Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
Browsing: रायपुर

K.W.N.S.-रायपुर। पंजीयन दफ्तर में जमीन एक्सचेंज के 50-60 दस्तावेज पेंडिंग हैं जिसके कारण जमीन मालिकों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। लोग दफ्तर के चक्कर लगा-लगाकर हलाकान हैं लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। इस मामले में पंजीयक का कहना है कि सर्वर डाउन होने के कारण दस्तावेज पेंडिंग हैं। सर्वर को ठीक करने के बाद ही दस्तावेज रिलीज किए जा सकेंगे। सर्वर सुधारने का काम चल रहा है यह कब तक सुधरेगा बता पाना मुश्किल है। जल्दी से जल्दी इसे दुरुस्त करने की कोशिश की जा रही है। अक्टूबर में रजिस्ट्री से लगभग पांच करोड़ की ज्यादा आय: अवैध प्लाटिंग के खिलाफ सख्त कार्रवाई के बावजूद रजिस्ट्री से आय पर कोई असर नहीं पड़ा है। पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष दीवाली और दशहरा जैसे त्योहारी सीजन में रजिस्ट्री से अच्छा राजस्व प्राप्त हुआ है।
इस वर्ष अक्टूबर माह में 70 करोड़ 26 लाख 42 हजार 273 रुपये की आय रजिस्ट्री से मिली है। जबकि इसके पिछले वर्ष इसी सीजन में यानी कि अक्टूबर माह में ही 65 करोड़ रुपये से ज्यादा की आय हुई थी, जो कि पिछले वर्ष की तुलना में चार करोड़ 83 लाख रुपये तक ज्यादा है। वहीं, आंकडों और दस्तावेजों की बात करें, तो बीते वर्ष की तुलना में रजिस्ट्री की संख्या में दस्तावेजों में कमी आई है। जिसमें 886 दस्तावेज कम हैं। यानी कि पिछले वर्ष 5233 रजिस्ट्रियां हुई थीं, जो कि इस वर्ष 4347 रह गई है। वहीं, अगर वित्तीय वर्ष की बात करें, तो अक्टूबर तक इस वर्ष 8311 रजिस्ट्रियों की संख्या ज्यादा है। इसके साथ ही आय का भी अप्रैल से अक्टूबर तक के आंकड़े की अपेक्षा 2 अरब 57 करोड़ 09 लाख 03 हजार 051 अधिक है। अब अवैध प्लाटिंग बंद होने के बाद लोग रेरा एप्रुव्ड प्रोजेक्टों में अपने आशियाने का सपना पूरा करना चाहते हैं। इससे साफ है कि कलेक्टर के द्वारा अवैध प्लाटिंग पर की गई कार्रवाई का असर पंजीयन विभाग के राजस्व पर नहीं पड़ा है। बीते साल जमकर अवैध प्लाटिंग की रजिस्ट्रियां हुई थी, फिर भी इस वर्ष की आय अधिक है।
रजिस्ट्री कम होना और आय ज्यादा होने का अर्थ यही है कि लोग बड़े प्रोजेक्ट में ज्यादा इंनवेस्ट कर रहे हैं। सितंबर में 18 करोड़ अतिरिक्त आय : पिछले वर्ष सितंबर माह में 61 करोड़ 50 लाख 19 हजार 846 रुपये की कमाई हुई थी। जबकि इस वर्ष रियल स्टेट का बाजार सितंबर माह में दुर्गा पूजा शुरू होने के साथ ही चमक गया था। जिसके एवज में रजिस्ट्री से सितंबर में 80 करोड़ 04 लाख 65 हजार 088 रुपये की आय हुई है। यानी कि पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष सितंबर माह में 18 करोड़ 54 लाख 45 हजार 242 रुपये अधिक हुई है। वार्षिक लक्ष्य का 76.90 प्रतिशत विभाग ने किया पूरा : शासन की ओर से रायपुर पंजीयन कार्यालय को 7 अरब 56 करोड़ का वार्षिक आय का लक्ष्य दिया गया है। जिसके हिसाब से विभाग द्वारा अब तक इस लक्ष्य की तुलना में 76.90 प्रतिशत को पूरा कर लिया है, जबकि इसके अलावा आगामी महीनों में लक्ष्य से अधिक रजिस्ट्री होने की संभावनाएं हैं।

