Browsing: रायपुर

 
 
पंचायत तंत्र-रायपुर । कोरोना के चलते जारी लॉकडाउन में दूसरे राज्यों में फंसे लोगों को सबसे ज्यादा परेशानी झेलनी पड़ी है. कुछ सरकारों की मदद से, तो कुछ स्वयं की व्यवस्था से घर लौट रहे हैं. दीन दयाल ग्रामीण कौशल योजना के तहत रोजगार के सिलसिले में राजस्थान गए छत्तीसगढ़ के आदिवासी बच्चे वही फंस गए थे. कुछ दिनों पहले राजस्थान से वीडियो जारी कर इन्होंने सीएम बघेल से मदद की गुहार लगाई थी, लेकिन न तो राजस्थान सरकार ने इनकी सुध ली और ना ही छत्तीसगढ़ सरकार ने. आखिरकार परेशान 7 युवक-युवतियां खुद के पैसे से वाहन की व्यवस्था कर आज छत्तीसगढ़ लौटे है. ये सभी राजनांदगांव, बिलासपुर और धमतरी जिले के ग्रामीण इलाके के रहने वाले है ।
राजस्थान से लौटे राजनांदगांव निवासी हितेश ने बताया कि नौकरी करने के दौरान लॉकडाउन में फंस गए थे. 2 महीनों तक हमारे खाते में 5 हजार आया, उसके बाद सैलरी नहीं मिली. छत्तीसगढ़ शासन को आवेदन दिया था, लेकिन गाड़ी नहीं भेजी गई. दिलीप कुमार ने कहा कि छत्तीसगढ़ में खुद के पैसे से वापस लौटे हैं. इतने दिन तक सरकार ने कुछ व्यवस्था नहीं की थी. इसलिए हमें प्राइवेट वाहन कर घर आए है ।
माकपा नेता संजय पराते ने बताया लॉकडाउन में यह समस्या खड़ी हुई है, अभी भी 20 से ज्यादा बच्चे फंसे हुए है. छत्तीसगढ़ को सस्ते श्रम के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा है. सरकारी योजना बनाकर काम कराए जा रहे है. इन्होंने 3 महीने राजस्थान में काफी मुश्किल से काटा है. भाजपा के सरकार के समय में दीन दयाल ग्रामीण कौशल योजना लागू हुई थी. कांग्रेस सरकार को इसकी जांच करनी चाहिए. इस तरह से जालसाजी में फंसने से आदिवासी छात्रों को रोका जाए ।
 

 
 
