षीय रुद्रेश्वर गोड दोनों एसईसीएल कर्मियों की मौके पर मौत हो गई. वहीं दो घायल बिहारी प्रजापति और श्यामलाल प्रजापति में से श्याम लाल की हालत गंभीर बताई गई है. घटना की सूचना के बाद मौके पर पहुंची बांगो थाना पुलिस वाहन में फंसे शव को निकालने में जुटी है. दूसरी घटना रिसदी रजगामार मुख्य मार्ग पर घटी, जिसमें तेज रफ्तार ओला स्कूटी ट्रेक्टर से जा टकराई. स्कूटी में 4 लोग सवार थे, जिनमें से एक युवक और तीन युवतियों की से एक की हालत गंभीर है. हादसे के बाद राहगीरों की भीड़ लग गई, घायलों को 108 की मदद उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज लाया गया है. घटना की सूचना सिविल लाइन थाना पुलिस को दे दी गई है.

panchayattantra24.-गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही। जिले में नए साल के साथ 36वें राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह का शुभारंभ हुआ. पुलिस ने इस अवसर पर जागरूकता रैली और विशेष अभियान का आयोजन किया. कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एसपी आईपीएस भावना गुप्ता, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रमेश्वर शर्मा और एडिशनल एसपी ओम चंदेल थे.
पुलिस कंट्रोल आयोजित कार्यक्रम के दौरान एसपी भावना गुप्ता ने ग्रीन फ्लैग दिखाकर यातायात जागरूकता रथ और जागरूकता रैली को रवाना किया. जागरूकता रथ ने पूरे जिले में सड़क सुरक्षा का संदेश दिया. इसके साथ जिले के ऑटो चालक संघ ने यातायात जागरूकता पोस्टर्स अपनी ऑटो में चस्पा किए. चालकों को जागरूकता फैंपलेट्स वितरित किए गए. 50 से अधिक युवाओं ने हेलमेट पहनकर बाइक रैली में भाग लिया. युवाओं और ऑटोचालकों ने यातायात नियमों का पालन करने का संकल्प लिया. रैली पुलिस कंट्रोल रूम से शुरू होकर संजय चौक, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और ज्योतिपुर चौक होते हुए कंट्रोल रूम में समाप्त हुई.

panchayattantra24.-बिलासपुर। विवाह विच्छेद के लिए हाईकोर्ट ने पति के पक्ष में आदेश दिया है। फैमिली कोर्ट ने भी इसके पहले पति का आवेदन स्वीकार कर तलाक का आदेश पारित किया था। इसके खिलाफ दायर पत्नी की अपील हाईकोर्ट ने खारिज कर दी। कोर्ट ने 5 लाख का स्थायी गुजारा भत्ता निर्धारित करते हुए कहा कि मानसिक क्रूरता के आधार पर विवाह विच्छेद उचित है। नवागांव जिला मुंगेली निवासी सोनिया जांगड़े पिता हरिप्रसाद पात्रे का विवाह बीरभान सिंह जांगड़े निवासी ग्राम दर्री जिला बेमेतरा से गत 2 मई 2017 को हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार हुआ था। पति के अनुसार पत्नी ने 6 माह तक तक अपने ससुराल में ठीक से व्यवहार किया तथा उसके बाद वह अपने पिता के घर में रहने लगी।
विवाह के कुछ समय पश्चात ही पत्नी का वादी के प्रति व्यवहार बदलता गया। पति के माता-पिता से छोटी-छोटी बातों पर झगड़ा करना शुरू कर दिया तथा उस पर अपने माता-पिता से अलग होने का दबाव बनाया। इस बीच सोनिया ने पति के परिजनों को परेशान करने की गरज से घरेलू हिंसा का मामला भी मजिस्ट्रेट मुंगेली के यहां लगा दिया। इन सब तथ्यों के आधार पर कोर्ट ने पति को तलाक की डिक्री का हकदार मानते हुए निर्णय दिया। इसके खिलाफ सोनिया ने हाईकोर्ट में अपील की।
