Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
Browsing: रायपुर

पंचायत तंत्र-रायपुर । अपराधियों को पकड़ना इस बात पर निर्भर करता है कि घटना के बाद पुलिस का रिस्पॉन्स कैसा रहा। पुलिस त्वरित कार्रवाई में जुट जाए तो अपराधों की गुत्थी आसानी से सुलझायी जा सकती है। इसके साथ ही जनता में पुलिस के प्रति विश्वास भी बढ़ता है। पुलिस को सफलता तभी मिलती है जब पूरी टीम ने कोशिश की हो। उक्त बातें डीजीपी डीएम अवस्थी ने इंद्रधनुष सम्मान समारोह में पुलिसकर्मियों को सम्मानित करते हुए कहीं। सम्मान समारोह में बिलासपुर आईजी दीपांशु काबरा, रायपुर आईजी डॉ आनंद छावड़ा, बलौदाबाजार एसपी आई कल्याण एलिसेला, रायगढ़ एसपी संतोष कुमार सिंह और अपराधियों को पकड़ने में शामिल पैंतालीस पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित किया गया।
उल्लेखनीय है कि हाल में ही रायगढ़ में कैश वैन लूटकांड, हत्या और बलौदाबाजार में डकैती की घटना पुलिस द्वारा चौबीस घंटे के अंदर सुलझा ली गयी थी। पुलिस द्वारा तत्काल अपराधियों को पकड़ने के बाद डीजीपी ने पुलिस टीम को सम्मानित करने की घोषणा की थी। कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि बड़े ही गर्व की बात है कि छत्तीसगढ़ पुलिस आपराधिक घटनाओं को तत्काल सुलझा ले रही है। अपराध घटित होने के बाद जब एसपी से लेकर सिपाही तक मिलकर केस सुलझाने में जुट जाते हैं तो अपराधी पुलिस की पकड़ में जल्दी आते हैं। इस अवसर पर एआईजी राजेश अग्रवाल, रायगढ़ एएसपी अभिषेक वर्मा, बलौदाबाजार एएसपी निवेदिता पाल एवं अन्य पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।

पंचायत तंत्र- रायपुर। भूपेश कैबिनेट के चार मंत्री आज दोपहर राजभवन पहुँचे. मंत्रियों ने राज्यपाल अनुसुईया उइके से मुलाकात की. मुलाकात करने वालों में कृषि मंत्री रविन्द्र चौबे, वन मंंत्री मो. अकबर, उच्च शिक्षा मंत्री उमेश पटेल और नगरीय प्रशासन मंत्री शिव डहरिया शामिल रहें ।
राजभवन से बाहर आने के बाद पत्रकारों से चर्चा में मंत्री रविन्द्र चौबे ने कहा कि यह मुलाकात सामान्य भेंट थी. लेकिन कुछ महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा भी हुई. दरअसल प्रदेश सरकार की ओर से जिन बिलों का लाया गया है उस पर राज्यपाल का अनुमोदन बाकी था, उन बिलों को लेकर चर्चा हुई. इनमें कुलपतियों की नियुक्ति, विवि के नामकरण में बदलाव, यूजीसी ग्रांट सहित कई विधेयक शामिल हैं. इन विधेयकों पर राज्यपाल से अनुमोदन ली गई है ।

पंचायत तंत्र-रायपुर । एलईडी टीवी बेचने का झांसा देकर कारोबारी से 3 लाख की ठगी का मामला सामने आया है. पीड़ित की शिकायत पर मौदहापारा थाना में आरोपी के खिलाफ धारा 420 के तहत अपराध दर्ज कर पतासाजी की जा रही है।
कोतवाली सीएसपी देवचरण पटेल के मुताबिक, आवेदक गुलाब चंद जैन ने मौदहापारा थाना में धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराई थी, जिसमें इंदौर निवासी आरोपी विशाल जैन द्वारा पीड़ित गुलाबचन्द जैन से 22 लाख रुपए में 420 नग एलईडी टीवी बेचने का सौदा किया था. इसके एवज में आरोपी ने 3.50 लाख रुपए एडवांस के रूप में अपने खाते में डलवा लिया गया, लेकिन इसके बाद टीवी नहीं आने पर प्रार्थी के कहने पर आरोपी ने सिर्फ 50 हजार रुपए वापस किया है. प्रार्थी ने अपने साथ ही धोखाधड़ी पर मौदहापारा थाना में शिकायत दर्ज कराई है।

