Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
Browsing: रायपुर

panchayattantra24.com,रायपुर। दुर्ग जिला प्रशासन, महासमुंद और अंबिकापुर जिला प्रशासन ने 6 मई की सुबह 6 बजे तक के लिए लॉकडाउन बढ़ा दिया है. प्रशासन ने इस बार छूट देते हुए फल, सब्जी, अंडा के अलावा पोल्ट्री, मटन, मछली और किराना की सभी सामग्री की होम डिलीवरी करने की अनुमति दी गई है. बाकी सभी दुकानें, मंडियां, थोक-फुटकर, ग्रॉसरी दुकानें, शराब दुकानें पूरी तरह से बंद रहेंगी. खाने-पीने की चीजें ऑनलाइन ऑर्डर, टेलीफोनिक ऑर्डर पर होम डिलीवरी के माध्यम से ही मिलेगी।
छूट के साथ सुविधाएं भी बढ़ाई गई
कोरोना के कारण इन सभी जिलों में लॉकडाउन था. दुर्ग और महासमुंद में 6 मई तक लॉकडाउन किया गया है. इन जिलों की सभी सीमाएं पहले की तरह सील रहेंगी. हालांकि कुछ छूट के साथ सुविधाएं भी बढ़ाई गई हैं।
कई दिशा-निर्देश और गाइडलाइन जारी
महासमुंद कलेक्टर की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि स्वास्थ्य विभाग और प्रशासनिक परामर्श से लॉकडाउन बढ़ाया जाना आवश्यक हो गया है. कई दिशा-निर्देश और गाइडलाइन जारी किए गए हैं।
जानें बिंदुवार-
मेडिकल स्टोर खुलेंगे.
दवाइयों की होम डिलीवरी को प्राथमिकता दी जाएगी.
सरकारी राशन की दुकानें सुबह 10.30 बजे से शाम 4.30 बजे तक खुलेंगी.
दुकान संचालक वार्ड-मोहल्ला-ग्रामवार हितग्राहियों को टोकन जारी कर कोविड प्रोटोकाॅल का पालन करते हुए राशन वितरण करेंगे.
थोक व्यापारी रात 11 बजे से सुबह 4 बजे तक अपने सामानों की लोडिंग अनलोडिंग कर सकेंगे.
स्ट्रीट वेंडर्स यानी ठेले वाले सुबह 6 बजे से 2 बजे तक मास्क और फिजिकल डिस्टेंसिंग के साथ फल-सब्जियां बेच सकेंगे।.
वहीं मीट की दुकानें सिर्फ होम डिलीवरी ही कर सकेंगी.
किराना दुकानें सिर्फ होम डिलीवरी कर सकेंगी, लेकिन उन्हें अपने वाहन पर सामान की लिस्ट चस्पा करनी होगी.
होटल और रेस्टोरेंट सुबह 6 बजे से रात 8 बजे तक जोमैटो और स्वीगी के माध्यम से होम डिलीवरी कर सकेंगे.
दुर्ग जिले की देखें आदेश कॉपी-

अंबिकापुर जिले की देखें आदेश कॉपी-


panchayattantra24.com, रायपुर। रेलवे ने Oxygen Express के परिचालन को एक चुनौती के रूप में लिया और महाराष्ट्र के कलंबोली से नागपुर, गोंदिया, डोंगरगढ़, राजनांदगांव, दुर्ग, भिलाई, रायपुर, लखोली होते हुए विशाखापट्टणम तक और वापस इसी रास्ते से नासिक तक पहली ऑक्सीजन एक्सप्रेस सफलतापूर्वक चलाई।
जिस पल रेलवे को लिक्विड मेडिकल ऑक्सीजन टैंकरों के आवागमन के लिए जैसे ही निवेदन मिला तुरंत Oxygen Express के लिए काम शुरू हुआ. इसके लिए बहुत कम समय में रैंप बनाया गया. रो-रो सेवा के आवागमन के लिए रेलवे को कुछ स्थानों पर घाट सेक्शन, रोड ओवर ब्रिज, टनल, कर्व्स, प्लेटफॉर्म कैनोपीज़, ओवर हेड इक्विपमेंट आदि विभिन्न बाधाओं पर विचार करते हुए पूरे मार्ग का एक खाका तैयार करना था. क्योंकि इस मूवमेन्ट में ऊंचाई एक महत्वपूर्ण पहलू है, रेलवे ने वसई के रास्ते मार्ग का खाका तैयार किया. 3320 मिमी की ऊंचाई वाले सड़क टैंकर T 1618 के मॉडल को फ्लैट वैगनों पर रखा जाना संभव पाया गया।
चूंकि ऑक्सीजन क्रायोजेनिक और खतरनाक रसायन है, इसलिए रेलवे को अचानक एक त्वरण, मंदन से बचना पड़ता है, बीच-बीच में प्रेशर की जांच करनी पड़ती है, खासकर जब यह भरी हुई स्थिति में हो. फिर भी, रेलवे ने इसे चुनौती के रुप में लिया, मार्ग का खाका तैयार किया, लोगों को प्रशिक्षित किया और इन विशेष आकार के टैंकरों को वसई, सूरत, भुसावल, नागपुर , गोंदिया, डोंगरगढ़, राजनांदगांव, दुर्ग, भिलाई, रायपुर, लखौली के रास्ते से विशाखपट्टणम तक ले जाया गया।
कलंबोली और विविशाखपट्टणम के बीच की दूरी 1850 किमी से अधिक है, जो इन टैंकरों द्वारा केवल 50 घंटों में पूरी की गई थी. 100 से अधिक टन एलएमओ (लिक्विड मेडिकल ऑक्सीजन) वाले 7 टैंकरों को 10 घंटे में लोड किया गया और केवल 21.00 घंटे में वापस नागपुर ले जाया गया।
