Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
Browsing: दिल्ली
panchayattantra24.-नई दिल्ली। केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की उपस्थिति में अन्तरराष्ट्रीय स्पोर्ट्स स्टेडियम गोलापार, हल्द्वानी में 38वें राष्ट्रीय खेल का समापन समारोह आयोजित किया गया। भारतीय ओलंपिक संघ की अध्यक्ष पीटी. ऊषा ने 38वें राष्ट्रीय खेल के समापन की घोषणा की। इस अवसर पर केन्द्रीय गृह मंत्री ने प्रथम तीन स्थान प्राप्त करने वाले सर्विसेज, महाराष्ट्र और हरियाणा को सम्मानित किया।
उत्तराखंड के हर जिले में खेल इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उत्तराखण्ड के चारों धामों के देवी देवताओं को प्रणाम करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री श्री धामी ने उत्तराखंड के हर जिले में खेल इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार हो गया है। उन्होंने कहा मुख्यमंत्री ने देवभूमि को राष्ट्रीय खेलों के नक्शे पर 25वें स्थान से 7वें स्थान पर लाने का कार्य किया है। राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखंड के विजेता खिलाड़ियों ने देवभूमि को खेल भूमि बनाया है। केंद्रीय गृह मंत्री ने सभी उत्तराखंड के विजेता खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
उत्तराखंड की मेजबानी का देशभर में गुणगान केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह ने उत्तराखंड की आयोजन समिति एवं खेल संगठनों की पीठ थपथपाते हुए कहा कि राष्ट्रीय खेलों के आयोजन के लिए पूरे देश में उत्तराखंड की तारीफ हो रही है। पूरा देश उत्तराखंड द्वारा की गई शानदार व्यवस्थाओं के गुणगान कर रहा है। भौगोलिक कठिनाइयों के बावजूद उत्तराखंड राज्य ने मुख्यमंत्री श्री धामी के नेतृत्व में इस कार्य को कुशलतापूर्वक सम्पन्न किया है। उन्होंने 38वें राष्ट्रीय खेल के सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हार और जीत का खेल से मतलब नहीं है। जीत का जज्बा और हार से निराश न होना, ये खेल का संदेश है। हारने वाले खिलाड़ियों के लिए अगली बार मेडल लाने का मौका है।
केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री धामी के नेतृत्व में 38वें राष्ट्रीय खेलों में इको- फ्रेंडली प्रैक्टिसेज एवं इको फ्रेंडली गेम को धरातल में उतारा गया है। खिलाड़ियों के नाम पर पौधारोपण किया गया। राष्ट्रीय खेलों में खिलाड़ियों द्वारा कई नए राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाए गए हैं, इन रिकॉर्डों से अंतरराष्ट्रीय खेलों में भी भारत के लिए पदक की उम्मीद जगी है। उन्होंने कहा राष्ट्रीय खेलो की यह मशाल उत्तराखंड से अब मेघालय जाएगी। मेघालय के मुख्यमंत्री कॉनराड संगमा ने यह निर्णय लिया है कि नॉर्थ ईस्ट के सभी राज्यों में कुछ खेलों के आयोजन से पूरे नॉर्थ ईस्ट को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ाएंगे। उन्होंने मेघालय के मुख्यमंत्री संगमा को आगामी राष्ट्रीय खेलों के आयोजन के लिए शुभकामनाएं दी।
