Browsing: बिलासपुर

panchayattantra24.- बिलासपुर. न्यायधानी बिलासपुर में हाईकोर्ट रोड स्थित छतौना मोड़ के पास चलती स्कूटी में अचानक आग लग गई. हादसे के दौरान स्कूटी पर एक युवक और दो बच्चे सवार थे. मौके पर तीनों ने मुश्किल से जान बचाई है. घटना चकरभाटा पुलिस थाना क्षेत्र की है. जानकारी के अनुसार, शनिवार देर शाम छतौना मोड़ स्थित सुरजीत ट्रांसपोर्ट ऑफिस के सामने एक स्कूटी में आग लग गई. जिसमें दो बच्चे और एक युवक सवार होकर जा रहे थे. इस दौरान स्कूटी में अचानक शॉर्ट सर्किट के बाद स्कूटी से धुआं उठने लगा और देखते ही देखते आग लग गई. तीनों ने किसी तरह से अपनी जान बचाई. स्कूटी TVS पेप बताई जा रही है, आग लगने के बाद स्कूटी को पहचानना भी मुश्किल है, हेडलाइट छोड़कर सब कुछ खाक हो गया है.
 

  

panchayattantra24.-जांजगीर-चांपा. जिले के नवागढ़ में आज सुबह ट्रक और यात्री बस के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई. बताया जा रहा है कि बस यात्रियों को लेकर केरा से जांजगीर की ओर जा रही थी. इसी बीच राछाभाटा के पास बस और ट्रक के बीच टक्कर हुई. घटना से यात्रीयों में हड़कंप मच गया है. इस हादसे में बस में सवार दर्जनभर यात्री घायल हो गए हैं. घटना नवागढ़ थाना क्षेत्र की है. जानकारी के अनुसार, शुक्ला ट्रेवल्स की बस आज सुबह यात्रियों को लेकर केरा से जांजगीर जा रही थी. बस में 60 से 70 लोग सवार थे. इस दौरान नवागढ़ के राछाभाटा के पास बस और एक ट्रक की टक्कर हो गई. भिड़ंत के बाद ट्रक दूर जाकर पलट गई, साथ ही ड्राइवर फरार हो गया है. हादसे में दर्जन भर यात्री घायल हो गए. घायलों को सीएससी नवागढ़ में भर्ती कराया गया है.
 

 
panchayattantra24.- बिलासपुर। छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट ने एसईसीएल (साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड) से जुड़े एक मामले में अहम फैसला सुनाते हुए अवैध संतान को भी अनुकंपा नियुक्ति का हकदार माना है। हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा और जस्टिस अमितेंद्र किशोर प्रसाद की डिवीजन बेंच ने एसईसीएल की अपील खारिज करते हुए सिंगल बेंच के फैसले को सही ठहराया। सितंबर 2024 में जस्टिस संजय के अग्रवाल की सिंगल बेंच ने कहा था कि दूसरी पत्नी से हुए बच्चे को भी अनुकंपा नियुक्ति देने पर विचार किया जाना चाहिए। कोर्ट ने स्पष्ट किया था कि इसके लिए मृतक कर्मचारी की पहली पत्नी की सहमति अनिवार्य नहीं है। 
 कोरबा निवासी विक्रांत कुर्रे ने एडवोकेट संदीप दुबे के माध्यम से हाई कोर्ट में याचिका दायर की थी। याचिका में बताया गया कि उसके पिता मुनीराम कुर्रे एसईसीएल में आर्म गार्ड के पद पर कार्यरत थे और उनकी मृत्यु 25 मार्च 2004 को हो गई थी। मृतक कर्मचारी के नामांकन फॉर्म में ग्रेच्युटी के लिए सुशीला कुर्रे का नाम और पेंशन के लिए विमला कुर्रे का नाम दर्ज था। सिविल कोर्ट ने मृतक की भविष्य निधि और ग्रेच्युटी की राशि को पत्नी, बेटियों और बेटे विक्रांत के पक्ष में स्वीकृत किया था। विक्रांत ने आश्रित रोजगार के लिए एसईसीएल में आवेदन दिया था, जिसे वर्ष 2015 में खारिज कर दिया गया। इसके बाद विक्रांत ने हाई कोर्ट में याचिका दाखिल की। 
 हाई कोर्ट ने अपने आदेश में कहा कि याचिकाकर्ता भले ही मृतक कर्मचारी की अवैध संतान हो, लेकिन उसे अनुकंपा नियुक्ति के लिए विचार किए जाने का अधिकार है। कोर्ट ने यह भी कहा कि इसके लिए सुशीला कुर्रे (पहली पत्नी) की सहमति आवश्यक नहीं है। हाई कोर्ट ने एसईसीएल प्रबंधन को निर्देश दिया था कि 45 दिनों के भीतर विक्रांत को अनुकंपा नियुक्ति प्रदान करने की प्रक्रिया पूरी की जाए। इस आदेश के खिलाफ एसईसीएल ने अपील दायर की थी, जिसे हाई कोर्ट की डिवीजन बेंच ने खारिज कर दिया।
 

