Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
Browsing: रायपुर

पंचायत तंत्र – रायपुर । उच्च शिक्षा मंत्री उमेश पटेल ने आज रायगढ़ के कलेक्टोरेट स्थित सभाकक्ष में अधिकारियों की बैठक लेकर कोरोना संक्रमण को फैलने से रोकने तथा उसके बचाव के लिए किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की। बैठक में रायगढ़ विधायक श्री प्रकाश नायक भी उपस्थित थे।
मंत्री उमेश पटेल ने कहा कि कोरोना वायरस संक्रमण है तो इसके इलाज के लिए अस्पतालों में और बेड बढ़ाने का प्रयास करना होगा ताकि इस क्षेत्र के प्रभावित मरीजों को अन्य स्थानों पर नहीं भेजना पड़े। साथ ही उन्होंने कृषि और खाद बीज निगम के अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिले के किसानों को गुणवत्तापूर्ण बीज उपलब्ध कराये जिससे किसानों को अच्छी फसल प्राप्त हो सके।
कलेक्टर श्री भीम सिंह ने बताया कि जिले के सभी क्वारेंटीन सेंटर में रहने वाले प्रवासी श्रमिकों की निरंतर निगरानी की जा रही है और उनके सेम्पल जांच तथा गुणवत्तापूर्ण भोजन, स्वच्छ पेयजल, साफ-सुथरा परिसरों की सतत् निगरानी की जा रही है। वर्तमान में प्रतिदिन 300 सेम्पल लेकर रायगढ़ मेडिकल कॉलेज में जांच हेतु भेजा रहा है। पिछले कुछ दिनों में मरीजों की संख्या में वृद्धि हुई है । अभी एमसीएच अस्पताल में कोविड संक्रमितों को भर्ती कर इलाज किया जा रहा है, आगे यदि मरीजों की संख्या बढ़ती है तो मेडिकल कालेज में 100 बिस्तर की व्यवस्था की गई है। जिले के अन्य अस्पतालों को भी कोविड अस्पताल में बदलने की तैयारी की जा रही है। जिले के कोरोना पॉजिटिव पाये गये मरीजों में अधिकांश संख्या महाराष्ट्र और मुम्बई से आने वाले प्रवासियों की है।

पंचायत तंत्र – रायपुर । मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की पहल पर श्रमिक स्पेशल ट्रेनों, बसों एवं अन्य माध्यमों से अब तक 3 लाख 75 हजार प्रवासी श्रमिक और अन्य लोग सकुशल छत्तीसगढ़ लौटे हैं। इनमें 78 श्रमिक स्पेशल ट्रेनों के माध्यमों से 1 लाख 6 हजार 928 श्रमिक शामिल हैं। गृहराज्य लौटने पर प्रवासी श्रमिकों ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया है। उल्लेखनीय है कि नोवेल कोरोना वायरस (कोविड-19) के संक्रमण की रोकथाम के लिए लागू लाॅकडाउन से उत्पन्न परिस्थितियों के कारण देश के अन्य राज्यों में छत्तीसगढ़ के लाखों मजदूर एवं अन्य लोग रूके हुए थे। राज्य सरकार द्वारा इन श्रमिकों को सुरक्षित छत्तीसगढ़ लाने के लिए बनायी गई कारगर रणनीति, श्रमिक स्पेशल ट्रेनों की व्यवस्था, बसों की व्यवस्था और अधिकारियों की मुस्तैदी से इन श्रमिकों को सकुशल छत्तीसगढ़ वापस लाया जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि राज्य सरकार द्वारा अन्य प्रदेशों से श्रमिकों की सुरक्षित वापसी के लिए अब तक 4 करोड़ 16 लाख रेल मण्डलों को और बसों पर खर्च की किए गए हैं। इसके अलावा राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा श्रमिकों को राहत पहुंचाने के लिए 18 करोड़ 20 लाख रूपए और स्वास्थ्य विभाग 75 करोड़ रूपए जारी की गई है।
डाॅ. डहरिया ने बताया कि श्रम विभाग के अधिकारियों का दल गठित कर विभिन्न औद्योगिक संस्थाओं, नियोजकों एवं प्रबंधकों से समन्वय कर श्रमिकों के लिए राशन एवं नगद आदि की व्यवस्था भी की जा रही है। वहीं लाॅकडाउन के द्वितीय चरण में 21 अप्रैल से शासन द्वारा छूट प्रदत्त गतिविधियों एवं औद्योगिक क्षेत्रों में 1464 छोटे-बड़े कारखानों को पुनः प्रारंभ कर लगभग 1 लाख 8 हजार 158 श्रमिकों को रोजगार उपलब्ध कराया जा रहा है।
श्रम मंत्री डाॅ. डहरिया ने बताया कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में अन्य राज्यों से वापस लौटे इन प्रवासी श्रमिकों को राज्य शासन द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में कार्य प्रारंभ कर महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के तहत रोजगार दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि ऐसे प्रवासी श्रमिक जिनका मनरेगा के तहत जाॅब कार्ड नहीं बना है, उनका भी जाॅब कार्ड बनाकर रोजगार देने का प्रावधान किया गया है। उन्हें निःशुल्क राशन भी दिया जा रहा है।
डाॅ. डहरिया ने बताया कि छत्तीसगढ़ के प्रवासी श्रमिकों और अन्य लोगों की वापसी के लिए ऑनलाइन पंजीयन की व्यवस्था की गई है। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ राज्य के भीतर अन्य जिलों सेे 15 हजार 767 श्रमिकों को सकुशल उनके गृह जिला भिजवाया गया है, वहीं छत्तीसगढ़ में रूके अन्य राज्यों के 28 हजार 450 श्रमिक सुरक्षित वापस अपने गृह राज्य जा चुके हैं। मनरेगा के तहत करीब 26 लाख से अधिक मजदूरों को रोजगार मिल रहा है। राज्य कर्मचारी बीमा सेवाएं (ईएसआई) के द्वारा संचालित 42 क्लीनिकों के माध्यम से लगभग 90 हजार श्रमिकों को निःशुल्क इलाज एवं दवाएं उपलब्ध कराई गई है।