हार से लें जीत की प्रेरणा केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में खेलों के वातावरण में सकारात्मक बदलाव आया है। देश भर के कई जिलों में खेल इंफ्रास्ट्रक्चर, कोचिंग की व्यवस्था, खिलाड़ियो को प्रोत्साहन और पारदर्शी चयन के माध्यम से आज विश्व के खेल पटल पर भारत की प्रतिष्ठा बढ़ी है। केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा भारत के खेलों का भविष्य उज्ज्वल है। खेलों में हर बार नए कीर्तिमान स्थापित हो इसकी व्यवस्था केंद्रीय खेल मंत्री ने की है। उन्होंने कहा प्रधानमंत्री श्री मोदी ने फिट इंडिया और खेलो इंडिया के माध्यम से युवाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ाया है। खेल हमें हारने के बाद जितने के लिए आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। प्रधानमंत्री को खेल मित्र मानता है हर खिलाड़ी केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि सफलता सिर्फ शारीरिक क्षमता से नहीं बल्कि दृढ़ निश्चय और मजबूत मन से प्राप्त होती है। अथक परिश्रम और निरंतर प्रयास खिलाड़ियों को आगे ले जाएगी। इन सभी के माध्यम से खिलाड़ी मेडल तक की यात्रा तय कर सकते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के युवाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए कई कदम उठाए। आज हर खिलाड़ी प्रधानमंत्री श्री मोदी को खेल मित्र के रूप में मानता है। उन्होंने कहा 2014 में खेल बजट 800 करोड़ था, जो 2025 – 26 में खेल बजट 3800 करोड़ तक पहुंचाया है। अंतरराष्ट्रीय मंचों में भी हमारे खिलाड़ियों ने तिरंगे का मान बढ़ाया है। खिलाड़ियों के मेडल से पता लगता है कि देश में खेल इंफ्रास्ट्रक्चर और जीतने की भूख में बढ़ोतरी हुई है। 2036 में ओलंपिक की मेजबानी के लिए तैयार है भारत केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि खेलो इंडिया के माध्यम से उत्तराखंड जैसे छोटे पहाड़ी राज्य ने इतने बड़े खेल आयोजन को सफलतापूर्वक संपन्न किया है। यह बताता है कि भारत का हर राज्य खेलने और खेल इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने के लिए पूर्ण रूप से तैयार है। इस राज्य से, अब फिर राष्ट्रीय खेल का आयोजन एक पहाड़ी राज्यों में जा रहा है। आज खिलाड़ी कई प्रतियोगिताओं के लिए तैयारी कर रहे हैं। उन्होंने कहा भारत 2036 में ओलंपिक की मेजबानी के लिए तैयार है। 2036 में ओलंपिक के अंदर उत्तराखंड के खिलाड़ी भी मेडल लाकर भारत के तिरंगे का मान बढ़ाएंगे। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पूर्व केन्द्रीय मंत्री स्व. सुषमा स्वराज एवं पुलवामा में शहीद सैनिकों को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि पुलवामा के जवानों की शहादत ने देश को सुरक्षित किया है। जवानों की शहादत के बाद प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने पाकिस्तान पर एयर स्ट्राइक कर करारा जवाब दिया था। इसी के कारण पूरी दुनिया का भारत के प्रति नजरिया बदला है। इससे दुश्मनों को साफ संदेश गया कि भारत की सेना और सीमा से कभी खिलवाड़ नहीं करना है। नेशनल गेम्स से उत्तराखण्ड में नई उम्मीदों, और नई संभावनाओं की एक नई शुरुआत -सीएम मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि 38वें राष्ट्रीय खेलों के शुभारंभ के अवसर पर हमें देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी का आशीर्वाद प्राप्त हुआ था। आज इन खेलों के समापन के अवसर पर हमें देश के गृहमंत्री अमित शाह जी का सानिध्य प्राप्त हो रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य स्थापना के रजत जयंती वर्ष में उत्तराखंड में पहली बार राष्ट्रीय खेलों का आयोजन हुआ। खेलों के इस महा समागम में देशभर से पधारे 16 हजार से अधिक एथलीट्स ने 35 खेल विधाओं में