Browsing: रायपुर

   K.W.N.S.-रायपुर। भाजपा प्रदेश प्रभारी ओम माथुर और प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव आज कांकेर और धमतरी जिला कार्य समिति की बैठक लेंगे. इस दौरान छत्तीसगढ़ बीजेपी प्रभारी ओम माथुर ने कहा कि तीनों संगठनात्मक प्रवास है. छत्तीसगढ़ के प्रत्येक जिले के कार्यकर्ताओं से मेरा सीधा संवाद होगा. 2 दिनों में 4 जिलों के दौरे पर जाऊंगा. ओम माथुर ने कहा कि कल प्रदेश के 7 मोर्चों की कार्यसमिति के साथ बैठक हुई. संगठन को निचले स्तर तक तैयार करना है. हर कार्यकर्ताओं को काम देना है. हर क्षेत्र के प्रत्येक वोटर्स को पीएम मोदी की सरकार ने जो काम किया, बीजेपी ने इन 15 साल में जो काम किया. बैठक के जरिए उसे जन जन तक पहुंचाने का काम होगा।
शंकराचार्य निश्चलानंद सरस्वती के नक्सलवाद पर दिए गए बयान को लेकर बीजेपी प्रभारी ओम माथुर ने कहा कि जगतगुरु शंकराचार्य जी जो भी शब्द बोलते हैं, बहुत सोच समझकर बोलते हैं. उन्होंने जो कहा प्लानिंग से कहा होगा. इतने बड़े संत के बारे में हम कमेंट करना उचित नहीं समझते. बीजेपी प्रभारी ओम माथुर ने कहा कि नक्सलवाद पैदा क्यों हुआ, इस पर भी विचार करना पड़ेगा. नक्सलवाद के विषय पर इतने बड़े संत ने कुछ बात कही है तो संपूर्ण राष्ट्र को एक होना चाहिए इसमें कहां दिक्कत है।
 

 
  K.W.N.S.-रायपुर। रविशंकर विश्वविद्यालय के नये कुलपति के चयन प्रक्रिया को लेकर पीसीसी चीफ मोहन मरकाम ने कुलाधिपति को पत्र लिखा है। बीते चार वर्षों में मरकाम ने पहली बार ऐसा कदम उठाया है। यहां तक कि उनके अपने बस्तर विश्वविद्यालय के लिए कुलपति चयन को लेकर ऐसा कोई कदम नहीं उठाया था। कांग्रेस के खेमे में इसे एक नये अर्थ में देखा जा रहा है। बहरहाल मरकाम ने सुश्री अनुसुइया उइके से कहा है कि कुलपति चयन में स्थानीय प्राध्यापक को प्राथमिकता दी जाए।
 

 
 K.W.N.S.-रायपुर। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता केदार गुप्ता ने कहा कि कांग्रेसी घड़ियाली आंसू बहाने का दिखावा करने का प्रयास नहीं करें। भाजपा ने पहले ही ई डी में शिकायत करके साफ आरोप लगाया है कि महादेव एप्प के संचालन के पीछे छत्तीसगढ़ शासन से जुड़े प्रभावशाली लोगों के हाथ हैं। कांग्रेसीयो ने आज तक उस पर कोई जवाब नहीं दिया है । केदार गुप्ता ने कहा कि कांग्रेसी कहते हैं कि उनकी पुलिस ने 98 लोगों पर कार्रवाई की। जरा वे जनता को बताएं कि उनमें से कितने लोग आज जेल में हैं । उन्होंने कहा कि दुर्ग के थाने में महादेव एप्प संचालन कर्ता के नाम से नामजद रिपोर्ट दर्ज है ।परंतु पिछले महीनों से छत्तीसगढ़ की पुलिस छोटी-छोटी मछलियों को गिरफ्तार कर कार्यवाही करने का दिखावा कर रही है। जबकि मगरमच्छ की शादी में शामिल होने के लिए प्रदेश के कई लोग निकल चुके हैं। 
इसके पहले भी महादेव एप्प के संचालकों ने एक बड़ा आयोजन किया था। कांग्रेस सरकार की पुलिस ने दावे किए थे कि उस आयोजन में शामिल लोगों से पूछताछ की जाएगी और कार्रवाई की जाएगी। परंतु आज तक कुछ नहीं हुआ। भाजपा प्रवक्ता केदार गुप्ता ने कहा कहा कि भारतीय जनता पार्टी पूछती है कि महादेव एप्प के कौन से संचालक का शासन के प्रभावशाली लोगों से रिश्तेदारी है यह बात कांग्रेस सरकार उजागर क्यों नहीं करती है?
 

