Browsing: रायपुर

 
पंचायत तंत्र-रायपुर । राजधानी रायपुर के राजेंद्र नगर थाना इलाके के आरडीए कॉलोनी के पास सब्ज़ी ठेला लगाने के मामूली विवाद पर नाबालिग की चाकू से ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी गई है. पुलिस 4 संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है. जानकारी के मुताबिक मृतक की पहचान 16 वर्षीय संजू गोस्वामी के रूप में हुई है ।
टीआई आशीष शुक्ला के मुताबिक सब्जी का ठेला लगाने का पुराना विवाद है, जिसके चलते पहले भी विवाद होता रहा है. बुधवार की रात भी इन लोगों के बीच विवाद हुआ था. जिसकी शिकायत कराने देर रात दोनों पार्टी थाने पहुंची थी कि इस बीच कुछ अज्ञात लोगों ने नाबालिग को अकेला पाकर चाकू से वार कर दिया. उसे गंभीर हालत में निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया ।
उन्होंने बताया कि राजेन्द्र नगर पुलिस ने कुछ संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ में जुटी है और बाकी फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है. जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा ।
 
 
 
 

 
 पंचायत तंत्र-रायपुर । मनरेगा (महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना) कार्यों में छत्तीसगढ़ का उत्कृष्ट प्रदर्शन लगातार जारी है। चालू वित्तीय वर्ष 2020-21 में मनरेगा जॉबकॉर्डधारी परिवारों को 100 दिनों का रोजगार देने में छत्तीसगढ़ देश में प्रथम स्थान पर है। अप्रैल, मई और जून में कुल 55 हजार 981 परिवारों को 100 दिनों का रोजगार उपलब्ध कराया गया है। देश में 100 दिनों का रोजगार हासिल करने वाले कुल परिवारों में अकेले छत्तीसगढ़ की हिस्सेदारी करीब 41 प्रतिशत है।

 
 
पंचायत तंत्र – रायपुर । कांग्रेस सभी जिला मुख्यालयों में पेट्रोल-डीजल की मूल्य वृद्धि और महंगाई के खिलाफ धरना में एक-एक पदाधिकारी को प्रभारी नियुक्त कर राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौपा जायेगा। प्रदेश के अनेक ब्लाकों में धरना प्रदर्शन आज से शुरू हो रहे हैं जो 4 जुलाई तक चलेंगे। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने निर्देश इस संबंध में सभी जिला और ब्लाक कांग्रेस कमेटियों को जारी किये है।
30 जून से 4 जुलाई 2020 तक प्रदेश के सभी संगठन जिला के अंतर्गत समस्त 307 नगर, ब्लाक मुख्यालयों में धरना प्रदर्शन आंदोलन करते हुये स्थानीय प्रदेश पदाधिकारियों, सांसद, पूर्व सांसद प्रत्याशी, विधायक, पूर्व विधायक, प्रदेश, जिला और ब्लाक कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों, मोर्चा संगठनों, प्रकोष्ठों, विभागों के पदाधिकारियों, सोशल मीडिया, नगरीय निकाय, पंचायतों के निर्वाचित जनप्रतिनिधियों, वरिष्ठ कांग्रेसजनों और सभी कार्यकर्ताओं की सहभागिता सुनिश्चित कर आंदोलन को सफल बनाने के निर्देश सभी जिला कांग्रेस और ब्लाक कांग्रेस कमेटियों को प्रदेश कांग्रेस ने दिये गये है।
धरना प्रदर्शन के माध्यम से केन्द्र की मोदी सरकार की जनविरोधी नीतियों को आम जनता तक पहुंचाया जायेगा। पेट्रोल-डीजल के मूल्यों मे हो रही अभूतपूर्व वृद्धि के खिलाफ सोशल मीडिया पर अभियान चलाकर केन्द्र सरकार के समक्ष विरोध दर्ज कराया जायेगा, जिसमें प्रमुख रूप से प्रभावित ओला उबर, ड्राइवर, ट्रक और टैक्सी ड्राइवर सहित आम लोग से राय लेते हुये विडियो बनाकर प्रसारित किया जायेगा।

