Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
Browsing: बिलासपुर

panchayattantra24.-कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में एक वरिष्ठ पत्रकार की पत्नी की संदिग्ध रूप से मौत हो गई। यह घटना सीएसईबी कॉलोनी में महिला के आवास पर हुई है। सिविल लाईन पुलिस मामले की जांच कार्रवाई में जुट गई है। जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ पत्रकार विश्वेश्वर शर्मा की पत्नी जानकी शर्मा CSEB कॉलोनी के क्वार्टर नंबर 569 में अकेली रहती थी। सुबह दरवाजा नहीं खोलने पर पड़ोसियों ने पुलिस में फोन कर सूचना दी। जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घर का दरवाजा तोड़कर अंदर घुसी, तो जानकी शर्मा मृत हालात में मिली। सिविल लाईन पुलिस ने जानकी शर्मा (मृतिका) के परिजनों को घटना की जानकारी दी। इसके साथ ही मर्ग कायम कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजने की तैयारी की जा रही है। पुलिस इस मामले में सभी पहलुओं पर जांच कार्रवाई में जुट गई है।
panchayattantra24.-बिलासपुर। आरटीई के तहत दाखिला लिये बच्चों के साथ स्कूलों में भेदभाव नहीं किया जाना चाहिए। डीईओ नियमित रूप से स्कूलों का निरीक्षण कर इस संबंध में रिपोर्ट दें। स्कूलों में आरटीई के तहत डमी एडमिशन की शिकायतें आ रही हैं, जिन पर भी जल्दी रिपोर्ट दें। कलेक्टर अवनीश शरण ने टाइम लिमिट की बैठक में लंबित मामलों और विभागीय कामकाज की समीक्षा करते हुए यह निर्देश दिया। कलेक्टर ने कोटा इलाके में विगत दिनों हुई ओलावृष्टि से फसलों को हुई क्षति का सर्वे कर किसानों को जल्द राहत पहुंचाने को कहा है। उन्होंने कोटा क्षेत्र के ही बैगा-बिरहोर परिवार के बच्चों के लिए स्थायी जाति प्रमाण पत्र बनाने के लिए शिविर लगाने कहा है। अभिलेख के अभाव में यहां लगभग सवा 4 सौ बच्चों का स्थायी जाति प्रमाण पत्र नहीं बन पाया है। ग्राम सभा के अनुमोदन से अब इनका जाति प्रमाण पत्र बनाया जाएगा। कलेक्टर ने बताया कि 22 मई से 10 जून तक जिला मुख्यालय में समर कैम्प का आयोजन किया जायेगा। जिले भर के चुनिंदे 200 ग्रामीण स्कली बच्चे बहतराई स्टेडियम में शामिल होंगे। उनकी रूचि के अनुरूप प्रतिभा निखारने विविध कार्यक्रम के साथ ही उन्हें शहर भ्रमण कराकर रेल स्टेशन, हवाई अड्डा और अन्य आधुनिक सुविधाओं का अवलोकन कराके उनका ज्ञानवर्धन किया जाएगा।
बैठक में राष्ट्रीय तम्बाकू नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत जिला समन्वय समिति की बैठक भी रखी गई। इसमें कोटपा एक्ट का कड़ाई से पालन करने और कराने पर जोर दिया गया। स्कूल, अस्पताल के 100 मीटर की परिधि में संचालित तम्बाकू बेचने वाले दुकानों के विरुद्व कठोर कार्रवाई के लिए अधिकारियों को निर्देश दिया गया। अंतरविभागीय विभिन्न मामलों का समाधान भी बैठक में किया गया। बैठक में निगम आयुक्त अमित कुमार, जिला पंचायत सीईओ रामप्रसाद चौहान सहित विभागीय वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।