 
panchayattantra24.-बिलासपुर। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़कर महिलाएं  सफलता की इबारत लिख रही हैं। राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन योजना से जुड़कर आज जिले की ग्रामीण महिलाओं ने स्वावलंबन की मिशाल पेश कर रही है। इसी के तहत मां सहोद्रा स्व सहायता समूह की उड़गन की रविकुमारी दीदी ने कुछ अलग करने की सोची एवं समूह के माध्यम से सिलाई, सब्जी बाड़ी, ई रिक्शा, सब्जी बिजनेस और थाल पोस बनाने का कार्य करना प्रारम्भ की। इन गतिविधियों से रविकुमारी आज लखपति दीदी बन गई है। वे आज आत्मनिर्भर है। स्वास्थ्य शिक्षा एवं सामाजिक स्थिति में काफी सुधार हुआ है। समूह के अध्यक्ष के रुप में श्रीमती रवि कुमारी टंडन अपने बच्चों को अच्छी शिक्षा दे पा रही है।
   बिल्हा ब्लॉक के ग्राम उड़गन की लखपति दीदी रविकुमारी टंडन ने बताया कि इस योजना से अब वह न केवल आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर है बल्कि योजना से मिली राशि का उपयोग करते हुए वे स्वयं का व्यवसाय अपने घर से ही कर रही है। वे कहती है कि स्व सहायता समूह से जुड़ने के बाद महिलाओं का आत्मविश्वास बढ़ा है और इस माध्यम से वे बहुत कुछ सीख रहीं है।  जानकारी मिलने के बाद स्व रोजगार स्थापित करने के संबंध में भी मार्गदर्शन मिला। योजना के तहत ऋण राशि स्वीकृत की गई, जिससे उसे अपना व्यवसाय स्थापित करने में मदद मिली। अब उसका परिवार आर्थिक रूप से सशक्तिकरण की ओर बढ़ रहा है।
    रविकुमारी अपने बीते हुए दिनों के दिक्कतों को बताते हुए कहती है कि वे पहले केवल कृषि और मजदूरी का कार्य करती थी। एक वर्ष किसानी करने से केवल उनको सालाना 55 हजार ही कमाई हो पाता था जिससे उनके बच्चों के पढ़ाई और घर में आमदनी की तंगी बनी रहती थी। लेकिन समूह से जुड़ने के बाद 3 लाख तक का बैंक से लोन लेकर स्वयं का व्यवसाय अपने घर में ही स्थापित कर लिया है। रविकुमारी अब कृषि कार्याे के साथ ही घर पर ही सब्जी बाड़ी, सिलाई, सब्जी बिजनेस, थाल पोस बना कर घर पर ही आमदनी कमा रही है। उन्होंने ई रिक्शा भी लिया है इन सभी कार्याे से वे अपने परिवार की आर्थिक स्थिति में अपनी सहभागिता निभा रहीं है। उनका कृषि कार्य में 55 हजार रूपए, सिलाई कार्याे में 36 हजार रूपए, सब्जी बाड़ी से 24 हजार रूपए, थाल पोस बनाने में 15 हजार रूपए, सब्जी बिजनेस में 1 लाख 80 हजार रूपए एवं ई रिक्शा से 1 लाख 20 हजार रूपए कर पूरे साल का परिवार 4 लाख 43 हजार रूपए आमदनी कमा रहा है।
रविकुमारी कहती है कि केन्द्र एवं राज्य सरकार की महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की पहल उन जैसी सभी महिलाओं के लिए वरदान साबित हुआ है। वे अपने परिवार को स्वयं के रोजगार से आर्थिक तंगी से उबार रही है और अपने आस पास के लिए मिशाल साबित हो रही है। रवि कुमारी ने योजना के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय का तहे दिल से आभार और धन्यवाद प्रकट किया।

