Browsing: छत्तीसगढ़

गरियाबन्द  । पुल निर्माण की मांग को लेकर बहिष्कार करने वाले 11 गांव में शामिल निष्तिगुड़ा गांव में भाजपा प्रत्यशी पहुंचे, तो पूरा गांव स्वागत में जुट गया. गांव के सरपंच ने कहा कि कुछ लोग बहकावे में आकर सभा में पहुंच गए थे. बाकी 10 गांव जाने की हिम्मत भाजपाई नहीं जुटा पाए. उधर कांग्रेसी नेता झिरिपानी में सभा लेकर कांग्रेस के पक्ष में मतदान करने की अपील की ।
दरअसल पांच दिन पहले 11 गांव के लोगों ने पुल निर्माण शूरू नहीं होते तक किसी भी मतदान में भाग नहीं लेने का निर्णय लिया था. उन्ही 11 में शामिल निष्तिगुडा ग्राम जब भाजपा प्रत्याशी चुन्नी लाल साहू पहुंचे, तो ग्रामीणों ने जमकर स्वागत किया. गांव के बरगद पेड़ के नीचे सभा भी लिया. 700 की आबादी वाले इस गांव में 300 से ज्यादा लोगों की भीड़ जुटी थी. ग्रामीणों ने भाजपा प्रत्याशी के साथ सीधे संवाद कर विकास के नाम पर मतदान करने की अपनी मंशा जाहिर कर दिया. मामले में ग्राम सरपँच शिव शंकर नायक ने कहा कि ग्राम के प्रमुख व आधे से ज्यादा लोग अभी भी अपने निर्णय ओर अडिग है. कुछ लोग बहकावे में आकर सभा में शामिल हो गए ।
कांग्रेसी नेता झिरिपानी पहुंच मतदान करने की अपील
कांग्रेस में चुनाव का कमान सभांल रहे कछरू भट्टर व प्रचार अभियान प्रभारी जनक ध्रुव आज झिरिपानी ग्राम पहुंचकर बहिष्कार के लिए मन बना चुके ग्रामीणों को मताधिकार का प्रयोग करने की अपील किया है. पुल की समस्या को भाजपा की देन बताते हुए विकास के लिए मतदान करने की अपील की है ।
अन्य 10 गांव जाने की हिम्मत नहीं जुटा पाए
बहिष्कार का ऐलान करने वाले सभी गांव में नेताओं का प्रवेश वर्जित का बोर्ड लगा दिए हैं, ऐसे में इन गावों में अब तक किसी भी पार्टी की प्रचार टोली या नेता ग्राम प्रवेश करने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे हैं. आज भाजपा प्रत्याशी का काफिला बहिष्कृत गांव के सीमा से लगे ग्राम दहीगाव, डूमरबहाल, केंदूबन, झाखरपारा तो गया पर घोषित गांव नहीं जा पाए. चुन्नी लाल साहू ने कहा कि निष्टिगुड़ा में ग्रामीणों का अपार स्नेह मिला. केंद्र में सरकार बनाना है इसलिए क्षेत्रीय मुद्दा से बढ़ कर राष्ट्रीय मुद्दे को लेकर ग्रामीण सहमत है. देश के विकास के नाम पर वो जरूर वोट देंगे. बाकी अन्य गांव में भी स्थानीय नेता ग्रामीणों को मना लेंगे. पूर्व भाजपा विधायक गोवर्धन माँझी जिनके कार्य काल में सेनमूड़ा घाट पर पूल को स्वीकृति मिली थी. उन्होंने ने भी कहा कि गलती नेता राजनेता की नहीं है. प्रशासनिक चूक के कारण काम अटका है, इस बात को हर गांव में जाकर बताया जाएगा. उन्हें मतदान के अधिकार का उपयोग करने मना लिया जाएगा ।
कांग्रेसी नहीं ले रहे रूचि
बहिष्कार करने वाले 11 गांव में सागुनभाड़ी को छोड़ कर अन्य सभी 10 गांव में भाजपा को बढ़त मिलती है. 70 फीसदी वोट भाजपा के झोली में जाता है. इसलिए इन गांव के ग्रामीणों को मनाने की पहल भाजपाई ने शूरू कर दिया है, जबकि वोट बैंक के गणित में माईनस मार्किंग के चलते कांग्रेस इन्हें मनाने की पहल नहीं कर रहा है ।

