Browsing: रायपुर

 

K.W.N.S.-रायपुर। जामा मस्जिद रायपुर में मुतवल्ली चुनाव 16 अक्टूबर सालेम इंग्लिश स्कूल मोतीबाग में होगी। मतदान सुबह आठ बजे से 5 बजे तक होगी। वहीं उसी दिन मतगणना होगी और परिणाम घोषित की जाएगी। एडहॉक कमेटी के संयोजक शोएब अहमद खान ने बताया कि तैयारी पूरी कर ली गई है। साथ ही मूल आधार कार्ड लाने पर ही मतदाताओं को मतदान में भाग लेने दिया जाएगा। इसके अभाव में मतदान से वंचित कर दिया जाएगा। उन्होंने तमाम मतदाताओं से अपील की है कि मतदान तिथि को ओरिजनल आधार कार्ड लाए जिससे मतदान में अव्यवस्था न हो । जिनके पास आधार कार्ड नहीं है वे च्वाइस सेंटर से या डीजी लाकर से आधार कार्ड निकलवा सकते है।  
जो मतदान के अलावा उनके दीगर जरूरत पर भी काम आएंगे। एडहोक कमेटी के संयोजक ने छत्तीसगढ़ राज्य वक्फ बोर्ड के चेयरमेन जनाब मिन्हाजुद्दीन साहब और मुख्य कार्यपालन अधिकारी साजिद मेमन से मुलाकात कर सलाह मशविरा कर जामा मस्जिद हलवाई लाइन रायपुर के मुतवल्ली चुनाव की अधिसूचना जारी की थी। जिसे उन्होंने बखूबी निर्वहन करते हुए प्रजातांत्रिक तरीके से चुनाव कराने पूरी तैयारी कर ली है। कुल पांच प्रत्याशी मुतवल्ली पद के लिए चुनावी मैदान में है जिसमें से एक प्रत्याशी शकील रजा व्दारा हाजी अब्दुल फहीम के पक्ष में नाम वापस ले लिया है। जिससे कुल चार प्रत्याशी रह गए हैं।
 

 
 
K.W.N.S.-रायपुर। गिरफ्तार फर्जी पत्रकारों को लेकर रायपुर पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है. पुलिस के मुताबिक प्रार्थी बेंजामीन सिक्का पिता ईश्वरदान उम्र 40 वर्ष साकिन एनआरवीपी ने थाना राखी में लिखित आवेदन एवं विडियों ऑडियों रिकार्डिंग वाला मोबाइल पेश कर बताया कि सेवकदास दीवान एवं उनके अन्य 03 साथी सुनील यादव हामिद कादिरी एवं आर.बी.वर्मा सभी कार्यालय के केबिन मे आये और उनके पूर्व पदस्थापना स्थल पिथौरा मे उनके खिलाफ दर्ज पुराने मामले के संबंध मे बातचीत किये। एवं 2.25 लाख रूपये की मांग करते हुये नही दोगे तो तुम्हारी नौकरी खतरे मे है कहकर धमकाने लगे. इस शिकायत पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रशांत अग्रवाल के निर्देश पर अति. पुलिस अधीक्षक, ग्रामीण रायपुर कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन पर नगर पुलिस अधीक्षक अटल नगर जितेन्द्र चंद्राकर एवं थाना प्रभारी लक्ष्मी प्रसाद जयसवाल के द्वारा प्रकरण मे शामिल चारो व्यक्तियों को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ किया गया. पूछताछ में चारों व्यक्तियों ने अपना नाम सेवक दास दीवान, राम भवन वर्मा, हामिद कादिरी बताये तथा पत्रकारिता से जुडा हुआ बताया। और जुर्म स्वीकार कर लिया है।
 

K.W.N.S.-रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज जैजेपुर विधानसभा में भेंट-मुलाकात कार्यक्रम के दौरान नक्सली मुठभेड़ में शहीद हुए सब इंस्पेक्टर दीपक भारद्वाज के गृह ग्राम पिहरीद पहुंचकर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री बघेल ने शहीद दीपक भारद्वाज के परिजनों से मुलाकात कर की। इस दौरान बिलाईगढ़ विधायक एवं संसदीय सचिव चंद्रदेव राय, विधायक राम कुमार यादव, केशव चंद्रा सहित स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी श्रद्धा सुमन अर्पित किए।
 