सुनवाई के बाद डिवीजन बेंच ने कहा कि पति ने यह साबित किया है कि पत्नी मानसिक क्रूरता कर रही है। पारिवारिक न्यायालय ने पति के पक्ष में तलाक की डिक्री दी जो न्यायोचित है। चूंकि डिक्री पारित हो चुकी है, इसलिए पत्नी अपने भरण-पोषण के लिए स्थायी गुजारा भत्ता पाने की हकदार है। पति आदेश के अनुपालन में 5,000 रुपए प्रतिमाह भरण-पोषण के रूप में दे रहा है,इसलिए कोर्ट एकमुश्त स्थायी गुजारा भत्ता 5,00,000 रुपए निर्धारित करता है।

panchayattantra24.-गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। जिले के दो होनहार युवाओं, संस्कार मिश्रा और दिव्यांश सिंह चौहान ने अपनी उपलब्धियों से जिले का नाम रोशन किया है। उनकी सफलता पर पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता ने उन्हें सम्मानित कर प्रेरित किया। इस सम्मान समारोह का उद्देश्य उनकी मेहनत को सराहना और अन्य युवाओं को प्रेरित करना था। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही के छोटे से गांव से निकलकर संस्कार मिश्रा ने अपनी कबड्डी प्रतिभा से हरियाणा स्टीलर्स टीम का हिस्सा बनते हुए प्रो कबड्डी लीग के 11वें सीजन में जीत दर्ज की। उसका प्रो कबड्डी लीग में 9 लाख रुपये के बेस प्राइस पर चयन हुआ है। वह छत्तीसगढ़ राज्य कबड्डी टीम के कप्तान है। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर खेल प्रदर्शन किया है और आगामी दुबई प्रीमियर लीग में हिस्सा लेने की तैयारी कर रहा है। एसपी भावना गुप्ता ने संस्कार की प्रशंसा करते हुए कहा, “संस्कार ने मेहनत और लगन से यह मुकाम हासिल किया है। वह जिले के युवाओं के लिए प्रेरणा हैं। उनकी सफलता दिखाती है कि छोटे गांवों से भी बड़े सपने सच किए जा सकते हैं।”
इसी तरह पेंड्रा निवासी दिव्यांश सिंह चौहान ने छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग परीक्षा 2023 में 7वीं रैंक हासिल की।उसने पेंड्रा में 12वीं तक की पढ़ाई की है। उसने रायपुर के शंकराचार्य कॉलेज से इंजीनियरिंग डिग्री ली अब प्रशासनिक सेवाओं में करियर बनाने की तैयारी कर रहा है। एसपी भावना गुप्ता ने दिव्यांश को सम्मानित करते हुए कहा, “दिव्यांश जैसे युवा प्रशासनिक सेवाओं में अपनी जगह बनाकर अन्य युवाओं के लिए प्रेरणा हैं। उनकी सफलता दिखाती है कि दृढ़ संकल्प और मेहनत से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।” गुप्ता ने कहा कि जिले की युवा प्रतिभाएं अपने बलबूते नई ऊंचाइयों को छू रही हैं और समाज को प्रेरित कर रही हैं।

panchayattantra24.-बिलासपुर. हाईकोर्ट ने बिलासपुर की दुष्कर्म पीड़िता गर्भवती युवती के गर्भपात की अनुमति को लेकर लगाई गई याचिका पर सुनवाई की. कोर्ट ने मामले को गंभीरता लेते हुए रायगढ़ कलेक्टर को तत्काल मेडिकल बोर्ड का गठन करके पीड़िता की जांच कर 2 जनवरी को रिपोर्ट पेश करने आदेश दिया है. इससे पहले जस्टिस रविंद्र कुमार अग्रवाल की विशेष कोर्ट ने मामले की सुनवाई के बाद बिलासपुर कलेक्टर को मेडिकल बोर्ड गठन कर जांच के निर्देश दिए थे. इस मामले की सुनवाई के लिए जस्टिस विभु दत्त गुरू ने शीतकालीन अवकाश के बाद भी विशेष कोर्ट लगाई गई. कोर्ट ने सुनवाई के बाद पीड़िता के निवास से रायगढ़ नजदीक होने के चलते यहां के सीएमएचओ को छत्तीसगढ़ राज्य सरकार ने जून 2024 को जारी अधिसूचना के अनुसार मेडिकल बोर्ड का गठन करने कहा है.