 K.W.N.S.-रायपुर। संयुक्त मोर्चा कार्यसमिति के समापन सत्र में भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने भाजपा शासन काल के 15 वर्षों में छत्तीसगढ़ में हुए विकास कार्यों के साथ ही विभिन्न वर्ग के लोगों के व्यापक हित में किये गए कार्यों का विस्तार से विवरण देते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में विकास के जितने काम हुए हैं, वे सभी भाजपा शासन काल में हुए हैं। कांग्रेस के शासन में छत्तीसगढ़ का विकास रुक गया है। जनता के सभी वर्गों की बेहतरी के लिए, आम जनता की खुशहाली के लिए सभी कार्य भाजपा की सरकार ने किए हैं।
डॉ. रमन सिंह ने कहा कि महिला मोर्चा महिलाओं को बताये कि भाजपा की सरकार ने महिलाओं को पंचायती राज में 50 फीसदी आरक्षण दिया। बेटियों को सरस्वती योजना में सायकल दी ताकि वे पढ़ने के लिए आसानी से स्कूल जा सकें। भाजपा ने महिला सशक्तिकरण के साथ साथ बेटियों के भविष्य के लिए काम किया। भाजपा ने गरीबों को 1रुपये किलो चावल दिया, अनुसूचित जनजाति मोर्चा आदिवासी समाज को बताए कि भाजपा के आदिवासी समाज के जीवन में क्रांतिकारी परिवर्तन किया। उनके बच्चों को उच्च शिक्षा के द्वार खोले। उनकी बेहतरी के लिए 32 फीसदी आरक्षण दिया। युवा मोर्चा युवाओं को बताये कि भाजपा की सरकार ने युवा कौशल विकास के क्षेत्र में व्यापक कार्य किया। युवाओं को रोजगार दिया, स्वरोजगार दिया। अल्पसंख्यक मोर्चा अल्पसंख्यक समाज को बताये कि भाजपा की सरकार ने पंद्रह साल तक सबका समान रूप से विकास किया। भाजपा के शासन काल में कभी किसी प्रकार की वैमनस्यता सामने नहीं आई। सामाजिक समरसता भाजपा सरकार में ही मुमकिन है। किसान मोर्चा किसानों को बताये कि भाजपा ने सिंचाई के लिए 5 हॉर्स पॉवर की बिजली मुफ्त दी। बिना ब्याज का ऋण दिया। किसानों के हित में इतने कदम उठाए गए कि छत्तीसगढ़ के किसान के जीवन में खुशहाली आई। भाजपा ने 15 साल में छत्तीसगढ़ की तस्वीर बदल दी। भाजपा सरकार के काम की सूची इतनी बड़ी है कि वहां तक कांग्रेस कभी नहीं पहुंच सकती। सभी मोर्चा अपने स्तर पर जनता को बतायें कि वादाखिलाफी करने वाली कांग्रेस और विकास की, विश्वास की राजनीति करने वाली भाजपा में क्या फर्क है। 
भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश जी ने संयुक्त कार्यसमिति को मार्गदर्शन देते हुए कहा कि परिणाम के लिए आंदोलन करना है और इसके लिए सूक्ष्मता से जनता की वन टू वन समस्या एकत्र करना है। और, उसके निराकरण का प्रयास करना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि याद रखें कि भाषण से कोई नहीं जीतता। जो जनता के लिए काम करता है, जो जनता के लिए संघर्ष करता है, उससे जुड़ कर जनता उसे वोट करती है। भाजपा जनता के लिए, संघर्ष करने वाली पार्टी है । जनता के हक में संघर्ष करना है और उनके हक की लड़ाई लड़नी है। 
 भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश जी ने कहा कि संयुक्त बैठक का उद्देश्य है कि लक्ष्य एक होने से आपसी सामंजस्य को और मजबूत कर 2023 में बड़े अंतर से सरकार बनाना है और 2024 में मोदी जी के सिद्धांत को और मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि भाजपा का इंट्रीगेट मोर्चा है। यहीं से कार्यकर्ता जनता से जुड़ना सीखता है। आज का मोर्चा कल की पार्टी है। संयुक्त मोर्चा कार्यसमिति में सभी 7 मोर्चा ने अपनी कार्ययोजना का प्रस्तुतिकरण किया तथा आगामी समय के लिए रोडमैप तैयार किया गया। बैठक में किसान मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष कमल भान जी बिहार से महिला मोर्चा प्रभारी निशा सिंह,किसान मोर्चा राष्ट्रीय महामंत्री,बाबू भाई गबेलिया,कोमल राजपूत,राष्ट्रीय मंत्री छत्तीसगढ़ प्रभारी बंजरंगी प्रसाद यादव,,राष्ट्रीय मंत्री पिंकी शिवराज शाह,ओबोसी मोर्चा से खिलावन साहू,गुजरात से वेल जी भाई मेसानी,चंदूलाल साहू,रमेश चंद्राकर जी,युवा मोर्चा से आलोक डंगस उपस्थित रहे संयुक्त मोर्चा कार्यसमिति का संचालन प्रदेश महामंत्री विजय शर्मा ने तथा आभार प्रदर्शन ओपी चौधरी ने किया।
 