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे को ऑक्सीजन एक्सप्रेस पूर्व तट रेलवे से लाखौली इंटरचेंज प्वाइंट पर 10.45 सुबह में प्राप्त हुआ था, जिसे रायपुर मंडल ने दुर्ग इंटरचेंज प्वाइंट पर नागपुर मंडल को 12.25 दोपहर में सौंप दिया. नागपुर मंडल ने राजनांदगांव, डोंगरगढ़, गोंदिया, भंडारा रोड, कांप्टी स्टेशनों से सफलतापूर्वक परिचालन करते हुए इसे रात्रि 8.10 बजे दिनांक 23 अप्रैल को मध्य रेलवे नागपुर स्टेशन पहुंचा दिया. नागपुर में 3 टैंकरों को उतार दिया है और शेष 4 टैंकर आज सुबह 10.25 बजे नासिक पहुंच गए हैं, यानि नागपुर से नासिक का अंतर केवल 12 घंटे में पूरा किया।
ट्रेनों के माध्यम से ऑक्सीजन का परिवहन, सड़क परिवहन की तुलना में लंबा है परंतु फ़ास्ट है. रेलवे द्वारा परिवहन में दो दिन लगते है जबकि सडक मार्ग द्वारा 3 दिन लगते है. ट्रेन दिन में 24 घंटे चलती है, ट्रक ड्राइवरों को रोड पर हाल्ट आदि लेने की आवश्यकता होती है. इन टैंकरों की तेज गति के लिए ग्रीन कॉरिडोर बनाया गया है और आवाजाही की निगरानी शीर्ष स्तर पर की गयी है क्योंकि हम जानते हैं कि यह हमारे लिए एक कठिन समय है. हमारे लिए राष्ट्र सबसे पहले है।

panchayattantra24.com, रायपुर। छत्तीसगढ़ के मेडिकल कॉलेजों, जिला अस्पतालों और डेडीकेटेड कोविड अस्पतालों में ICU बेड की संख्या बढ़ाने की कवायद तेज हो गई है. सेंट्रल ऑक्सीजन सप्लाई पाइपलाइन की सुविधा वाले स्थानों को चिन्हांकित करने के लिए निर्देशित किया गया है. स्वास्थ्य विभाग ने सभी जिलों के CMHO और सिविल सर्जन्स को परिपत्र जारी किया है।
स्वास्थ्य विभाग ने मेडिकल कॉलेज अस्पतालों, जिला अस्पतालों और डेडीकेटेड कोविड अस्पतालों के आईसीयू में बिस्तरों की संख्या बढ़ाने चिकित्सालय भवन में ऐसे स्थानों या वार्डों के चिन्हांकन के निर्देश दिए हैं. जहां पर सेंट्रल ऑक्सीजन सप्लाई पाइपलाइन की सुविधा उपलब्ध है।
ऑक्सीजन सुविधा वाले बिस्तरों की संख्या बढ़ाई गई
संचालक, स्वास्थ्य सेवाएं नीरज बंसोड़ ने सभी जिलों के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी तथा सिविल सर्जन को परिपत्र जारी कर इस संबंध में निर्देशित किया है. स्वास्थ्य विभाग ने कहा है कि वर्तमान में कोविड-19 के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए प्रदेश के मेडिकल कॉलेज अस्पतालों, जिला चिकित्सालयों और डेडीकेटेड कोविड अस्पतालों में ऑक्सीजन सुविधा वाले बिस्तरों की संख्या बढ़ाई गई है।
आईसीयू में बिस्तरों की संख्या बढ़ाई जा रही
इसके लिए वहां सेंट्रल ऑक्सीजन पाइपलाइन, ऑक्सीजन जेनरेशन प्लांट, लिक्विड ऑक्सीजन टैंक इत्यादि भी स्थापित किया गया है. स्वास्थ्य विभाग ने इन नई विकसित सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए आईसीयू में बिस्तरों की संख्या बढ़ाने के लिए उपयुक्त स्थलों या वार्डों के चिन्हांकन के निर्देश दिए हैं।

panchayattantra24.com, रायपुर। छत्तीसगढ़ में कोरोना पर सियासी माहौल गरमा गया है. प्रदेश भर में भाजपा नेताओं ने आज अपने निवास के बाहर धरना दिया. पूर्व मुख्यमंत्री व भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ रमन सिंह अपने घर के बाहर धरने पर दिया. उनके साथ सांसद राम विचार नेताम, पूर्व मंत्री राजेश मूणत भी धरने पर बैठे. पूर्व मंत्री व विधायक बृजमोहन अग्रवाल अपने निवास, नेता-प्रतिपक्ष धरम लाल कौशिक बिलासपुर में और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णु देव साय बगीचा में धरना देकर प्रदर्शन किया।
पूर्व सीएम रमन सिंह ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार कोरोना को रोक पाने में नाकाम साबित हुई है. अस्पतालों की स्थिति अच्छी नहीं है, सारा सिस्टम फेल हो गया है. मुख्यमंत्री ने कहा कि मरीजों को टेस्ट रिपोर्ट देरी से मिल रही है. जांच भी सही तरीके से नहीं हो रही है. प्रदेश में स्थिति चिंताजनक हो गई है।
वेंटिलेटर की संख्या बढ़ाई जाए