पंचायत तंत्र – रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज प्रदेश के सात जिलों में स्थित वृद्धाश्रमों के बुजुर्गाें से वीडियो काॅन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बातचीत कर उनका हाल-चाल पूछा. बुजुर्गाें के स्वास्थ्य, वृद्धाश्रम में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली. मुख्यमंत्री ने बुजुर्गाें से कहा कि कोरोना वैश्विक महामारी के कारण रोजमर्रा के जीवन में परिवर्तन आया है. आज सबसे बड़ी आवश्यकता सुरक्षित रहने की है ।
मुख्यमंत्री ने बुजुर्गाे से चर्चा के दौरान कहा कि मैं अपने परिवार के सियान लोगों से मिल रहा हूं. वे स्वस्थ्य और वृद्धाश्रम में खुश हैं, यह देखकर अच्छा लगा. मुख्यमंत्री ने बड़ी आत्मीयता से बातचीत की और बातचीत की शुरूआत में उन्हें प्रणाम किया. बुजुर्गाे ने मुख्यमंत्री को आशीर्वाद दिया. वे इस बात से खुश थे कि प्रदेश के मुखिया भूपेश बघेल ने स्वयं परिवार के सदस्य की भांति उनकी सुध ली. बुजुर्गाें से बातचीत के दौरान भावुकता के क्षण भी आए. जब बघेल ने उनसे पूछा कि आपके परिवार के लोग उनसे मिलने आते हैं क्या ? बुजुर्गाें ने नम आंखों से कहा कि समय-समय पर परिवार के लोग मिलने आते हैं ।
जांजगीर के देव समिति की बुजुर्ग महिला पूर्णिमा थवाईत ने बताया कि वे पिछले 15 सालों से वृद्धाश्रम में रह रही है. परिवार के लोग उनसे बीच-बीच में मिलने आते हैं. मुख्यमंत्री ने जब उनसे पूछा कि आश्रम की साफ-सफाई कैसी है, तो पूर्णिमा थवाईत ने कहा कि बढ़िया है. उन्होंने मुख्यमंत्री को स्वयं आकर वृद्धाश्रम की व्यवस्था देखने के लिए आमंत्रित भी किया. मुख्यमंत्री ने बुजुर्गों से वृद्धाश्रम की दैनिक गतिविधियों और कोरोना से बचाव के लिए अपनायी जा रही सावधानियों का भी जायजा लिया ।
बघेल ने बुजुर्गाें से कहा कि बच्चों और बुजुर्गाें में संक्रमण की ज्यादा संभावना रहती है. बच्चों और बुजुर्गाें को ज्यादा सावधान रहने की आवश्यकता है. उन्होंने कहा कि वृद्धाश्रम में बाहर से आने वाले लोगों से मास्क लगाकर दूर से बात करें, सेनेटाईजर का उपयोग करें, साबुन से हाथ धोते रहे और अपने स्वास्थ्य का ख्याल रखें. मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना संक्रमण से बचने के लिए राज्य सरकार द्वारा जारी किए गए निर्देशों का लोगों ने पालन किया है. जिसके कारण छत्तीसगढ़ में कोरोना संक्रमण की रोकथाम में काफी हदतक सफलता मिली ।
मुख्यमंत्री ने गरियाबंद जिले के ग्राम भिलाई में प्रेरक संस्था द्वारा संचालित सियान सेवा सदन, मुंगेली में छत्तीसगढ़ शबरी सेवा संस्थान द्वारा संचालित वृद्धाश्रम, राजनांदगांव में समता मंच द्वारा संचालित वृद्धाश्रम, रायगढ़ और बस्तर में भारतीय रेडक्रास सोसायटी, बिलासपुर में जनपरिषद द्वारा और जांजगीर-चांपा में देव सेवा समिति द्वारा संचालित वृद्धाश्रम के वृद्धजनों से बातचीत की. गरियाबंद के भिलाई ग्राम के सियान सेवा सदन की वृद्ध महिला मीरा बाई साहू ने मुख्यमंत्री को बताया कि वृद्धाश्रम में अच्छी व्यवस्था है, सभी लोग स्वस्थ्य है. चाय और नश्ता समय पर मिलता है, समय-समय पर डाॅक्टर भी आते हैं, दवाई मिलती है. इसी वृद्धाश्रम की दुलारी बाई से मुख्यमंत्री ने पूछा कि वृद्धाश्रम में काम करने वाले कर्मचारियों से परेशानी तो नहीं है, उनका व्यवहार आप के साथ कैसा है. उन्होंने बताया कि कर्मचारियों से उन्हें कोई परेशानी नहीं है ।