राज्यपाल ने अग्रवाल समाज के द्वारा किये जा रहे कार्यो की सराहना
 
पंचायत तंत्र- रायपुर । राज्यपाल सुश्री अनुसुईया उइके से आज यहां राजभवन में छत्तीसगढ़ प्रांतीय अग्रवाल संगठन के प्रांतीय महामंत्री अशोक अग्रवाल के नेतृत्व में अग्रवाल समाज के प्रतिनिधिमंडल ने सौजन्य मुलाकात की। राज्यपाल ने कहा कि जो सकारात्मक सोच रखता है वह अच्छा कार्य करता है। जो व्यक्ति-संस्था कल्याणकारी कार्य करती है उसे ही पीढ़ियां याद रखती है। अग्रवाल समाज द्वारा देश सहित प्रदेश में वर्षो से अनेकों अच्छे कार्य किए जाते रहे है, जिससे कई लोग लांभान्वित हुए है। इसके लिए मैं अग्रवाल समाज को धन्यवाद देती हूं। इस अवसर पर राज्यपाल ने समाज की प्रमुख विभूतियों की चित्र वाली नेमप्लेट युक्त पोस्टर का विमोचन किया। राज्यपाल ने कहा कि ऐसे नेम प्लेट से बच्चों को राष्ट्र के महापुरूषों की जानकारी मिलेगी और उन्हें देश प्रेम की प्रेरणा मिलेगी।
अग्रवाल ने बताया कि समाज के द्वारा छत्तीसगढ़ में समाज सेवा के अनेक कार्य किए जा रहे है। लॉकडाउन के दौरान उनके द्वारा करीब 36 हजार लोगों को सूखा राशन और मास्क का वितरण किया गया। समाज द्वारा निर्धन लोगों को मोहल्ला क्लिनिक के माध्यम से निःशुल्क चिकित्सा सहायता दी जाती है। साथ ही न्यूनतम दरों पर सभी चिकित्सकीय परीक्षण उपलब्ध कराएं जा रहे है। उन्होंने बताया कि समाज के द्वारा निर्धन विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा के लिए स्कूल व छात्रावास भी संचालित किए जा रहे है। अग्रवाल समाज के द्वारा राज्यपाल सुश्री उइके को शॉल-श्रीफल, महाराजा अग्रसेन का दुपट्टा व माला पहनाकर आभार व्यक्त किया तथा भगवान श्री अग्रसेन एवं माता माधवी का चित्र भेंट की गई। इस अवसर पर राज्यपाल के विधिक सलाहकार श्री आर.के. अग्रवाल, अखिल भारतीय अग्रवाल समाज के अध्यक्ष श्री सियाराम अग्रवाल, प्रांतीय अध्यक्ष श्री रामदास अग्रवाल, प्रमुख सलाहकार श्री चतुर्भुज अग्रवाल, कोषाध्यक्ष श्री सुनील अग्रवाल उपस्थित थें।
 

पंचायत तंत्र- रायपुर । धमतरी के युवा के मुख्यमंत्री के निवास के आगे आत्मदाह करने की कोशिश ने प्रदेश की राजनीति को गर्म कर दिया है. कांग्रेस सरकार के खिलाफ हमले को तीव्र करते हुए अब पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने डेढ़ साल पहले राहुल गांधी के चुनावी रैली का वीडियो ट्वीट कर युवाओं को किए गए वायदे की याद दिलाई है ।
डॉ. रमन सिंह ने राहुल गांधी के साथ-साथ भूपेश बघेल को ट्वीट में टैग करते हुए लिखा है कि पिछले डेढ़ वर्ष की सरकार में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल युवाओं को रोजगार के नाम छल और शराब बिक्री के लिए अथक प्रयास कर रहे हैं. अब छत्तीसगढ़ का युवा आरोप-प्रत्यारोप व झूठे वादे नहीं बल्कि अपने अधिकार की नौकरियां चाहता है जिसका वादा आपने खुले मंच से किया था ।
बता दें कि राहुल गांधी के जिस वीडियो को ट्वीट में अटैच किया गया है, उसमें राहुल गांधी कांग्रेस की सत्ता आने के बाद मुख्यमंत्री की तीन प्राथमिकताएं गिनाई थी, जिसमें पहला हर जिले में फूड प्रोसेसिंग प्लांट लगाने के साथ खेत को शहर की अर्थव्यवस्था से जोड़ना, दिन के 24 घंटे में 18 घंटे युवाओं के रोजगार देने में लगाए जाने की बात कही थी. इसके अलावा स्कूलों-कॉलेजों में खाली शिक्षकों को पोस्ट को भरने की बात कही थी ।
 