सरकार को सलाह देते हुए डॉ रमन सिंह ने कहा कि टेस्ट के सिस्टम को बेहतर करना चाहिए. प्रदेश में वेंटिलेटर की संख्या बढ़ाई जाए. ऑक्सीजन बेड की संख्या बढ़ाई जाए. आईसीयू की व्यवस्था बेहतर की जाए।
सरकार को जगाने धरने पर बैठे
वहीं नेता प्रतिपक्ष धरम लाल कौशिक ने कहा कि हम सरकार को जगाने धरने पर बैठे हैं. उन्होंने पूछा कि शराब में जो सेस लगाया है उसका पैसा कहा गया. सरकार इसे खर्च क्यों नहीं कर रही है. सिर्फ लॉकडाउन लगाने से कोरोना संक्रमण का चेन नहीं तोड़ा जा सकता है।


panchayattantra24.com,रायपुर। केन्द्रीय पंचायतीराज मंत्रालय द्वारा दिए जाने वाले राष्ट्रीय पंचायत पुरस्कार-2021 के तहत छत्तीसगढ़ को 12 पुरस्कार प्राप्त हुए हैं. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राष्ट्रीय पंचायतीराज दिवस के मौके पर आज नई दिल्ली में आयोजित वर्चुअल समारोह में विजेता पंचायतों के खातों में पुरस्कार राशि का ऑनलाइन अंतरण किया. केन्द्रीय पंचायतीराज एवं ग्रामीण विकास मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर भी कार्यक्रम में शामिल हुए. मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री टी.एस. सिंहदेव और राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल पुरस्कार समारोह में वीडियो कॉन्फ्रेंस से जुड़ें. उन्होंने पुरस्कार हासिल करने वाले सभी पंचायतों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
यह लगातार दूसरा वर्ष है जब प्रदेश की पंचायतीराज संस्थाओं को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए राष्ट्रीय स्तर के 12 पुरस्कारों से नवाजा गया है. वर्ष 2020 में भी प्रदेश को ई-पंचायत पुरस्कार और 11 पंचायतीराज संस्थाओं को विभिन्न श्रेणियों में पुरस्कृत किया गया था. उससे पहले 2019 में भी प्रदेश की पंचायतों को 11 राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त हुए थे।
इन पंचायतों को मिला पुरस्कार
प्रदेश की पंचायतों में आईसीटी (Information & Communication Technology) के इस्तेमाल में बेहतर प्रदर्शन के लिए भारत सरकार द्वारा छत्तीसगढ़ को ई-पंचायत पुरस्कार प्रदान किया गया। तीन अलग-अलग वर्गों में दिए जाने वाले इस पुरस्कार में छत्तीसगढ़ को प्रथम वर्ग (Category-I) में असम के साथ संयुक्त रूप से दूसरा स्थान मिला।
वहीं केन्द्रीय पंचायतीराज मंत्रालय द्वारा कोंडागांव जिला पंचायत, गरियाबंद और तिल्दा जनपद पंचायत तथा सरगुजा जिले के अंबिकापुर विकासखंड के सरगवां और लुंड्रा विकासखंड के रिरी, बालोद जिले के गुंडरदेही विकासखंड के माहुद (अ), कबीरधाम जिले के सहसपुर लोहारा विकासखंड के माहराटोला एवं रायपुर जिले के आरंग विकासखंड के बैहार ग्राम पंचायत को दीनदयाल उपाध्याय पंचायत सशक्तिकरण पुरस्कार दिया गया।
राष्ट्रीय पंचायत पुरस्कार-2021 के अंतर्गत बीजापुर जिले के भोपालपटनम विकासखंड के दूरस्थ वनांचल गोटईगुड़ा ग्राम पंचायत को नानाजी देशमुख राष्ट्रीय गौरव ग्राम सभा पुरस्कार, रायपुर जिले के अभनपुर विकासखंड के नवागांव (ल) को बाल हितैषी ग्राम पंचायत पुरस्कार और आरंग विकासखंड के बैहार को ग्राम पंचायत विकास योजना पुरस्कार प्रदान किया गया।

panchayattantra24.com, रायपुर। छत्तीसगढ़ स्वास्थ्य विभाग ने निजी कोविड अस्पतालों और शासकीय कोविड अस्पतालों, कोविड केयर सेंटर में रेमडेसिविर इंजेक्शन के उपयोग और रिकॉर्ड रखने के संबंध में निर्देश जारी किए हैं. संचालक स्वास्थ्य सेवाएं नीरज बंसोड़ ने इस संबंध में 23 अप्रैल को निर्देश जारी किया है. मुख्य स्वास्थ्य एंव चिकित्सा अधिकारियों को औचक निरीक्षण करने को भी कहा गया है।
छत्तीसगढ़ सरकार के मुताबिक कुछ दिनों से राज्य में कोविड-19 से संक्रमित मरीजों के उपचार के लिए रेमडेसिविर इंजेक्शन की मांग में बढ़ोत्तरी हुई है. इन परिस्थितियों को देखते हुए छत्तीसगढ़ एपिडेमिक डीजिस कोविड-19 रेगुलेशन 2020 और महामारी अधिनियम 1897 के तहत प्रदत्त शक्तियों के अधीन रेमडेसिविर इंजेक्शन के उपयोग एवं रिकॉर्ड संधारण के संबंध में दिशा निर्देश जारी गए हैं।