मुंगेली के वृद्धाश्रम के सदानंद सोनी ने बताया कि वृद्धाश्रम आश्रम में साफ-सफाई अच्छी, दवा-पानी सब मिलता है, बिस्तर और कपड़े की साफ-सफाई होती है. कर्मचारी सेवा भाव से उनकी देखभाल कर रहे हैं. राजनांदगांव वृद्धाश्रम की दुरपति ने बताया कि सभी लोगों का स्वास्थ्य अच्छा है, सबेरे नाश्ता, दोपहर का भोजन और रात का खाना समय पर मिलता है. बस्तर के आस्था निकुंज वृद्धाश्रम की राधा बाई और ऊषा बाई ने बताया कि उनका स्वास्थ्य ठीक है. उन्होंने बताया कि आश्रम की सभी व्यवस्थाएं ठीक चल रही है और कोई दिक्कत नहीं है ।

पंचायत तंत्र- रायपुर। वनमंत्री मोहम्मद अकबर ने कोरबा में 25 दिन से बीमार हाथी की मौत पर दुख जताया है। उन्होने कहा कि अफसोस की बात है कि हाथी को बचाने में एड़ी चोटी का जोर लगाने के बाद भी वो नहीं बच पाया। अकबर ने हाथी को ठीक करने के लिए श्रेष्ठ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराईं गईं। दुनिया के नामचीन हाथी एक्सपर्ट की सेवाएं ली गईं। जो विभाग की हाथियों के प्रति संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
गौरतलब है कि कोरबा में 25 दिन से बीमार हाथी की आज मौत हो गई। इस मौत पर नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक ने लगातार हाथियो की मौत पर चिंता जताई थी। कौशिक ने कहा है कि हाथियों के संरक्षण में प्रदेश सरकार नाकाम रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में वन अमला भी इस दिशा में सही काम नहीं कर पा रहा है। जिसके चलते हाथियों की लगातार मौतें हो रही हैं। उन्होंने कहा कि इस पूरे मसले पर प्रदेश सरकार को गंभीरता से कठोर कदम उठाते हुए दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पूरे मसले पर सरकार को उच्च स्तरीय कमेटी बनाकर जांच करनी चाहिए ताकि स्पष्ट हो सके कि आखिरकार इन हाथियों की मौत के पीछे की वजह क्या है ? ताकि पता चल सके कि संदिग्ध परिस्थितियों में हाथियों की मौतें कैसे लगातार हो रही है।
अकबर ने धरमलाल कौशिक के हाथी की मौत पर लगे आरोपो को मनगढंत और बेबुनियाद करार दिया। उन्होंने कहा कि हाथियों की मौत पर उन्होंने जो करवाई की है, वैसी करवाई डॉक्टर रमन सिंह ने 15 साल के कार्यकाल में नहीं की है। उन्होनें कहा कि कौशिक का हाथी प्रेम तब कहाँ था जब रमन सिंह की सरकार लेमरू का फ़ाइल बरसो दबा कर रखी हुई थी। कौशिक अगर हाथियों को लेकर गंभीर हैं तो बताएं जब प्रस्तावित लेमरु प्रोजेक्ट के अंदर भारत सरकार ने कोल ब्लॉक की नीलामी की घोषणा की तो उन्होंने क्या किया। उन्होंने कहा कि कौशिक का अचानक उमड़ा हाथी प्रेम नकली है।
दूसरी तरफ़, अकबर ने कहा कि हाथी जब से बीमार होकर आया था। तब से उसे सबसे बेहतर इलाज दिया जा रहा था। किंतु तमाम कोशिश के बाद भी उसके बचाया नहीं जा सका। अकबर ने कहा कि जब ये हाथी गांव में आया था तब वो बेहद बीमार था। इसके बीमार होने की खबर पाकर वन विभाग का पूरा अमला मौके पर पंहुचा और उसका इलाज शुरू हुआ। पीसीसीएफ वाइल्ड लाइफ समेत दूसरे वरिष्ठ अधिकारी वहां कई रात डटे रहे। हाथी को ग्लूकोस दिया गया, दलिया खिलाया गया। हाथी के पेट मे जब खाना गया तो उसके पेट से बड़े-बड़े कीड़े निकले। तत्काल उसका डीवर्मिंग करते हुए इल्ज जारी रखा गया। उसे लगातार दलिया, कोमल पत्ते और फीड सपलिनेंट्स दिये जा रहे थे जिससे वो ठीक हो।