K.W.N.S.-रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल विधानसभा क्षेत्र जैजैपुर में भेंट-मुलाकात अभियान, अधिकारियों की समीक्षा बैठक और प्रेस कांफ्रेंस के बाद आज ग्राम हसौद में आदिशक्ति माँ महामाया देवी मंदिर में दर्शन के लिए पहुँचे और पारंपरिक विधि-विधान से देवी माँ की पूजा-अर्चना की। मुख्यमंत्री ने आदिशक्ति माँ महामाया देवी से प्रदेशवासियों की सुख, समृद्धि और ख़ुशहाली की कामना की। स्थानीय लोगों के मुताबिक़ यहाँ आदिशक्ति माँ महामाया देवी की प्रतिमा स्वयंभू प्रकट हुई हैं और यह प्रतिमा बहुत पुरातन बतायी जाती हैं। वही सन 2003 में गांव वालों ने मिलकर मंदिर का पुनर्निर्माण कराया है। इसके साथ ही मंदिर परिसर के बाहर ग्रामवासियों द्वारा मुख्यमंत्री के हसौद आगमन की खुशी और उनके सम्मान में उन्हें हसौद के प्रसिद्ध पेड़े से तौला गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि मिठास की नगरी हसौद में शुद्ध दूध के खोवे से विशेष विधि से पेड़ा बनाया जाता है जिस कारण इसमें कुछ विशेष तरह की मिठास होती है। देश-प्रदेश के हर क्षेत्र से लोग यहां के पेड़े की खरीददारी के लिए आते हैं।
 

K.W.N.S.-रायपुर। ईडी ने आईएएस समीर विश्नोई, इंद्रमणि ग्रुप के सुनील अग्रवाल और फरार सूर्यकांत तिवारी के चाचा लक्ष्मीकांत तिवारी को गिरफ्तार किया है. वही रायगढ़ कलेक्टर रानू साहू (आईएएस) को ईडी अधिकारी के सामने पेश होना बाकी है। दरअसल, ईडी को छापेमारी के दौरान छत्तीसगढ़ में अभी तक चार करोड़ कैश मिले हैं। इसके साथ ही जूलरी और अहम दस्तावेज मिले हैं। ईडी की कार्रवाई रायगढ़ कलेक्टर के आवास पर भी चल रही थी। छापेमारी के बाद उसे सील किया गया है। इसके साथ ही कुछ सीनियर अधिकारियों के घर पर भी छापेमारी चल रही है। ईडी ने समीर विश्नोई के घर पर भी छापेमारी की थी। कहा जा रहा है कि ईडी को उनके घर से भारी मात्रा में सोना मिला है। ये सोना कहां से आया, ईडी की टीम इसकी जानकारी इकट्ठा कर रही है।
 