इन बिंदुओं पर देना होगा जानकारी
पत्र में कहा गया है कि अस्पतालों की ओ पी डी में रेमडेसिविर लगाना प्रोटोकॉल के खिलाफ है. रेमडेसिविर के उपलब्ध स्टॉक की एन्ट्री खाली वायल, किसको लगाया गया इसकी समीक्षा और निरीक्षण जिला प्रशासन और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी करेंगे. अस्पताल प्रबंधन प्रतिदिन रेमडेसिविर के उपलब्ध स्टॉक, खपत और मांग के संबंध में पिछले दिनों की जानकारी सुबह 11 बजे मुख्य चिकित्सा एंव स्वास्थ्य अधिकारी र्को अनिवार्यतः भेजा जाए।
निर्देश में कहा गया है कि जिले के डेडिकेटेड कोविड अस्पतालों और कोविड केयर सेंटर के लिए आबंटित रेमडेसिविर इंजेक्शन का स्टाक रेडक्रॉस स्टोर या शासकीय संस्था द्वारा संचालित जनऔषधि केन्द्रों में नहीं दिया जाए, ताकि कोविड-19 अस्पतालों में यह पर्याप्त उपलब्ध रहे।
गलत जानकारी अपलोड करने पर होगी कार्रवाई
मॉनिटरिंग सिस्टम पोर्टल पर निजी कोविड अस्पतालों में बेड उपलब्धता की रियल टाइम अनुसार सही जानकारी दिन में 4 से पांच बार अपडेट किया जाए. पोर्टल पर दी गई बिस्तरों की जानकारी के संबंध में जिला प्रशासन और मुख्य चिकित्सा और स्वास्थ्य अधिकारी के द्वारा समीक्षा और औचक निरीक्षण किया जाएगा. पोर्टल पर गलत जानकारी की पुष्टि होने पर कोविड उपचार की अनुमति निरस्त करने की कार्रवाई की जाएगी।


panchayattantra24.com,रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को पत्र लिखा है. रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट को अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट के रूप में अपग्रेड करने का अनुरोध किया है. उन्होंने पत्र में कहा कि कोविड महामारी के कारण वैश्विक आर्थिक मंदी के बावजूद छत्तीसगढ़ देश के सबसे तेजी से बढ़ते राज्यों में से एक रहा है. औद्योगिक मोर्चे पर राज्य के समृद्ध खनिज संसाधनों पर आधारित लोहा और इस्पात, सीमेंट, विद्युत और अन्य कोर क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के बाद छत्तीसगढ़ विकास की और अधिक बेहतर संभावनाओं के लिए तैयार है।
सीएम ने पत्र में लिखा कि रायपुर में स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट के 2012 में नए टर्मिनल की कमीशनिंग के कुछ ही वर्षों के बाद स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट को दो बार गैर-मेट्रो श्रेणी में सर्वश्रेष्ठ हवाई अड्डे के रूप में मान्यता प्रदान की गई. हमें दृढ़ विश्वास है कि रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट को अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट के रूप में अपग्रेड करने और कार्गो हब की उपलब्धता से राज्य के विकास की क्षमता को और अधिक मजबूती मिलेगी. साथ ही इससे छत्तीसगढ़ राज्य को देश के केंद्रस्थल में स्थित होने का बेहतर लाभ भी प्राप्त हो सकेगा।
मुख्यमंत्री बघेल ने पत्र में उल्लेख किया है कि हम ‘नया रायपुर’ को इलेक्ट्रॉनिक्स, आईटी / आईटीईएस और जैव प्रौद्योगिकी उद्योग के लिए आदर्श निवेश गंतव्य के रूप में स्थापित किए जाने को बढ़ावा दे रहे हैं. अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा इस इको-सिस्टम का अत्यंत महत्वपूर्ण घटक है. अंतरराष्ट्रीय उद्यमियों और निवेशकों के लिए अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के माध्यम से निवेश की गति को प्रोत्साहन मिलेगा. आजीविका की तलाश में राज्य से बाहर पलायन की स्थिति कम होगी. साथ ही रोजगार के अवसर उत्पन्न होने से छत्तीसगढ़ की अर्थव्यवस्था के विकास को गति मिलेगी।
राज्य में निर्यात के लिए हमारी तैयारियों को प्रदर्शित करते हुए राज्य और जिलास्तरीय निर्यात संवर्धन समितियाँ पहले ही क्रियाशील हो गई हैं. हमारी नई औद्योगिक नीति में बागवानी और गौण वनोपजों पर आधारित खाद्य प्रसंस्करण उद्योग पर विशेष फोकस है, जिसमें निर्यात की अपार संभावनाएं हैं. राज्य की प्रशासनिक मशीनरी ने भी इस क्षमता का उपयोग करने अपनी तैयारी पूरी कर ली है।