पंचायत तंत्र-रायपुर । चीनी हमले में जांबाज और बहादुर सेना अधिकारी और सैनिकों के मारे जाने पर कांग्रेस की प्रतिक्रिया में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कहा है कि चीनी सेना द्वारा लद्दाख में तीन स्थानों पर अप्रैल/मई 2020 के बाद भारतीय सीमा में की गई घुसपैठ की खबरों ने पूरे देश में गंभीरचिंता व व्यग्रता पैदा कर दी, पर सीमा में घुसपैठ के तथाकथित चीनी दुस्साहस पर मोदी सरकार ने मौन साध लिया. ये घुसपैठ लद्दाख में गलवान नदी वैली, हॉट स्प्रिंग्स और पैंगोंग सो झील के इलाके में हुई ।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कहा है कि भारत की ‘सुरक्षा व क्षेत्रीय अखंडता’ से कोई समझौता स्वीकार नहीं किया जा सकता। चीनी सेना के हजारों सैनिकों ने गलवान वैली और पैंगोंग सो लेक एरिया (लद्दाख) में घुसपैठ कर हमारी ‘भूभागीय अखंडता’ पर अतिक्रमण का दुस्साहस किया है। पिछले पांच दशकों में, वास्तविक नियंत्रण रेखा पर एक भी दुर्घटना या हमारे सैनिक की शहादत भारत-चीन सीमा पर नहीं हुई है। गहरी चिंता व स्तब्ध करने वाली बात यह है कि कल दोपहर के बाद से चीनी सेना द्वारा भारतीय सेना के एक अधिकारी और दो सैनिकों के मारे जाने की खबर मिली। वे रात तक और 20 सैनिकों के हताहत होने की खबर मिली है, यह पूरी तरह से अप्रत्याशित और दुखद खबर है।
भारतीय सेना द्वारा 12.52 बजे कथित रूप से जारी एक बयान में हमारे अफसर व सैनिकों के वीरगति प्राप्त करने की पुष्टि की गई है (और बाद में 1.08 बजे यह बयान संशोधित कर दिया गया)। हमारे कुछ और जवानों के गंभीर रूप से घायल होने की खबरें भी आ रही हैं। यदि यह सच है, तो चीनी सैनिकों के हाथ हमारे जांबाज और बहादुर अधिकारी और सैनिकों की शहादत की खबरें बहुत हीचौंकाने वाली, भयावह और पूर्णतया दुर्भाग्यजनक हैं। इन खबरों को सुन पूरा देश क्षुब्ध है, रोष में है, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पूरी तरह से चुप्पी साध ली है ।
प्रधानमंत्री और रक्षामंत्री को आगे आकर देश को जवाब देना चाहिए
क्या यह सच है कि चीनी सेना ने गलवान घाटी में भारतीय सेना के एक अधिकारी और सैनिकों को मार डाला है? क्या यह सही हैकि अन्य भारतीय सैनिक भी इस हमले में हताहत और गंभीर रूप से घायल हुए हैं? यदि हां, तो पीएम मोदी और रक्षामंत्री पूरी तरह चुप्पी क्यों साधेहुए हैं ।
भारतीय सेना के कथित बयान के मुताबिक हमारी सेना के उच्च अधिकारी और सैनिक कल रात उस समय शहीद हुए थे, जब डी-एस्केलेशन की प्रक्रिया गलवान घाटी में चल रही थी।
क्या प्रधानमंत्री और रक्षामंत्री इस बात पर राष्ट्र को विश्वास में लेंगे कि हमारे अधिकारी और सैनिक ऐसे समय में कैसे शहीद हो गये हैं जब सरकार द्वारा कह रही थी कि चीनी सेना कथित तौर पर गलवान घाटी के हमारे क्षेत्र से कब्जा छोड़ वापस जा रही थी, केंद्रीय सरकार बताए कि हमारे उच्चसेना अधिकारी और सैनिक कैसे और किन परिस्थितियों में शहीद हुए?
अगर हमारे अधिकारी और सैनिकों के शहीद होने का यह वाक्या कल रात हुआ था, तो आज 12.52 बजे दोपहर बयान क्यों जारी किया गया और 16 मिनट बाद ही यानि 1.08 बजे दोपहर बयान क्यों बदला गया ।
प्रधानमंत्री और रक्षामंत्री ने अप्रैल/मई, 2020 से चीनी सेना द्वारा हमारे क्षेत्र पर कब्जे के बारे में चुप्पी बनाए रखी है और सार्वजनिकपटल पर किसी भी सवाल का जवाब देने से इनकार कर दिया।
क्या प्रधानमंत्री और रक्षामंत्री अब आगे बढ़कर देश को यह बताने का साहस करेंगे कि अप्रैल/मई 2020 तक भारत की सीमा के कितनेक्षेत्र में चीन ने अवैध कब्जा कर लिया है? यह भी बताएं कि वे कौन से हालात व स्थिति हैं, जिनके चलते हमारे बहादुर सैन्य अधिकारी वसैनिकों की शहादत हुई है, जबकि चीनी सैनिकों को भारतीय सीमा से पीछे हट ‘वास्तविक नियंत्रण रेखा’ तक जाने के लिए मजबूरकिया जाना था? क्या प्रधानमंत्री राष्ट्र को विश्वास में लेंगे ।
क्या प्रधानमंत्री बताएंगे कि भारत की राष्ट्रीय सुरक्षा और क्षेत्रीय अखंडता के लिए पैदा हुई इस चुनौतीपूर्ण व गंभीर स्थिति सेनिपटने के लिए भारत सरकार की नीति क्या है ।
कांग्रेस पार्टी और पूरा देश भारत की राष्ट्रीय सुरक्षा और भूभागीय अखंडता की रक्षा के लिए एकजुट है। पर मोदीसरकार को यह याद रखना होगा कि संसदीय प्रणाली में शासकों की इस प्रकार की गोपनीयता या चुप्पी का कोई स्थान नहीं है।

