Browsing: बिलासपुर

 
 
  panchayattantra24.-बिलासपुर। पदोन्नति के बाद पोस्टिंग निरस्तीकरण का मुद्दा गरमाया हुआ है। राज्य सरकार ने झटके से 2700 से ज्यादा पोस्टिंग निरस्त कर खलबली मचा दी है। आज पोस्टिंग की निरस्तीकरण से प्रभावित शिक्षकों की नजर हाईकोर्ट पर टिकी है। निरस्तीकरण से प्रभावित दर्जनों याचिका अब तक हाईकोर्ट में लग चुकी है, जिसमें से 25 से ज्यादा याचिकाओं की आज सुनवाई होनी है। ये केस अलग-अलग वकीलों के जरिये प्रभावित शिक्षकों ने लगाएं हैं। जानकारी के मुताबिक याचिकाओं की सुनवाई भोजनावकाश से पहले होने की संभावना है।
आज की सुनवाई प्रभावित शिक्षकों के लिए काफी महत्वपूर्ण है। ऐसा इसलिए, क्योंकि पोस्टिंग निरस्तीकरण के आदेश में प्रभावित शिक्षकों को शिक्षा विभाग ने मोहलत ना के बराबर दी है। आदेश के मुताबिक निरस्तीकरण आदेश के 10 दिन के भीतर काउंसिलिंग के बाद पदांकित संस्था में ज्वाइनिंग देनी होगी। अगर संशोधित संस्था से रिलीव होकर शिक्षक काउंसिलिंग के बाद आवंटित संस्था में ज्वाइन नहीं करते हैं, उनका प्रमोशन रद्द किये जाने की बात भी कही है, लिहाजा आज की सुनवाई पर प्रभावित शिक्षकों का बहुत कुछ दांव पर लगा है।
 

 

panchayattantra24.-जांजगीर। गणेश उत्सव को लेकर गाइडलाइन जारी कर दी गई है. पुलिस अधीक्षक कार्यालय सभा कक्ष में जांजगीर, नैला, चांपा गणेश समितियों के सदस्यों का मीटिंग आहूत की गई, समिति के सदस्यों को गणेश पंडाल को आम रोड में नही लगाने, तथा समय सीमा पर ध्वनि यंत्रों/डीजे/लाउड स्पीकर बजाने के संबंध में चर्चा कर समिति के सदस्यों को नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल छ.ग. उच्च न्यायालय के दिए गए निर्देशो का पालन करने हेतु निर्देश किया गया।,1. मीटिंग के सदस्यों को ध्वनि यंत्रों की आवाज कम रखें तथा प्रतिबंधित अवधि रात्रि 10:00 बजे से प्रातः 6:00 बजे के मध्य लाउडस्पीकर तथा डीजे का उपयोग न करने के निर्देश ⏺️विद्युत तार कनेक्शन खुले ना रखें जिसे कोई प्रकार का अप्रिय घटना ना हो ⏺️ आवश्यक पंडाल स्तर पर भिड़ एकत्रित ना करें ⏺️ आयोजन स्थल पर कचरा न फैलाए, साफ सफाई रखने हेतु निर्देश दिया गया।
 

 
 