टर्मिनल भवन को कार्गो हब में परिवर्तित करने की मंजूरी
इस दिशा में एक कदम आगे बढ़ाते हुए राज्य सरकार द्वारा एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया को 344 एकड़ भूमि अंतरराष्ट्रीय मानकों के लिए रनवे का विस्तार करने के लिए प्रदान की गई है. रनवे की लंबाई 7500 फीट तक बढ़ा दी गई है. पुराने टर्मिनल भवन को कार्गो हब में परिवर्तित करने की सैद्धांतिक मंजूरी पहले से ही प्रदान कर दी गई है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से अनुरोध
राज्य सरकार पुराने टर्मिनल को कार्गो हैंडलिंग फैसिलिटी के रूपांतरण में शामिल खर्च को वहन करने को तैयार है. स्वामी विवेकानंद हवाई अड्डे को अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट घोषित करना महान संत विवेकानंद जी को एक श्रद्धांजलि होगी. मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पत्र के अंत मे स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट के पुराने टर्मिनल को कार्गो हब और ‘स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट ‘ को अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट घोषित करने का प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को दोबारा अनुरोध किया है।

panchayattantra24.com,रायपुर। कोरोना के बढ़ते प्रकोप के बीच छत्तीसगढ़ का स्वास्थ्य विभाग असहाय नजऱ आ रहा है जब कि 15000 डोज़ रायपुर आ चुके हैं। सरकार को चाहिए की वितरण व्यवस्था को दुरु स्त करें। मरीज के परिजन अपने माध्यम से ऊँचे दामों में खरीद कर निजी अस्पताल वालो को देकर लगवा रहे है। सवाल ये उठता है कि जब मार्किट में रेमडेसिविर इंजेक्शन है ही नहीं तो मरीजों के परिजनों को कहाँ से मिल जा रहा है। जिस प्रकार कल सिम्स बिलासपुर के एक चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी ने जब उसकी माँ का निधन सिम्स बिलासपुर में ही ऑक्सीजन और इंजेक्शन की कमी के कारण हुए मौत के बाद उन्होंने बताया था कि वीआईपी के लिए बेड ऑक्सीजन और इंजेक्शन था। कहीं रायपुर में भी तो वीआईपी के लिए इंजेक्शन को सुरक्षित नहीं रख लिया गया है। कलेक्टर रायपुर को फोन लगाने पर वे उठाते नहीं यही स्थिति कमोबेश राज्य के स्वास्थ्य मंत्री और अमले का है कोई जानकारी देने उपलब्ध नहीं है। उदहारण के तौर पर रायपुर के कई निजी नर्सिंग होम में मरीजों को इस बिना पर भर्ती कर लिया जाता है कि इंजेक्शन हम लगाएंगे जबकि एक इंजेक्शन लगाकर बाकी के इंजेक्शन मरीज के परिजनों को व्यवस्था करने बोल दिया जाता है । मरीज के परिजन इंजेक्शन के भटक रहे हैं। विपक्षी नेता अजय चंद्राकर की माने तो उनके आरोप सही दिखते हैं। स्वास्थ्य मंत्री सिंहदेव का बयान था कि सोचीसमझी रणनीति के तहत गलत तथ्यों को प्रस्तुत कर स्वास्थ्य विभाग और राज्य सरकार के काम को कमतर बताने की कोशिश हो रही है। जबकि आज की स्थिति ये बयां कर रही है कि विपक्ष द्वारा लगाए गए आरोप सही जान पड़ते हैं। अस्पतालों में रेमडेसिविर इंजेक्शन है ही नहीं अगर होती तो मरीज को एक इंजेक्शन लगाकर बाकी के लिए परिजनो को क्यों बोला जाता। स्वास्थ्य विभाग खुद अपने कार्यकलापों से राज्य शासन का नाम बदनाम करने में लगी हुई है। स्वस्थ्य मंत्री को खुद इसकी गहन मॉनिटरिंग करनी चाहिए। हालांकि रेमडेसिविर की खरीदी पर स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर को करारा जवाब देते हुए कहा कि भाजपा के जनप्रतिनिधि भ्रामक और तथ्यहीन कुप्रचार करने में लगे है। सोची समझी साजिश के तहत गलत तथ्यों को प्रस्तुत कर राज्य सरकार और स्वास्थ्य विभाग के कार्यों को कमतर बताने का षडयंत्र रचा जा रहा है। स्वास्थ्य मंत्री ने दस्तावेज के सात कहा कि जिस कीमत पर रेमडेसिविर की खरीदी की है उससे ज्यादा कीमत पर तो मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, गुजरात और आंध्रप्रदेश ने इसकी खरीदी की है। सिंहदेव ने कहा कि जो वायल इन राज्यों में 1568 रुपए की दर से खरीदी उसे हमने तो 1400 रूपए की दर से खरीदा है। सिंहदेव ने भाजपा नेताओं द्वारा लगाए जा रहे आरोपों पर बरसते हुए कहा कि भाजपा नेता सोची-समझी रणनीति के तहत गलत तथ्यों के साथ छत्तीसगढ़ सरकार और स्वास्थ्य विभाग की छवि को खराब करना चाहते हैं।