K.W.N.S.-रायपुर। छत्तीसगढ़ में राजनीतिक बयानबाजी अदालतों की ओर बढ़ रही है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के खिलाफ मानहानि का दावा ठोकने की बात कही है। मुख्यमंत्री ने कहा, डॉक्टर रमन सिंह ने उन्हें सोनिया गांधी का एटीएम कहा है। कोयले पर प्रति टन 25 रुपए लेने का आरोप लगाया है। वे इसे प्रमाणित करें नहीं तो सार्वजनिक रूप से माफी मांगे। रायपुर के पुलिस लाइन हेलीपैड पर प्रेस से बातचीत में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा, डॉ. रमन सिंह गलत और आपत्तिजनक बयानबाजी कर रहे हैं। उन्होंने सोनिया गांधी का एटीएम कहा है और कोयले में प्रति टन 25 रुपए लेने का आरोप लगाया है। वे अब इसे प्रमाणित करें नहीं तो सार्वजनिक रूप से माफी मांगें। कुछ भी अनाप-शनाप आरोप लगा देंगे क्या। ऐसा नहीं किया तो मैं उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करूंगा। उनके खिलाफ मानहानि का दावा ठोकूंगा। मुख्यमंत्री ने कहा, रमन सिंह अधिकारियों को डरा रहे हैं, इसका मतलब है कि वे खुद डरे हुए हैं। उनको जमीनी हकीकत पता है। वे फेयर तरीके से चुनाव लड़ेंगे तो उनकी हालत जितनी थी उतनी भी नहीं रहने वाली है। इस कारण से वे अपनी खीझ अधिकारियों पर उतार रहे हैं। 15 साल तक वही अधिकारी अच्छे थे। अब सरकार में नहीं हैं तो वही अधिकारी खराब हो गए। अधिकारी अपना काम कर रहे हैं। उनको जो जिम्मेदारी दी गई है, उसपर कार्रवाई कर रहे हैं। इसलिए उनको धमकाना चमकाना बंद करें। कोयला में कमीशन पर भड़के, रमन सिंह पर उठाए सवाल मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा, हमारी सरकार ने कोलवाशरी के खिलाफ कार्रवाई की। सभी जगह छापा डाले। रमन सिंह बताएं कि 15 साल के शासनकाल में ऐसी कोई कार्रवाई की हो तो। वैसे भी कोयला तो सेंट्रल गवर्नमेंट का है। राज्य सरकार की इसमें क्या भूमिका है। खदान केंद्र आवंटित करती है। यहां 58 खदानों में से 52 तो एसईसीएल यानी भारत सरकार का है। प्राइवेट प्लेयर तो बंद ही हो गये थे अब तो दो-चार शुरू हुए हैं। कोयला ट्रांसपोर्ट के चक्कर में महीनों से पैसेंजर ट्रेन बंद करके रखे हैं। उद्योगों को कोयला नहीं मिल रहा है। इसके बारे में रमन सिंह क्यों नहीं पूछते। आखिर राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हैं। कहा-कोलवाशरी की कार्रवाई में हमें भी पता है कौन-किससे जुड़ा है मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने केंद्रीय एजेंसियाे के राजनीतिक दुरुपयोग का आरोप दोहराया। उन्होंने कहा, जो एजेंसियां हैं वे इसलिए बनाई जाती हैं कि कोई गलत काम न करे। कोई गलत करता है तो उसपर कार्रवाई करें। हम इसका स्वागत करते हैं। हम पहले ही कहते रहे हैं कि गलत करने वाले के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। लेकिन सेंट्रल एजेंसी का दुरुपयोग राजनीतिक लाभ के लिए, सरकार को बदनाम करने के लिए, उनके अधिकारियों को राजनेताओं को बदनाम करने के लिए नहीं किया जाना चाहिए। सीएम ने कहा कि हमने भी कोलवाशरी पर कार्रवाई की। क्या हमने उसका कोई पॉलिटिकल लाभ लिया। क्या इस प्रकार का कोई बयान दिया। हमको पता है कि कौन किससे जुड़ा हुआ है लेकिन हमने उसको राजनीति से नहीं जोड़ा। कार्रवाई की। उसमें जो गलत पाया गया है उसको नोटिस दिया गया है। लेकिन आप क्या कर रहे हैं। आप केवल राजनीति से प्रभावित होकर कार्रवाई कर रहे हैं। यह केवल राजनीतिक लाभ के लिए कर रहे हैं।
 