panchayattantra24.- बिलासपुर। कार्यस्थल पर महिलाओं के यौन उत्पीड़न से संबंधी शिकायतों से निपटने के लिए छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय ने अपनी आंतरिक शिकायत समिति का पुनर्गठन किया है । उच्च न्यायालय की न्यायाधीश न्यायमूर्ति रजनी दुबे समिति की अध्यक्ष बनाई गई हैं, जबकि उच्च न्यायालय विधिक सेवा समिति के सचिव ओमप्रकाश सिंह चौहान समिति के सदस्य सचिव होंगे। सदस्य के रूप में हाईकोर्ट के उप सचिव बिनी प्रदीप, अधिवक्ता अधिवक्ता रेणु कोचर और रजनी सोरेन को शामिल किया गया है।
बुजुर्ग की याचिका ख़ारिज सुप्रीम कोर्ट ने बिस्तर पर स्वास्थ्य लाभ ले रहीं बिलासपुर की 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला सरला श्रीवास्तव को डाक मतपत्र से मतदान की मांग करने वाली याचिका पर दिए गए हाईकोर्ट के फैसले के खिलाफ की गई अपील को खारिज कर दिया। सर्वोच्च न्यायालय की अवकाश पीठ का नेतृत्व कर रहीं जस्टिस बेला एम. त्रिवेदी ने डाक मतपत्र के माध्यम से अपने संवैधानिक अधिकार का प्रयोग करने की याचिका 20 मई को खारिज करते हुए मौखिक रूप से टिप्पणी की कि ऐसे में हर कोई घर पर बैठकर अपना वोट डालना चाहेगा। पीठ में जस्टिस पंकज मित्तल भी शामिल थे।
वरिष्ठ अधिवक्ता गौरव अग्रवाल व अधिवक्ता प्रणव सचदेव ने याचिकाकर्ता का पक्ष रखते हुए शीर्ष कोर्ट को बताया कि वह दोनों घुटनों में गंभीर ऑस्टियोआर्थराइटिस से पीड़ित हैं और पिछले तीन महीनों से बिस्तर पर हैं। वह लोकसभा चुनाव में छत्तीसगढ़ के बिलासपुर निर्वाचन क्षेत्र से डाक मतपत्र से मतदान करना चाहती थीं। बिलासपुर निर्वाचन क्षेत्र में 7 मई को मतदान हुआ था। हालांकि यह पोस्टल बैलेट नहीं, बल्कि ईवीएम से मतदान की तारीख थी। इसके अलावा चुनाव आयोग के पास हमेशा “किसी भी पर्याप्त कारण” के लिए नई मतदान तिथियों की घोषणा करने की शक्ति है।छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय द्वारा 6 मई को एक आदेश में डाक मतपत्र के माध्यम से मतदान करने की अनुमति देने से इनकार कर दिया था। उच्च न्यायालय ने कहा था कि चुनाव 7 मई को है। चुनाव आयोग को कुछ भी निर्देश देने के लिए अब बहुत देर हो चुकी है।
याचिकाकर्ता ने अपनी याचिका में कहा था कि वह भारत का नागरिक है; उसका नाम मतदाता सूची में मौजूद है। उसे अपना वोट डालने का अधिकार है और वह चलने में असमर्थ है। इस संबंध में एक चिकित्सक द्वारा उसके पक्ष में एक चिकित्सा प्रमाण पत्र जारी किया गया है। याचिकाकर्ता आगामी चुनाव में अपना वोट डालने के लिए अपने संवैधानिक अधिकार या दूसरे शब्दों में राजनीतिक मताधिकार का प्रयोग करना चाहता है। सुनवाई करते हुए अवकाश पीठ ने 1 मई के रिटर्निंग ऑफिसर के एक आदेश का हवाला दिया। इस आदेश में कहा गया कि याचिकाकर्ता श्रीवास्तव 75 वर्ष की हैं। चुनाव आयोग के निर्देशों के अनुसार ‘वरिष्ठ नागरिक श्रेणी के तहत अनुपस्थित मतदाता’ के लिए निर्धारित आयु 85 वर्ष है।