K.W.N.S.-रायपुर। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद रायपुर के नेतृत्व में विभिन्न कॉलेज के होम्योपैथिक छात्रों ने पं. दीनदयाल उपाध्याय आयुष विश्वविद्यालय का घेराव कर कुलसचिव को ज्ञापन सौंपा. ABVP रायपुर के सह मंत्री शैलेश कौशिक ने बताया कि होम्योपैथिक कॉलेज के छात्रों की परीक्षा परिणाम कुछ दिन पहले घोषित किए गए हैं. घोषित परीक्षा परिणामों मे बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं को फेल कर दिया गया है. शैलेश ने कहा कि तीसरे वर्ष में 11% और चौथे वर्ष में केवल 10% छात्र ही पास हो पाए हैं. उसमें भी बहुत से छात्र ऐसे हैं जिनको ग्रेस देकर पास किया गया है. उन्होंने आगे कहा कि परीक्षा परिणामों से सैकड़ों छात्रों का भविष्य अंधकार में जाता हुआ दिख रहा है. छात्रों ने मांग की है कि परीक्षा परिणामों को विश्वविद्यालय द्वारा दोबारा जांच कराकर फिर से घोषित किया जाए. अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के पदाधिकारियों ने कहा कि अगर भविष्य में भी ऐसे परीक्षा परिणाम घोषित होते रहे और घोषित परीक्षा परिणामों में शिक्षा के स्तर मे गिरावट नजर आई तो परिषद एक बड़ा आंदोलन पूरे प्रदेश भर में खड़ा करेगी.

K.W.N.S.-रायपुर। छत्तीसगढ़ में महतारी को लेकर सियासत गरमाई हुई है। कांग्रेस के तीन राज्यसभा सांसदों के लापता होने का पोस्टर जारी करने के मामले में भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता केदार गुप्ता ने राज्य सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़िया बात की बात करना, छत्तीसगढ़िया को ठगना यह कांग्रेस के डीएनए में है। छत्तीसगढ़ महतारी के 3 पुत्रों को राज्यसभा में जाने का अवसर मिल सकता था। उन्हें सांसद बनने का गौरव मिल सकता था, लेकिन सोनिया गांधी और राहुल गांधी को खुश करने के लिए सरकार ने उन्हें छत्तीसगढ़ से दूसरे प्रदेश वालों को दे दिया। क्या यही छत्तीसगढ़िया वाद है? क्या यही छत्तीसगढ़ महतारी की बात है? दरअसल बीजेपी ने राज्यसभा सांसदों के लापता होने का पोस्टर जारी किया है। पोस्टर बनाकर रंजीत रंजन, केटीएस तुलसी और राजीव शुक्ला को लापता बताया गया है और नीचे लिखा गया है कि छत्तीसगढ़ के बच्चों का हक मारकर मुझसे राज्यसभा सांसद बने दिल्ली और बिहार के तीनों कांग्रेस नेता मेरे राज्योत्सव के मौके पर कहां गायब है। तीनों छत्तीसगढ़ से राज्यसभा सांसद चुने गए हैं। बीजेपी ने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से लापता पोस्टर को शेयर किया है।

K.W.N.S.-रायपुर। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी रीना बाबासाहेब कंगाले आज दोपहर तीन बजे मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय रायपुर में पत्रकार-वार्ता को संबोधित करेंगी। बता दें कि ओडिशा, राजस्थान, बिहार, उत्तर प्रदेश और छत्तीसगढ़ की एक-एक विधानसभा सीट और यूपी के मैनपुरी लोकसभा सीट पर 5 दिसंबर को वोटिंग होगी. ओडिशा की पदमपुर, राजस्थान की सरदारशहर, बिहार की कुरहनी, छत्तीसगढ़ की भानुप्रतापपुर (एसटी आरक्षित) और यूपी की रामपुर सीट पर उपचुनाव का ऐलान कर दिया गया है. इसके अलावा चुनाव आयोग ने यूपी की मैनपुरी लोकसभा सीट पर भी उपचुनाव की घोषणा कर दी है. इन सीटों के लिए 10 नवंबर को नोटिफिकेशन जारी होगा. उम्मीदवारों के नोमिनेशन की आखिरी तारीख 17 नवंबर है. नामांकन पत्रों की स्क्रूटनी 18 नवंबर को की जाएगी जबकि कैंडिडेट अपना नामाकंन 21 नवंबर तक वापस ले सकेंगे.