सिंहदेव ने सांसद सुनील सोनी और पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर द्वारा उठाए गए सवालों का जवाब देते हुए कहा कि पूर्व में महसूस होता था कि सकारात्मक सुझाव मिल रहे हैं और साथ मिलकर कार्य हो रहे हैं लेकिन अब ऐसा लगता है कि भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ जनप्रतिनिधि दुष्प्रचार में संलग्न हो गए हैं। सिंहदेव ने कहा कि दूसरे राज्यों द्वारा खरीदे गए रेमडेसिविर की पर्ची सार्वजनिक करते हुए कहा कि 22 मार्च को महाराष्ट्र ने 595 में रेमडेसिविर खरीदी तो 16 अप्रैल को छत्तीसगढ़ ने 1400 में रेमडिसिविर इसलिए खरीदी है क्योंकि बाजार में सामान के दाम परिस्थिति के अनुसार बदलते रहते हैं औैर दवाओं की कीमत पर भी इसका असर पड़ा।
सिंहदेव ने कहा कि छत्तीसगढ़ ने सिपला कंपनी के साथ अनुबंध किया था, जिसे वह पूरा करने से वह पीछे हट गई। इस दौरान छत्तीसगढ़ में रेमडेसिविर की अत्यंत आवश्यकता थी, जरूरत औैर जनभावना को देखते हुए हमारी सरकार ने इसकी खरीदी के लिए एमरजेंसी में टेंडर बुलवाया था। सिंहदेव ने गुजरात, आंध्रप्रदेश, महाराष्ट्र और मध्यप्रदेश के आंकड़े सामने रखे जिसमें उन सभी राज्यों ने 1568 रूपए में रेमडेसिविर की खरीदी की है। सिंहदेव ने कहा कि जब दवा उपलब्ध नहीं होगी तब राज्यों ने महंगे दाम पर भी इस दवा को खरीदने का निर्णय लिया होगा। सिंहदेव ने कहा कि इन सभी दरों की समीक्षा करने के बाद विषम परिस्थितियों में छत्तीसगढ़ स्वास्थ्य विभाग द्वारा यह आदेश दिया गया कि जब सारे देश में 1400में ही यह दवा उपलब्ध हो रही है तब प्रदेश के लोगों के असंतोष को देखते हुए हमनें इसी दर में इसकी खरीदने का निर्णय लिया।
केंद्र सरकार ने 3400 रेट तय किया है
सिंहदेव ने भारत सरकार का पत्र सार्वजनिक करते हुए यह भी कहा कि माईलन कंपनी जिससे छत्तीसगढ़ सरकार ने यह दवाई खरीदी है इस कंपनी के लिए भारत सरकार की ओर से 4800 की दर को घटाकर 3400 रुपए निर्धारित किया है। लेकिन छत्तीसगढ़ स्वास्थ्य विभाग ने भारत सरकार द्वारा निर्धारित दर से भी कम में यानी 1400 रूपए में यह दवा खरीदी है। इसके बाद भी गलतबयानी या आरोप के जरिये भ्रम फैलाने की जो कोशिश की जा रही है वह कोरोना की विरुद्ध जंग में सकारात्मक प्रयास नहीं हो सकता है।
726 रुपए की दवाई को 1500 में खरीदी
वहीं मार्च में जारी की गई निविदा में प्राइज बिड के बाद तीन एजेंसियों के रेट लिए गए जिसमें एल-3आई कंपनी जिसने 726 रुपए की दर से रेट कोड किया। अब उसी से 1500 रुपए के हिसाब से खरीदी की जा रही है। जबकि पहले की दर व अब की दोनों ही सीजीएमएससी के पास मौजूद है।
किट कंपनी ने भी लगाया चूना
इसी तरह रैपिड एंटीजन कोविड टेस्ट के लिए निविदा सोमवार को खोली गई जिसमें निजी एजेंसी से 123 रुपए 20 प्रति किट के हिसाब खरीदी की जा रही है। 10 लाख किट रायपुर पहुंच गई है पूर्व में इसी कंपनी से 300 रुपए में सप्लाई की थी, असम और मध्यप्रदेश में आधे दाम में दी थी। निजी अस्पतालों में महंगी दवाई और इंजेक्शन चोरी का खुलासा मरीज मरे तो मरे, नर्स दवाई-इंजेक्शन की चोरी कर हो गई मालामाल भोपाल में एक नर्स रेमडेसिविर की जगह लगाती थी पानी वाला इंजेक्शन अस्पताल से इंजेक्शन चुराती थी नर्स, बाहर ब्लैक में बेचता था बॉयफ्रेंड
अस्पताल के कर्मी ही कर रहे रेमडेसिविर की चोरी