इसके अलावा श्रीवास्तव को न तो मतदाता सूची के डेटाबेस में विकलांग मतदाता के रूप में चिह्नित किया गया है और न ही उन्होंने विकलांग व्यक्तियों के अधिकार नियम 2023 के तहत जारी “बेंचमार्क विकलांगता प्रमाण-पत्र” जमा किया है। इसलिए, उनके आवेदन पर ‘विकलांग व्यक्तियों के अंतर्गत अनुपस्थित मतदाता’ श्रेणी के अंतर्गत विचार नहीं किया जा सकता। इसके अलावा, याचिकाकर्ता ने कोविड-19 से प्रभावित होने के संबंध में कोई स्वास्थ्य प्रमाण पत्र प्रस्तुत नहीं किया और न ही वह डाक मतपत्र सुविधा की आवश्यकता वाली आवश्यक सेवा श्रेणी में कार्यरत थीं। ज्ञात हो कि उक्त प्रकरण में याचिकाकर्ता सुप्रीम कोर्ट अधिवक्ता व बिलासपुर लोकसभा सीट से हमर राज पार्टी के उम्मीदवार सुदीप श्रीवास्तव की मां हैं।

panchayattantra24.-कोरबा। जिले में हसदेव बराज दरी के पास देर रात एक चलती कार में आग लग गई। बाप बेटे ने जलती कार से कूदकर किसी तरह से अपनी जान बचाई। घटना के बाद हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि राहगीरों ने आनन-फानन में इसकी सूचना फायर ब्रिगेड को दी। सूचना मिलते ही CSIB और बालको की दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची, लेकिन उसके आने से पहले ही धू-धूकर कार जल गई। मिली जानकारी के मुताबिक कोरबा बिलासपुर मुख्य मार्ग दर्री डेम के पास स्विफ्ट डिजायर कार दर्री से कोरबा की ओर आ रही थी। इस दौरान अचानक कार में आग लग गई। बताया जा रहा है कि शॉर्ट सर्किट के चलते यह घटना घटी है। वहीं सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। गाड़ी-मालिक बाप बेटे से घटनाक्रम की जानकारी ली। पिता पुत्र को अस्पताल के लिए दोनों को रवाना किया गया। बाप-बेटे को मामूली चोटें आई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

panchayattantra24.- बिलासपुर। बिलासपुर-कोरबा नेशनल हाईवे पर तेज रफ्तार बोलेरो खड़ी गाड़ी से टकरा गई, जिससे बोलेरो बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में एक युवक की मौत हो गई। वहीं, पांच लोग घायल हो गए। वहीं दूसरी घटना भी तेज रफ्तार कार ने ई-रिक्शा को टक्कर मार दी, जिससे दोनों गाड़ी पलट गई और हादसे में पांच लोग घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना रतनपुर थाना क्षेत्र की है। सरगुजा जिले के रघुनाथपुर निवासी शोभित राम श्रीवास ने इस हादसे की शिकायत की है। उन्होंने पुलिस को बताया कि उनके छोटे भाई रेवती रमन श्रीवास की तबीयत खराब है। उसका रायपुर के अस्पताल में इलाज चल रहा है। उसे देखने के लिए उसके पिता उमाशंकर श्रीवास, मां ढूरी बाई, भाभी दुर्गावती और भाई मिनेश्वर व दोस्त नेकराम साहू रायपुर जा रहे थे। बोलेरो को ड्राइवर सुरेंद्र पोर्ते चला रहा था। उनकी बोलेरो रतनपुर के नवापारा स्थित जय ढाबा के पास पहुंची थी। इसी दौरान तेज रफ्तार बोलेरो सड़क किनारे खड़े वाहन से टकरा गई। इस हादसे में उमाशंकर श्रीवास, ढूरी बाई, दुर्गावती और नेकराम साहू घायल हो गए। वहीं, मिनेश्वर की मौके पर ही मौत हो गई। आसपास के लोगों ने हादसे की सूचना पुलिस को देकर घायलों को अस्पताल भेजा। इस हादसे की जानकारी मिलने के बाद परिजन भी रतनपुर पहुंच गए। उनकी मौजूदगी में शव का पीएम कराया गया है।