  panchayattantra24.-बिलासपुर। राजस्थान से आकर छत्तीसगढ़ में फार्म हाउस बनाकर खेती कर रहे एक किसान का अपहरण कर लिया गया। जबलपुर के रास्ते में उसकी हत्या करके लाश फेंक दी गई। घटना में शामिल दो भाइयों को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है, दो अन्य आरोपी फरार हैं। राजस्थान के भगवान बिश्नोई ने तखतपुर के पास बांसाझाल गांव में 60 एकड़ जमीन खरीद कर फार्म हाउस बनाया था। यहां वह सब्जी की खेती भी करता था। सब्जी की सप्लाई छत्तीसगढ़ के अलावा अन्य राज्यों में भी होती थी। 
 कुछ दिन पहले जबलपुर से मेटाडोर लेकर एक व्यापारी सगम अंसारी सब्जी लेने के लिए आया। सगम का सब्जी के भाव को लेकर भगवान से विवाद हो गया और उसने माल भरने से इनकार कर दिया। इससे दोनों में झगड़ा हो गया। विवाद बढ़ने पर भगवान ने सगम अंसारी की पिटाई कर दी। भगवान के दबाव में आकर सगम ने सब्जियां गाड़ी में डलवा ली और वापस जबलपुर पहुंच गया। इस बीच 3 सितंबर को अचानक भगवान बिश्नोई गायब हो गया। उसके भाई श्रवण ने जूनापारा पुलिस चौकी में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराते हुए सगम अंसारी के साथ हुई मारपीट की जानकारी दी। 
जांच के लिए पुलिस की एक टीम जबलपुर रवाना हुई। पुलिस ने वहां से पूछताछ के बाद सनम अंसारी के भाई गुलशेर अहमद को हिरासत में ले लिया। गुलशेर ने बताया कि भगवान विश्नोई ने उसके भाई से मारपीट की थी जिसका बदला लेने के लिए वह बांसाझाल पहुंचा। उनके साथ सगम, ट्रांसपोर्टर अनु गौर और गुलशन भी थे। फार्म हाउस से बाहर बुलाकर उन्होंने भगवान बिश्नोई को जबरदस्ती अपनी कार में बिठाया और जबलपुर की ओर ले गए। रास्ते में कवर्धा जिले के कुंडा के पास उन्होंने भगवान विश्नोई की पीट-पीटकर हत्या कर दी। इसके बाद लाश को सड़क के किनारे फेंक कर जबलपुर वापस आ गए। पुलिस ने दोनों भाइयों को गिरफ्तार किया है। ट्रांसपोर्टर अनु गौर तथा गुलशन की तलाश की जा रही है। घटना में प्रयुक्त कार भी जब्त की गई है।
 

 
  panchayattantra24.-बिलासपुर। कुछ महीने पहले बिलासपुर में अपने प्रवास के दौरान राहुल गांधी ने केंद्र और मोदी सरकार पर जमकर निशाना साधा था.साथ ही मोदी मित्रों को भी निशाना बनाया था. राहुल गांधी के जाने के बाद कांग्रेस ने मोदी सरकार के खिलाफ रणनीति बनाकर विरोध प्रदर्शन का दौर जारी रखा.इसी क्रम में जिला कांग्रेस कमेटी ने एसईसीएल मुख्यालय का घेराव किया. घेराव करने के बाद जिला कांग्रेस कमेटी ने एसईसीएल के अधिकारियों से मुलाकात कर रायगढ़ के पेलमा कोयला खदान को अदानी ग्रुप से वापस लेने की मांग की है। 
जिला कांग्रेस कमेटी ने एसईसीएल मुख्यालय का घेराव करने के साथ ही अधिकारियों से मुलाकात की. कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी और प्रतिनिधिमंडल ने अधिकारियों से प्रदेश के बेरोजगार युवाओं के लिए नौकरी की मांग की है. कांग्रेस ने एसईसीएल प्रबंधन पर आरोप लगाया है कि प्रदेश के बेरोजगारों को नौकरी देने के बजाय एसईसीएल अन्य राज्यों के लोगों को नौकरी दे रही है.जबकि प्रदेश के बेरोजगार एसईसीएल के चक्कर लगा रहे हैं. लेकिन उन्हें नौकरी नहीं दी जा रही है. कांग्रेस के प्रतिनिधि मंडल ने एसईसीएल के अधिकारियों को चेतावनी दी है कि भूविस्थापित और प्रदेश के बेरोजगारों को 50 परसेंट नौकरी में आरक्षण दें ताकि प्रदेश के बेरोजगार युवाओं को रोजगार मिले। 
 