 

panchayattantra24.-गौरेला पेण्ड्रा मरवाही। पेण्ड्रा विकासखण्ड के कुदरी गांव की 40 वर्षीय महिला श्रीमती रश्मि पुरी महतारी वंदन योजना की राशि मिलने से बहुत खुश हैं। उन्हें हर महिने एक-एक हजार रूपए मिल रहा है। इस राशि का उपयोग रश्मि अपने लिए चुड़ी, बिंदी, श्रृंगार का समान खरीदने और घरेलू खर्च में करती है। उनके तीन पुत्र है, सभी पढ़ाई कर रहें हैं। पति श्री उत्तम दास ग्राम कोटवार हैं। रश्मि पुरी महिला स्व सहायता समूह की सदस्य हैं, जो कि राशन दुकान चलाती हैं। महतारी वंदन योजना की राशि मिलने से उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार हो रहा है। हर महीने एक हजार रूपए मिलने पर उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार जताते हुए धन्यवाद दिया है।
 

 panchayattantra24.-गौरेला पेण्ड्रा मरवाही।  बाबा गुरू घासीदास जयंती 18 दिसम्बर को मद्य निषेध दिवस के रूप में प्रतिवर्ष मनाया जाता है। कलेक्टर श्रीमती लीना कमलेश मंडावी ने समाज कल्याण संचालनालय के दिशा निर्देशों के अनुरूप 18 दिसम्बर को मद्य निषेध दिवस पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करने जिला शिक्षा अधिकारी, सभी मुख्य कार्यपालन अधिकारी, नगरपालिका परिषद अधिकारी गौरेला एवं पेण्ड्रा, मुख्य नगर पंचायत अधिकारी मरवाही एवं सभी प्राचार्य शासकीय महाविद्यालय गौरेला पेण्ड्रा एवं मरवाही को परिपत्र जारी किया है।
  कलेक्टर ने मद्य निषेध दिवस पर ग्राम पंचायत स्तरों पर गठित भारत माता वाहिनी स्वसहायता समूहों के सहयोग से नशा मुक्ति प्रदर्शनी, रैली, गोष्ठी, नुक्कड़ नाटक, नारे, दीवार लेखन आदि आयोजित करने कहा है। इसके साथ ही रेडियों एवं दूरदर्शन से नशा मुक्ति कार्यक्रमों का प्रसारण, यथा संभव नशा पीड़ितों से प्रत्यक्ष संवाद विकसित कर उन्हें नशापान के दुष्परिणामों के जानकारी देने, नशा मुक्ति साहित्यों का वितरण, सोशल मीड़िया में प्रेरक स्लोगन, विद्यार्थियों में नशापान के विरूद्ध जागरूकता लाने तथा नशामुक्त भारत अभियान के अन्तर्गत ग्राम पंचायतों एवं नगरीय निकायों में चयनित मास्टर, वालिंटियर्स के माध्यम से नशापान के विरूद्ध विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कराने कहा है। कार्यक्रम आयोजित करने के पश्चात पालन प्रतिवेदन भी उपलब्ध कराने कहा गया है।
 