 
 
 पंचायत तंत्र- रायपुर । शासकीय अधिकारी-कर्मचारियों ने अपनी तीन सूत्रीय मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ बूढ़ा तालाब धरना स्थल पर विरोध-प्रदर्शन किया. इस दौरान सरकारी आदेश की कॉपियों को जलाने के बाद मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नाम से एसडीएम को ज्ञापन सौंपा।
शासकीय अधिकारी कर्मचारी फेडरेशन छत्तीसगढ़ के बैनर तले प्रदेश भर में किए जा रहे विरोध-प्रदर्शन पर संयोजक अनिल शुक्ला ने बताया कि आदेश निकाले जाने के बाद से ही अधिकारी-कर्मचारी विरोध करते हुए पिछले 20 दिनों से काली पट्टी लगाकर अपने काम कर रहे हैं. मांगों और ज्ञापन पर सुनवाई नहीं हुई तो आज पूरे प्रदेश भर में सभी शासकीय अधिकारी-कर्मचारी प्रदर्शन कर रहे हैं।
उन्होंने मांगों की जानकारी देते हुए बताया कि छत्तीसगढ़ शासन वित् विभाग द्वारा 27 मई 2020 के आदेश में कर्मचारियों के लिए अहितकर कंडिका विलोपित करते हुए वार्षिक वेतनवृद्धि बहाल किया जाए. समस्त अधिकारी-कर्मचारियों का 50 लाख रुपया का बीमा सुनिश्चित किया जाए, साथ ही मेडिकल तथा पैरा मेडिकल स्टाफ़ को प्रोत्साहन स्वरूप जोखिम भत्ता दिया जाए।
इसके अलावा राज्य के कर्मचारियों एवं पेंशनरों को जुलाई 2019 एवं जनवरी 2020 से देयक कुल 9 प्रतिशत महंगाई भत्ते का शीघ्र भुगतान किया जाए. इस दौरान कर्मचारियों ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि हमारी मांगें पूरी नहीं की गई तो आगे महासम्मेलन करते हुए कामकाज का बहिष्कार करेंगे. इसके ज़िम्मेदारी सरकार की होगी।
बलौदाबाजार में भी लगाई आग
छत्तीसगढ़ अधिकारी कर्मचारी संघ ने त्रिसूत्रीय मांग को लेकर बलौदाबाजार के गार्डन चौक में भी प्रदर्शन किया. इस दौरान मौजूद शासकीय कर्मचारियों ने शासन के आदेश की प्रतियां जलाई. इसके बाद मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नाम नायब तहसीलदार मयंक अग्रवाल को ज्ञापन सौंपा।
 
 

 
 
पंचायत तंत्र –  रायपुर । राज्य सरकार ने न्यूज पोर्टलों को विज्ञापन देने के संबंध में 8 सदस्यीय समिति का गठन किया है, जो यह तय करेंगे कि न्यूज वेबसाइट और वेब पोर्टल को किस आधार पर विज्ञापन दिया जाए. विज्ञापन संबंधी नियमावली 2019 की कडिका 31 के अंतर्गत यह फैसला लिया गया है. समिति के सदस्य विज्ञापन में संशोधन, विचार विमर्स और परिवर्तन संबंधी सुझाव सरकार को देंगे. इसके लिए एक महीने का समय समिति को दिया गया है ।
सरकार विज्ञापन देने के नियमों को और कड़ा कर सकती है, क्योंकि प्रदेश में वेबपोर्टलों की संख्या दिनों दिन बढ़ती जा रही है. बता दें कि इससे पहले सरकार ने हिट पाने वाले भी वेबसाइटों को विज्ञापन देने की बात कही थी ।
देखिए कौन-कौन है समिति के सदस्य
 