 
पंचायत तंत्र- रायपुर । भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को पत्र लिखा है. इसमें परीक्षा लेने के बाद भी शिक्षकों की भर्ती नहीं किए जाने की बात कही है. उन्होंने भर्ती प्रकिया जल्द शुरू करने की मांग की है. पत्र में कहा गया है कि छत्तीसगढ़ प्रशिक्षित डीएड एवं बीएड संघ के प्रतिनिधि मंडल ने ज्ञापन प्रस्तुत कर निवेदन किया है कि, नियमित शिक्षक भर्ती 2019 का विज्ञापन 9 मार्च 2019 को जारी हुआ था, जिसके तहत व्याख्याता, शिक्षक, सहायक शिक्षक, व्यायाम शिक्षक व सहायक शिक्षक (प्रयोगशाला) के कुल 14580 पदों पर भर्ती होनी है।
उन्होंने अवगत कराया है कि इस चयन प्रक्रिया का परिणाम जारी हो चुका है, लेकिन सत्यापन की प्रक्रिया विगत 5-6 माह से चल रही है, जो अभी तक पूर्ण नहीं हुई है. इसी प्रकार व्याख्याता की भर्ती संबंधी समस्त कार्यवाही के बाद भी, ना ही अंतिम निराकरण सूची, चयन सूची या नियुक्ति आदेश जारी की गई है और ना ही किसी भी शिक्षक संवर्ग की प्रथम पात्र-अपात्र सूची जारी हुई है. इससे शिक्षक भर्ती के समस्त चयनित युवा अभ्यर्थी मानसिक रूप से प्रताड़ित महसूस कर रहे है।
प्रतिनिधि मंडल ने मांग की है कि नियुक्ति के लिए वित्त विभाग की अनुमति कार्यवाही प्रचलन में है, यदि शीघ नियुक्ति आदेश जारी नहीं किये गए तो 1 साल की अवधि समाप्त होने पर नियुक्ति प्रक्रिया स्वमेव समाप्त हो जाएगी. इसलिए शिक्षित बेरोजगारों के व्यापक हित में चयनित शिक्षक भर्ती संबंधी आदेश शीघ्र जारी करने के लिए संबंधित को निर्देश देना चाहेंगे।
 
 
 
 

 
 
पंचायत तंत्र- रायपुर । मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और वन मंत्री मोहम्मद अकबर के साथ आज दोपहर 12 बजे मुख्यमंत्री निवास कार्यालय के सभाकक्ष में उच्च स्तरीय बैठक लेंगे. मुख्यमंत्री राज्य में हाल ही में हुई हाथियों की मृत्यु और वन्य प्राणियों के संरक्षण के संबंध में अधिकारियों के साथ बैठक में समीक्षा करेंगे ।
बता दें कि छत्तीसगढ़ में सप्ताह भर में 5 हाथियों की मौत हो चुकी है. इन सभी की जान 9 जून से लेकर 16 जून के बीच गई है. सोमवार को धमतरी में नन्हें हाथी और मंगलवार को रायगढ़ में एक हाथी ने दम तोड़ दिया है. जिसके बाद वन विभाग के अधिकारियों पर जिम्मेदारी को लेकर सवाल उठने लगे हैं ।
 
 

 
 