कांकेर । भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और कांकेर सांसद विक्रम उसेंडी को अपने ही निर्वाचन क्षेत्र में आज जमकर किरकिरी हो गई. भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विक्रम उसेंडी सभा को संबोधित करने जा रहे थे, लेकिन तहसीलदार ने उसेंडी को सभा करने से रोक दिया और उन्हें बैरंग वापस लौटना पड़ गया ।
दरअसल हुआ यूं कि आचार संहिता के बाद सभा के लिए जिला निर्वाचन पदाधिकारी से अनुमति ली जाती है, लेकिन भाजपा नेता निर्वाचन पदाधिकारी से सभा की अनुमति लेना ही भूल गये. लिहाजा जैसे ही सभास्थल की तरफ हैलीपेड से निकलकर विक्रम उसेंडी जाने लगे, तहसीलदार ने उनका रास्ता रोक दिया ।
उन्होंने उल्टा अधिकारियों पर ही नाराजगी जताने लगे लेकिन नाराजगी जताने का भी कोई फायदा नहीं हुआ और उन्हें बेरंग लौटना पड़ा. हालांकि हेलीपैड पर ही मौजूद कार्यकर्ताओं से उन्होंने बातचीत की और हेलीकॉप्टर देखने पहुंचे कुछ लोगो को वे संबोधन किये और वापस लौट गये. विक्रम उसेंडी को आज ग्राम संगम में चुनावी सभा को संबोधित करना था, लेकिन भाजपा नेताओं की लापरवाही से सारा कार्यक्रम फ्लॉप हो गया ।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विक्रम उसेंडी को सुनने के लिए पहुंचे लोगों को भी बिना सुने ही वापस लौटना पड़ा. भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के साथ विक्रम उसेंडी अभी कांकेर के सांसद भी हैं ।
इस पूरे मामले पर विक्रम उसेंडी ने कहा कि कार्यकर्ताओ से चूक हुई है. वे समझ नहीं पाए पर हमने कार्यकर्ताओं से हेलीपेड पर ही बात कर ली है और आम जनता के सामने भी अपनी बात रखी है ।

राजनांदगांव । भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह आज चुनाव प्रचार करने डोंगरगढ़ पहुंचे. सभा को संबोधित करते हुए कहा कि दंतेवाड़ा नक्सली हमले में भीमा मंडावी की हत्या हो गई. यह कोई मामूली वारदात नहीं है. इसमें षड्यंत्र की बू आती है. विधायक की पत्नी ने भी इस वारदात की सीबीआई से जांच कराने की मांग की है. इस मामले की सीबीआई जांच होनी चाहिए. शाह ने आरोप लगाया कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनते ही उन्होंने यहां सीबीआई को आने से मना कर दिया है. इस दौरान अमित शाह ने राहुल गांधी पर भी तीखे प्रहार किए ।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री मोदी के द्वारा पाकिस्तान को दिए गए करारे जवाब को लेकर मतदाताओं से इसी तरह राष्ट्र की एकता को बनाए रखने नरेंद्र मोदी की सरकार बनाने की अपील की. वहीं प्रदेश की भूपेश सरकार को आड़े हाथों लेते हुए रमन सिंह के 15 साल के कामकाज से छत्तीसगढ़ में विकास की बात कही
भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह ने कहा कि लगभग 4 माह के कार्यकाल में ही भूपेश की सरकार ने करोड़ों रुपए का कर्ज़ लेकर छत्तीसगढ़ को पीछे धकेल दिया. प्रदेश के विकास के लिए विभिन्न पंचायतों और नगरी निकाय में दिए गए रुपए भी कांग्रेस की सरकार के द्वारा वापस ले लिए गए. यह सरकार महज नरवा, गरवा,  घुरवा और बारी में सिमट गई है
इस दौरान भाजपा प्रत्याशी संतोष पांडे भी अपने चिर-परिचित अंदाज में मतदाताओं से रूबरू हुए. भाजपा की चुनावी सभा के दौरान राजनांदगांव से सांसद अभिषेक सिंह, पूर्व सांसद एवं महापौर मधुसूदन यादव सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे.