  K.W.N.S.-रायपुर। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के ट्वीट पर पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस भ्रम फैलाने का काम ना करे. आंकड़े के साथ-साथ कांग्रेस को राशि भी जारी करना चाहिए. बताना चाहिए कि आखिर किसान को कितना भुगतान किया? प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण साव ने बीजेपी मोर्चा-प्रकोष्ठों की संयुक्त बैठक के खत्म होने के बाद मीडिया से चर्चा कहा कि लंबे समय से देश में कांग्रेस की सरकार रही है. किसानों की उपेक्षा करने का काम कांग्रेस सरकार करती रही है. किसानों को आगे बढ़ाने का काम बीजेपी की सरकार ने किया. उन्होंने कहा कि स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट को कांग्रेस ने दबाकर रखा. जब केंद्र में कांग्रेस की सरकार थी तो कितना किसानों को लाभ हुआ इसका आंकड़ा जारी करना चाहिए।

 बीजेपी मोर्चा-प्रकोष्ठों की संयुक्त बैठक की जानकारी देते हुए अरुण साव ने बताया कि कांग्रेस सरकार को घेरने और कमियां बताने हम लोगों के बीच जाएंगे. युवा मोर्चा और किसान मोर्चा की ओर से आंदोलन की रूपरेखा बन रही है, जहां भी जरूरत होगी, वहां आंदोलन करेंगे. बैठक में बीजेपी प्रदेश प्रभारी ओम माथुर, प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव, पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह, संगठन महामंत्री अजय जामवाल की मौजूदगी में सभी प्रकोष्ठ को अलग-अलग जिम्मेदारी दी गई।
 

 K.W.N.S.-रायपुर। ग्राम समोदा में भेंट-मुलाकात कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की है. मुख्यमंत्री से बात करते हुए स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यमिक स्कूल की छात्रा ने स्कूल में उपलब्ध सुविधाओं के बारे में बात की। मुख्यमंत्री ने लैब के बारे में भी जानकारी ली, छात्रा ने बताया कि पहले प्राइवेट स्कूल में पढ़ती थी, वहां 25 हजार रुपए लगता था, अब फ्री में पढ़ाई होती है। मुख्यमंत्री से बात करते हुए रामशरण ध्रुव ने बताया कि अब जाति प्रमाणपत्र और दूसरे दस्तावेज बनवाने में कोई दिक्कत नहीं होती है, कम समय में प्रमाणपत्र बनकर मिल जाते हैं। उन्होंने आगे कहा कि सभी शासकीय योजनाओं का लाभ मिल रहा है। मुख्यमंत्री से बात करते हुए कमला बाई साहू ने बताया कि छत्तीसगढ़िया ओलम्पिक में ग्रामीण स्तर में आयोजित बिलल्स खेल में अव्वल आयी हूं, 40 वर्ष की उम्र है, मुख्यमंत्री ने उन्हें शुभकामना दी।
1. समोदा को उप-तहसील का दर्जा दिया जायेगा।
2. नगर पंचायत समोदा में नवीन महाविद्यालय भवन का निर्माण कराया जायेगा।
3. समोदा में जिला केन्द्रीय सहकारी बैंक की शाखा खोली जायेगी।
4. उप-स्वास्थ्य केन्द्र समोदा का उन्नयन प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में किया जायेगा।
5. ग्राम अमोदी में उप-स्वास्थ्य केन्द्र खोला जायेगा।
6. बनरसी व भण्डारपुरी में उप-स्वास्थ्य केन्द्र हेतु नवीन भवनों का निर्माण कराया जायेगा
7. कोरासी व चपरीद में शासकीय हायर सेकेण्डरी स्कूल हेतु नवीन भवनों का निर्माण कराया जायेगा।
8. भैंसा में पुलिस चौकी जल्द ही प्रारंभ की जायेगी।
9. मजिठा से परसवानी तक सड़क मार्ग का निर्माण कराया जायेगा।
10. ग्राम परसवानी में ढोड़की नाला में पुलिया का निर्माण कराया जायेगा।
11. बोरिद से चण्डी मंदिर तक सड़क निर्माण कराया जायेगा।
12. समोदा में बालक छात्रावास निर्माण करवाया जायेगा।
 