panchayattantra24.-जांजगीर चांपा। पुलिस पर धीवर समाज ने शराब बिक्री का झूठा मामला दर्ज कर जेल भेजने और 50 हजार रुपए रिश्वत मांगने का आरोप लगाया है। इसकी शिकायत समाज के लोगों ने पुलिस अधीक्षक से भी की है। धीवर समाज का आरोप है कि बनारी गांव के रहने वाले पंचराम धीवर को पुलिस ने शराब बिक्री के झूठे मामले में जेल भेज दिया। धीवर समाज के लोगों परिजनों और ग्रामीणों ने एसपी कार्यालय का घेराव किया गया। एसपी विवेक शुक्ला को आवेदन देकर जांच कर उचित कार्यवाही की मांग की है। मामला सिटी कोतवाली थाना की है। दअरसल, सिटी कोतवाली पुलिस ने 26 दिसंबर को पंचराम धीवर के पास से 17 लीटर कच्ची महुआ शराब के साथ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया था।
परिजनों का आरोप लगाया कि कुछ पुलिस वाले पंचराम धीवर की तलाश करते हुए घर पहुंचे हुए थे। जब घर के अन्य सदस्यों ने बताया कि वो अभी घर पर नहीं है, मजदूरी करने गया हुआ है। तब कहा कि आने पर उसे थाना भेजने की बात कहते हुए चले गए। जब पंचराम धीवर घर पहुंचा तो थाना बुलाए जाने की बात घर सदस्यों ने दी। जिसपर पंचराम धीवर थाना पहुंचा। तब चोरी के सामान को कबाड़ी में बेचते हो कहकर 50 हजार रुपए की मांग करने लगे। पंचराम ने मना किया तो उसके साथ थाने में मारपीट की गई।इसके बाद पुलिस उसे गाड़ी में बैठाकर साबरिया डेरा कांजी नाला के पास लेकर गई। सिपाहियों ने दो शराब का जेरीकिन मांगकर फर्जी जब्ती बताकर शराब के झूठे केस में फंसा कर उसे जेल भेज दिया। वहीं पूरे मामले पर बात करने के लिए जब भास्कर रिपोर्टर ने जिला एसपी को काल किया तो उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया।
कहा- आरोपी को नहीं दिया जा सकता जमानत का लाभ

panchayattantra24.com-बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के कथित 2000 करोड़ रुपए के शराब घोटाला मामले में आरोपी अनवर ढेबर की जमानत याचिका को हाईकोर्ट ने खारिज कर दिया है। कोर्ट ने कठोर टिप्पणी भी की है।
कोर्ट ने टिप्पणी करते हुए आदेश में कहा, कि सर्वोच्च न्यायालय का मानना है कि भ्रष्टाचार केवल एक मामला नहीं है, यह दंडनीय अपराध है। यह अप्रत्यक्ष रूप से मानवाधिकारों को भी कमजोर करता है। व्यवस्थित भ्रष्ट्राचार आर्थिक अपराधों को जन्म देता है। आर्थिक अपराध गंभीर अपराध है। जिसका पूरे देश की अर्थव्यवस्था पर असर पड़ रहा है। कोर्ट ने कहा, कि मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी को जमानत का लाभ नहीं दिया जा सकता है। इसके साथ ही कोर्ट ने आरोपी की जमानत आवेदन को खारिज किया है।
बता दें, कि कारोबारी अनवर ढेबर के खिलाफ ईओडब्ल्यू एवं एसीबी ने 11 जुलाई 2023 को सह अभियुक्त अनिल टुटेजा, अरूणपति त्रिपाठी एमडी सीएसएमसीएल, विकास अग्रवाल, संजय दीवान एवं अन्य आबकारी अधिकारियों से सेंडिकेट बनाकर प्रदेश में शराब बिक्री से अवैध कमिशन वसूली के मामले में धारा 420, 468, 471 एवं 120 बी के तहत अपराध दर्ज कर अप्रैल 2024 को गिरफ्तार किया। इस मामले में ईडी ने नवंबर 2024 को अलग से अपराध दर्ज किया है। इसके अलावा आयकर विभाग ने भी उसके अलग अलग परिसर में छापामार कार्रवाई की है। जेल में बंद अनवर ढ़ेबर ने हाईकोर्ट में