Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
Browsing: बिलासपुर
panchayattantra24.-जांजगीर चापा। अपनी प्रेमिका से मिलने गए युवक की उसके परिजनों ने हत्या कर दी। इसके बाद उसकी लाश को बिलासपुर के चिल्हाटी गांव में लाकर फेंक दिया। मृतक युवक की पहचान टीकाराम केंवट (25) के रूप में हुई है, जो बलौदाबाजार का रहने वाला था। पुलिस ने बताया टीकाराम शनिवार को अपने दोस्त के साथ जांजगीर-चांपा के डिगोरा गांव में रहने वाली अपनी प्रेमिका से मिलने पहुंचा था। मुलाकात के दौरान युवती के परिजनों ने दोनों को पकड़ लिया। जिसके बाद दोनों की बेरहमी से पिटाई की गई।
बीच-बचाव कर रहे टीकाराम के दोस्त को भी बुरी तरह पीटा गया है, लेकिन वो किसी तरह मौके से भाग निकला और अपनी जान बचाई। पुलिस फिलहाल युवती के परिजनों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। पूरा मामला पचपेड़ी थाना क्षेत्र का है। पचपेड़ी पुलिस को रविवार सुबह पचपेड़ी के जंगलों से खून से लथपथ लाश मिली थी। स्पाट के चार किलोमीटर के रेडियस में छानबीन के दौरान पुलिस को एक बाइक और एक मोबाइल मिला। बाइक के नंबर के आधार पर पता चला कि शव टीकाराम है। और मौके से मिला फोन किसी दीपक का है।
टीकाराम के परिवार से पूछताछ की गई तो मालूम पड़ा कि शनिवार दोपहर बारह बजे के करीब बड़े भाई की बाइक लेकर वो अपनी प्रेमिका से मिलने निकला था। इस दौरान टीकाराम के साथ उसका दोस्त दीपक वर्मा भी था। इसके बाद पुलिस ने दीपक को पकड़ा। पचपेडी पुलिस की जांच में पता चला कि मृतक टीकाराम की पीट-पीटकर हत्या करने के बाद आरोपियों ने शव को पचपेड़ी क्षेत्र के जंगल में फेंक दिया और भाग गए। पुलिस को युवती के पिता के साथ ही उसके भाई और जीजा समेत कुल पांच लोगों पर हत्या करने का संदेह है। हेडक्वार्टर DSP उड्डयन बेहार ने बताया कि पचपेड़ी चिल्हाटी के जंगल में रविवार सुबह शव मिलने की जानकारी के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। मृतक के परिजनों से पूछताछ के बाद पुलिस ने कुछ संदेहियों को हिरासत में लिया है।

panchayattantra24.-बिलासपुर। चर्चित डॉ. पूजा चौरसिया की कथित आत्महत्या मामले में आरोपी सूरज पांडेय की जमानत याचिका को हाई कोर्ट ने खारिज कर दिया है। घटना में सूरज के खिलाफ धारा 306 और 201 के तहत मामला दर्ज किया गया था। तिफरा स्थित बॉबजी कॉलोनी निवासी और जिला अस्पताल में पदस्थ डॉ. पूजा को 10 मार्च 2024 की रात उनके पति अनिकेत कौशिक ने मृत अवस्था में महादेव हॉस्पिटल पहुंचाया था। हॉस्पिटल द्वारा सिरगिट्टी पुलिस को मेमो भेजा गया, जिसमें बताया गया कि पूजा को फांसी के फंदे पर लटकने से मौत हुई। पुलिस ने मामले में पूजा की मां, भाई, पति और आरोपी सूरज पांडेय के बयान दर्ज किए। मृतका की मां ने पुलिस की जांच पर असंतोष जताते हुए हाई कोर्ट में याचिका दायर की, जिसमें उनकी बेटी की हत्या की आशंका जताई गई थी। मां ने कई ऐसे साक्ष्य स्वयं एकत्र किए थे जिसमें उनका संदेह मजबूत हुआ। हाई कोर्ट ने मामले की गंभीरता को देखते हुए सीआईडी को इस प्रकरण की जांच के आदेश दिया था।