पंचायत तंत्र- रायपुर । मनरेगा (महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गांरटी योजना) ने जिन लोगों की जिंदगी बदली है, उनमें रामसिंह भी एक हैं। पहले बरसात के भरोसे खरीफ फसल के बाद मजदूरी करने वाले किसान रामसिंह के खेतों में अब साल भर हरियाली रहती है। मनरेगा से खेत में बने डबरी में वे मछली पालन भी करते हैं। कृषि के साथ मछली पालन के अतिरिक्त व्यवसाय ने उनकी कमाई बढ़ा दी है।
वैश्विक महामारी कोविड-19 के चलते लागू देशव्यापी लॉक-डाउन के दौरान जब लोग घरों में रोजी-रोटी की चिंता कर रहे थे, उस समय रामसिंह अपनी डबरी में मछली पालन में व्यस्त थे। लॉक-डाउन के दौरान उन्होंने 12 हजार रूपए की मछली बेची। मनरेगा के तहत आजीविका संवर्धन के लिए खोदे गए डबरी ने विपरीत समय में इस अतिरिक्त कमाई का साधन दिया। खेत में डबरी निर्माण के बाद धान और गेहूं की फसल के साथ रामसिंह ने मछली पालन भी शुरू किया। डबरी के पानी से सिंचाई की व्यवस्था होने के बाद धान की अच्छी पैदावार हुई। उन्होंने सोसाइटी में धान बेचकर एक लाख 20 हजार रूपए की कमाई की।
कोरिया जिले के खड़गवाँ विकासखण्ड के सुदूर गाँव पेंड्री के किसान रामसिंह अपने पहले के हालात के बारे में बताते हैं कि बारिश के भरोसे होने वाली खेती से वह और उनका परिवार केवल सालभर खाने लायक अनाज ही उगा पाता था। बाकी जरूरतों के लिए मजदूरी करनी पड़ती थी। मनरेगा के अंतर्गत आजीविका संवर्धन के लिए खेत में डबरी निर्माण से मछली पालन और खेती के लिए पानी के प्रबंधन की बात जानकर उन्होंने भी आवेदन दिया।
ग्राम पंचायत ने उनके खेत में डबरी निर्माण के लिए एक लाख 60 हजार रूपए की मंजूरी देकर काम शुरू करवा दिया। तीन सप्ताह तक चले इस कार्य में रामसिंह के परिवार ने भी काम किया। इस काम से उनके परिवार को 14 हजार रूपए की मजदूरी प्राप्त हुई। डबरी निर्माण के बाद से बारिश के भरोसे होने वाली खेती और मजदूरी से गुजर-बसर करने वाले छह एकड़ जोत के किसान रामसिंह की जिंदगी बदल गई है। लॉक-डाउन और आर्थिक मंदी के बावजूद उनकी आजीविका अप्रभावित रही। मनरेगा से मिला संसाधन इस कठिन दौर में उनका संबल बना और नियमित आय का साधन भी।