विगत दिनों एक निजी अस्पताल और प्रदेश के सबसे बड़े अंबेडकर अस्पताल में कांग्रेस नेता की शिकायत पर पुलिस ने दो आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया। उसके बाद से ही ब्लेकमेलर मरीज के नाम से 6 डोज की पर्ची लिखाकर 6 रेमडेसिविर इंजेक्शन लेकर मरीज को सिर्फ एक इंजेक्शन देता था और शेष पांच को बाजार में मनमाने दाम पर बेच देता था। इसी तरह की घटना की पुनरावृत्ति भोपाल में हुई जहां नर्स पानी वाला इंजेक्शन मरीज को लगाकर रेमडेसिविर चोरी कर लेती थी, जिसे उसका ब्वाय फ्रेंड महंगे दाम पर बेच कर अय्याशी करता था। निजी अस्पताल में भर्ती मरीजों को लगता था कि नर्स ने रेमडेसिविर लगा दिया है जबकि नर्स रेमडेसिविर चोरी कर लेती थी। और अपने ब्वायफें्रड को बेचने के लिए दे देती थी, इसका खुलासा पकड़े गए नर्स के ब्वायफ्रेंड ने किया है। राजधानी में विश्वस्त सूत्रों ने जानकारी दी है कि रायपुर सहित प्रदेश के हर अस्पताल में स्टाफ नर्स और मेडिकल स्टाफ मिलकर महंगी दवाई और इंजेक्शन की चोरी को अंजाम दे रहे जिस पर निगरानी बहुत जरूरी है। मध्य प्रदेश में लगातार बढ़ते कोरोना संक्रमण के बीच रेमडेसिविर इंजेक्शन की जबरदस्त मांग है। लेकिन विपदा के समय भी कुछ लोग रेमडेसिविर की कालाबाजारी कर मुनाफा कमाने में लगे हैं। भोपाल पुलिस ने ऐसे ही एक शख्स को गिरफ्तार किया है जो एक निजी अस्पताल में नर्सिंग स्टाफ है और वहां से रेमडेसिविर इंजेक्शन बाहर लाकर ब्लैक में बेचता था। हैरानी की बात यह है कि आरोपी युवक को रेमडेसिविर इंजेक्शन अस्पताल में ही बतौर नर्स काम करने वाली उसकी गर्लफ्रेंड चुरा कर देती थी। भोपाल पुलिस ने जेके अस्पताल के बाहर एक शख्स रेमडेसिविर इंजेक्शन बेचने के लिए खड़े होने की सूचना पर घेराबंदी की। पुलिस ने जाल बिछाकर जब इस शख्स को पकड़ा तो उसकी जेब से रेमडेसिविर इंजेक्शन का एक वायल मिला। जब उससे इससे जुड़े कागज मांगे गए तो उसने इस का बिल या कोई और कागज होने से मना कर दिया। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसका नाम झलकन सिंह मीणा है और वो जेके अस्पताल में बतौर नर्सिंग स्टाफ काम करता है. आरोपी ने बताया कि अस्पताल में ही उसके साथ काम करने वाली उसकी गर्लफ्रेंड शालिनी वर्मा कोरोना मरीज को लगने वाले रेमडेसिविर इंजेक्शन को चुरा कर उसे देती थी और कोरोना मरीज को रेमडेसिविर की बजाय सामान्य इंजेक्शन लगा देती थी। पूछताछ में आरोपी ने बताया उसने और उसकी गर्लफ्रेंड ने मिलकर पहले भी रेमडेसिविर इंजेक्शन को 20 हजार से लेकर 30 हजार रुपए तक में बेचा है। आरोपी ने बताया कि 16 अप्रैल को ही एक रेमडेसिविर इंजेक्शन चुराकर अस्पताल के ही एक डॉक्टर को करीब 13 हजार रुपए में बेचा था। फिलहाल पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपी झलकन सिंह मीणा को गिरफ्तार कर लिया है जबकि उसकी गर्लफ्रेंड शालिनी वर्मा की तलाश की जा रही है।

panchayattantra24.com,रायपुर। राजधानी में जारी लॉकडाउन के बाद भी शहर में एक ऐसी गली है जिस गली में खुलेआम नशा बिकता है। अवैध शराब, गांजा, सट्टा-जुआ इसी गली में चलता है। एक बात गौर करने वाली यह है कि 1000 मीटर की इस गली में इतना सब कारोबार कैसे चलता है। लेकिन इस बात में काफी सच्चाई है कि तेलीबांधा स्थित देवार बस्ती में सारे असामाजिक तत्वों का डेरा है और यहा सिर्फ अपराधिक गतिविधि वाले लोग ही रहते है। राजधानी के पॉश एरिया के नजदीक यह धारावी बस्ती नासूर बनकर पूरे शहर को अपने गिरफ्त लेने के लिए पैर पसार चुका है। जो आगे चलकर यहां के रिहायशियों के लिए परेशानी का सबब बनेगा, ऐसा मोहल्ले के लोगों का कहना है। पुलिस तो इसे धारावी बनने से पहले ही काले कारोबार को पूरी तरह नेस्तानबूत करना चाहिए, जिससे यहां रहने वाले लोग अपराध की दुनिया के बेताज बादशाह ना बन जाए है।
धारावी बस्ती में चल रहा आपराधिक कारोबार: रायपुर में एक बस्ती पूरी तरह धारावी के रंग में रंग चुकी है। यहां किसी का नियंत्रण आज तक नहीं हो पाया है। राजधानी के कुख्यात अपराधिक क्षेत्र तेलीबांधा की देवार बस्ती का, जहां गांजा, चरस, अफीम, ड्रग्स, हुक्का, शराब, सिरप, नशीली दवाई बहुत आसानी से मिल जाता है। सरकार की तमाम योजनाओं की सुविधाएं इस गरीब बस्ती वालों को मिलने के बाद भी न तो यहां की तस्वीर बदली और न ही यहां के लोगों की तकदीर बदली। बस एक ढर्रे पर जिंदगी घिसटती जा रही है। राजधानी पुलिस और समाज सेवी संगठन यहां हजारों शिविर और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर चुके है।