पंचायत तंत्र-रायपुर । चीन के साथ लद्दाख सीमा पर हुई हिंसक झड़प में छत्तीसगढ़ का जवान शहीद हो गया. शहीद जवान गणेश कुंजाम कांकेर जिले के ग्राम कुरुटोला का निवासी है. एडिशनल एसपी ने शहादत की पुष्टि की है। 
बता दें कि भारत–चीन सीमा पर सोमवार की रात चीनी सेना के साथ भारतीय सैनिकों की हिंसक झड़प हुई थी. इसमें जवान गणेश कुंजाम गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसकी मंगलवार को मौत हो गई. वर्ष 2011 में सेना में शामिल होने वाले शहीद गणेश कुंजाम की एक महीने पहले ही चीन बार्डर पर पोस्टिंग हुई थी। 
अपने परिवार का इकलौता बेटा गणेश राम एक महीने पूर्व ही अपने चाचा को चीन बॉडर में तैनाती की जानकारी दी थी. मंगलवार शाम को कैम्प से एक अधिकारी ने जवान के चाचा तिहारू राम कुंजाम को फोन कर बताया कि गणेश राम कुंजाम भारत–चीन झड़प में घायल हो गया था, जिसकी मंगलवार को मौत हो गई। 
घटना की जानकारी परिजनों को मिलते ही घर मे मातम पसर गया, वहीं गांव में शोक की लहर है. चाचा ने बताया कि उन्हें सेना के अधिकारी ने गणेश राम कुंजाम के शहादत की जानकारी दी थी। 
 

 
पंचायत तंत्र- रायपुर । लोक निर्माण मंत्री  ताम्रध्वज साहू की विशेष पहल पर आय के स्त्रोत सृजित करने के उद्देश्य से शहरी क्षेत्रों में खाली शासकीय भूमि तथा जीर्णोवस्था वाले पुराने आवासीय परिसरों में नवीन आवासीय सह व्यवसायिक काम्पलेक्स बनाने की कार्य योजना तैयार की गई है। इसके तहत प्रदेश में 2 लाख 12 हजार 994 वर्ग मीटर (लगभग 52 एकड़) भूमि चिन्हित किया गया है।
    मंत्री श्री साहू ने बताया कि इस योजना के तहत राजधानी रायपुर के कटोरा तालाब स्थित लोक निर्माण कार्यालय परिसर में 5.43 एकड़ और दुर्ग के कसारीडीह पुराने सिविल लाईन में 16.58 एकड़ भूमि चिन्हित कर कार्य योजना तैयारी की गई है। इसके साथ ही प्रदेश के 13 जिलों में  272 करोड़ रूपए लागत की 33 स्थानों पर 2.13 लाख वर्ग मीटर भूमि चिन्हित की गई है। इसमें  राजनांदगांव जिले में 6 स्थानों पर 30 हजार 373.86 वर्ग मीटर, बिलासपुर जिले में चार स्थानों पर 21 हजार 228 वर्ग मीटर, सुकमा जिले में चार स्थानों पर 2 हजार 400 वर्ग मीटर, महासमुंद जिले में तीन स्थानों पर 23 हजार 942.50 वर्ग मीटर, बालोद जिले में तीन स्थानों पर 5 हजार 81.78 वर्ग मीटर, सरगुजा (अम्बिकापुर) जिले में तीन स्थानों पर 14 हजार 699.02 वर्ग मीटर, दुर्ग जिले में दो स्थानों पर 67 हजार 404.50 वर्ग मीटर, कबीरधाम जिले में दो स्थानों पर 6 हजार 122.70 वर्ग मीटर, रायगढ़ जिले में दो स्थानों पर 8 हजार 545.25 वर्ग मीटर, रायपुर जिले में एक स्थान पर 21 हजार 974.43 वर्ग मीटर, धमतरी जिले में एक स्थान पर 135 वर्ग मीटर, सूरजपुर जिले में एक स्थान पर 11 हजार 25 वर्ग मीटर और कोण्डागांव जिले में एक स्थान पर 61.60 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में आवासीय सह व्यवसायिक काम्पलेक्स के लिए भूमि चिन्हित किया गया है।
 