प्रतिभाग कर कुल 448 स्वर्ण 448 रजत तथा 594 कांस्य पदक जीते। कई खिलाड़ियों द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर अनेक रिकॉर्ड स्थापित किए गए और भविष्य में भारत का प्रतिनिधित्व करने की क्षमता रखने वाले बहुत से चैंपियन भी उभर कर सामने आए हैं। इन खेलों में जहां हमने पहली बार योग और मलखंब जैसे अपने पारंपरिक खेलों को शामिल करने का कार्य किया वहीं रात्रि काल में रिवर राफ़्टिंग की प्रतियोगिता का आयोजन कर विश्व रिकॉर्ड भी बनाया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड में राष्ट्रीय खेलों को ग्रीन गेम्स की थीम पर आयोजित किया गया। इस आयोजन में प्लास्टिक का उपयोग कम से कम करने के साथ ही बिजली के लिए सोलर एनर्जी का उपयोग भी किया। खिलाड़ियों को दिए गए मेडल को ई-वेस्ट और खेल किटों को रीसाइकिल्ड पदार्थों से तैयार किया गया। ट्रांसपोर्टेशन के लिए ई-वाहनों का प्रयोग भी किया गया। 2.77 हेक्टेयर वन क्षेत्र को ’खेल वन’ के रूप में स्थापित करने का निर्णय लिया गया, जिसमें प्रत्येक पदक विजेता खिलाड़ी के नाम से रूद्राक्ष के पेड़ लगाए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस राष्ट्रीय खेल में देहरादून, हरिद्वार, रुद्रपुर, हल्द्वानी और ऋषिकेश जैसे मैदानी शहरों के साथ ही अल्मोड़ा, पिथौरागढ़ और टिहरी जैसे सुदूर पहाड़ी स्थानों में भी खेल स्पर्धाएं आयोजित की गई। चकरपुर जैसे एक छोटे से कस्बे में भी राष्ट्रीय खेलों की प्रमुख स्पर्धा का आयोजन हुआ। राष्ट्रीय खेल में जितने भी वाटर स्पोर्ट्स के इवेंट्स हुए, सभी को उत्तराखंड की हाई एल्टिट्यूड पर स्थित झीलों एवं नदियों में आयोजित किया गया। इन खेलों के आयोजन के लिए अस्थाई निर्माण की बजाय प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर स्थाई स्पोर्ट्स इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित करने का प्रयास किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि 38वें राष्ट्रीय खेलों को सफलतापूर्वक आयोजन के साथ उत्तराखंड ने इन खेलों में 24 स्वर्ण पदकों के साथ रिकॉर्ड 103 पदक अर्जित किए। इन परिणामों से हमारे युवा खिलाड़ियों को प्रेरणा मिलेगी। उन्होंने कहा कि “अतिथि देवो भवः“ की प्राचीन परंपरा के अनुसार खेलों के आयोजन के दौरान प्रयास किया गया कि विभिन्न राज्यों से पधारे खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ को किसी भी प्रकार की कोई समस्या न हो। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि राष्ट्रीय खेल में आये खिलाड़ी और सपोर्ट स्टाफ देवभूमि उत्तराखंड से अपने इस रिश्ते को बनाए रखेंगे और भविष्य में सपरिवार उत्तराखण्ड की नैसर्गिक सुंदरता को देखने अवश्य आएंगे। उन्होंने कहा कि 38वें राष्ट्रीय खेलों का समापन आप सभी खिलाड़ियों के लिए खेल अवसरों का अंत नहीं, बल्कि नई उम्मीदों, नए संकल्पों और नई संभावनाओं की एक नई शुरुआत है। उत्तराखंड को राष्ट्रीय खेल के आयोजन की जिम्मेदारी देने के लिए मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा खेल मंत्री मनसुख मांडविया का आभार व्यक्त किया। इस आयोजन को सफल बनाने में अपना योगदान देने वाले भारतीय ओलंपिक संघ, उत्तराखंड ओलंपिक एसोसिएशन, खेल विभाग और सभी वॉलेंटियर्स का भी आभार व्यक्त किया। प्रस्तावित 39वें राष्ट्रीय खेलों के सफल आयोजन के लिए मेघालय को भी उन्होंने अग्रिम शुभकामनाएं दी। केंद्रीय खेल एवं युवा मामलों के मंत्री मनसुख मांडविया ने 38 राष्ट्रीय खेलों के शानदार आयोजन के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को बधाई दी। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय खेलों के आयोजना के बाद देवभूमि उत्तराखण्ड खेलभूमि भी बन गई है। उन्होंने इस राष्ट्रीय खेल में पदक प्राप्त करने वाले सभी खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में देश स्पोर्ट्स हब बने इसकी शुरूआत आज से हुई है। भारतीय ओलंपिक संघ की अध्यक्ष पीटी. ऊषा ने कहा कि बहुत कम समय मिलने के बावजूद भी उत्तराखण्ड में राष्ट्रीय खेल की हर स्पर्धा का शानदार आयोजन हुआ। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखण्ड में खेल और खिलाड़ियों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई गई। खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि खिलाड़ियों ने संकल्प से शिखर तक को आत्मसात कर उत्तराखण्डियों को गर्व से अभिभूत किया। राज्य की रजत जयंती को स्वर्णिम बनाया है। हमारे खिलाड़ियों ने उत्तराखंड को खेल भूमि के रूप में आगे बढ़ाया है। उत्तराखंड की जनता ने राष्ट्रीय खेल के महा आयोजन को सफल बनाया है। इस अवसर पर मेघालय के मुख्यमंत्री कॉनराड संगमा, केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा, राज्यसभा सांसद महेन्द्र भट्ट, सांसद अजय भट्ट उपस्थित थे।

panchayattantra24.-नई दिल्ली: प्रधानमंत्री मोदी ने पेरिस में AI एक्शन समिट को संबोधित किया। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “हमें ओपन सोर्स सिस्टम विकसित करना चाहिए जो विश्वास और पारदर्शिता को बढ़ाए। हमें पक्षपात रहित गुणवत्तापूर्ण डेटा सेंटर बनाने चाहिए, हमें प्रौद्योगिकी का लोकतंत्रीकरण करना चाहिए और लोगों को केन्द्रित करने वाले एप्लिकेशन बनाने चाहिए। हमें साइबर सुरक्षा, गलत सूचना और डीपफेक से संबंधित चिंताओं को दूर करना चाहिए। हमें यह भी सुनिश्चित करना चाहिए कि प्रौद्योगिकी स्थानीय पारिस्थितिकी तंत्र में निहित हो ताकि यह प्रभावी और उपयोगी हो…
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “AI पहले से ही हमारी अर्थव्यवस्था, सुरक्षा और यहां तक कि हमारे समाज को नया आकार दे रहा है। AI इस सदी में मानवता के लिए कोड लिख रहा है…” प्रधानमंत्री मोदी ने पेरिस के ग्रैंड पैलेस में AI एक्शन शिखर सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा, “मैं एक सरल प्रयोग से शुरू करता हूं। यदि आप अपनी मेडिकल रिपोर्ट किसी AI ऐप पर अपलोड करते हैं तो यह सरल भाषा में बता सकता है कि इसका क्या मतलब है, लेकिन यदि आप उसी ऐप से किसी व्यक्ति की बाएं हाथ से लिखने की छवि बनाने के लिए कहते हैं, तो सबसे अधिक संभावना है कि ऐप किसी व्यक्ति को उसके दाएं हाथ से लिखते हुए दिखाएगा क्योंकि प्रशिक्षण डेटा में यही बात हावी है। यह दर्शाता है कि AI की सकारात्मक क्षमता बिल्कुल अद्भुत है, इसमें कई पूर्वाग्रह हैं जिनके बारे में हमें सावधानी से सोचने की आवश्यकता है। इसीलिए मैं अपने मित्र राष्ट्रपति मैक्रों का इस शिखर सम्मेलन की मेजबानी करने तथा मुझे इसमें शामिल होने के लिए आमंत्रित करने के लिए आभारी हूं।”