 
 K.W.N.S.-रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आरक्षण को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि पूर्व सीएम डॉ. रमन सिंह को स्मृति लोप हो गया है। पहले 56% नहीं 58% आरक्षण का प्रावधान था। वर्तमान में 82% नहीं 76% आरक्षण का प्रावधान है। विधानसभा में चर्चा हुई तो डॉ. सिंह ने विरोध क्यों नहीं किया? भाजपा नहीं चाहती कि आरक्षण मिले। डॉ. रमन एससी, एसटी, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस के विरोधी हैं। सीएम बघेल ने कहा कि राज्यपाल वहीं काम कर रही जो डॉ. रमन कह रहे हैं। भाजपा राजभवन कार्यालय चलाने का काम कर रही है। रमन सिंह सोचते हैं उनका पद छिन गया तो सभी दुखी रहें। मैं काना हो जाऊं तो सभी काना हो जाएं, ऐसी सोच है डॉ. रमन सिंह की।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रमुख मोहन भागवत के बयान पर सीएम भूपेश बघेल ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि मोहन भागवत कहते हैं पंडितों ने जाति व्यवस्था बनाई। प्रधानमंत्री कहते हैं हिंदू धर्म नहीं जीवन शैली है। ऐसे बयानों पर कुछ लोग FIR कराते थे। मेरे पिता के खिलाफ भी FIR कराए, हमने तो गिरफ्तारी भी की। ब्राह्मणों के खिलाफ ऐसी बात हो रही है तो ये संगठन चुप क्यों हैं? जाति शब्द ज्ञाति से बना है, जो जिस काम का ज्ञान रखते हैं वह जाति माना जाता है। भगवान बुद्ध, महावीर, गुरु नानक देव और छत्तीसगढ़ में गुरु घासीदास जी ने जाति को तोड़ने का काम किया, लेकिन फिर से जाति बन गई। यह कहना कि पंडितों ने जाति व्यवस्था बनाई बिल्कुल गलत है।
 

 

K.W.N.S.-रायपुर। भेंट-मुलाकात आज रायपुर के आरंग विधानसभा के ग्राम भानसोज में जारी है. मुख्यमंत्री से बात करते हुए छत्तीसगढ़िया ओलंपिक की प्रतिभागी सावित्री साहू ने बताया कि उन्हें खो-खो, फुगड़ी खेलने का मौका मिला। सावित्री ने मुख्यमंत्री से कहा कि हमारे गांव रीवा में पानी की कमी है, पानी पहुंचाना है, इस पर मुख्यमंत्री बोले पानी पहुंचाएंगे। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा पूछने पर राजीव गांधी मितान क्लब के सदस्य ने बताया कि प्रदेश में छत्तीसगढ़िया ओलंपिक का आयोजन किया था, इसमें उन्होंने खो-खो, कबड्डी, फुगड़ी, गिल्ली-डंडा जैसे खेलों का आयोजन कराया और भाग भी लिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि खेलों में विजेता खिलाड़ियों के लिये ईनाम भी रखे गए थे,जिससे उनके जेब में पैसे जाएं। 
 1. भानसोज नहर से सण्डी-कुकरा मार्ग निर्माण को स्वीकृति दी जायेगी। 2. शासकीय हाई स्कूल भानसोज में अतिरिक्त कक्षों का निर्माण कराया जायेगा। 3. शासकीय प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र भानसोज भवन में अहाता एवं स्टाफ क्वार्टर का निर्माण कराया जायेगा। 4. ग्राम भानसोज एवं नारा में आंतरिक सीसी रोड व नाली का निर्माण कराया जायेगा। 5. भानसोज में बैंक की शाखा खोली जायेगी। 6. नगर पंचायत मंदिर हसौद में शास. प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र का उन्नयन सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में किया जायेगा। 7. सण्डी से नारा तक सड़क बनाई जायेगी। 8. चंदखुरी में स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल का निर्माण कराया जायेगा। 9. ग्राम उमरिया में उमरिया मोड़ से परसदा तक पहुंच मार्ग को विकसित किया जायेगा। 10. ग्राम घुमराभाठा से आरंग पहुंच मार्ग का चौड़ीकरण किया जायेगा। 12. गोंडी में हाईस्कूल भवन निर्माण की घोषणा। 13. परसकोल में हाईस्कूल भवन का उन्नयन।
 