 
panchayattantra24.- बिलासपुर। यस बैंक भिलाई के एक फर्जी खाते से 165 करोड़ रुपए लेनदेन के मामले में मुख्य न्यायाधीश की डिवीजन बेंच ने छत्तीसगढ़ शासन के मुख्य सचिव अमिताभ जैन के जांच संबंधी शपथ पत्र पर सुनवाई की। सुनवाई के दौरान वादी के अधिवक्ता सतीश कुमार त्रिपाठी और बादशाह प्रसाद सिंह ने मुख्य न्यायाधीश के समक्ष आपत्ति दर्ज करते हुए कहा कि विगत तीन-चार वर्षो से प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज किए जाने के बावजूद अब तक किसी प्रकार की कोई जांच नहीं की गई है।
 मुख्य सचिव के शपथ पत्र में बताया गया कि कुछ दस्तावेज ऐसे हैं, जिसे न्यायालय में अंतिम रूप से प्रस्तुत किया जा सकता है, किंतु सुनवाई के दौरान न्यायालय में दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए गए। दोनों ही आरोपी हितेश चौबे और अनिमेष सिंह फरार हैं। खाते से खरीदी गई बड़ी गाड़ियों और अन्य सामग्रियों की अब तक जब्ती नहीं की गई है। महाधिवक्ता सतीश चंद्र वर्मा ने कहा कि फिलहाल पुलिस जांच चल रही है। यदि आर्थिक अपराध शाखा को यह मामला सौंप दिया जाए तो और उचित रहेगा। 
 मुख्य न्यायाधीश ने इस मांग को खारिज करते हुए कहा कि पुलिस जांच और आर्थिक अपराध शाखा की जांच में कोई विशेष फर्क नहीं है। दोनों ही जांच में पुलिस अधिकारियों की प्रमुख भूमिका होती है। इसलिए अनावश्यक मामले को खींचने के बजाय 16 अक्टूबर 2023 तक जो भी जांच पुलिस विभाग करती है, उसकी रिपोर्ट न्यायालय में प्रस्तुत करें। साथ ही साथ दोनों आरोपी अनिमेष सिंह और हितेश चौबे के विरुद्ध लुक आउट नोटिस जारी करें। दो अलग-अलग एफआईआर होने के बावजूद दोनों ही आरोपी अब तक फरार चल रहे हैं। जांच को यदि उच्च न्यायालय संतोषप्रद नहीं पाता है तो 16 अक्टूबर 2023 को इस मामले की जांच किसी विशेष जांच एजेंसी को सौंप दी जाएगी। महाधिवक्ता सतीश वर्मा ने वादी प्रभुनाथ मिश्रा द्वारा दाखिल किए गए आपराधिक रिट याचिका को खारिज किए जाने की मांग की। उन्होंने कहा कि इस मामले से वादी का कोई लेना देना नहीं है, फिर भी वादी के द्वारा न्यायालय में ऐसी शिकायत करना समझ के परे है। जवाब में मुख्य न्यायाधीश ने कहा कि इस विषय पर कई बार बहस हो चुकी है, यह मामला बहुत बड़ा है जो कि पूरी तरह से न्यायालय के संज्ञान में आ चुका है। इसलिए वादी के आवेदन प्रस्तुत किए जाने के मामले की बहस अब समाप्त हो चुकी है। यह स्पष्ट है कि अपराध घटित हुआ है। बैंक में खाता खोलकर उस खाते से करोड़ों रुपए का लेनदेन हुआ है जिसे स्वयं महाधिवक्ता भी स्वीकार कर रहे है। प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज किए जाने के बावजूद पहले तो शासन ने कहा कि एंटी करप्शन ब्यूरो जांच कर रही है जबकि उसने जांच से पूरी तरह इनकार कर दिया। इसलिए ऐसी स्थिति में साधन की जांच 16 अक्टूबर तक पूरी हो जानी चाहिए अन्यथा न्यायालय द्वारा उचित निर्णय किया जाएगा। 
वादी प्रभुनाथ मिश्रा ने पत्रकारों को जानकारी दी कि हमारा मुख्य उद्देश्य आर्थिक अपराध की जांच कराना है। यस बैंक में फर्जी खाते से करोड़ों रुपए का लेनदेन पर इनकम टैक्स विभाग भी आंख मूंद कर बैठा है। लिखित जानकारी देने पर भी कोई कार्रवाई नहीं की। एफआईआर दर्ज किए जाने के बावजूद शासन वर्षों से जांच करने की बजाय पीड़ित की प्रथम सूचना रिपोर्ट को ही खत्म करने पर तुला है। अब उच्च न्यायालय के निर्देशानुसार सही तरीके से जांच की गुंजाइश दिख रही है। इस जांच छत्तीसगढ़ के ऐसे कई नामी गिरामी चेहरे बेनकाब हो जाएंगे। खाते से करोड़ों रुपए का लेनदेन विदेश से हुआ है। लाखों लाख रुपये नकद एक-एक बार में जमा किए गए हैं और निकल गए हैं। उद्योगपतियों और नेताओं के लेनदेन खाते में स्पष्ट रूप से जाहिर हैं। अब हमें 16 अक्टूबर 2023 के अंतिम फैसले का इंतजार है।
 