 
पंचायत तंत्र- रायपुर । प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में कोरोना संक्रमण से बचाव और रोकथाम पर चर्चा के लिए मुख्यमंत्रियो की आज वीडियो कांफ्रेंसिंग आयोजित की गई। वीडियो कांफ्रेंसिंग में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल शामिल हुए ।  
इस अवसर पर प्रदेश के गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू, कृषि मंत्री  रविन्द्र चौबे, नगरीय प्रशासन मंत्री डॉ. शिव कुमार डहरिया, मुख्य सचिव  आर. पी. मंडल, पुलिस महानिदेशक डी. एम. अवस्थी, मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव  सुब्रत साहू, सचिव श्री सिद्धार्थ कोमल परदेशी और उप सचिव सुश्री सौम्या चौरसिया सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

 
पंचायत तंत्र- रायपुर । राज्य शासन के स्वास्थ्य विभाग ने रेड, ऑरेंज और ग्रीन जोन वाले विकासखंडों की नई सूची अधिसूचित की है। केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के दिशा-निर्देशों के मुताबिक प्रदेश के सभी विकासखंडों और शहरी क्षेत्रों में कोविड-19 के सक्रिय मामलों की संख्या, इनके दोगुने होने की दर तथा प्रति एक लाख जनसंख्या पर सैंपल जांच की ताजा स्थिति के आधार पर उन्हें रेड, ऑरेंज और ग्रीन जोन में पुनः वर्गीकृत किया गया है ।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा 14 जून की स्थिति के आधार पर यह वर्गीकरण किया गया है। इसे हर सोमवार को अद्यतन किया जाएगा। रेड, ऑरेंज और ग्रीन जोन घोषित विकासखंड इस प्रकार हैं –
 
देखिये सूची ..
 

 
 पंचायत तंत्र- रायपुर । कंडक्टर का अपहरण कर ट्रक लूटने वाले शातिर गिरोह के सात सदस्यों को पुलिस ने पकड़ने में सफलता पाई है. पुलिस ने आरोपियों के साथ उनके कब्जे से ट्रक और माल को जब्त किया है ।
बता दें कि रविवार रात रायपुर से माल भरकर रायगढ़ जा रहे ट्रक को बरौदा गांव के पास अज्ञात आरोपियों ने लूट लिया था. आरोपी ट्रक के साथ कंडक्टर अमरनाथ का अपहरण कर लिया था. मामले में डकैती, लूट और अपहरण का मामला दर्ज कर विधानसभा थाना पुलिस ने जांच शुरू की थी ।
ट्रक लूटकर आरोपी धरसींवा की तरफ भागे थे, जिस पर पुलिस की टीम उसी दिशा में तलाश शुरू करते हुए धरसींवा के आगे एक आरोपी को गिरफ्तार किया, जिससे पूछताछ के आधार पर अन्य 6 आरोपियों की गिरफ्तारी की गई.
सातों आरोपियों ने मिलकर लूट की घटना को अंजाम दिया था. इन्हीं आरोपियों ने कुछ दिन पहले मंदिर हसौद में भी ट्रक लूट की घटना को अंजाम दिया था. इसमें कंडक्टर और ड्राइवर को पेड़ से बांधकर आरोपी फरार हुए थे. इस मामले में ट्रक को पुलिस ने खैरागढ़ के पास जब्त कर लिया था ।
पुलिस के अनुसार, इस प्रोफेशनल गिरोह ने पहले भी इस तरह की वारदातों को अंजाम दिया है. गिरफ्तार आरोपियों में शंकर टांडी, अजय देवांगन, उत्तम चक्रवर्ती, जयराम बघेल, रॉकी राणा, कुलदीप सिंह, जीतू पान शामिल हैं. इन सभी आरोपियों के खिलाफ अनेक अपराध दर्ज हैं. आरोपियों के पास एक चार पहिया वाहन बोलेरो है, जिससे ट्रक को ओवरटेक करने के बाद लूट की घटना को अंजाम देते थे. वारदात से पहले रेकी करते थे, वहीं वारदात के दौरान कंडक्टर और ड्रायवर को बांधकर ट्रक लूटकर फरार हो जाते थे ।
आईजी और एसएसपी ने दिया इनाम
पुलिस टीम की त्वरित कार्रवाई करते हुए गैंग के सदस्यों को गिरफ्तार करने के साथ कंडक्टर को सकुशल बरामद किया है. इस पर एसएसपी ने 10 हजार और आईजी ने 30 हजार रुपए का इनाम देने की घोषणा की है ।
 