पंचायत तंत्र- रायपुर । जनसम्पर्क आयुक्त तारन प्रकाश सिन्हा ने सोमवार को ऑनलाईन कान्फ्रेसिंग के जरिए जिला जनसंपर्क अधिकारियों को सम्बोधित करते हुए कहा कि कोरोना महामारी के समय जनता तक सही और प्रामाणिक सूचना पहुँचाने में जनसम्पर्क अधिकारियों की भूमिका अत्यन्त महत्वपूर्ण है। कोरोना संकट एवं लाॅकडाउन के दौरान जनसंपर्क अधिकारियों ने अपने दायित्वों का सेवा भावना से निर्वहन किया है। जब देश और प्रदेश में बस, रेल यातायात सब बंद थे, लेकिन उस समय भी छत्तीसगढ़ में सूचनाओं का प्रवाह थमा नहीं था। आयुक्त ने जनसंपर्क अधिकारियों की मेहतनत एवं कर्तव्य परायणता के लिए मुक्त कण्ठ से प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि संकट अभी टला नहीं है, हमें आवश्यक सावधानी बरतते हुए समाज एवं जनता के प्रति अपनी जिम्मेदारी का सतत् निर्वहन करना है।
जनसम्पर्क विभाग द्वारा कोरोना संकट के दौरान सूचना एवं संचार की नयी एवं आधुनिक तकनीकों का इस्तेमाल प्रारंभ किया गया। लाॅकडाउन के दौरान कोविड-19 के रोकथाम, जनस्वास्थ्य सुरक्षा तथा राहत उपायों की जानकारी देने मुख्यमंत्री एवं मंत्रीगणों के ऑनलाईन प्रेस कान्फ्रेंस की व्यवस्था शुरू की गयी। इसी कड़ी में आज जनसंपर्क आयुक्त द्वारा जिला जनसंपर्क अधिकारियों को ऑनलाईन कांफ्रेसिंग के जरिए सम्बोधित किया गया।
आयुक्त सिन्हा ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा कोरोना संकट से निपटने के लिए व्यापक प्रबंध किए गए हैं। जिले में मैदानी अमला क्वारंटाईन सेन्टर बनाने एवं उसके प्रबंधन व संचालन में दिन-रात काम में लगे हैं। हमारे डाॅक्टर और हेल्थ वर्कर लगातार पीडितों का उपचार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार एवं शासकीय अमला द्वारा किए जा रहे अच्छे कार्यो को आम जनता तक पहंुचाने के लिए प्रिन्ट एवं इलेक्ट्रानिक मीडिया के साथ-साथ सोशल एवं डिजिटल मीडिया का ज्यादा से ज्यादा इस्तेमाल करें। उन्होंने कहा कि जनस्वास्थ्य सुरक्षा के संबंध में किसी भी प्रकार की भ्रामक खबरें न फैले इसलिए अफवाहों पर नजर रखें और तत्काल इसकी सूचना जिला प्रशासन एवं उच्च अधिकारियों को दें। सिन्हा ने कहा कि सही तथ्यों के साथ त्वरित रूप से सूचना देकर हम अफवाह एवं भ्रामक सूचनाओं को फैलने से रोक सकते हैं।
बैठक में कोविड-19 के नियंत्रण, राहत व्यवस्था एवं क्वारंटाईन सेन्टर में की गयी व्यवस्थाओं की सूचना जनहित में व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए गए। राज्य सरकार के फ्लैगशिप योजनाओं के साथ ही महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना, लघु वनोपजों के संग्रहण, वनोत्पाद के विक्रय, लोक सेवा गारंटी अधिनियम आदि पर आधारित सफलता की कहानियां जारी करने के निर्देश दिए गए। मानसून के आगमन के साथ ही ग्रामीण क्षेत्र में खेती-किसानी की तैयारी, रासायनिक खाद एवं बीजों का भण्डारण एवं किसानों द्वारा उठाव से संबंधित सूचनाओं पर आधारित खबरें किसानों के हित में लगातार जारी करने के निर्देश दिए गए। बैठक में अपर संचालक द्वय जे.एल. दरियो एवं उमेश मिश्रा, संयुक्त संचालक संजीव तिवारी, आलोक देव एवं संतोष मौर्य भी उपस्थित थे।