बीजापुर । नक्सलियों की एक बार फिर कायराना हरकत देखने को मिली है. चुनाव बहिष्कार करने में सफल नहीं सके, तो जगह-जगह पर आईईडी लगा रखा है. बस्तर लोकसभा में चुनाव कराकर वापस लौट रहे मतदान दलों को निशाना बनाने नक्सलियों ने आवापल्ली मार्ग पर नूकनपाल और चेरामन्गी के बीच आईईडी लगाया हुआ था. जिसे सीआरपीएफ की बीडीएस टीम ने डिटेक्ट कर दिया है ।
जानकारी के मुताबिक जवानों ने आवापल्ली मार्ग पर आवाजाही पर रोक लगा दी है. साथ ही आईईडी मिलने वाली जगह पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है. बरामद आईईडी को निष्क्रिय करने के लिए बीडीएस की टीम पहुंची हुई थी जिसने निष्क्रिय कर दिया है. नक्सली सीरियल ब्लास्ट करने की तैयारी में थे जिसे जवानों ने विफल कर दिया ।
इसके साथ ही आवापल्ली से सड़क मार्ग के माध्यम से बीजापुर आने वाले मतदान दलों को रास्ते में ही रोककर सुरक्षा बढ़ाई गई है. जवानों के साथ फिर रवाना किया गया है. वहीं नक्सलियों ने जवानों को चकमा देने के लिए मार्ग पर पहले दो डमी बम लगाया था इसके बाद आईईडी बम लगा रखा था. जिसे जवानों ने समय रहते देख लिया और निष्क्रिय कर दिया ।

दंतेवाड़ा । नक्सलियों की दंडकारण्य स्पेशल जोन और दरभा डिवीजन कमेटी ने विधायक भीमा मंडावी सहित 4 जवानों की हत्या की जिम्मेदारी ली है. कमेटी के सचिव साईंनाथ ने इसे लेकर एक प्रेस रिलीज भी जारी किया है. इसके साथ ही उन्होंने मृतक जवानों के लूटे गए हथियारों की भी तस्वीरें जारी की है. नक्सलियों ने श्यामगिरी गांव में आईईडी लगाकर ब्लास्ट किया था जिसमें विधायक मंडावी सहित 5 जवान शहीद हो गए थे. नक्सलियों ने मंडावी और पुलिस जवानों की हत्या के पीछे की वजह पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन समाधान के साथ ही सरकार द्वारा अडाणी को बैलाडिला की खदान देने से नाराजगी की वजह बताई है।
प्रेस रिलीज में नक्सलियों ने केन्द्र की भाजपा सरकार पर कई बडे़ गंभीर आरोप लगाए हैं. उन्होंने कहा कि भाजपा सत्ता में आते ही देश में अंधराष्ट्रवाद को बढ़ावा देने का आरोप लगाया है. उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार आरएसएस का एजेंडा हिन्दू राष्ट्र स्थापना के लक्ष्य की ओर आक्रामक रुप से काम कर रही है. आए दिन दलितों, मुसलमानों, आदिवासियों पर हत्याएं और महिलाओं पर अत्याचार बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार से असहमति जताने पर जन पक्षधर बुध्दिजीवियों, लोकतंत्रवादियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं पर अर्बन माओवादी लेबल लगाकर उन पर हमला कर रही हैं।
नक्सली सचिव साईंनाथ ने कहा कि सरकार देश, विदेशी कार्पोरेट घरानों के साथ MOU करते हुए, खरबों रूपये की सम्पत्ति को औने-पौने दाम पर बेच रही हैं. पेसा कानून, वन अधिकार कानूनों का धज्जिया उड़ा रही हैं. बस्तर में प्राकृतिक संसाधनों को लूट रहे हैं, कार्पोरेट घरानों को सुरक्षा देने के लिए कार्पेट सुरक्षा को मजबूत व विस्तार कर रही है ।
मोबाईल टावर निर्माण, रोड चौड़ीकरण का काम लोगों के जबर्दस्त विरोध के बावजूद भी पुलिस सुरक्षा के साथ करवा रही है।