K.W.N.S.-रायपुर। प्रदेश के बीजेपी नेता ने छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार पर जमकर हमला किया एयर कहा – कांग्रेस के राज में युवाओं का भविष्य अंधकार में डूब गया है। कांग्रेस सरकार न तो रोजगार दे रही है ना बेरोजगारी भत्ता दे रही है सिर्फ आंकड़ों की बाजीगरी कर रही है । अब तो यह सरकार उससे भी बढ़कर युवाओं के स्वरोजगार पर ग्रहण लगा रही है। भाजपा शासनकाल में लाइवलीहुड कॉलेज , दीनदयाल उपाध्याय कौशल योजना व मुख्यमंत्री कौशल विकास केंद्र के माध्यम से युवाओं को प्रशिक्षित कर स्वरोजगार के लिए ट्रेनिंग दी जाती थी।
जिसमें लाखों युवा प्रशिक्षण प्राप्त कर स्वरोजगार अपनाते थे। परंतु कांग्रेस शासनकाल में वह भी लगभग बंद होने के कगार पर पहुंच गया है और भुपेश सरकार में युवाओं के भविष्य सवारने के लिए आवंटित प्रशिक्षण राशि का बंदरबांट का खेल चालू हो गया है। पहले हैदराबाद की कंपनी एस एल सी एजुकेशन सोसायटी 3:30 करोड़ लेकर भाग गई अब पंजाब की ओमप्रकाश बंसल एजुकेशन सोसायटी युवाओं के हक के ढाई करोड़ लेकर भाग गई पहले तो सरकार ने इस मामले को 3 साल दबाए रखा अभी एफ आई आर दर्ज कराके अपने कर्तव्य की इतिश्री समझ रही है और सब जानते हुए भी वह कोई कार्यवाही नहीं कर रहे हैं । कांग्रेस सरकार को बताना होगा कि मामले को इतने लंबे समय तक दबाकर रखकर आखिर वह किस को बचाना चाहती है । याद रखें छत्तीसगढ़ के युवा अपने भविष्य से सौदा करने वाले को छोड़ने वाली नहीं है।

K.W.N.S.-रायपुर/शिमला। हिमाचल में कांग्रेस प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रही है. प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस ने घोषणा पत्र जारी किया। इस दौरान छग के सीएम भूपेश बघेल सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद है. बता दें कि हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव का बिगुल बज गया है। भारतीय चुनाव आयोग ने शुक्रवार दोपहर को नई दिल्ली में प्रेस वार्ता कर चुनाव की तारीखों का एलान कर दिया है। हिमाचल में एक चरण में पूरे प्रदेश में 12 नवंबर को वोट डाले जाएंगे। 8 दिसंबर को चुनावी नतीजे आएंगे। चुनाव आयोग की घोषणा के साथ ही प्रदेश में आदर्श चुनाव आचार संहिता लागू हो गई है। हिमाचल में विधानसभा चुनाव की अधिसूचना 17 अक्तूबर को जारी होगी। चुनाव लड़ने के लिए 25 अक्तूबर तक नामांकन पत्र भरे जाएंगे। इनकी छंटनी 27 को होगी, जबकि 29 अक्तूबर को नाम वापस ले सकेंगे। प्रदेश में आचार संहिता लागू होते ही सरकारी घोषणाओं और नई भर्तियों पर भी रोक लग गई है।