नशे का गढ़ बना रायपुर का तेलीबांधा तेलीबांधा इलाके में नशीले पदार्थ खुलेआम बिक रहे है। स्थानीय एवं मौहल्ले के लोगों का कहना है कि यह काम पूरी तरह से पुलिस की जानकारी में हो रहा है। पुलिस विभाग के निचले स्तर के कर्मचारी ऊपर अधिकारियों को जानकारी नहीं देते, इसलिए उच्च अधिकारी वस्तुस्थिति से अनभिज्ञ रहते है। सूत्रों की माने तो यहाँ पर रोजाना लाखों के ड्रग्स की बिक्री होती है, साथ ही रोजाना अमूमन 30 पेटी शराब की बिक्री होती है। लोग साफ तौर पर पुलिस की मिलीभगत की की बात करते है। पीसीआर वेन के कर्मचारियों को लोग इसका जिम्मेदार मानते है । खुलेआम लिफाफा लेते भी देखा जा सकता है। सूचना पुलिस को दी गई लेकिन पुलिस इस मामले में खामोश है। जो नशीला पदार्थ रायपुर में कही नहीं मिलता, वह तेलीबांधा स्थित धारावी बस्ती में आसानी से उपलब्ध हो जाता है।
सूरज ढलते ही नशा उफान पर सूरज ढलते ही नशे के कारोबारी खुलेआम खरीद-फरोख्त करते देखे जा सकते है। वैसे उनको सूरज ढलने का इंतेजार नहीं रहता, दिन के उजाले में भी वे खुलेआम अपने काम को अंजाम देते है। बस ये लोग ऊपर वाले को भेंट पूजा करते रहते है। बस्ती के लोगों का कहना है कि नशे के कारोबार में बस्ती के काफी लोग संलिप्त है और आसानी से उनके काम संचालित हो रहे है। उनके खिलाफ बोलने की हिम्मत किसी में नहीं है। अगर किसी ने हिमाकत की तो उसका हाथ पैर टूटना तय माना जाता है। अपराधी बेखौफ होकर अपने काम अंजाम दे रहे और पुलिस तमाशबीन बनी हुई है। जिसके कारण आए दिन यहां नए-नए अपराध हो रहे है।
युवाओं में बढ़ता नशा राजधानी के चारों कोनों में ब्राउन शुगर, गांजा, शराब, चरस के सौदागरों ने जाल बिछा रखा है। राजधानी में बेखौफ ब्राउन शुगर सहित अन्य नशीले पदार्थ खुलेआम बिक रहे हैं। युवा पीढ़ी ब्राउन शुगर के नशे में मदहोश है। नशे की हालत में उन्हें ये पता नहीं चलता की वो क्या कर रहे है, किसको क्या बोल रहे हैं और किससे क्या बात कर रहे हैं। राजधानी में युवाओं को नासूर रोग लग चुका है। जिसका समय रहते इलाज करना बहुत ही जरूरी हो गया है, नहीं तो यह रोग युवाओं को पूरी तरह तवाह कर देगी। प्रदेश सहित राजधानी में नशे की लत ने युवा पीढ़ी को बर्बादी के कगार में लाकर खड़े कर दिया है, जो घर-परिवार के साथ समाज के लिए हानिकारक साबित होते जा रहा हैं। ऑर्डर मिलते ही बाइक में डिलीवरी : शहर में नशे का कारोबार हाईटेक तरीके से हो रहा है। नशे के कारोबार में लिप्त युवा शहर के युवा गली-चौराहों से ही अपने अवैध कारोबार को चलाते हैं। ये अपने साथ बाइक में ही नशे का सामान अपने साथ रखते हैं। ग्राहक का ऑर्डर आते ही उसके स्थान पर नशे की पुडिय़ा पहुंचा दी जाती है। नशे का कारोबार करने वाले युवा इस दौरान उन्हीं को सामान देते हैं जो उनके विश्वास पात्र होते हैं। वे अपने साथ बाइक में सिर्फ उतना ही सामान रखकर चलते हैं जितने का उन्हें ऑर्डर मिलता है।

panchayattantra24.com, रायपुर। कोरोना महामारी के बीच मौसम में भी बदलाव हो सकता है। वही कई राज्यों में आंधी-तूफान के साथ बारिश के आसार बन रहे हैं। मौसम विभाग के मुताबिक जम्मू कश्मीर, लद्दाख, पंजाब, दिल्ली, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, बिहार में भी हल्की बारिश हो सकती है। इसके साथ ही हवाएं भी तेज चलेंगी। विभाग के अनुसार झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, छत्तीसगढ़, विदर्भ, तेलंगाना, तटीय आंध्र प्रदेश, रायलसीमा, तमिनालडु, पुड्डुचेरी, केरल में भी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, अरुणाचल प्रदेश और सिक्किम में भी बारिश के आसार हैं। विभाग ने इन सभी राज्यों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही पूर्वोत्तर राज्य असम और मेघालय में भी तेज हवाओं और बारिश के आसार हैं।