कहा- गरीबों की रोजी-रोटी छीन रही है भाजपा सरकार, पहले वोट ले लिया अब चोट दे रहे हैं

panchayattantra24-बिलासपुर। नगर निगम के द्वारा एक बार फिर शहर में छोटे सब्जी विक्रेताओ की रोजी-रोटी छीनने की तैयारी की जा रही है। बृहस्पति बाजार में नगर निगम के द्वारा दुकानदारों को हटाकर बहुमंजिला व्यवसायिक परिसर की तैयारी की जा रही है। बृहस्पति बाजार के सब्जी दुकानदार अपनी समस्या को लेकर पूर्व विधायक शैलेश पांडे से मिले। आज शैलेश पांडे बृहस्पति बाजार सब्जी दुकानदारों से मिलकर उनकी समस्याएं जानी। पूर्व विधायक शैलेश पांडे ने कहा है कि नगर निगम के द्वारा बृहस्पति बाजार में जो परिसर बनाने की योजना है वह जनहित में उचित नहीं है। पूरी तरह फेल है। अब प्रदेश में भाजपा की सरकार है और डबल इंजन की सरकार ने हमेशा गरीबों के पेट में लात मारा है। और पुरानी बस स्टैंड के बाद अब बृहस्पति बाजार में छोटे सब्जी दुकानदारों पर बुलडोजर चलाने की तैयारी की जा रही है। जो रोज कमाते खाते हैं। भाजपा की सरकार यहां तानाशाही रवैया अपना रही है। पब्लिक हित में कोई काम नहीं कर रही है। बृहस्पति बाजार को तोड़कर व्यवसाय कंपलेक्स बनाए जाने से अब बृहस्पति बाजार की सात सौ से अधिक दुकानदारों के सामने रोजी-रोटी की समस्या उत्पन्न हो जाएगी। दुख बेरोजगारी, जान-माल खतरा दुकानदारों पर मंडरा रहा है। निगम के अधिकारियों ने सब्जी दुकानदारों को धमकाया भी जिससे सारे दुकानदार सदमे में है।
पूर्व विधायक श्री पांडे ने कहा है कि अधिकारियों ने सब्जी दुकानदारों को जो मॉडल दिखाया है वह व्यावहारिक नहीं है। दुकान भी छोटी है रास्ता भी नहीं है और महिलाएं तथा बुजुर्ग पहली मंजिल में जाकर सब्जी कैसे खरीदेंगे। उपभोक्ताओं को काफी परेशानी होगी। सब्जी दुकानदारों को बृहस्पति बाजार से हटाया जाना उचित नहीं है। भाजपा शासन काल में पीपीपी मॉडल लागू कर शहर के प्रमुख चौक चौराहा में बेश कीमती जमीन पर भाजपा नेताओं की नजर है। आज शैलेश पांडे बृहस्पति बाजार पहुंचे और दुकानदारों के साथ यहां जायजा लिया। 2001 के पहले तक बृहस्पति बाजार में साप्ताहिक दुकान लगती थी।
छत्तीसगढ़ राज्य निर्माण के बाद नगर निगम ने यहां बृहस्पति बाजार की साप्ताहिक दुकानों को बढ़ाते हुए 218 चबूतरा का निर्माण कर सब्जी बेचने के लिए दुकानदार को दिया था और उसके पहले निगम ने यहां 35 दुकान भी बृहस्पति बाजार में बनाई थी और यहां वर्तमान में कम से कम सात आठ सौ दुकानदारों का की रोजी-रोटी बृहस्पति बाजार से चल रही है और प्रशासन इन गरीबों पर फिर से बुलडोजर चलाने की तैयारी कर रहा है। दुकानदारों ने पूर्व विधायक को बताया कि बृहस्पति बाजार में पहले साप्ताहिक बाजार लगता था लेकिन अब छत्तीसगढ़ राज्य निर्माण के बाद नगर निगम ने यहां सब्जी विक्रेताओं