बिलासपुर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज ऐतिहासिक एवं धार्मिक नगरी रतनपुर स्थित आदिशक्ति माँ महामाया देवी मंदिर पहुँची। यहाँ उन्होंने विधिवत पूजा- अर्चना कर देशवासियों की सुख-समृद्धि और प्रगति की कामना की। पहली बार रतनपुर स्थित महामाया देवी के मंदिर में राष्ट्रपति प्रवास हुआ है। इस अवसर पर माँ महामाया देवी का राजसी श्रृंगार किया गया।

इस अवसर पर राज्यपाल विश्वभूषण हरिचंदन, मुख्यमंत्री भूपेश बघेल एवं केंद्रीय जनजाति विकास राज्यमंत्री रेणुका सिंह भी मौजूद रहीं।

उल्लेखनीय है कि ऐतिहासिक एवं धार्मिक नगरी रतनपुर का गौरवशाली इतिहास रहा है। कलचुरी वंश के शासक रत्नदेव प्रथम ने रतनपुर को अपनी राजधानी बनाया और यहाँ आदिशक्ति माँ महामाया देवी मंदिर का निर्माण कराया। यह मंदिर 11वीं शताब्दी में बनवाया गया था। माँ महामाया रतनपुर शाखा के कलचुरी वंश के राजाओं की कुलदेवी थी। यहाँ पर दोनों नवरात्रियों में भव्य मेले का आयोजन होता है, जहां प्रदेश के हर जिले से लोग आते हैं और माँ महामाया के दर्शन कर उनके समक्ष मनोकामनाएं रखते हैं।

 

panchayattantra24.-गौरेला पेंड्रा मरवाही। साध्वी भाग्यश्री देवी पेंड्रा पहुंची हैं. यहां उन्होंने लखन घाट सहित अन्य चिन्हित स्थलों को राम वन गमन पर्यटन परिपथ में शामिल किए जाने की मांग की है. साध्वी भाग्यश्री देवी झांसी से छत्तीसगढ़ में राम वन गमन मार्ग का भ्रमण करते पेंड्रा पहुंची. साध्वी भाग्यश्री ने पत्रकारों से बातचीत में कहा, शास्त्रों की मानें तो मर्यादा पुरुषोत्तम राम, माता सीता और लक्ष्मण जी ने वनवास के दौरान सबसे अधिक समय छत्तीसगढ़ में ही गुजारा था. जिन जगहों पर इनके पदचिन्ह पड़े, उन स्थानों को छत्तीसगढ़ सरकार विकसित कर रही है. छत्तीसगढ़ की भूपेश सरकार राम वन गमन पर्यटन परिपथ का निर्माण कर रही है. हालांकि राम वन गमन पर्यटन परिपथ में सोन नदी तट पर स्थित लखन घाट सहित अन्य पौराणिक स्थलों को शामिल नहीं किया गया है. जबकि यहां से भगवान श्रीराम के गुजरने और रुकने के प्रमाण मौजूद हैं. साध्वी भाग्यश्री ने बघेल सरकार से इन चिन्हित स्थलों को भी राम वन गमन पर्यटन परिपथ में शामिल किए जाने की मांग की है. बता दें कि साध्वी भाग्यश्री देवी झांसी उत्तर प्रदेश से छत्तीसगढ़ में श्री राम वन गमन मार्ग का भ्रमण करते हुए रविवार को पेंड्रा पहुंची. अपनी यात्रा के दौरान उन्होंने सोन नदी के लखन घाट, रामघाट और सीता घाट सहित अन्य पौराणिक स्थलों का भ्रमण किया. साध्वी ने छत्तीसगढ़ के हरिचौका से अपनी यात्रा शुरू की है और छत्तीसगढ़ में स्थित राम वन गमन मार्ग का दर्शन करने निकली हैं। 
 