 
पंचायत तंत्र- रायपुर। शालेय शिक्षाकर्मी संघ के नाम में बदलाव करते हुए अब ‘छग शालेय शिक्षक संघ’ कर दिया गया है. प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र दुबे ने नामकरण की घोषणा करते हुए कहा कि संगठन 1 जुलाई संविलियन दिवस के दिन से इसी नाम से जाना जाएगा. बैठक में सभी प्रांतीय पदाधिकारी और जिला अध्यक्ष शामिल हुए. सभी ने संगठन के नये कलेवर और नये नाम पर हर्ष व्यक्त किया ।
प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र दुबे बताया कि 1 जुलाई से शालेय शिक्षाकर्मी संघ को “छग शालेय शिक्षक संघ पं. क्र. 122202049545′ के नाम से जाना जाएगा. भविष्य में संगठन अपने सारे कार्य नए नाम से करेगा. उन्होंने बताया कि प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी एक जुलाई को संविलियन दिवस मनाया जाएगा. कोविड-19 के चलते इस बार संविलियन दिवस के थीम में परिवर्तन किया गया है. सोशल और फिजिकल डिस्टेंसिंग के साथ संगठन के सदस्य कोरोना से बचने के लिए स्वयं, समाज, शिक्षक साथियों और विद्यार्थियों को प्रेरित करने की शपथ लेंगे ।
 

 
पंचायत तंत्र – रायपुर । मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने एक जुलाई ’सी.ए. डे’ के अवसर पर देश और प्रदेश के सभी चाटर्ड एकांउटेंट को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं. मुख्यमंत्री ने कहा है कि चाटर्ड एकांउटेंट किसी भी देश, प्रदेश के औद्योगिक और व्यावसायिक गतिविधियों का महत्वपूर्ण हिस्सा होते हैं. चाटर्ड एकांउटेंट अपनी कुशलता से आर्थिक विकास को मजबूत आधार प्रदान करते हैं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री बधेल ने कहा कि छत्तीसगढ़ में औद्योगिक और व्यावसायिक गतिविधियों के लिए अनुकूल वातावरण है. उन्होंने इंस्टीट्यूट आफ चार्टर्ड एकाउंटेंटस ऑफ इंडिया से जुड़े देशभर के सीए से छत्तीसगढ़ की ग्राम पंचायतों और नगरीय प्रशासन के काम-काज में कसावट और वित्तीय प्रबंधन को और अधिक मजबूत बनाने के लिए सहयोग का आव्हान भी किया है।
 

पंचायत तंत्र – रायपुर । कोरोना बीमारी की वजह आम से लोगों से लेकर अधिकारी और नेताओं तक ने जान गंवाई है. इसी बीच कोरोना से जुड़ी छत्तीसगढ़ से बड़ी खबर निकलकर सामने आई है. रिटायर्ड आईएफएस अफसर केसी यादव की कोरोना वायरस से मौत हो गई है. केसी यादव को दो दिन पहले रायपुर एम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां बीती रात करीब साढ़े 11 बजे उनका निधन हो गया. एम्स प्रबंधन ने उनके निधन की पुष्टि की है।
जानकारी के मुताबिक रिटायर्ड आईएफएस केसी यादव को अनियंत्रित डायबिटीक की शिकायत के बाद दो दिन पहले ही एम्स में भर्ती कराया गया था. वो कोरोना सस्पेक्ट थे, जांच के लिए सैम्पल भेजा गया था, जब रिपोर्ट आई तो कोरोना पॉजिटिव निकले. अनियंत्रित डायबिटीज और कोरोना पॉजिटिव होने की वजह से उनकी स्थिति बिगड़ती चली गई. यही कारण है कि मंगलवार की रात उन्होंने दम तोड़ दिया. केसी यादव की अंतिम संस्कार आज कोविड प्रोटोकॉल के तहत किया जाएगा।
बता दें कि केसी यादव 1984 बैच के आईएफएस अफसर थे. वो छत्तीसगढ़ फारेस्ट में कई अहम जिम्मेदारी संभाल चुके हैं. केसी 2019 में मई के महीने में रिटायर हुए थे. रिटायर होने के बाद केसी यादव को 2019 के सितंबर महीने में मैटस विश्वविद्यालय रायपुर के फैकल्टी ऑफ बायोलाजिकल एण्ड केमिकल साइंस ने बायो साइंस विषय में पीएचडी की उपाधि दी गई थी।