K.W.N.S.-रायपुर। अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारी को लेकर भाजपा-कांग्रेस की बैठकों का दौर शुरु हो चुका है. भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव आज से मैराथन बैठक लेंगे, वे चार दिन तक अलग-अलग जिलों में बैठकें लेंगे. साथ ही कार्यकर्ताओं से भी मुलाकात करेंगे. आज कोरबा में अरुण साव की मौजूदगी में जिला कार्यसमिति और समन्वय समिति की बैठक होगी. कार्यकर्ताओं से भी चर्चा करेंगे. कोरबा के बाद 6 नवंबर को अंबिकापुर, 7 नवंबर को बलरामपुर और 8 नवंबर को कवर्धा में बैठक होगी।
K.W.N.S.-रायपुर। राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव में शामिल होने के लिए छत्तीसगढ़ आए इंडोनेशिया के लोक कलाकार समूह ने हाथ जोड़कर किया छत्तीसगढ़ की मेहमान नवाज़ी का शुक्रिया। महोत्सव में शामिल हुए इंडोनेशिया के 10 प्रतिभागी आज विवेकानंद विमानतल से अपने देश के लिए रवाना हुए।
टीम की सदस्य राबिया आदिन ने कहा कि हमने छत्तीसगढ़ आकर राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव को भरपूर एंजॉय किया और यहां लोगों से मिलने का भी मौका मिला। इस महोत्सव में हमें अपने देश के आदिवासी संस्कृति को एक प्रतिष्ठित मंच पर प्रदर्शन करने का अवसर मिला। इसके लिए उन्होंने राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया और जय जोहार कहकर विदाई ली। सभी सदस्यों ने एक सुर में लव यू छत्तीसगढ़ कहा और हाथ उठाकर अपनी भाषा में भी उपस्थित लोगों का अभिवादन किया।

K.W.N.S.-रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी अनुशासनहीनता को लेकर सख्त नजर आ रही है। पहले सभी जिला अध्यक्षों को पत्र लिखे जाने के बाद अब सोशल मीडिया पर भी पार्टी या पदाधिकारियों के खिलाफ टिप्पणी करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। कांग्रेस के प्रभारी महामंत्री ने कहा है कि कांग्रेस अनुशासनहीनता पर कार्रवाई करने को लेकर सख्त है, पिछले दिनों कांग्रेस पॉलिटिकल अफेयर कमेटी की बैठक हुई थी। इस बैठ में यह निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा है कि जो भी शिकायत हो वह पार्टी फोरम में हो। जिसकी एक प्रक्रिया है। इस पर कार्रवाई भी होगी।

K.W.N.S.-रायपुर। राजधानी रायपुर में महिला लेडी डॉन के आतंक का मामला सामने आया है। यहां काम पर जा रही महिला की इस लेडी डॉन ने बुरी तरह की पिटाई कर दी। बताया जा रहा है कि आरोपी महिला के बेटे ने भी पीड़िता पर चाकू से हमला किया है। इसमें आरोपी महिला के साथ उसकी 5-6 साथी महिलएं भी शामिल थी। पूरा मामला राजधानी के टिकरापारा थाना क्षेत्र का है। मिली जानकारी के अनुसार आरोपी महिला का नाम सबाना बताया जा रहा है। महिला ब्याज और शराब का अवैध कारोबार करती है। वहीं, पीड़ित महिला का नाम रेखा हेराउ बताया जा रहा है। पीड़िता सुबह काम पर जा रही थी। इसी दौरान आरोपी महिला ने पीड़िता की बुरी तरह पिटाई कर दी। इसमें आरोपी का साथ देने वाली महिलाएं भी शामिल रही। 5-6 महिलाओं ने पीड़िता की घसीट-घसीट कर पिटाई की। इसके बाद आरोपी और उसकी साथी महिलाएं, पीड़िता को मारते हुए घर के अंदर ले गई और बाल खींच-खींचकर उसकी पिटाई की। घर के अंदर आरोपी महिला के बेटे ने चाकू से पीड़िता पर हमला किया। बताया जा रहा है कि पीड़िता ने आरोपी से कुछ पैसे उधार लिए थे, जिसकी रकम और ब्याज पूरा पटाने के बावजूद उससे मारपीट की गई। फिलहाल ने मामले की शिकायत दर्ज कर, मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।