को चबूतरा बना कर दिया था। नगर निगम के द्वारा यहां पर सब्जी दुकानदारों को हटाकर व्यवसायिक परिसर बनाने की तैयारी की जा रही है और सब्जी विक्रेताओं को अस्थाई तौर पर मिशन स्कूल के खेल मैदान में सब्जी दुकान के लिए जगह दी जा रही है जिसकी जिसका विरोध सब्जी विक्रेताओं के द्वारा किया जा रहा है। नगर निगम के द्वारा इन सभी दुकानदारों को 5 जून तक का अल्टीमेटम दिया गया है। इसके विरोध में दुकानदार लामबंद हो गए हैं। बृहस्पति बाजार व्यापारिक संघ के अध्यक्ष अनुराग केसरवानी का कहना है कि जब निगम के अधिकारी सब्जी विक्रेताओं को बुलाकर बातचीत कर रहे थे तो वह दुकानदारों को धमका रहे थे और उन्होंने यह भी कहा कि जैसा बस स्टैंड खाली कराया है वैसा बृहस्पति बाजार भी हम खाली करा लेंगे। अधिकारी धमकी दे रहे हैं।
अनुराग केसरवानी का कहना है कि मिशन स्कूल के खेल मैदान में हम दुकान कैसे लगा सकते हैं यहां तो पार्किंग भी नहीं है। पानी नहीं बिजली नहीं और रोज जाम लगेगा। यहां महिलाओं के लिए शौचालय की व्यवस्था भी नहीं है। और नगर निगम ने जो मॉडल बृहस्पति बाजार में तैयार किया है उसमें दुकानदारों के लिए जगह भी कम है। सड़क भी छोटी कर दी है और पहली मंजिल में लोग सब्जी खरीदने कैसे आएंगे सब्जी व्यापार यहां प्रभावित होगा। यहां दुकान नहीं चल सकती सब्जी भी खराब होगी। अभी तो लोग सड़क किनारे गाड़ी खड़ी करके तुरंत सब्जी लेकर चल देते हैं लेकिन परिसर बनने के बाद विक्रेता सब्जी लेने पहली मंजिल में कैसे जाएंगे बुजुर्गों को काफी परेशानी होगी। दुकानदारों से बातचीत करते हुए पूर्व विधायक शैलेश पांडे ने हर संभव मदद का भरोसा दिलाया है। आज आज सब्जी बाजार विक्रेता संघ के असलम कुरैशी अनुराग के शेरवानी मुकेश महाराज राजेश साहू पंकज साहू मोहित तथा अनेक दुकानदारों ने निगम की कार्रवाई का विरोध किया है निगम ने 4 जून के बाद बृहस्पति बाजार में बुलडोजर चलाने की तैयारी की है।
मिशन स्कूल प्रबंधन ने किया विरोध
मिशन स्कूल की प्राचार्या टी पाल का कहना है कि नगर निगम ने अभी संबंध में कोई बात नहीं की है । इस स्कूल में 1400 बच्चे अध्यनरत हैं और अगर अस्थाई तौर पर यहां खेल मैदान में सब्जी दुकान लगाई जाती है तो बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होगी स्कूल का संचालन ठीक से नहीं हो पाएगा । बच्चों के लिए खेल का मैदान नहीं होगा तो प्रशिक्षण कैसे प्राप्त करेंगे। मिशन स्कूल प्रबंधन किसी भी हालत में स्कूल के खेल मैदान को सब्जी बाजार के लिए नहीं दे सकता। अब जल्द ही कलेक्टर से मिलकर स्कूल प्रबंधन इस संबंध में चर्चा करेगा। स्कूल प्रबंधन का कहना है कि यह शहर की धरोहर है 100 साल पुराना स्कूल है। और शिक्षा के क्षेत्र में अच्छा काम कर रहा है। इस स्कूल के संचालन पर इसका प्रभाव पड़ेगा। यदि स्कूल प्रांगण में सब्जी दुकान लगेगी तो यहां रोज छेड़खानी होगी । अपराध बढ़ेंगे गुंडागर्दी की घटनाएं होंगी जिससे बच्चों की पढ़ाई पर इसका बुरा असर पड़ेगा। पार्किंग की व्यवस्था भी नहीं है। खेल के मैदान में दुकान लगाया ही नहीं जा सकता। आज सब्जी व्यापारियों ने भी मिशन स्कूल खेल मैदान में अस्थाई दुकान लगाने पर विरोध जताया।