 K.W.N.S.-रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा है कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का सत्य, अहिंसा, प्रेम और सद्भावना का रास्ता मानवता को बचाने का रास्ता है। यही मार्ग सुब्बाराव जी का था। श्री बघेल आज यहां राजधानी रायपुर के समीप फुंडहर के वर्किंग वूमेन्स हॉस्टल में सुप्रसिद्ध गांधीवादी विचारक डॉ एस.एन. सुब्बाराव की 94वीं जयंती के अवसर पर आयोजित अंतर्राष्ट्रीय एकता सद्भावना युवा शिविर-2023 (इंटरनेशनल पीस एंड हार्मनी यूथ कैंप) को सम्बोधित कर रहे थे। 03 से 08 फरवरी तक आयोजित इस शिविर में देश के 27 राज्यों सहित इंडोनेशिया और नेपाल के युवा शिरकत कर रहे हैं।
 मुख्यमंत्री ने युवाओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि सुब्बाराव जी प्रखर गांधीवादी थे, उन्होंने देश को एकता के सूत्र में पिरोने का काम किया। देश की एकता और अखंडता को बनाए रखने के लिए विभिन्न भाषा भाषी लोगों को एक मंच पर लाने का कार्य किया। वे जीवन भर गांधी जी के रास्ते पर चले। मुख्यमंत्री ने कहा कि गांधी जी के आंदोलन में आंदोलनकारियों को अहिंसा के मार्ग पर चलकर आंदोलन करना होता था। उस समय सिखाया जाता था, हिंसा का सहारा नहीं लेना है। चाहे पुलिस लाठी भी चलाए। जेल में कैसे रहना है, लोगों को जेल के माहौल में ढालने के लिए सुब्बाराव जी ने गांधीवादियों को प्रशिक्षण दिया, ताकि आंदोलनकर्ता अंग्रेजों की प्रताड़ना से टूटे नहीं, पूरी दृढ़ता के साथ उनका प्रतिकार करें। असहयोग आंदोलन, भारत छोड़ो आंदोलन के दौरान इसी वजह से भारतवासियों ने अंग्रेजों का दृढ़ता से सामना किया। जिसकी वजह से सत्य और अहिंसा के रास्ते पर चलकर देश को आजादी मिली। 
 मुख्यमंत्री ने कहा कि हिंसा कभी भी समस्या का समाधान नहीं है। गांधी जी के सत्य, अहिंसा, प्रेम और सद्भावना का रास्ता ही सही मायनों में युवाओं को आगे बढ़ने का रास्ता है, मानवता को बचाने का रास्ता है। यही मार्ग सुब्बाराव जी का है। उन्होंने कहा कि सुब्बाराव जी ने चम्बल के डाकुओं का हृदय परिवर्तन कर आत्मसर्मपण कराया। आज आयोजित इस शिविर में युवाओं ने अपनी-अपनी भाषा में मानवता, एकता और बंधुत्व की बात की, यही तत्व मानवता को जोड़ता है। कार्यक्रम में चंद्रपुर विधायक रामकुमार यादव, राष्ट्रीय युवा योजना के अध्यक्ष विनय गुप्ता, राज्य पर्यटन मंडल की सदस्य चित्रलेखा साहू, छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष ज्ञानेश शर्मा सहित बड़ी संख्या में युवा उपस्थित थे। 
 मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के रास्ते पर चलने वाली सरकार है। छत्तीसगढ़ का विकास का मॉडल गांधीजी के ग्राम सुराज और स्वावलंबन पर आधारित है। यही सुब्बाराव जी का भी रास्ता है। राज्य सरकार ने जन कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से लोगों की जेब में पैसे डालने का काम किया, इसकी वजह से आज छत्तीसगढ़ में खेती-किसानी, व्यापार और उद्योग अच्छी स्थिति में है। छत्तीसगढ़ सबसे कम बेरोजगारी दर वाला राज्य है। लोगों को छोटे-छोटे कामों से जोड़ा जा रहा है और उन्हें आय और रोजगार के साधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं। 
 मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्धा के सेवाग्राम की तर्ज पर नवा रायपुर में गांधी सेवाग्राम की स्थापना की जा रही है। इसके माध्यम से युवाओं को गांधीवाद से परिचित कराने के साथ-साथ देश-दुनिया के लोगों को ग्रामोद्योग से परिचित करा कर युवाओं को कैसे रोजगार और स्वावलंबन की दिशा में आगे बढ़ाना है, इसकी जानकारी मिलेगी। उन्होंने कहा कि गोधन न्याय योजना में ग्रामीण क्षेत्रों में बड़ी संख्या में लोगों को रोजगार से जोड़ने गौठानों में 2 रुपए में गोबर खरीद रहे हैं। स्व-सहायता समूह की महिलाएं इस गोबर का उपयोग वर्मी कम्पोस्ट, प्राकृतिक पेंट और बिजली का उत्पादन किया जा रहा है। छत्तीसगढ़ में 300 महात्मा गांधी रूरल इंडस्ट्रियल पार्क बनाए जा रहे हैं, इनमें प्रदेश के हुनरमंद युवाओं को छोटे-छोटे उद्योगों की स्थापना के माध्यम से रोजगार दिया जा रहा है। युवाओं को उद्योगों की स्थापना के लिए जमीन, बिजली, पानी, सड़क जैसी सुविधाएं रूरल इंडस्ट्रियल पार्क में उपलब्ध होंगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने सुराजी गांव योजना प्रारंभ की है। इसके माध्यम से पूरे ग्रामीण समाज को स्वावलंबन की दिशा में आगे बढ़ाने का काम किया जा रहा है। 
प्रदेश के गौठनों में वर्मी खाद का उत्पादन हो रहा है। गौठानों में गोबर से तैयार की जा रही बिजली समूह की महिलाएं बिजली बेचेंगी। किसान हितैषी नीतियों से प्रदेश में किसानों की संख्या बढ़ी है कृषि उत्पादन बढ़ा है और खेती का रकबा भी बढ़ा है। अंतर्राष्ट्रीय मिलेट वर्ष में छत्तीसगढ़ में मिलेट कोदो, कुटकी, रागी का ना सिर्फ समर्थन मूल्य घोषित किया गया है, समर्थन मूल्य पर दो वर्षों से खरीदी की जा रही है। किसानों को 9000 रुपए प्रति एकड़ इनपुट सब्सिडी दी जा रही है। इसी कारण छत्तीसगढ़ में किसानों को धान, मक्का, गन्ना, मिलेट्स सभी उपजों का देश में सर्वाधिक मूल्य मिल रहा है। मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार द्वारा प्रारंभ की गई किसानों के लिए राजीव गांधी किसान न्याय योजना, पशुपालकों के लिए गोधन न्याय योजना, भूमिहीन श्रमिकों के लिए राजीव गांधी ग्रामीण भूमिहीन कृषि मजदूर न्याय योजना की भी युवाओं को जानकारी दी।
 