जमानत हेतु आवेदन पेश किया था। जिस पर जस्टिस अरविंद कुमार वर्मा की कोर्ट में सुनवाई हुई। सुनवाई के दौरान कोर्ट ने पाया कि विभिन्न व्यक्तियों के बयान दर्ज किए गए जिन पर आरोप हैं। छत्तीसगढ़ राज्य में शराब सिंडिकेट का एक हिस्सा है। आरोप लगाया कि शराब के व्यापार रिश्वत राशि का भुगतान प्राप्त किया गया है। डिस्टिलर्स, होलोग्राम निर्माताओं, बोतल निर्माताओं की सक्रिय भागीदारी, ट्रांसपोर्टर, जनशक्ति प्रबंधन और जिला उत्पाद शुल्क अधिकारी शामिल हैं। डिस्टिलर्स को काम करने की अनुमति देने के लिए वार्षिक कमीशन का भुगतान किया गया। सिंडिकेट द्बारा साजिश को अंजाम दिया गया।
राज्य में शराब की बिक्री से अलग-अलग तरीकों से पैसा लिया गया। सिडिकेट अवैध वसूली करता था। शराब से लिया गया अवैध कमीशन और ऑफ-द-रिकॉर्ड बेहिसाब देशी शराब की बिक्री राज्य द्बारा संचालित दुकानों से किया गया।
बेमौसम बारिश से धान को बचाने रहें सतर्क
अब तक 3.68 लाख मीट्रिक टन धान की आवक
किसानों को 771 करोड़ का हो चुका भुगतान
भरारी केंद्र के खरीदी प्रभारी को हटाने के निर्देश
बिचौलियों के विरुद्ध कार्रवाई में और तेज़ी लाएं

panchayattantra24.-बिलासपुर। कलेक्टर अवनीश शरण ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अधिकारियों की बैठक लेकर धान खरीदी की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने मल्हार क्षेत्र के धान खरीदी केंद्र प्रभारी जगजीवन कुर्रे को हटाने के निर्देश दिए। श्री कुर्रे के विरुद्ध धान खरीदी में गड़बड़ी और लापरवाही के कई आरोप लगे हैं। कलेक्टर ने बैठक में दलाल और बिचौलियों के विरुद्ध कार्रवाई और तेज करने को कहा है। उन्होंने कहा कि आप सभी को संदेहास्पद लोगों की सूची पूर्व में दी गई है। ऐसे लोगों की हरकतों पर नजर रखें और तत्परता से कार्रवाई करें। वर्तमान कार्रवाई को नाकाफी बताते हुए कार्रवाई करने के लिए लक्ष्य भी दिए। फड़ से उठाव में भी और तेजी लाने के सख्त निर्देश दिए। अब तक 37 फीसदी धान का समितियों से उठाव हो चुका है। कड़े निर्देश के बाद पिछले सप्ताह उठाव में तेजी आई है। कलेक्टर ने कहा कि धान बेच चुके किसानों का उनकी सहमति से रकबा समर्पण भी कराया जाए ताकि बिचौलिए इसका अनुचित लाभ न उठा पाएं।
कलेक्टर ने एनआईसी से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जिले के सभी एसडीएम, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, खाद्य, मंडी और सहकारिता विभाग की बैठक लेकर हर एक समिति के हालात की जानकारी ली। बैठक में बताया गया कि जिले में अब तक 3.68 लाख मैट्रिक टन धान की खरीदी की जा चुकी है। 78 हजार 557 किसानों ने अपनी निकट खरीदी केंद्रों में धान बेचा है। शासन की ओर से उन्हें 771 करोड रुपए का भुगतान किया गया है। समिति स्तर पर भी छोटे किसानों को माइक्रो एटीएम के जरिए भुगतान किया जा रहा है। बिलासपुर सहित संभाग के 5144 किसानों को 4.76 करोड़ का भुगतान समिति से माइक्रो एटीएम से प्राप्त किया है। उन्हें राशि निकालने बैंक आने की जरूरत नहीं हुई।