उन्होंने कहा कि शोषण के विरोध, अपनी जल-जंगल-जमीन आस्मिता, अस्तित्व इज्जत, अधिकार के लिए संगठित हो रहे जनता में दहशत फैलाने के लिए मुठभेड़ों के नाम पर नुलकातोंग, ताड़बल्ला, जैसी सामूहिक नरसंहारों को अंजाम दे रही हैं. दन्तेवाड़ा में पुलिस एनकाउंटर में मारे गए नक्सलियों का जिक्र भी उन्होंने किया है. विज्ञप्ति में लिखा है कि कामरेड पाली, विज्जे, सुक्की, ज्योति, मीटू को पुलिस ने एनकाउंटर में खोया है. इसके साथ ही इसमें पुलिस अत्याचारों का भी जिक्र किया गया है. गांव वालो के साथ मार पीट, अवैध गिरफ्तारियां जारी हैं. उनकी सम्पत्ति पुलिस द्वारा ध्वस्त की गई, उनके पालतू जानवरों को भी पुलिस द्वारा लूटा जा रहा है. नक्सली मुठभेड़ के नाम पर आमजनता की हत्या करने का आरोप पुलिस पर नक्सलियों ने लगाया है।
उन्होंने कहा कि सरकार ने बैलाडिला खदान का विस्तार करते हुये 13 नम्बर खदान अडानी को बेच दिय, फर्जी ग्राम सभा करवाई गई. इसके विरोध में 20 हजार से ऊपर आदिवासी गैर आदिवासियों ने किरन्दुल में 2 मार्च को प्रदर्शन किया. इसके बावजूद वहां खुदाई का काम तेजी से शुरु कर दिया गया है. अडानी को बचाने वहां की आम जनता को खदेड़ने के लिए ई 4 नया पुलिस कैम्प तैनात किया जा रहा हैं. इन पहाड़ों की खुदाई करने से आदिवासियों का आरथ देव नंदराज के आस्तित्व को भी खतरा मंडरा रहा है. अपनी देव को, रिति-रीवाजों को, अपने आस्तित्व को बचाने के लिए आदिवासी एक जुट हो रहे हैं।
सचिव साईंनाथ ने कहा कि मैदान इलाके में कार्पेट सुरक्षा के बीच में हमारे PLGA ने जनता की मदद से सुनियोजित तारीके से इन साहसिक हमले की घटना को अंजाम दिया. इस हमले में विश्व हिन्दू परिषद के नेता, जनविरोधी पार्टी विरोधी भीमा मंडावी का अंत हुआ. साथ में PLGA ने जवानों की बन्दूकें और सैकड़ों की संख्या में कारतूस को लूटा ।

नारायणपुर । बस्‍तर लोकसभा सीट के लिए गुरुवार को पहले चरण के मतदान के दौरान नक्‍सलियों ने मतदान प्रक्रिया को प्रभावित करने का प्रयास किया। नक्‍सलियों ने मतदान दल की सुरक्षा के लिए तैनात जवानों पर ओरछा हेलीपेड के पास फायरिंग की।सुरक्षा बलों की जवाबी कार्रवाई में नक्‍सली भाग खड़े हुए। इस घटना में एक नक्‍सली के मारे जाने की भी खबर मिल रही है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मतदान के बाद जब पोलिंग पार्टी वापस लौट रही थी तब अबूझमाड़ के आेरछा में नक्‍सलियों ने फायरिंग आरंभ कर दी। सुरक्षाबलों ने मोर्चा संभालते हुए इसका मुंहतोड़ जवाब दिया। इसके बाद नक्‍सली मौके से भाग गए। पुलिस अधिकारियों ने इस घटना की पुष्टि की है।
नारायणपुर एसपी मोहित गर्ग के अनुसार यह घटना शाम सवा चार बजे की है। नक्‍स‍लियों ने उस समय सुरक्षाबलों पर फायरिंग की जब वह मतदान दल को सुरक्षा देकर लौट रहे थे। सुरक्षाबलों ने इस हमले का तुरंत जवाब दिया। इस दौरान एसटीएफ कांस्‍टेबल हृदय राम साहू घायल हो गया।
उन्‍हें आेरछा के अस्‍पताल में भेजा गया है। जहां उनकी स्थिति सामान्‍य है। इसके बाद जब आसपास सर्चिंग की गई तो सादे कपड़ों में एक शव मिला। इसके पास से देशी पिस्‍टल, एक चाकू और एक पिट्ठू बैग बरामद हुआ है। मतदान दल सुरक्षित आेरछा लौट आया है।
जानकारी मिली कि जवाबी कार्रवाई में नक्सलियों के स्मॉल एक्शन टीम का एक सदस्य मारा गया है. पुलिस और मतदान दल के सभी लोग सुरक्षित हैं। तीन बजे बस्तर संसदीय क्षेत्र के ओरछा में तीन बजे मतदान का समय सीमा समाप्त हो गई थी। घोर नक्स्ल प्रभावित ओरछा से मतदान दल वापस लौट रहा था इसी दौरान हैलीपैड पर पुलिस पार्टी पर नक्सलियों ने हमला किया।