पंचायत तंत्र – रायपुर । भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता व प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक ने कहा है कि प्रदेश में इन दिनों माफिया राज चल रहा है। प्रदेशभर में रेत माफिया, शराब माफिया और भू माफियाओं को प्रदेश सरकार का संरक्षण मिला हुआ है और ऐसा लग रहा है कि प्रदेश सरकार ने छत्तीसगढ़ को इन माफियाओं के हाथों सौंप दिया है। भाजपा यह सब नहीं चलने देगी। कौशिक आज कुशाभाऊ ठाकरे स्मृति परिसर में जनसंवाद कार्यक्रम के तहत सरगुजा जिला की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग सभा को संबोधित कर रहे थे। विदित रहे, प्रदेश भाजपा द्वारा केंद्र सरकार के दूसरे कार्यकाल के एक वर्ष पूर्ण होने पर जिला स्तर पर इन सभाओं का आयोजन रखा जा रहा है और यह सभा इस क्रम में दूसरे दिन की दूसरी सभा थी।
नेता प्रतिपक्ष कौशिक ने प्रदेश सरकार की विफलताओं पर प्रहार करते हुए कहा कि प्रदेश में रेत खदानें बंद करने के बाद भी उत्खनन और परिवहन का काम बेखटके चल रहा है और ज़िम्मेदार अधिकारी इन मामलों में कोई कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। इन अधिकारियों पर कार्रवाई नहीं करने और रेत का अवैध उत्खनन व परिवहन करने के काम में किसका दबाव और संरक्षण है, बताने की ज़रूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि शराबबंदी का वादा करके सत्ता में आई कांग्रेस के राज में शराब माफिया भी एकाएक सक्रिय हो चले हैं। ऑनलाइन शराब बिक्री के नाम पर शराब का दो नंबर का कारोबार फल-फूल रहा है। अब प्रदेश सरकार राज्य की कीमती सरकारी ज़मीन बेचने का एलान कर चुकी है। यह सरकार और भू माफियाओं की साँठगाँठ है। ज़मीन बेचने के ले क़ानून को सरल करने की बात कही जा रही है। जब सरकार को अपने ले ज़मीन की ज़रूरत होगी तो फिर वह कहाँ से ज़मीन लाएगी? फिर यह ज़मीन ज़रूरतमंदों को नहीं, भू माफियाओं को मिलेगी। यह सब नहीं चलने दिया जाएगा।
धरमलाल कौशिक ने कहा कि प्रदेश सरकार ने हर मोर्चे पर वादाख़िलाफ़ी की है, जनता के साथ धोखाधड़ी की है। किसानों, महिलाओं, युवा बेरोज़गारों, आदिवासियों सहित प्रदेश के हर वर्ग के लोगों के साथ छलावा करने वाली यह प्रदेश सरकार कोरोना के मोर्चे पर भी बुरी तरह विफल सिद्ध हुई है। सरगुजा के गन्ना उत्पादक किसानों के साथ अनुबंध के बाद भी उनका गन्ना नहीं खरीदने पर कौशिक ने प्रदेश सरकार की आलोचना की और कहा कि प्रदेश सरकार इन कन्ना किसानों को उनके नुक़सान की भरपाई करे। इसके लिए विधानसभा में मुद्दा उठाएगी। भाजपा सरगुजा के गन्ना किसानों के साथ खड़ी है।
नेता प्रतिपक्ष ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के कामकाज की चर्चा करते हुए कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने एकात्म मानववाद का चिंतन किया और अंतिम पंक्ति के अंतिम व्यक्ति की चंता की, प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने अपने पहले कार्यकाल में उन सपनों को साकार किया और दूसरे कार्यकाल में केंद्र सरकार ने ऐतिहासिक व क्रांतिकारी फैसले लेकर न केवल देश की पूर्व सरकारों की ऐतिहासिक ग़ल्तियों का परिमार्जन किया, अपितु विश्व मंच पर भारत की नेतृत्व क्षमता को प्रामाणिकता प्रदान की। सवर्णों को आर्थिक आधार पर आरक्षण, सर्जिकल व एयर स्ट्राइक, राम मंदिर निर्माण, धारा 370 व अनुच्छेद -35ए की समाप्ति, तीन तलाक़ क़ानून, नागरिकता संसोधन क़ानून आदि की चर्चा भी श्री कौशिक ने अपने संबोधन में की और कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के सक्षम व सबल नेतृत्व में भारत आत्मनिर्भर देश बन रहा है। सभा की शुरुआत में विधायक व प्रदेश प्रवक्ता शिवरतन शर्मा ने भी अपने विचार रखे। इस मौके पर भाजपा नेता छगन मूंदड़ा, सरगुजा प्रदेश मंत्री अनुराग सिंहदेव, ज़िला भाजपा अध्यक्ष अखिलेश सोनी सहित काफी संख्या में पदाधिकारी, कार्यकर्ता मौज़ूद थे।