panchayattantra24.-बिलासपुर। जिले के मस्तूरी थाना क्षेत्र में सार्वजनिक स्थानों पर जुआ खेलते हुए 26 आरोपियों को पुलिस ने धर दबोचा। पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर यह विशेष अभियान चलाया गया। पुलिस ने मौके से 16,750 रुपये नगद और ताश बरामद की। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में हिर्री और कोसमडीह गांवों के निवासी शामिल हैं। हिर्री से लखन लाल कॅक्ट, सोनू यादव, जगेश्वर केवट, भोला केवट, योगेश केंवट, राजा पटेल, बहोरन साहू, सुनील साहू, भागीरथी साहू, भरत केवट, रामकुमार साहू, कृष्ण कुमार केवट और कोसमडीह से तीजराम खाण्डे, भीरगू महिलांगे, देवानंद राम, हंगराम घोसले, जनक प्रकाश सोनी, अजय सोनी, रूपेश सोनी, हरेमन सोनी, विनोद महिलांगे, चन्द्र प्रकाश भार्गव, अनिल डहरिया, हरदीप सोनी, प्रकाश डहरिया और तुषार चन्द्रसेन शामिल हैं। ग्राम हिर्री के कमदपारा नहर पारा और कोसमडीह में तालाब के पास छापा मारकर आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ा गया। कुछ आरोपी मौके से भागने में सफल रहे, लेकिन पुलिस ने 26 आरोपियों को जुआ खेलते हुए पकड़ लिया। थाना प्रभारी निरीक्षक अवनीश पासवान ने बताया कि इन पर छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।
panchayattantra24.-बिलासपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, जिला संगठन बिलासपुर के वीर आज़ाद ग्रुप ने जिला मुख्यालय में 25 से 27 अक्टूबर तक प्रथम इंट्राग्रुप रोवर-रेंजर समागम का सफल आयोजन किया। इस तीन दिवसीय समागम का उद्देश्य प्रतिभागियों में सर्वांगीण विकास और कौशल वृद्धि को बढ़ावा देना था, जिसमें युवाओं ने विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से अपने नेतृत्व और सृजनशीलता को निखारा। कार्यक्रम में गेट मेकिंग, दैनिक निरीक्षण, मार्चपास्ट, म्यूज़िकल हंगामा, प्रदर्शन नृत्य, माइम एक्ट, क्विज़, कैंप फायर, लोक नृत्य, देशभक्ति गीत, पी.पी.टी. मेकिंग, बैकवुड्समैन कुकिंग, समाचार रिपोर्टिंग, पोस्टर मेकिंग, रंगोली, मेहंदी, और ब्राइडल मेकअप जैसी कई प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इनसे रोवर्स और रेंजर्स को समूह में काम करने, संगठन कौशल, और रचनात्मकता के विकास का अनूठा अवसर मिला।
इस शिविर में 32 रोवर्स, 32 रेंजर्स, 15 सर्विस स्काउट्स, 15 सर्विस गाइड्स, 10 यूनिट लीडर्स और 20 जिला पदाधिकारियों एवं प्रशिक्षकों सहित कुल 124 प्रतिभागियों ने भाग लिया। अंतिम दिन का समापन ग्रैंड कैंप फायर के साथ हुआ, जिसमें प्रतिभागियों के परिवारजन भी शामिल हुए। इसी अवसर पर वीर आज़ाद ग्रुप का द्वितीय समूह दिवस समारोह भी हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। समापन समारोह में विशेष अतिथि के रूप में अनुराग कुमार सिंह, जिला आयुक्त (स्काउट) एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक नेहा सिंह, जिला आयुक्त (गाइड) और यू.एस.एस. राव, सहायक जिला आयुक्त (रोवर) ने शिरकत की। इस अवसर पर नेहा सिंह ने समूह के सभी सदस्यों को इतने बड़े आयोजन की सफलता के लिए बधाई देते हुए समाज सेवा में उनके प्रयासों की सराहना की। समागम के सफल आयोजन से वीर आज़ाद ग्रुप ने बिलासपुर जिला स्काउटिंग में एक नई मिसाल कायम की, जिससे युवाओं को समाज की बेहतरी के लिए प्रेरणा मिली।