निर्वाचन कार्यालय से मिली जानकारी के मुताबिक ओरछा से 8 मतदान दल की पहली खेप दो हेलीकाप्टर से वापस नारायणपुर पहुंच चुका है। नारायणपुर जिले के 125 मतदान केन्द्रों में से अतिसंवेदनशील 31 मतदान केन्द्रों पर हेलीकाप्टर के जरिये भेजे गये मतदान दलों की वापसी का दौर शुरू हो गया है। सेना के 2 हेलीकाप्टर के जरिये नक्सल प्रभावित क्षेत्र ओरछा से 8 मतदान दलों की पहली खेप सकुशल मतदान कराने के बाद सुरक्षित नारायणपुर पहुंची। शेष 23 मतदान दलों की वापसी के लिए हेलीकाप्टरों ने पुनः उड़ान भरी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मौसम का मिजाज सही रहा तो सभी मतदान दलों की आज वापसी हो सकती है। अन्यथा कल शुक्रवार को वापस लाया जायेगा। सड़क मार्ग से रवाना हुए 94 मतदान दलों को सड़क मार्ग के माध्यम से कड़ी सुरक्षा के बीच वापस लाने की कार्यवाही भी शुरू हो गयी है। संसदीय निर्वाचन क्षेत्र बस्तर अजजा के लिए विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र 84 नारायणपुर में मतदान संपन्न हुआ। मतदान निर्धारित समय सवेरे 7 बजे से सांय 3 बजे तक चला।

कोंटा । बिलासपुर से पेंड्रा की ओर जा रही दुर्ग नौतनवा एक्सप्रेस से गिरकर युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायक युवक का नाम मनहरण पटेल और शिवरीनाराण के परसा पाली का रहने वाला बताया जा रहा है। युवक के ट्रेन से गिरने के बाद मौजूद लोगों ने पुलिस को फोन कर जानकारी दी जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने 108 की मदद से युवक को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोटा भेजा गया। मामला करगी रोड रेलवे स्टेशन का बताया जा रहा है। हालांकि युवक कैसे गिरा फिलहाल इसकी कोई जानकारी नहीं लगी है।

भानुप्रतापपुर  ।  पुल निर्माण में रूकावट आ गई है. नरबलि दिए जाना जरूरी है. बलि देने के लिए आदमी की तलाश है. ऐसी अफवाह आस-पास के गांवों में फैल रही है. लोगों ने डर से उस रास्ते में जाना ही बंद कर दिया. मजदूरों ने भी काम करने से मना कर दिया. जिससे पुल का काम बंद हो गया है, जिससे लोगों को राहत मिलने के बजाय मुसीबत बढ़ गई. ग्रामीण दूसरे रास्ते से जा रहे हैं ।
मामला दुर्गूकोंदल विकासखंड के कोड़ेकुर्सी के पास कोटरी नदी में पुल का निर्माण कार्य चल रहा है. बहुत कम समय में एक अच्छी स्थिति में पहुंच गया है, क्षेत्र की जनता को लगने लगा है कि अब बहुत जल्दी उनकी परेशानी समाप्त होने वाली है. लेकिन पिछले कुछ दिनों से उनकी इस खुशी पर अफवाहों ने मुसीबत खड़ी कर दी है ।
पिछले कुछ दिनों से कोड़ेकुर्सी और आसपास के क्षेत्र में इस तरह की अफवाह फैलाई जा रही है कि इस पुल के निर्माण के लिए नरबलि दी जानी है और यहां काम कर रहे लोग छोटे बच्चों व आदमी की तलाश में हैं ।
इस अफवाह के कारण इस नदी और उनके आसपास से लोग गुजरने में परहेज करने लगे हैं और शाम के बाद तो गुजरने की हिम्मत भी लोग नहीं करते ।