panchayattantra24.- बिलासपुर। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने महाधिवक्ता को निर्देश दिया है कि वह प्रदेश में बच्चों के लिए संचालित घरौंदा केंद्रों का निरीक्षण करें और वस्तुस्थिति से अवगत कराये। चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा की अवकाशकालीन डिवीजन बेंच में एनजीओ कोपलवाणी की ओर से घरौंदा केंद्रों की बदहाली को लेकर दायर जनहित याचिका पर सुनवाई हुई। इसमें कोर्ट कमिश्नर अपूर्व त्रिपाठी की ओर से बताया गया कि घरौंदा सेंटर्स में गर्मी से बचाने के लिए कोई इंतजाम नहीं किया गया है। वहां साफ-सफाई भी नहीं होती है। इस पर कोर्ट ने कहा कि यदि बच्चे भीषण गर्मी में बिना कूलर रहेंगे तो क्या हाल होगा? शासन की ओर से इसमें कोई पहल की जानी चाहिए।

panchayattantra24.-बिलासपुर। बिलासपुर नगर निगम अब शहर में अवैध होर्डिंग लगाने वालों के खिलाफ कार्रवाई के लिए अभियान छेड़ दिया है। शुक्रवार को अतिक्रमण विभाग की टीम ने अलग-अलग क्षेत्रों में लगे अवैध होर्डिंग पर लगे विज्ञापन को हटा दिया। वहीं, बिना अनुमति होर्डिंग लगाने वाली एजेंसी प्रीति पब्लिसिटी और भवन मालिक पर भी जुर्माने की कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
निगम कमिश्नर ने चेतावनी देते हुए कहा है कि संचालक खुद से अवैध होर्डिंग हटा लें नहीं तो सख्त एक्शन लिया जाएगा। इस दौरान हाउसिंग कार्ट मार्केटिंग कंपनी पर 20 हजार रुपए का जुर्माना भी ठोंका गया। दरअसल, नगर निगम आयुक्त अमित कुमार ने कुछ दिन पहले ही सभी रजिस्टर्ड विज्ञापन एजेंसियों की बैठक ली थी, जिसमें उन्हें शहर में लगाए गए होर्डिंग का सत्यापन, स्ट्रक्चर सर्टिफ़िकेट और बीमा पालिसी 24 मई तक जमा करने के निर्देश दिए थे। इसके साथ ही सर्टिफ़िकेट और अन्य रिकार्ड जमा नहीं करने पर कार्रवाई करने की चेतावनी भी दी थी। नगर निगम ने होर्डिंग्स लगाने के लिए नियम बनाया है। इसमें अनुमति से लेकर होर्डिंग्स के साइज सहित अन्य मानक तय किए गए हैं। यही वजह है कि होर्डिंग्स लगाने वालों को कागजात जमा करने के लिए कहा गया है।
उसलापुर ओवरब्रिज के पास राकेश सिंघल के भवन के ऊपरी मंजिल पर प्रीति पब्लिसिटी ने बिना अनुमति के 60/ 40, 30/30 और 15/30 के तीन अवैध होर्डिंग लगाए थे, जो नियम विरूद्ध और सुरक्षा के मापदंडों के विपरीत था। इन अवैध होर्डिंग को हटाने और दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए निगम ने 24 अप्रैल को नोटिस जारी किया था। इसके बाद भी न तो नोटिस का जवाब दिया गया और न ही होर्डिंग हटाए गए। लिहाजा, शुक्रवार को नगर निगम ने कार्रवाई करते हुए होर्डिंग को हटा दिया है।