 
panchayattantra24.-कोरबा। जिले में रविवार रात एक बड़ा हादसा हो गया. 25 से अधिक लोग एक पिकअप वाहन में सवार होकर पिकनिक मना कर लौट रहे थे. इसी दौरा कटघोरा क्षेत्र के जटगा चौकी के ग्राम घुमानीडांड़ के पास अचानक गाड़ी पलट गई. इस हादसे में गाड़ी मे दबकर मासूम की मौत हो गई और 25 लोग घायल हो गए. घायलों में 7 की हालत गंभीर है. मौके पर पहुंची पुलिस ने राहगिरों की मदद से सभी घायलों को तत्काल कटघोरा स्वास्थ्य केंद्र में भेजा, जहां उनका इलाज जारी है और मर्ग कायम कर मासूम के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर आगे की कार्रवाई मे जुट गई है. 
 जानकारी के अनुसार, ये ग्रामीण कोरबा जिला के बनखेता ग्राम पंचायत के कांसा मार गांव के निवासी थे, जो बुका में पिकनिक मनाने गए थे. पिकनिक के बाद सभी लोग पिकअप वाहन में सवार होकर अपने गांव वापस लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया. गाड़ी का चालक नियंत्रण खो बैठा और वाहन पलट गई. इस हादसे में एक मासूम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 25 अन्य लोग घायल हो गए. हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोगों ने घायल ग्रामीणों को बाहर निकाला.
 

सूर्यांश कैरियर मार्गदर्शन एवं ग्रामीण शहरी भ्रमण अभियान किरोड़ीमल में संपन्न
panchayattantra24.com-जांजगीर चांपा। उक्त कथन 08 दिसंबर को किरोड़ीमल नगर रायगढ़ में आयोजित सूर्यांश कैरियर मार्गदर्शन एवं ग्रामीण शहरी भ्रमण अभियान में मुख्य वक्ता राम लखन सूर्यवंशी ने कही। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही व्यक्तित्व के विकास के लिए सबसे आवश्यक कारक है। शिक्षा के माध्यम से व्यक्ति के साथ समाज का भी विकास होता है। भ्रमण अभियान दल में विशिष्ट वक्ता के रूप में कोरबा भ्रमण प्रभारी ए. आर. सूर्यवंशी, जांजगीर भ्रमण प्रभारी टी. सी. रत्नाकर, शिव प्रधान, प्रो. गोवर्धन सूर्यवंशी, बिलासपुर भ्रमण प्रभारी हरदेव टंडन, मोहरसाय खरसन, संजय पैगवार, अशोक बनवा और संजय लसार उपस्थित थे।
विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए विशिष्ट वक्ता ए. आर. सूर्यवंशी ने कहा कि समाज में शिक्षा के द्वारा व्यापक परिवर्तन लाया जा सकता है जिसका प्रभाव धीरे-धीरे परिलक्षित होता है। विशिष्ट वक्ता टी. सी. रत्नाकर ने स्वस्थ शैक्षणिक परिवेश के द्वारा प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देने के लिए ऐसे शैक्षणिक गतिविधियों एवं कैरियर मार्गदर्शन के कार्यक्रमो का अधिक से अधिक आयोजन करने का आग्रह किया। कार्यक्रम में डीका राम शेष, लखन प्रधान, नरेंद्र बघेल, ध्रुव भगत सूर्यवंशी, ओमप्रकाश सोनवान, जागेश्वर हंसराज, अमृत लाल टंडन सहित बड़ी संख्या में सदस्य गण उपस्थित थे। उपस्थित सदस्यों ने शिक्षा के माध्यम से समाज में संगठित और एकजुट होकर काम करने हेतु प्रतिबद्धता जताया और आगामी फरवरी माह में प्रस्तावित सूर्यांश शिक्षा महा महोत्सव के आयोजन तथा सफल बनाए में अधिक से अधिक सहयोग करने हेतु सहमति व्यक्त किया।
उक्ताशय की जानकारी देते हुए प्रो गोवर्धन प्रसाद सूर्यवंशी ने बताया की सूर्यांश कैरियर मार्गदर्शन एवं ग्रामीण शहरी भ्रमण अभियान में प्रदेश के अलग अलग जिला से वक्ताओं का आगमन हुआ था जिसमें बिलासपुर, कोरबा, जांजगीर और सरगुजा के वक्ता शामिल थे। कार्यक्रम का संचालन हरदेव टंडन ने एवं आभार ज्ञापन संजय पैगवार द्वारा किया गया। सूर्यांश कैरियर मार्गदर्शन एवं ग्रामीण शहरी भ्रमण अभियान आगामी सप्ताह से बिलासपुर, मुंगेली, कोरबा एवं जांजगीर जिले में आयोजित किया जाएगा जिसके लिए मार्ग निर्धारण तथा अन्य आवश्यक तैयारियां किया जा रहा है।
 