panchayattantra24.-मुंगेली। जिले के सरगांव थाना क्षेत्र में एक बैंक धोखाधड़ी का मामला सामने आया है, जिसमें 15 लाख रुपये की ठगी की गई। जानकारी के मुताबिक, सरगांव निवासी बजरंग साहू ने थाने में शिकायत दर्ज कराई कि 4 अक्टूबर 2024 को उनके भाई योगेश साहू के मोबाइल पर एक अज्ञात कॉल आया, जिसमें कॉलर ने खुद को बैंक अधिकारी बताते हुए डेबिट कार्ड का वार्षिक शुल्क बंद कराने के नाम पर ओटीपी प्राप्त कर लिया। इसके बाद उनके जॉइंट बैंक खाते से तीन बार में 15 लाख रुपये निकाल लिए गए।
पीड़ित की शिकायत पर सरगांव थाना पुलिस ने धारा 318(4) बी.एन.एस. के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। इसके बाद टीम ने सक्रियता से मामले से जुड़े आरोपियों के बैंक डिटेल और मोबाइल लोकेशन की जानकारी एकत्रित की और दिल्ली के लिए रवाना हुई।
स्थानीय पुलिस के सहयोग से संभावित ठिकानों पर दबिश दी गई, जिसमें तीन आरोपी गिरफ्तार किए गए। गिरफ्तार आरोपियों में गुलशाना उर्फ शालिनी कुमारी (उम्र 28 वर्ष), नरेन्द्र प्रताप उर्फ पंकज कुमार (उम्र 30 वर्ष), और अनिल कुमार (उम्र 38 वर्ष) शामिल हैं। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने गुलशाना के कब्जे से 1,50,000 रुपये नकद, दो विवो मोबाइल, नरेन्द्र प्रताप से 1,10,000 रुपये नकद, और दो विवो मोबाइल, जबकि अनिल कुमार से 1,60,000 रुपये नकद और दो मोबाइल फोन बरामद किए।
panchayattantra24.-बिलासपुर: छत्तीसगढ़ को स्वास्थ्य क्षेत्र में आज दो बड़े सौगात मिलेंगे। धनतेरस के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअली छत्तीसगढ़ को दो बड़े उपहार देंगे। बिलासपुर में सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल ‘सिम्स’ का लोकार्पण होगा। 200 करोड़ की लागत से बनकर सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल ‘सिम्स’ तैयार हुआ है। इसके अलावा रायपुर में केंद्रीय योग और प्राकृतिक चिकित्सा अनुसंधान संस्थान (CRIYN) का शिलान्यास होगा। 90 करोड़ की लागत से 24 माह में बनकर 100 बिस्तरों का प्राकृतिक चिकित्सा अनुसंधान केंद्र तैयार होगा। छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का बिलासपुर पहुंचने पर हेलीपैड पर स्वागत मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज हेलीकॉप्टर से बिलासपुर पहुंचे। पंडित सुंदरलाल शर्मा विश्वविद्यालय हेलीपैड कोनी में उनका आत्मीय स्वागत किया गया। उप मुख्यमंत्री अरूण साव भी उनके साथ बिलासपुर पहुंचे। विधायक धरमलाल कौशिक,विधायक सुशांत शुक्ला, विधायक बिलासपुर अमर अग्रवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण चौहान,आईजी संजीव शुक्ला,कलेक्टर अवनीश शरण, एसपी रजनेश सिंह सहित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने गुलदस्ता भेंट कर मुख्यमंत्री का स्वागत किया। मुख्यमंत्री साय कोनी में सिम्स के 200 बिस्तर क्षमता के मल्टी सुपर स्पेशलिटी अस्पताल के लोकार्पण समारोह में पहुंचे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअली इसका लोकार्पण करेंगे।