लेकिन हाथी की सेहत सुधरने के बाद भी अपने पैरों पर खड़ा नहीं हो पा रहा था। उसे कई-कई दिन क्रेन के सहारे खड़ा करने की कोशिश की गई लेकिन वो खड़ा नहीं हो पाया। उसकी देखरेख में लगातार वन विभाग के कर्मचारी और अधिकारी लगे रहे। वो ठीक हो जाये इसलिए वन विभाग ने हाथी के नामचीन एक्सपर्ट डॉक्टर अरुण और डॉक्टर प्रसाद को भी बुलाया। उसके इलाज में वन विभाग ने कोई कसर नहीं छोड़ी लेकिन तमाम कोशिशों के बाद हाथी को बचाया नहीं जा सका।

पंचायत तंत्र – रायपुर । मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के 18 अप्रैल 2018 को किए गए एक ट्वीट पर रमन ने ये तंज कसा है. तब विपक्ष की लड़ाई कांग्रेस ने विकास की चिड़िया गुमशुदा बताते हुए एक मुहिम छेड़ी थी. अब रमन सिंह ने उसी ट्वीट पर पलटवार किया है और पूछा है कि विकास की चिड़िया डेढ़ साल से कहाँ उड़ रही है ।
रायपुर। पूर्व सीएम और राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, भूपेश सरकार पर हमला बोलने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ रहे हैं. रमन सिंह ने एक बार फिर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर जमकर निशाना साधा है. उन्होंने ट्वीट कर कहा कि छत्तीसगढ़ में पता नहीं डेढ़ साल से विकास की चिड़िया कहां उड़ रही है. जिन मुद्दों पर चश्मा और आइना दिखाया गया था, जिसमें सब कुछ दिखता था, वो कहां गया ।
रमन सिंह ने ट्विटर पर ट्वीट करते हुए कहा कि…
“विकास की चिड़िया” पता नहीं छत्तीसगढ़ में डेढ़ साल से कहां उड़ रही है? -न सड़क -न अस्पताल -न स्कूल -न कॉलेज -न रोजगार -न शराबबन्दी -न समर्थन मूल्य -न रोजगार भत्ता -न भर्ती -न बकाया बोनस वो ‘चश्मा’ और ‘आईना’ कहाँ गया जिसमें यह सब दिखता है @bhupeshbaghel जी।
“विकास की चिड़िया” पता नहीं छत्तीसगढ़ में डेढ़ साल से कहां उड़ रही है?
-न सड़क, -न अस्पताल, – न स्कूल – न कॉलेज -न रोजगार -न शराबबन्दी -न समर्थन मूल्य -न रोजगार भत्ता -न भर्ती
-न बकाया बोनस
वो ‘चश्मा’ और ‘आईना’ कहाँ गया जिसमें यह सब दिखता है @bhupeshbaghel जी pic.twitter.com/fdAeTLVNvV
— Dr Raman Singh (@drramansingh) July 9, 2020
दरअसल भूपेश बघेल ने विपक्ष में रहते हुए 2018 में गुमशुदा विकास की चिड़िया पर तंज कसते हुए आइना दिखाने की कोशिश की थी. एक के बाद एक कई वीडियो जारी कर चश्मा और आइना के जरिए प्रदेश में विकास के दावों को झूठा बताते हुए दिखाया था. उसी ट्वीट को अपने ट्विटर पर ट्वीट कर रमन ने भूपेश को “विकास की चिड़िया” याद दिलाई है ।
रमन सिंह ने ‘न’ शब्द का उपयोग कर हमला बोला है. उन्होंने ट्वीट पर कहा कि न सड़क, न अस्पताल, न स्कूल, न कॉलेज, न रोजगार, न शराबबन्दी, न समर्थन मूल्य, न रोजगार भत्ता, न भर्ती, न बकाया बोनस. इसके जरिए उन्होंने सीएम भूपेश को उनके द्वारा किए गए वादे की याद दिलाई है. जिन्हें अभी तक पूरा नहीं किया गया है ।
बता दें कि भूपेश बघेल ने 2 साल पहले किए गए अपने ट्वीट में कहा था कि ‘छत्तीसगढ़ राज्य में पिछले 15 सालों से विकास की चिड़िया गायब है, अगर आप में से कोई भी इसके बारे में कोई जानकारी हो तो नीचे दिए गए पते पर अवश्य सूचित करें. मेरे एक अभिन्न मित्र को इसकी सख्त आवश्यकता है’. इसमें बघेल ने विकास की चिड़िया को गुमशुदा बताते हुए तलाश करने की बात कही थी ।