 panchayattantra24.-बिलासपुर। मृत शिक्षाकर्मियों के आश्रितों को हाई कोर्ट ने बड़ी राहत दी है. कोर्ट ने 13 सितंबर 2021 में गठित समिति से निर्णय लेकर दो माह के भीतर योग्यता के अनुसार आश्रितों को अनुकंपा नियुक्ति देने का आदेश दिया है. याचिकाकर्ता खिलेश्वरी साहू, सिद्धार्थ सिंह परिहार, अश्वनी सोनवानी, त्रिवेणी यादव, बिंद्रा आदित्य के पति प्रदेश के विभिन्न जिला में शिक्षाकर्मी के पद में पदस्थ थे, जिनका सेवा काल के दौरान निधन हो गया. आश्रितों ने अनुकंपा नियुक्ति के लिए आवेदन दिया था, लेकिन विभाग ने आवेदकों के पास बीएड, डीएड डिग्री व शिक्षक पात्रता परीक्षा पास नहीं होने के आधार पर आवेदन को निरस्त कर दिया. इस पर आवेदकों ने अधिवक्ता योगेश चंद्रा, सी जयंत राव सहित अन्य के माध्यम से हाई कोर्ट में याचिका लगाई.
मामले में जस्टिस राकेश मोहन पांडेय ने सभी याचिकाओं की एक साथ सुनवाई की. याचिका में बताया गया कि विवादित अनुकंपा नियुक्ति के मामले में निराकरण करने 13 सितंबर 2021 को कमेटी बनाई गई थी, लेकिन उसने आज तक कोई निर्णय नहीं लिया. कोर्ट को बताया गया कि याचिकाकर्ताओं के पति/पिता/बड़े भाई शिक्षाकर्मी ग्रेड I और III के पदों पर नियुक्ति थे. सेवाकाल के दौरान उनकी मौत पर आश्रितों ने अनुकंपा नियुक्ति के लिए आवेदन दिया, लेकिन उनके पास अपेक्षित योग्यता नहीं होने के कारण आवेदन स्वीकार नहीं किया गया. वर्तमान में विभाग में शिक्षाकर्मियों के पद उपलब्ध नहीं हैं. इस पर कोर्ट ने विवाद के समाधान के लिए 13 सितंबर 2021 को गठित समिति से निर्णय लेकर दो माह के भीतर आश्रितों को नौकरी देने का निर्देश दिया.
 

पत्नी को बांध में लगाया ठिकाना, हत्यारा पति गिरफ्तार
पति ने पत्नी की हत्याकर बांध में लगाया ठिकाना, हत्यारा पति गिरफ्तार
 
 

panchayattantra24.-कोरबा। कोरबा में पति ने बेरहमी से डंडे से पीट-पीटकर पत्नी को मौत के घाट उतार दिया. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी साइकिल पर लाश को बांधकर नकटी बांध पहुंचा. फिर शव को पत्थर से बांधकर बांध में फेंक दिया. इस मामले में पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है. घटना पाली थाना क्षेत्र के धौराभांठा गांव की है. जानकारी के मुताबिक, पति को पत्नी के चरित्र पर शंका था. इसके चलते दोनों के बीच आए दिन विवाद होता रहता था. तीन दिन पहले तैश में आकर आरोपी ने पत्नी को डंडे से जमकर पीटा, जिससे उनकी मौत हो गई. इसके बाद आरोपी ने शव को साइकिल से बांधकर गांव के पास के बांध पर लेकर आया. फिर शव को भारी पत्थर से बांधकर बांध में फेंक दिया.. 
पत्नी के शव को ठिकाने लगाकर पति खुद थाने पहुंचकर पत्नी की गुमशुदगी दर्ज कराई. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की. इस दौरान पति से भी पूछताछ की गई तो वह गोलमोल जवाब देने लगा. कड़ाई से पूछताछ करने पर पूरे मामले की खुलासा हुआ. पुलिस ने आरोपी पति उमाशंकर को गिरफ्तार कर लिया है. साथ ही मृतिका ईश्वरी कुमारी के शव को एसडीआरएफ टीम की मदद से काफी मशकत के बाद बांध से बाहर निकल लिया गया है. अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यूबीएस चौहान ने बताया कि शव बरामद कर लिया गया है. आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जा रही है.