panchayattantra24.-नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “आज की यह ऐतिहासिक विजय है। यह सामान्य विजय नहीं है, दिल्ली के लोगों ने AAP-दा को बाहर कर दिया है…दिल्ली का जनादेश स्पष्ट है…आज दिल्ली में विकास, विजन और विश्वास कि जीत हुई है… प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “आज दिल्ली में, दिल्ली के लोगों में एक उत्साह भी है और एक सुकून भी है। उत्साह विजय का है और सुकून दिल्ली को AAP-दा से मुक्त कराने का है…”
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “दिल्ली के लोगों ने शॉर्टकट वाली राजनीति का शॉर्ट-सर्किट कर दिया। आज दिल्ली के लोगों ने स्पष्ट कर दिया है। दिल्ली के असली मालिक केवल दिल्ली के लोग हैं। जो लोग दिल्ली के मालिक होने की सोच रहे थे, उनके सामने सच्चाई आ गई है। दिल्ली के जनादेश से यह भी स्पष्ट है कि राजनीति में शॉर्टकट, झूठ के लिए कोई जगह नहीं है। ‘दिल्ली के लोगों ने शॉर्टकट वाली राजनीति का शॉर्ट-सर्किट कर दिया।'”
आम आदमी पार्टी (आप) को दिल्ली चुनाव में करारा झटका लगा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा को यहां प्रचंड जीत मिली है। 70 सीटों वाली दिल्ली विधानसभा में भाजपा के हिस्से में 48 सीटें आई हैं। इस जीत में भाजपा के शीर्ष नेतृत्व की अग्रणी भूमिका है। इस जीत के लिए चुनाव प्रचार की कमान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने थाम रखी थी। पीएम मोदी की भी कई रैलियां दिल्ली में हुईं। इसके साथ ही भाजपा के स्टार प्रचारकों की भी सूची इस बार लंबी थी और सबने मिलकर इस जीत की कहानी लिखी। दूसरी तरफ अरविंद केजरीवाल और उनकी पार्टी ‘आप’ के 10 साल के शासन का भी यह लिटमस टेस्ट था, जिसमें वह पूरी तरह से फेल हुए हैं।
इससे पहले 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा को जिस तरह का झटका लगा था, वह पार्टी के लिए पचा पाना मुश्किल हो रहा था। एनडीए को भले पूर्ण बहुमत मिल गया, लेकिन भाजपा के हिस्से में इतनी सीटें नहीं आई कि वह अकेले बहुमत का आंकड़ा पार कर सके। इसके बाद पार्टी ने इसकी समीक्षा की। भाजपा लोकसभा चुनाव में 400 सीट पर जीत का दावा कर रही थी, लेकिन, इसमें वह कामयाब नहीं हो पाई। इसके बाद विपक्ष द्वारा यह कहा जाने लगा कि अब पीएम मोदी की कोई लहर नहीं है और भाजपा की गाड़ी अब पटरी से उतरने वाली है। लेकिन, भाजपा ने एक के बाद एक झारखंड और जम्मू-कश्मीर को छोड़ दें तो जिस तरह से विधानसभा चुनाव में बंपर वापसी की, उसने विपक्ष के मुंह पर ताला जड़ दिया है।
हरियाणा में प्रचंड जीत के बाद महाराष्ट्र में मिली अविश्वसनीय सफलता ने यह साबित कर दिया कि पीएम मोदी का जलवा और लहर दोनों बरकरार है। हालांकि, महाराष्ट्र और हरियाणा की तरह लोकसभा चुनाव में दिल्ली की जनता ने भाजपा को नहीं नकारा था। भाजपा को यहां 7 में से 7 लोकसभा सीटों पर जीत मिली थी। फिर भी महाराष्ट्र और हरियाणा के विधानसभा चुनाव में भाजपा को मिली बंपर जीत के बाद सभी यह जानने की कोशिश कर रहे हैं कि लोकसभा चुनाव के दौरान इन दोनों राज्यों में एनडीए उतना अच्छा नहीं कर पाई, इसके पीछे की वजह क्या रही? जबकि, 2019 के लोकसभा चुनाव में दोनों ही राज्यों में एनडीए का जनाधार बेहतर रहा था। लोकसभा चुनाव 2024 में जहां एनडीए को महाराष्ट्र में 48 में से 17 सीटें मिली थी। वहीं, हरियाणा की 10 लोकसभा सीटों में भाजपा के हिस्से में मात्र 5 सीटें आई थी। लेकिन, हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव में दोनों ही राज्यों में भाजपा ने बंपर जीत हासिल की। हरियाणा की 90 विधानसभा सीटों में से भाजपा के हिस्से में 48 सीटें आई। जबकि, महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में 288 सीटों में से महायुति के हिस्से में 235 सीटें आई। इसको लेकर दोनों ही राज्य की जनता से जब सर्वे के दौरान सवाल किया गया तो जवाब बेहद चौंकाने वाले थे। दोनों ही राज्यों में पीएम नरेंद्र मोदी की लोकप्रियता में विधानसभा चुनाव के दौरान कोई कमी नहीं देखी गई, जबकि इसके पहले लोकसभा चुनाव के दौरान भाजपा 240 सीटों पर ही सिमट गई थी।
लोकसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों द्वारा भाजपा पर संविधान बदलने को लेकर जो नैरेटिव सेट किया गया, वह तब तो काम कर गया, लेकिन, विधानसभा चुनाव में इसका असर कहीं देखने को नहीं मिला। दोनों ही राज्यों के विधानसभा चुनाव में विपक्ष के सबसे बड़े चेहरे के तौर पर नजर आए राहुल गांधी के प्रति वहां की जनता के मन में विश्वास की कमी दिखी। यही विश्वास की कमी राहुल गांधी और अरविंद केजरीवाल दोनों को लेकर दिल्ली विधानसभा चुनाव में भी जनता के बीच देखने को मिली। इसकी वजह साफ रही कि पीएम मोदी के चेहरे के अलावा उनके दावे और वादे पर दिल्ली की जनता ने भरोसा किया। इसके पहले महाराष्ट्र और हरियाणा के सर्वे में जो बात निकलकर सामने आई, उसकी मानें तो हरियाणा और महाराष्ट्र की जनता ने लोकसभा चुनाव में हुई अपनी भूल को सुधारते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में वोट किया था। इस बार यही हाल दिल्ली में भी रहा। जनता ने 2020 से अलग इस बार भाजपा के पक्ष में जमकर मतदान किया और इसी का नतीजा रहा कि 70 में से 48 सीट जीतने में भाजपा कामयाब रही। लोगों ने दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत सुनिश्चित कर यह बता दिया कि पीएम मोदी की जनता के बीच बढ़ती लोकप्रियता ने दिल्ली में भाजपा के लिए इस ऐतिहासिक जीत का रास्ता तैयार किया है।

panchayattantra24.- दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 की मतगणना जारी है और शुरुआती रुझानों में बड़ा उलटफेर देखने को मिल रहा है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने बहुमत का आंकड़ा पार कर लिया है, जबकि आम आदमी पार्टी (AAP) के कई दिग्गज उम्मीदवार पीछे चल रहे हैं।
VIP सीटों पर BJP का दबदबा
– नई दिल्ली सीट: मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पीछे, बीजेपी के प्रवेश वर्मा आगे
– कालकाजी सीट: मुख्यमंत्री आतिशी पीछे, बीजेपी के रमेश बिधूड़ी आगे
– जंगपुरा सीट: AAP के मनीष सिसोदिया पीछे, बीजेपी के तरविंदर सिंह आगे
– करावल नगर सीट: बीजेपी के कमिल मिश्रा आगे, AAP के मनोज पीछे
– बिजवासन सीट: बीजेपी के कैलाश गहलोत आगे, AAP के जोगिंद पीछे
– ओखला सीट: AAP के अमानतुल्लाह खान पीछे, बीजेपी के मनीष चौधरी आगे
मतदान प्रतिशत और क्षेत्रीय आंकड़े, दिल्ली में इस बार 60.42% वोटिंग हुई।
– उत्तर-पूर्वी जिले में सबसे अधिक 66.25% मतदान
– दक्षिण-पूर्वी जिले में सबसे कम 56.16% मतदान
– मुस्तफाबाद सीट पर सबसे ज्यादा 69% वोटिंग
– करोल बाग सीट पर सबसे कम 47.40% मतदान दर्ज हुआ
पिछले दो चुनावों में AAP का दबदबा
– 2020: AAP – 62 सीटें, बीजेपी – 8 सीटें, कांग्रेस शून्य
– 2015: AAP – 67 सीटें, बीजेपी – 3 सीटें, कांग्रेस शून्य
इस बार बीजेपी ने जबरदस्त वापसी करते हुए बहुमत हासिल कर लिया है।
एग्जिट पोल ने पहले ही दिया था संकेत