कलेक्टर ने कहा कि मौसम में बदलाव आया है । अगले दो-तीन दिन तक बादल छाए रहने और बारिश की संभावना बताई गई है। ऐसी हालत में फड़ एवं संग्रहण केंद्र में रखे धान की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी ढेरी को कैप कवर से अच्छी तरह ढकें। बड़ी मजबूती के साथ ढकाव होने चाहिए ताकि तेज हवा आने पर भी पानी नीचे न जाने पाए और धान गीला और नुकसान ना हो। खरीदी केंद्र प्रभारी सुरक्षा के लिए संपूर्ण रूप से जिम्मेदार होंगे। श्री शरण ने फिर दोहराया कि असली किसानों को शासन की धान खरीदी योजना का लाभ दिलाना सर्वोच्च प्राथमिकता हैं। संपूर्ण प्रक्रिया में उन्हें किसी भी स्तर पर दिक्कत नहीं होनी चाहिए। बैठक में खाद्य नियंत्रक अनुराग भदौरिया, उपायुक्त सहकारिता श्रीमती मंजू पांडे,डीएमओ शंभू गुप्ता, एसडीएम कोटा से एसएस दुबे, जिला सहकारी बैंक के सीईओ सुनील सोढी और नोडल अधिकारी आशीष दुबे भी उपस्थित थे।

panchayattantra24.-बिलासपुर। सक्ती जिले में करोड़ों रुपए के कथित गबन के आरोपों का सामना कर रही निलंबित शिक्षिका को हाईकोर्ट के निर्देशों का हवाला देकर संयुक्त संचालक शिक्षा विभाग (जेडी) ने बहाल कर दिया है। यह कदम राज्य सरकार से जवाब पेश करने से पहले ही उठाया गया, जिससे उनके निर्णय पर सवाल उठ रहे हैं। जानकारी के मुताबिक 12 दिसंबर 2024 को सक्ती कलेक्टर ने महिला प्रधान पाठक सविता त्रिवेदी के खिलाफ आर्थिक अनियमितताओं के आरोप में कार्रवाई की अनुशंसा की। जेडी ने कलेक्टर के आदेश के आधार पर सविता त्रिवेदी को निलंबित किया। उन्होंने इस आदेश में करोड़ों रुपए के गबन का उल्लेख भी किया। 16 दिसंबर 2024 को शिक्षिका ने हाईकोर्ट में याचिका दायर कर अंतरिम राहत मांगी। इस पर हाईकोर्ट ने राज्य सरकार से चार सप्ताह के भीतर जवाब मांगा। नोटिस जारी होने के बाद जेडी ने 27 दिसंबर को निलंबन आदेश समाप्त कर दिया। हाईकोर्ट ने राज्य सरकार को जवाब दाखिल करने के लिए समय दिया था, पर अंतरिम राहत का आदेश नहीं दिया था।
बच्चों का ट्यूशन फीस और फाल-अस्तर की खर्च से हुई चिंता मुक्त

panchayattantra24.-गौरेला पेंड्रा मरवाही। मोबाइल पर महतारी वंदन की राशि आने का संदेश आते ही रेखा कैवर्त का चेहरा खिल उठता है। हर महीने समय पर राशि का इंतजाम हो जाने से बच्चों का ट्यूशन फीस और फाल-अस्तर की खर्च से रेखा चिंतामुक्त हो गई है। गरीबी रेखा से नीचे जीवनयापन कर रही 42 वर्षीय रेखा गौरेला विकासखण्ड के ग्राम सारबहरा की निवासी है। एकमात्र छोटे से टेलरिंग की दुकान के भरोसे घर गृहस्थी का काम चला रही रेखा को जब से महतारी वंदन की राशि मिलना शुरू हुआ है, उनके जीवन में नई खुशहाली का संचार हुआ है। महतारी वंदन योजना के बारे में पूछने पर रेखा का कहना है कि हमने कभी सोचा भी नहीं था कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय जी हम जैसे गरीब महिलाओं को आर्थिक सहायता के रूप में हर महीने एक-एक हजार रूपए सीधे उनके खाते में डालेंगे, लेकिन उन्होंने महिलाओं के प्रति जो सम्मान दे रहे हैं वह बहुत ही सराहनीय है। मैं मुख्यमंत्री जी का बहुत आभारी हूं और उनका धन्यवाद करती हूं। रेखा की तीन पुत्री और एक पुत्र है, सभी पढ़ाई कर रहे हैं। पहले वे घरेलू खर्चे को लेकर तनावग्रस्त रहती थी, अब बच्चों की फीस के साथ-साथ दुकान में अस्तर-फाल खरीदने के लिए पैसे की व्यवस्था हो जाने से तनावमुक्त हो गयी हैं।