ठेकेदार धर्मेंद्र चोपड़ा ने बताया कि तीन-चार दिनों पूर्व ही यह बात मेरी जानकारी में आई है. मैं भी इस बात को लेकर काफी परेशान हूं. मुझे पता चला है कि इस अफवाह के कारण पुल निर्माण के लिए मजदूर भी नहीं आ रहे. इस संबंध में पुलिस एवं जिला प्रशासन को पत्र लिखा है और इन अफवाहों के कारण बाहर से आए कर्मचारियों पर भी संकट खड़ा हो गया है ।
क्षेत्र की जनता किसी शक पर कर्मचारियों के साथ कोई अनहोनी ना कर दें, ये डर सता रहा है. मैं खुद भी कोड़ेकुर्सी क्षेत्र का पुराना निवासी हूं. मैं यहां के छोटे बड़े सभी से परिचित हूं इस तरह की कोई भी बात नहीं है ।
इधर, थाना प्रभारी राम नारायण ध्रुव ने बताया कि यह बात हमारे संज्ञान में आई है. जो लोग मोबाइल के माध्यम से अफवाह फैला रहे हैं उन पर कार्रवाई कर रहे हैं. आम जनता से उन्होंने भी अपील की है कि ऐसी कोई बात नहीं है. निर्भीक होकर रास्ते से आना जाना करे और कोई शक या शंका हो तो तत्काल हमें सूचित करें ।

मुंगेली ।  एक चौकीदार (डॉ रमन सिंह) तो गयो. अब दूसरे यानी की मोदी की बारी है. छत्तीसगढ़ में रमन सिंह के 15 साल और कांग्रेस के 2 माह की सरकार की तुलना करके देख लीजिए, फिर सोच-समझकर वोट देना है. यह कहना है पंजाब के मंत्री व कांग्रेस के स्टार प्रचारक नवजोत सिंह सिद्धू का. चुनाव प्रचार करने आज वे मुंगेली पहुंचे. मंच से सिद्धू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह पर जमकर निशाना साधा. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तंज कसते हुए सिद्धू ने कहा कि प्रधानमंत्री जब वोट बदल सकता है तो आप लोगों को सरकार बदलना है ।
वहीं चौकीदार को लेकर बीजेपी पर बरसते हुए बोले कि बीजेपी के लोग अपने आप को चौकीदार बता रहे हैं, जबकि यह जनता तय करेगी कि देश में चौकीदार किसे रखना है. इसके अलावा उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी फ़ौज के नाम का इस्तेमाल राजनीति में फायदे के लिए कर रहे हैं, जबकि सेना किसी पार्टी की नहीं बल्कि इस देश की है ।
सेना के नाम पर मोदी की सियासत बर्दाश्त नहीं की जाएगी. सिद्धू यही नहीं रुके और आगे बोले कि प्रधानमंत्री सभी मुद्दों से लोगों को भटकाने की कोशिश कर रहे हैं, मगर जनता सब कुछ जान चुकी है जिसका जवाब चुनाव में जरूर देगी ।
कार्यक्रम के बाद मीडिया के सवाल पर नवजोत सिद्धू झल्लाते नजर आए. दरअसल मीडिया ने इमरान खान के उस बयान को लेकर सवाल पूछा कि अगर भारत में मोदी की सरकार बनेगी तो बातचीत का रास्ता खुला रहेगा. इस सवाल को सुनते ही नवजोत सिंह सिद्धू ने जवाब देने की बजाय पहले तो सवाल को ही काटने की कोशिश की. और फिर शायराना अंदाज में कहा कि “अरे भाई तू इधर-उधर की बात ना कर जिस स्कूल में तू पढ़ा है उस स्कूल का मैं डायरेक्टर रह चुका हूं ।

डोंगरगढ़ ।  चैत्र नवरात्र के अवसर पर डोंगरगढ़ के पवार धर्मशाला के प्रांगण मे पंचमी को विशाल भंडारे का आयोजन रखा गया. जिसमें श्रद्धालुओं पहुंच कर भंडारे का लाभ लिया ।
बता दें कि पवार जनकल्याण सेवा समिति छत्तीसगढ़ के तत्ज्ञधान में हरसाल के पंचमी को विशाल भंडारा का आयोजन किया जाता है. धर्मनगरी डोंगरगढ़ के पवार धर्मशाला के प्रांगण मे राष्ट्रीय अध्यक्ष इंजी.मुरलीधर टेम्भरे राष्ट्रिय उपाध्यक्ष राजेंद्र पटले राष्ट्रीय सहसचिव जितेन्द्र बिसेन और समस्त पवार सामाजिक बंधु छत्तीसगढ़,महाराष्ट्र,मध्यप्रदेश के श्रद्धालु हजारो की संख्या मे उपस्थिति थे,सभी लोगों ने भरपूर सहयोग किया ।