14 में से 12 एग्जिट पोल ने BJP की जीत का दावा किया था, जबकि दो ने AAP की सरकार बनने का अनुमान जताया था। अब मतगणना के रुझानों ने इस संभावना को सही साबित कर दिया है।अब कुछ ही देर में साफ हो जाएगा कि दिल्ली की गद्दी पर किसका कब्जा होगा, लेकिन शुरुआती रुझान बीजेपी की बड़ी जीत की ओर इशारा कर रहे हैं।

panchayattantra24.-नई दिल्ली/रायपुर। छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका ने आज नई दिल्ली में केंद्रीय अल्पसंख्यक एवं संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू से शिष्टाचार भेंट की। इस मुलाकात के दौरान दोनों नेताओं के बीच छत्तीसगढ़ के विकास से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई।

panchayattantra24.-नई दिल्ली/रायपुर। 4 फरवरी छत्तीसगढ़ के किसानों के हितों की पैरवी करते हुए रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने लोकसभा में प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना (पीएमकेएसवाई) के तहत किसानों को दिए जाने वाले अनुदान और सूक्ष्म सिंचाई के विस्तार पर महत्वपूर्ण प्रश्न उठाया। कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री रामनाथ ठाकुर ने उनके प्रश्नों का उत्तर देते हुए बताया कि इस योजना के अंतर्गत छोटे एवं सीमांत किसानों को सूक्ष्म सिंचाई प्रणाली की इकाई लागत का 55%, जबकि अन्य किसानों को 45% तक की वित्तीय सहायता प्रदान की जाती है।
छत्तीसगढ़ में सूक्ष्म सिंचाई का विस्तार प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के तहत वर्ष 2015-16 से अब तक छत्तीसगढ़ में 1.56 लाख हेक्टेयर क्षेत्र को सूक्ष्म सिंचाई से जोड़ा गया है, जिससे किसानों को पानी की बचत और अधिक उत्पादन में सहायता मिली है। यह योजना प्रदेश के किसानों के लिए विशेष रूप से लाभकारी सिद्ध हो रही है, जिससे कम जल संसाधन में अधिक उत्पादन संभव हो रहा है। सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने किसानों के लिए रखी मजबूती से आवाज
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने सदन में यह भी पूछा कि क्या सरकार ने अनुदान राशि में कोई कटौती की है। जवाब में मंत्री ने स्पष्ट किया कि, केंद्र सरकार द्वारा राज्यों को मिलने वाली निधियों में कोई कटौती नहीं की गई, बल्कि सूक्ष्म सिंचाई को और बढ़ावा देने के लिए सहायता राशि में वृद्धि की गई है। बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि छत्तीसगढ़ में किसानों को सूक्ष्म सिंचाई का अधिक से अधिक लाभ मिले, इसके लिए वह लगातार प्रयासरत हैं।
उन्होंने केंद्र सरकार से अनुरोध किया कि छत्तीसगढ़ में सूक्ष्म सिंचाई क्षेत्र के विस्तार के लिए और अधिक धनराशि उपलब्ध कराई जाए। ताकि प्रदेश के किसानों को आधुनिक सिंचाई तकनीकों का पूरा लाभ मिल सके। मंत्री ने यह भी बताया कि पिछले तीन वर्षों में केंद्र सरकार द्वारा राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को 5800.99 करोड़ रुपये की केंद्रीय सहायता प्रदान की गई है, जबकि चालू वित्तीय वर्ष में अब तक 1916.21 करोड़ रुपये जारी किए जा चुके हैं। सरकार जल संकट वाले क्षेत्रों में सूक्ष्म सिंचाई को बढ़ावा देने के लिए निधियों में पर्याप्त वृद्धि कर रही है।