 panchayattantra24.-बिलासपुर। बिलासपुर में दो दिनी संकल्प शिविर में शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल समेत कांग्रेस नेता पहुंच गए हैं। बिल्हा में आयोजित शिविर में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि भाजपा ने अपने 15 साल के कार्यकाल में बस्तर को जलता हुआ छोड़ दिया था। राज्य में कांग्रेस की सरकार आने के बाद बस्तर में नए स्कूल खुल रहे हैं, औद्योगिक विकास हो रहा है। बस्तर का कपड़ा विदेश जा रही है और आदिवासियों को जल, जंगल, जमीन का अधिकार दिया गया है। 
इस शिविर में बिल्हा विधानसभा के तीन हजार से अधिक कार्यकर्ताओं की भीड़ है, जिन्हें कांग्रेस नेता चुनाव में हर बूथ में जाकर कांग्रेस सरकार की उपलब्धियों को बताने और केंद्र सरकार की विफलता को सामने लाने की नसीहत दे रहे हैं। इसके साथ ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं को गुटबाजी से उपर उठकर प्रत्याशी को जिताने के लिए काम करने और प्रदेश में दोबारा कांग्रेस की सरकार बनाने के लिए संकल्प दिला रहे हैं। शिविर में कांग्रेस के छत्तीसगढ़ सह प्रभारी डॉ. चंदन यादव, विजय जांगिड़ के साथ ही प्रभारी मंत्री ताम्रध्वज साहू मौजूद हैं। इस दौरान बूथ कमेटी के पदाधिकारियों को प्रशिक्षण जरूरी टिप्स भी दे रहे हैं।
 

 
 panchayattantra24.-बिलासपुर। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने एक आरक्षक के खिलाफ पुलिस अधीक्षक जांजगीर के आदेश पर की जा रही विभागीय जांच पर रोक लगा दी है। जांजगीर चांपा के आरक्षक ईश्वर प्रसाद लहरे ने हाईकोर्ट में अधिवक्ता अभिषेक पांडेय व घनश्याम शर्मा के माध्यम से एक रिट याचिका दायर कर कहा कि उसके विरुद्ध एक आपराधिक प्रकरण दर्ज किया गया था। यह प्रकरण मजिस्ट्रेट के समक्ष विचाराधीन है। अपराध दर्ज होने के बाद उसे पुलिस अधीक्षक ने निलंबित कर दिया और विभागीय जांच का आदेश दिया। विभागीय जांच पर आपत्ति करते हुए आरक्षक की ओर से सुप्रीम कोर्ट के स्टेट बैंक ऑफ इंडिया विरुद्ध नीलम नाग एवं अन्य के फैसले का उदाहरण देकर कहा गया कि यदि किसी शासकीय कर्मचारी के विरुद्ध अपराध दर्ज किया गया है तो उसी आरोप में उसके विरुद्ध विभागीय जांच नहीं की जा सकती। दोनों ही जांच में अभियोजन एवं साक्षी समान हैं। विभागीय जांच उसके विरुद्ध पूर्वाग्रहग्रस्त हो सकती है। यह प्राकृतिक न्याय के विरुद्ध भी होगा। हाईकोर्ट ने सुनवाई के बाद विभागीय जांच के आदेश पर रोक लगा दी है।
 

 
 panchayattantra24.-बिलासपुर। सरगांव में एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार ग्रामीण को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। आक्रोशित ग्रामीणों ने यहां की शराब दुकान हटाने और मुआवजे की मांग को लेकर करीब डेढ़ घंटे तक मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। जानकारी के अनुसार पथरिया ब्लॉक के पीपरडोल गांव शत्रुधन वर्मा (50 वर्ष) एक कांग्रेस नेता के जन्मदिन समारोह में भाग लेने के लिए सरगांव आया था। लौटने के दौरान सरगांव बस्ती की ओर जाते समय ट्रक ने उसे टक्कर मारी। इससे वह कई फीट दूर जा गिरा। सिर और सीने में गंभीर चोट आने के कारण मौके पर ही उसकी मौत हो गई। दुर्घटना से ग्रामीणों में रोष फैल गया। तत्काल मुआवजे व घटनास्थल के पास स्थित अंग्रेजी शराब दुकान को बंद करने की मांग पर उन्होंने बिलासपुर रायपुर हाईवे पर चक्का जाम कर दिया। ग्रामीणों का कहना था कि शराब दुकान के कारण यहां भीड़ लगी रहती है। हाईवे होने के बावजूद केवल 50 मीटर की दूरी पर यह संचालित किया जा रहा है। लगभग डेढ़ घंटे चक्काजाम को प्रशासनिक अधिकारियों की समझाइश के बाद समाप्त किया गया।