पंचायत तंत्र- रायपुर । वन मंत्री मोहम्मद अकबर ने आज नवा रायपुर स्थित अरण्य भवन में वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए वन मण्डलवार वृक्षारोपण कार्यक्रम की प्रगति की गहन समीक्षा की। उन्होंने वन विभाग को पौधरोपण कार्य में विशेष गति लाते हुए इसे चालू माह के अंत तक अर्थात् 31 जुलाई तक हर हालत में पूर्ण करने के लिए सख्त निर्देश दिए। साथ ही रोपित पौधों की सही देखभाल तथा उनकी सुरक्षा के उपायों पर प्रभावी अमल के लिए विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में बताया गया कि राज्य के समस्त वन मण्डलों में इस वर्ष विभिन्न मदों के अंतर्गत 22 हजार 960 हेक्टेयर रकबा में 2 करोड़ 13 लाख 26 हजार 670 पौधों के रोपण का लक्ष्य रखा गया है। साथ ही आगामी 11 जुलाई को राज्य के वन तथा वनोत्तर क्षेत्रों में 50 हजार किलोग्राम फलदार पौधों के बीज, छह हजार 500 किलोग्राम सब्जी बीज और 25 लाख सीड बॉल की बुआई होगी। इसके अलावा राज्य के सभी गौठानों में लघु वनोपज पर आधारित विभिन्न प्रजाति के लगभग 3.5 लाख पौधों का रोपण किया जाएगा।
वन मंत्री अकबर ने समीक्षा करते हुए वनवृत्त बिलासपुर के अंतर्गत बिलासपुर, मुंगेली तथा कटघोरा वनमण्डलों में वृक्षारोपण कार्य में धीमी प्रगति पर असंतोष व्यक्त किया और पौधरोपण में धीमी प्रगति वाले सभी वनमण्डलों को अपेक्षित गति लाने के लिए सख्त निर्देश दिए। उन्होंने विभागीय कार्यों में गति लाने के लिए वन विभाग के कर्मचारी से लेकर अधिकारी तक समस्त अमला को अपने निर्धारित मुख्यालय में रहना सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए। वन मण्डलों में विभागीय अमले को मुख्यालय से बाहर रहने की सूचना संबंधित वनमण्डलाधिकारी को पहले से देने के लिए निर्देशित किया गया।
वन मंत्री अकबर ने कहा कि बरसात के शुरू होते ही वन क्षेत्रों में खेती के लिए अतिक्रमण की संभावना बढ़ जाती है। इसके मद्देनजर वन विभाग के बीट गार्ड से लेकर वन मण्डलाधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में सजग रहे और अतिक्रमण तथा अवैध कटाई की रोकथाम के लिए कड़ी निगरानी रखे। सभी वनमण्डलाधिकारियों को अपने क्षेत्र में टीम गठित कर निगरानी के लिए गश्त को बढ़ाने के लिए आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र के अंतर्गत वन क्षेत्रों के अतिक्रमण मुक्त संबंधी प्रमाण-पत्र को प्रधान मुख्य वन संरक्षक कार्यालय में 25 जुलाई तक अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराने के लिए भी निर्देशित किया। इस अवसर पर वन विभाग के प्रमुख सचिव मनोज पिंगुआ, प्रधान मुख्य वन संरक्षक राकेश चतुर्वेदी, प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्य प्राणी) पी.व्ही. नरसिम्हा राव, अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक तपेश झा सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।गया।

पंचायत तंत्र-रायपुर । गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू ने बेमेतरा जिले के पुलिस अधीक्षक एवं जवानों के द्वारा अपराधों की रोकथाम और अपराध अन्वेषण एवं खोज-बीन के लिए नवीन तकनीक का उपयोग करने के लिए सम्मानित किया है। गृह मंत्री ने आज अपने रायपुर निवास कार्यालय में विधायक आशीष छाबड़ा की उपस्थिति में पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल और उनकी टीम को शिल्ड और शाल देकर उन्हें सम्मानित किया। मंत्री श्री साहू ने पुलिस अधीक्षक को अपराधों पर नियंत्रण रखने, शहर के मुख्य चौक-चौराहों पर सीसीटीव्ही कैमरा लगाने तथा बेमेतरा में पुलिस कंट्रोल रूम बनाने और तीन पालियों में 24 घंटे कर्मचारियों की ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने ट्रैफिक नियमों का पालन कराने तथा कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए अनिवार्य रूप से मास्क लगाने के लिए लोगों को प्रेरित करने के भी निर्देश दिए। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री पटेल ने घटना की सरसरी तौर पर जानकारी लेते हुए बताया कि पिछले माह तीन जून को अज्ञात ट्रक चालक द्वारा 7 वर्षीय बच्ची का अपहरण कर उसके साथ दुष्कर्म की घटना को गृह मंत्री ने काफी गंभीरता से लेकर तत्काल कार्यवाही के निर्देश दिए थे, चूंकि यह कार्य बड़ी मुश्किल थी इसके लिए नये तकनीक जीपीएस डेटा एनालिसीस का उपयोग करते हुए लगभग 12 हजार ट्रकों की जांच की जाकर 19 जून को अपराधी को गिरफ्तार किया गया।

पंचायत तंत्र- रायपुर । ब्लाक कांग्रेस कमेटी द्वारा बढ़ते पेट्रोल डीजल के दामों को लेकर कांग्रेस का केन्द्र सरकार के खिलाफ लगातार धरना प्रदर्शन जारी है. मंगलवार को यह प्रदर्शन लगातार 6वें दिन सरदार वल्लभ भाई पटेल के गुरू घासीदास प्लाजा के सामने आयोजित की गई. शहर प्रवक्ता बंशी कन्नौजे ने बताया कि धरना स्थल पर विरोध स्वरूप मोदी बीजेपी नामक एक योजना लागू की गई थी, जिसमें मोटर साइकिल के बदले साइकिल दिया गया. धरना स्थल में एक तरफ मोटर साइकिल तो दूसरी तरफ साइकिल रखकर प्रदर्शन किया गया, साथ ही बैनर पोस्टर के माध्यम से कच्चे तेल एवं भारत में पेट्रोल डीजल की कीमतों का अंतर आम जनता को बताया गया ।
धरना को संबोधित करते हुए राज्य सभा सांसद छाया वर्मा, विधायक विकास उपाध्याय शहर अध्यक्ष गिरीश दुबे ने केन्द्र सरकार के उपर निशाना साधा और कहां कि केन्द्र में बैठी मोदी सरकार पेट्रोल डीजल के बढे़ हुए दामों को आम जनता से वसूली कर विधायक खरीदने का काम कर रही है ।
छत्तीसगढ़ के भाजपा नेता पेट्रोल डीजल के बढ़े दामों को लेकर प्रदर्शन करते थे, लेकिन आज वो गायब है. दुबे ने भाजपा नेताओं पर आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा नेता मोदी से डरते हैं, इसलिए बढ़ते हुए पेट्रोल डीजल के दामों पर चुप्पी साधे हुए है, और तो इस कोरोना काल में भी आम जनता के बीच नजर भी नहीं आ रहे हैं ।

पंचायत तंत्र-रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अपने निवास कार्यालय में शहीद स्वर्गीय गणेश कुंजाम के पिता ईतवारी कुंजाम को 2 लाख 61 हजार रूपए की सहयोग राशि का चेक सौंपा है. यह सहयोग राशि ला विस्टा रेसीडेंट्स वेलफेयर सोसायटी अमलीडीह रायपुर के नागरिकों द्वारा शहीद स्वर्गीय कुंजाम के परिवार के कल्याण के लिए स्व-स्फूर्त रूप से एकत्र की गई थी ।
मुख्यमंत्री भूपेश ने शहीद के परिवार के सहयोग के लिए ला विस्टा रेसीडेंट्स वेलफेयर सोसायटी अमलीडीह के पदाधिकारियों एवं नागरिकों की इस पहल की सराहना की और इसके लिए उन्हें धन्यवाद दिया ।
मुख्यमंत्री भूपेश ने कहा कि शहीदों के परिजनों का ख्याल रखना और उन्हें सहयोग प्रदान करना हम सबका दायित्व है. उन्होंने ला विस्टा रेसीडेंट्स वेलफेयर सोसायटी अमलीडीह की इस पहल को अनुकरणीय बताया ।
बता दें कि 15-16 जून दरमियानी रात में भारत-चीन सीमा स्थित गलवान घाटी झड़प में देश के 20 जवान शहीद हो गए थे. इन शहीदों में छत्तीसगढ़ के कांकेर निवासी सैनिक गणेश कुंजाम भी वीरगति को प्राप्त हुए थे ।