panchayattantra24.-दिल्ली। लगातार नौ चुनाव जीतकर रिकॉर्ड बना चुके रायपुर के लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल अब दिल्ली विधानसभा चुनाव में कूद पड़े हैं। अग्रवाल ने रोहिणी विधानसभा क्षेत्र में विजेंद्र गुप्ता के लिए एक अग्रवाल सम्मेलन को संबोधित किया करते हुए अग्रवाल समुदाय से कमल के निशान पर बटन दबाने की अपील की। अग्रकुल प्रवर्तक महाराजा अग्रसेन जी का जिक्र करते हुए अग्रवाल ने कहा कि कुलदेवी माता महालक्ष्मी कमल पर विराजति हैं क्योंकि उन्हें कमल का फूल सबसे अधिक प्रिय है। सांसद अग्रवाल ने कहा कि देश के विकास, तरक्की और खुशहाली के लिए लक्ष्मी जी का प्रसन्न रहना अति आवश्यक है और माता लक्ष्मी कमल के फूल से ही प्रसन्न होंगी।
बीजेपी सांसद सभा में मौजूद लोगों को समाज निर्माण में अग्रवाल समाज के योगदान का स्मरण कराया। उन्होंने याद दिलाया कि अग्रवाल समुदाय के व्यक्तियों का समाज के अन्य वर्गों पर भी अच्छा खासा प्रभाव है। इसलिए वे चुनाव के नतीजों को प्रभावित करने में सक्षम हैं। जनसभा में केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय, बीजेपी सांसद और प्रवक्ता संबित पात्रा के अलावा बड़ी संख्या में अग्रवाल समाज के प्रतिष्ठित लोग उपस्थित थे।
panchayattantra24.-नई दिल्ली: संसद का बजट सत्र आज से शुरू हो रहा है. आज राष्ट्रपति के अभिभाषण के साथ शुरू होने जा रहे बजट सत्र के पहले दिन आर्थिक सर्वेक्षण पेश होगा. वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण शुक्रवार को वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए आर्थिक समीक्षा पेश करेंगी जिसे मुख्य आर्थिक सलाहकार वी अनंत नागेश्वरन की अगुवाई वाली टीम ने तैयार किया है.

panchayattantra24.-नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर राजघाट पर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की। इस दौरान केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ और तीनों सेनाओं के प्रमुख तथा चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ भी मौजूद रहे।
panchayattantra24.-नई दिल्ली: केंद्र की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने बड़ा फैसला लेते हुए कच्चे जूट पर एमएसपी में इजाफा कर दिया है. बुधवार को कैबिनेट की बैठक के परिणामों के बारे में बताते हुए केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने ये जानकारी शेयर की. उन्होंने बताया कि विपणन सीजन 2025-26 के लिए कच्चे जूट के एमएसपी को बढ़ाकर 5,650 रुपये प्रति क्विंटल करने को मंजूरी दी गई है.
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में बुधवार हुई केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में चर्चा के बाद कच्चे जूट की एमएसपी में 6 फीसदी की बढ़ोतरी को मंजूरी दी है. मौजूदा MSP के आधार पर देखें तो सरकार की ओर से ये समर्थन मूल्य 315 रुपये प्रति क्विंटल बढ़ाकर विपणन सत्र 2025-26 के लिए 5,650 रुपये किया गया है. केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल में बैठक में लिए गए इस महत्वपूर्ण फैसले के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि कच्चे जूट पर नया एमएसपी इसके औसत उत्पादन लागत पर 66.8% का लाभ पहुंचाने वाला साबित होगा. मतलब सरकार के इस फैसले से जूट उत्पादकों को फायदा होने वाला है. मोदी सरकार की शुरुआत में साल 2014-15 में कच्चे जूट का एमएसपी 2,400 रुपये प्रति क्विंटल था, जो ताजा बढ़ोतरी के बाद अब 5,650 रुपये प्रति क्विंटल हो चुका है यानी इसमें दोगुने से ज्यादा का इजाफा हुआ है.