panchayattantra24.-बिलासपुर । कोटा क्षेत्र के औरापानी डेम में कॉलेज के छात्र-छात्राओं से लूटपाट और बदसलूकी के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस घटना के संबंध में थाना कोटा में शिकायत दर्ज कराई गई थी कि 25 अक्टूबर की शाम को तीन युवकों ने औरापानी में घूमने आए एक छात्र और छात्रा को धमकाते हुए उनसे पैसों की मांग की और बदसलूकी की। bilaspur प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर तत्काल एक टीम का गठन किया गया। टीम ने सक्रियता दिखाते हुए तीनों आरोपियों – राकेश जायसवाल, विकास यादव और धर्मेंद्र श्रीवास को उनके गाँव मंझगांव से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस द्वारा जानकारी दी गई कि गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा गया है । पुलिस ने चेतावनी दी है कि ऐसे मामलों में अपराधियों का क्राइम रिकॉर्ड जांचकर उन्हें गुंडा बदमाशों की सूची में जोड़ा जाएगा। साथ ही आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे अंधेरा होने पर सूनसान जगहों, जंगलों या डेम जैसे इलाकों में जाने से बचें और सतर्क रहें।
panchayattantra24.-बिलासपुर। बिलासपुर हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा ने दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के बाद सफाई न होने के कारण नदी-नालों में कूदकर जान जोखिम में डालने वाले बच्चों की स्थिति पर चिंता जताई है। डिवीजन बेंच ने इसे जनहित याचिका मानते हुए मामले की सुनवाई शुरू की। साथ ही नगरीय प्रशासन सचिव और रायपुर कलेक्टर को सभी विसर्जन स्थलों की साफ-सफाई पर हलफनामे के साथ रिपोर्ट पेश करने कहा है। इस केस की शुरुआती सुनवाई के दौरान राज्य शासन की तरफ से महाधिवक्ता प्रफुल्ल एन भारत ने कोर्ट को बताया कि, रायपुर कलेक्टर ने दशहरे के बाद सभी विसर्जन स्थलों की सफाई के आदेश जारी कर दिए हैं। नगर निगम, नगर पंचायत और नगर पालिका के तहत आने वाले क्षेत्रों में सफाई की जा रही है। इसके लिए कार्ययोजना भी तैयार की गई है।
चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा की डिवीजन बेंच ने कहा कि, प्रदेशभर के तालाबों और नदियों में प्रतिमा विसर्जन किया गया था। अब यह जानना आवश्यक है कि वहां की वर्तमान स्थिति क्या है। सफाई हुई है या नहीं। हाईकोर्ट ने रायपुर के खारून नदी का उदाहरण देते हुए कहा कि, क्या अन्य जिलों में भी सफाई की ऐसी ही स्थिति है। इस मामले में नगरीय प्रशासन विभाग के सचिव व्यक्तिगत रूप से शपथ-पत्र के साथ जानकारी प्रस्तुत करे। इसकी अगली सुनवाई 8 नवंबर को होगी। इससे पहले सचिव नगरीय प्रशासन विभाग को सभी विसर्जन स्थलों की स्थिति पर रिपोर्ट कोर्ट में पेश करनी होगी।