 

K.W.N.S.-रायपुर। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के बस्तर प्रवास को लेकर छत्तीसगढ़ के आबकारी मंत्री ने तंज कसा है। आबकारी मंत्री कवासी लखमा ने कहा कि, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी यहां आकर कुछ नहीं कर पाए तो राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा क्या करेंगे? हमने बस्तर की सारी 12 विधानसभा सीटों पर कब्जा किया। बस्तर लोकसभा सीट पर भी जीत हासिल की। भाजपा के पास कुछ नहीं बचा है। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के कामों की तारीफ संसद में भी हुई है।
 दरअसल, आबकारी मंत्री कवासी लखमा ने जगदलपुर में पत्रकारों से चर्चा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि, पिछले 4 सालों में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने जनता के लिए काम किया है। कई नई योजनाओं को लेकर आए हैं। हालही में बजट सत्र में वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण ने भी CG में गोबर खरीदी की तारीफ की है। नीति आयोग की बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने CG में हो रहे कामों को लेकर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को भी बधाई दी है। बता दें कि भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा 11 फरवरी को छ्त्तीसगढ़ के बस्तर आएंगे। वे जगदलपुर में आम सभा को संबोधित करेंगे। साथ ही इस साल होने वाले विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज करने पार्टी कार्यकर्ताओं में जोश भरेंगे। इसके अलावा विभिन्न कार्यक्रमों में भी शामिल होंगे। जेपी नड्डा के बस्तर प्रवास को लेकर भाजपा तैयारियों में जुट गई है।