  K.W.N.S.-रायपुर। छत्तीसगढ़ में आरक्षण पर आये बिलासपुर उच्च न्यायालय के एक फैसले ने युवाओं के भविष्य को प्रभावित करना शुरू कर दिया है। इस फैसले से उपजी नीतिगत उलझन ने सरकारी नौकरियों और शिक्षण संस्थाओं में प्रवेश का रास्ता रोक दिया है। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग ने राज्य प्रशासनिक सेवा परीक्षा का अंतिम परिणाम रोक दिया है। वहीं राज्य वन सेवा के साक्षात्कार टाल दिये गये हैं। स्कूल में 12 हजार शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया भी खटाई में पड़ती दिख रही है। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग ने राज्य सेवा के 171 पदों पर इस साल परीक्षा ली थी। मुख्य परीक्षा में सफल 509 लोगों को साक्षात्कार के लिए बुलाया गया था। यह साक्षात्कार 20 से 30 सितम्बर के बीच चला। वहीं 8 से 21 अक्टूबर तक प्रस्तावित राज्य वन सेवा परीक्षा के साक्षात्कार को टाल दिया गया है। इस परीक्षा से 211 पदों पर भर्ती होनी थी। लोक सेवा आयोग के अध्यक्ष टामन सिंह सोनवानी इस स्थिति पर कुछ भी कहने से बच रहे हैं। लेकिन कुछ अधिकारियो ने बताया, इसके पीछे आरक्षण फैसले से पैदा हुई उलझन ही है। अभी तक की भर्तियों में इस फैसले के आधार पर आरक्षण डिसाइड करने की शर्त लगी रहती थी। अब फैसला आ गया तो कोई यह बताने की स्थिति में नहीं है कि आरक्षण रद्द करने का परिणाम आरक्षण खत्म हो जाना है, अथवा आरक्षण को पिछली स्थिति में लौट जाना है। अगर इसको तय किये बिना भर्ती कर ली जाये तो अदालत की अवमानना का मामला भी बन जाएगा। अदालती उलझनों की वजह से पूरी भर्ती प्रक्रिया बाधित हो जाएगी। ऐसे में आयोग और दूसरे विभाग भी भर्ती प्रक्रिया को आगे बढ़ाने से पहले उच्च न्यायालय के फैसले को क्लियर कर लेना चाहते हैं। सामान्य प्रशासन विभाग इसपर कुछ नहीं बता रहा है। विधि विभाग के अधिकारियों का कहना है कि सामान्य तौर पर उनका विभाग अदालत के आदेशों की व्याख्या नहीं करता। उनसे ओपिनियन मांगा गया था, विभाग ने अदालत के आदेश पर कार्रवाई की अनुशंसा भेज दी है। छत्तीसगढ़ के सबसे बड़े कानूनी अधिकारी महाधिवक्ता सतीश चंद्र वर्मा बार-बार पूछने पर भी कोई स्पष्टिकरण नहीं दे रहे हैं।
 

K.W.N.S.-रायपुर। छत्तीसगढ़ में चल रहे अनूठे खेल आयोजन ” छत्तीसगढ़िया ओलंपिक” को लेकर जनता के बीच जबर्दस्त उत्साह देखा जा रहा है। सीएम भूपेश बघेल की सोच के मुताबिक छत्तीसगढ़ के पारंपरिक खेल गतिविधियों को ग्रामीण क्षेत्र एवं नगरीय क्षेत्रों में प्रोत्साहित करने, प्रतिभागियों को मंच प्रदान करने, उनमें खेलों के प्रति जागरूकता बढ़ाने और खेल भावना का विकास करने हेतु राज्य शासन की तरफ से छत्तीसगढ़िया ओलंपिक 2022-23 का आयोजन 6 चरणों में किया जा रहा है। राज्य के 170 नगरीय निकाय क्षेत्र के अंतर्गत संचालित राजीव युवा मितान क्लब स्तर पर अब तक विभिन्न खेलों की प्रतिस्पर्धाओं में एक लाख 4 हजार 802 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया है। प्रतिभागियों में 48 हजार 950 महिला और 55 हजार 852 पुरूष शामिल हैं। प्रथम चरण में आयोजित छत्तीसगढ़िया ओलंपिक में दलीय खेल तहत गिल्ली डंडा, पिट्टुल, संखली, लंगड़ी दौड़, कबड्डी, खो-खो, रस्साकसी, बाटी(कंचा) में 2725 विजेता टीम और व्यक्तिगत खेलों बिल्लस, फुगड़ी, गेड़ी दौड़, भंवरा, 100 मीटर दौड़ तथा लंबी कूद में 2084 विजेता प्रतिभागियों का चयन किया गया है। यह सभी चयनित प्रतिभागी दूसरे चरण में जोन स्तर पर 15 अक्टूबर से 20 अक्टूबर तक आयोजित होने वाली प्रतिस्पर्धाओं में अपने खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। जोन स्तर(लेवल-2) में नॉकआऊट पद्धति से जोन के राजीव युवा मितान क्लब क्षेत्रों के विजेता प्रतिभागी और दल के बीच प्रतियोगता आयोजित की जायेगी। नगरीय प्रशासन विभाग से प्राप्त जानकारी के मुताबिक प्रथम चरण में नगरीय निकायों में राजीव युवा मितान क्लब स्तर पर 06 अक्टूबर से 11 अक्टूबर तक प्रतियोगता का सफलतापूर्वक आयोजन पूर्ण किया गया है। जिसमें 18 वर्ष तक, 18 वर्ष से 40 वर्ष तक और 40 वर्ष से अधिक आयु वर्गांे के 14 खेलों के लिए महिलाओं तथा पुरुषों ने बढ़-चढ़कर अपनी हिस्सेदारी तय की है। प्रदेश के नगरीय निकाय क्षेत्रों में संचालित राजीव युवा मितान क्लब लेवल पर विभिन्न खेलों के अंतर्गत- गिल्ली डंडा, पिट्टुल, संखली, लंगड़ी दौड़, कबड्डी, खो-खो, रस्साकसी, बाटी(कंचा),बिल्लस, फुगड़ी, गेड़ी दौड़, भंवरा, 100 मी. दौड़ तथा लंबी कूद की प्रतिस्पर्धाएं आयोजित की गई। छत्तीसगढ़िया ओलंपिक के अंतर्गत द्वितीय चरण में जोन स्तर 15 अक्टूबर से 20 अक्टूबर तक, तृतीय चरण में विकासखंड एवं नगरीय कलस्टर स्तर 27 अक्टूबर से 10 नवम्बर तक, चतुर्थ चरण में जिला स्तर पर 17 नवम्बर से 26 नवम्बर तक, पांचवें चरण में संभाग स्तर पर 05 दिसंबर से 14 दिसंबर तक और छठवें चरण में प्रदेश स्तर पर 28 दिसंबर 2022 से 06 जनवरी 2023 तक छत्तीसगढ़ के पारंपरिक खेलों से जुड़ी प्रतियोगिताओं आयोजन किया जाना है।
 