panchayattantra24.-बिलासपुर, छत्तीसगढ़। केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू के जन्मदिन के अवसर पर कुंदन पैलेस ग्राउंड में विराट सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया जिसमें छत्तीसगढ़ के विश्व प्रसिद्ध गेड़ी लोक नृत्य का प्रदर्शन अनिल गढ़ेवाल के कुशल नेतृत्व में किया गया। कार्यक्रम के उपरांत यूनेस्को के सदस्य तथा लोक कलाकार अनिल गढ़ेवाल का केंद्रीय राज्य मंत्री ने सम्मान कर शुभकामनाएं संदेश प्रदान किया। गेड़ी लोक नृत्य के प्रदर्शन की बिलासपुर की जनता एवं मंत्री ने खुले मन से तारीफ की। गेड़ी लोक नृत्य के प्रदर्शन को देखने के लिए स्वयं मंत्री तोखन ने मंच से नीचे उतर कर दर्शक दीर्घा में बैठकर गेड़ी नृत्य का आनंद लिया ! अनिल गढ़ेवाल के द्वारा गाया हुआ गीत जोहरी जोहरी गुरु ठाकुर देवता ने सभा में चार चांद लगा दिया वही बिना ताल टूटे एक ही जगह पर घूम घूम कर मोहन डोंगरे ने जब मांदल वादन किया तो पूरी सभा तालियो की गड़गड़ाहट से गूंज उठी। मुख्य मांदल वादक के रूप में संजय रात्रे ने मांदल वादन किया ! गेड़ी लोक नृत्य को बांसुरी के स्वर लहरियों से महेश नवरंग ने स्वर दिया।
सौखी लाल कोसले ने हारमोनियम वादन किया, फागू राम सूर्यवंशी तथा भारत वस्त्रकार ने सह गायक की भूमिका निभाई। जब प्रभात बंजारे और सूरज खांडे के गेड़ी में खड़े रहने के बावजूद शुभम भार्गव ने उनके कंधे पर खड़ा होकर गेड़ी को हवा में लहराया तो दर्शन गण आश्चर्य चकित हो गए। लक्ष्मी नारायण मांडले एवं चेतन कुर्रे तथा फूलचंद ओगरे ने एक ही गेड़ी पर खड़े रहकर गेड़ी नृत्य करके दर्शकों को आश्चर्यचकित कर दिया ! मनोज माण्डले, अमित भार्गव एवं चंद्रशेखर केवट ने आकर्षक गेड़ी नृत्य करके दर्शकों का मन अपनी और आकर्षित किया ! कौड़ियों में चीनी मिट्टी की माला पटसन वस्त्र धारण किए हुए शुभम भारद्वाज एवं उदय खांडे ने आकर्षक गेड़ी भाव नृत्य कर दर्शकों की खूब वाह वाही लूटी ! ज्ञातव्य हो कि उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए रायगढ़ चक्रधर समारोह में महामहिम राज्यपाल रमेन डेका ने अनिल गढ़ेवाल एवं साथियों का साल श्री तथा स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किए थे ! संपूर्ण गेड़ी लोक नृत्य का निर्देशन एवं गीत संयोजन अनिल गढ़ेवाल के द्वारा तैयार किया गया है

panchayattantra24.-बिलासपुर। पुलिस थाने में लगतार शिकायतें मिल रही थी कि पुराना हाई कोर्ट के पास विभिन्न कोचिंग सेंटर में पढ़ने वाले छात्रों का जमावाड़ा लगा रहता है। इनमें से अधिकतर छात्र वहां पर सिगरेट और अन्य व्यसन करते हुए गपबाजी करते रहते हैं। Bilaspur SP इस पर मंगलवार की रात एसपी रजनेश सिंह कोतवाली क्षेत्र का निरीक्षण करने पहुंचे थे। अलग-अलग क्षेत्र में निरीक्षण के बाद वे पुराना हाई कोर्ट के पास पहुंचे। वहां पर उन्होंने अलग-अलग जगहों पर खड़े छात्रों को बुलवाया। एसपी सिंह ने छात्रों से पढ़ाई के संबंध में जानकारी ली।
उन्होंने छात्रों से कहा कि यह समय कैरियर बनाने का है। इस समय पढ़ाई पर ध्यान देकर छात्र अपना भविष्य संवार सकते हैं। शाम और रात को अनावश्यक समय बर्बाद करने के बजाए पढ़ाई पर ध्यान दें। उन्होंने छात्रों को बताया कि नशे से पढ़ाई पर ध्यान केंद्रीत नहीं हो पाता। छात्र लक्ष्य निर्धारित कर अपने समय का सदुपयोग करें। पढ़ाई पर ध्यान केंद्रीत कर छात्र अपने मुकाम पर पहुंच सकते हैं। इस दौरान एसपी ने अपने छात्र जीवन की बात भी छात्रों को बताई।