panchayattantra24.-जांजगीर। सक्ती जिले मे विगत् 03 माह से अपराधिक प्रवृत्ति के लोगो पर लगातार ताबडतोड कार्यवाही की जा रही है। 2.05.2024 को राहुल अग्रवाल पिता स्व. संतोष अग्रवाल उम्र 35 वर्ष साकिन सक्ती, पुराना स्टेट बैंक के पीछे, को आईपीएल क्रिकेट मैच मे ऑनलाइन सट्टा विकल्प के आरोप मे धारा 07 छ.ग. जुआ अधिनियम 2022 मे गिरफ्तार कर रिमाण्ड पर जेल भेजा गया है। जिले में पदस्थ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा द्वारा सभी थाना प्रभारियो को आदतन् बदमाश का रिकार्ड छाटकर उनको निगरानी बदमाश / गुण्डा बदमाश की श्रेणी में लाने हेतु निर्देशित किया गया था। थाना प्रभारी सक्ती निरीक्षक विवेक शर्मा द्वारा राहुल अग्रवाल के विरूद्ध पूर्व मे दर्ज बलवा, गाली गलौच, मारपीट, छेडछाड, धमकी देने तथा जुआ खेलने के मामले दर्ज होने के आधार पर प्रतिवेदन पुलिस अधीक्षक को प्रेषित किया गया है।
जिसमे राहुल अग्रवाल को आदतन अपराधी होना बताया गया है। सामाजिक शांति बनाये रखने एवं राहुल अग्रवाल पर लगातार निगाह रखकर इसकी आपराधिक प्रवृत्ति पर अंकुश लगाने के उद्येश्य से आज पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा द्वारा राहुल अग्रवाल को गुण्डा सूची में लाने के विधिवत आदेश जारी किये है तथा अनु. अधि. पुलिस सक्ती एवं थाना प्रभारी सक्ती को इसकी गतिविधियो पर लगातार निगाह रखने हेतु निर्देश जारी किया गया है। ताकि भविष्य में इसकी आपराधिक प्रवृत्ति पर नियंत्रण लगाया जा सके। जिले मे आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्तियो पर प्रभावशाली नियंत्रण रखने के उद्येश्य से पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा द्वारा अभी तक 24 आदतन अपराधियो के विरूद्ध कड़ी कार्यवाही करते हुए उनका नाम गुण्डा बदमाश सूची में लाया गया है।

panchayattantra24.-कोरबा। कलेक्टर अजीत वसंत ने जल जीवन मिशन के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग कोरबा जिले के अंतर्गत चिन्हित सभी ग्रामों में पेयजल उपलब्ध कराने के लिए किए जा रहे कार्यों को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन ठेकेदारों द्वारा कार्यों में रूचि नहीं ली जा रही हैं उनकी सूची बनाकर ब्लैक लिस्ट करने का प्रस्ताव बनाएं। कलेक्टर ने समय-सीमा समाप्त होने के बाद कार्य पूरा नहीं करने वाले ठेकेदारों की बैठक आगामी सप्ताह में आयोजित करने और कार्यों की समीक्षा करने के निर्देश पीएचई के कार्यपालन अभियंता ए. के. बच्चन को दिए। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि जल-जीवन मिशन अंतर्गत किए जा रहे कार्यों में गुणवत्ता होनी चाहिए और लोगों के घरों में समय पर पानी पहुंचना चाहिए। बैठक में कलेक्टर वसंत ने निर्देशित किया कि ऐसे कार्य जो 100 प्रतिशत पूर्ण हो गए हैं, उन ग्रामों का निरीक्षण विभागीय इंजीनियरों के माध्यम से कराकर पेयजल की उपलब्धता कराना सुनिश्चित करें। जल जीवन मिशन के कार्यों को करने वाले ठेकेदारों से कार्य पूर्ण कराने के बाद ही उन्हें भुगतान करें और भुगतान से पहले ठेकेदारों द्वारा किए गए कार्यों का सत्यापन अवश्य किया जाए।