K.W.N.S.-रायपुर। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री टी.एस. सिंहदेव ने आज सरगुजा जिले के ग्राम सलका में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के नवनिर्मित भवन का लोकार्पण किया। इस अस्पताल भवन का निर्माण 75 लाख रूपए की लागत से किया गया है। उन्होंने लोकार्पण के बाद प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और वहां कार्यरत स्टॉफ के बारे में जानकारी ली। सिंहदेव ने उदयपुर के जनपद पंचायत कार्यालय में सभाकक्ष का भी लोकार्पण किया। करीब 13 लाख रूपए की लागत से इस सभाकक्ष का सौंदर्यीकरण किया गया है। यह जनपद स्तर पर सरगुजा संभाग का सबसे बड़ा और सुसज्जित सभाकक्ष है। सिंहदेव ने सभाकक्ष में एसी की व्यवस्था के लिए राशि उपलब्ध कराने की बात कही। लोकार्पण कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ स्थानीय आदिवासी स्वास्थ्य परंपरा एवं वनौषधि पादप बोर्ड के अध्यक्ष श्री बालकृष्ण पाठक, जनपद अध्यक्ष श्रीमती भोजवंती सिंह, उपाध्यक्ष श्री नीरज मिश्रा, जिला पंचायत सदस्य राजनाथ सिंह , शिवानी जायसवाल तथा जनपद पंचायत के सीईओ श्री पारस पैकरा सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
 

K.W.N.S.-रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज भेंट-मुलाकात कार्यक्रम के दौरान ग्राम छपोरा में किसान वेद राम साहू के यहां भोजन किया। वेद राम साहू ने हर्ष जताते हुए कहा कि एक किसान परिवार का मुख्यमंत्री ही किसान के घर का भोजन स्वीकार कर सकता है। उनके नेतृत्व में राज्य सरकार ने किसानों के हित में अनेक निर्णय लिए हैं, जिसके फलस्वरूप आज किसानों के चेहरे पर मुस्कान दिख रही है। वेदराम ने कहा कि मैंने जीवन में कभी नहीं सोचा था कि, प्रदेश के मुखिया एक छोटे किसान के घर भोजन स्वीकार करेंगे। यह मेरे और मेरे परिवार जनों के लिए आश्चर्यजनक रहा। यह मुख्यमंत्री जी की बड़प्पन है जो एक किसान के घर का भोजन बड़े प्रेम से स्वीकार किया परिवार जनों के नाम पूछे और आत्मीयता से मुलाकात भी की।