 
छत्तीसगढ़ में हाथियों की मौत का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है. राज्य में सप्ताह भर में 5 हाथियों की मौत हो चुकी है. इन सभी हाथियों की जान 9 जून से लेकर 16 जून के बीच हुई है. सोमवार को धमतरी में नन्हें हाथी और मंगलवार को रायगढ़ में एक हाथी ने दम तोड़ दिया है.
 
पंचायत तंत्र-रायपुर । रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ में करेंट की चपेट में आने से एक हाथी की मौत हो गई है. यह घटना सुबह 5 बजे गेरसा गांव में हुआ है. वन विभाग भी बिजली के अवैध कनेक्शन के नंगे तार से हाथी की मौत होना मान रही है. जानकारी मुताबिक गेरसा गांव के किनारे खेत में स्थित बोरपंप में प्रवाहित बिजली के चपेट में आकर हाथी की मौत हुई है. घटना की सूचना के बाद वन अमला मौके पर पहुंचा हुआ है. मामले में पुलिस ने भादोराम राठिया और बाल सिंह नाम के दो लोगों को गिरफ्तार किया है. क्योंकि यही लोग पिछले कई साल से खेत में नंगे तार बिछा रखे थे.
दलदल में फंसने से हाथी के बच्चे की गई जान
धमतरी जिले के उरपुट्टी गांव के माडमसिल्ली के जंगल में भी 15 जून को एक हाथी के बच्चे की मौत हुई है. इसकी मौत की वजह दलदल में फंसने से होना बताया जा रहा है. दरअसल गरियाबंद जिले के जंगलों से होते हुए 21 हाथियों का झुंड धमतरी जिले में पहुंचा था. करीब पखवाड़े भर पहले हाथियों के इस झुंड को मगरलोड क्षेत्र के राजाडेरा जलाशय के पास देखा गया था. जिसमें हाथी के 4 से 5 बच्चे भी शामिल थे. हाथियों का झुंड उत्तर सिंगपुर, दक्षिण सिंगपुर, केरेगांव वन परिक्षेत्र होते हुए धमतरी वन परिक्षेत्र के गंगरेल डूबान पहुंचा था. करीब एक सप्ताह से ये हाथी इसी इलाके में विचरण कर रहे थे. इसी बीच आज सुबह खबर आई कि ग्राम उरपुटी-मोंगरी के पास नाले के दलदल में फंसने से हाथी के एक बच्चे की मौत हो गई. वन विभाग की टीम मौके पर है.
पहले हो चुकी है 3 हथिनी की मौत
इससे पहले सूरजपुर जिले के प्रतापपुर में 9 और 10 जून को एक गर्भवती हथिनी समेत दो हथिनी की मौत हुई थी. गर्भवती हथिनी की मौत की वजह लिवर में इन्फेक्शन था. वही बलरामपुर जिले के राजपुर वन परिक्षेत्र के अतौरी के जंगल में भी 11 जून को एक हथिनी का शव मिला था. उसकी मौत 3 से 4 दिन पहले हुई थी, लेकिन शव बाद में बरामद हुआ था.