पंचायत तंत्र-रायपुर । शराबबंदी को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह के आरोपों पर पलटवार करते हुए शिव डहरिया ने कहा है कि ऐसे लोग जो खुद शाम को बैठकर इसका सेवन करते हैं। ऐसे लोग शराबबंदी की मांग करें तो हमारी सरकार ने कहा है कि इसको चरणबद्ध तरीके से करेंगे ।
डहरिया ने कहा कि हमने इसके लिए कमेटी का गठन किया है जिसकी रिपोर्ट आने पर किया जाएगा। रमन सिंह ने खुद ही घोषणा किया था कि वो शराबबंदी करेंगे लेकिन 15 सालों उन्होंने नही किया क्यों नही किया, वो खुद ही बताएं। हमारी सरकार के घोषणा पत्र में जो बातें है उसका क्रियान्वयन होगा उसके लिए समय है।


पंचायत तंत्र- रायपुर । चोरी के मामले में हिरासत से फरार आरोपी को खम्हारडीह थाना पुलिस ने तीन दिन बाद गिरफ्तार कर लिया है. कचना के इलेक्ट्रॉनिक दुकान में हुई चोरी का नाबालिक आरोपी 12 जून की सुबह पुलिसकर्मियों को चकमा देकर थाने से फरार हुआ था. आरोपी के इस तरह थाने से फरार होने के बाद खम्हारडीह पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे थे ।
जानकारी के अनुसार आरोपी को तेलीबांधा गली नंबर 2 स्थित उसके घर से आरोपी को गिरफ्तार किया गया है. वहीं दूसरी ओर आरोपी के थाने से फरार होने के मामले में किसी भी पुलिस वाले के खिलाफ अब तक कार्रवाई नहीं हुई है ।
खम्हारडीह थाना प्रभारी ममता शर्मा अली ने फरार आरोपी की गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी का घर बहुत ही घनी बस्ती में है. पेट्रोलिंग पार्टी को देख दूर से ही भाग जा रहा था. लेकिन आज हमारी टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया है. कचना के एक इलेक्ट्रॉनिक दुकान में एक लाख 30 हजार रुपये की चोरी के मामले का यह आरोपी है. चोरी के अन्य दो आरोपी पहले ही जेल जा चुके हैं ।
माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के 10वीं और 12वीं के परीक्षार्थियों को अभी और इंतजार करना होगा

पंचायत तंत्र – रायपुर । परिणाम का इंतजार कर रहे छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के 10वीं और 12वीं के परीक्षार्थियों को अभी और इंतजार करना होगा. मंडल के अब इस हफ्ते परिणाम जारी करने की संभावना जताई गई है।
छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल ने बोर्ड परीक्षा परिणाम घोषित करने की तारीख में तकनीकी वजह से एक बार फिर बदलाव किया है. अब इस हफ्ते परिणाम जारी होने की संभावना जताई गई है।
स्कूल शिक्षा मंत्री प्रेम साय सिंह टेकाम ने कहा कि परीक्षा परिणाम के लिए तैयारी अंतिम दौर पर है, इसी सप्ताह में परिणाम जारी किया जाएगा. हालांकि, पहले जून के दूसरे सप्ताह तक जारी करने का लक्ष्य रखा गय़ा था, लेकिन तकनीकी परेशानी और कुछ बच्चों का रिजल्ट नहीं बनने के कारण तारीख बढ़ाई गई है।
वहीं माध्यमिक शिक्षा मंडल के संचिव वीके गोयल ने बताया कि हमारी तैयारी जून के दूसरे हफ्ते की थी, लेकिन कुछ समस्या आ जाने के कारण समय मे थोड़ा बदलाव है, हम चाहते हैं कि सभी बच्चों कि परीक्षा परिणाम एक साथ मिल जाएं. आगे पीछे होने से विद्यार्थी परेशान होते इसलिए सभी का एक साथ फाइनल होने के बाद परिणाम जारी किया जाएगा।

पंचायत तंत्र- रायपुर । छत्तीसगढ़ सरकार ने कोरोना को लेकर नया गाइडलाइन जारी किया है. जिसमें कोरोना संक्रमित मरीजों के डिस्चार्ज और कोरोना वॉरियर्स स्वास्थ्यकर्मियों के क्वारंटाइन के नियम में बदलाव में हुआ है. राज्य सरकार ने कोविड-19 के उपचार और अन्य प्रासंगिक कार्यों के लिए समय-समय पर दिशा निर्देश जारी करने तकनीकी समिति का गठन किया था. जिनके सुझाव के बाद स्वास्थ्य विभाग ने कोविड-19 अस्पतालों में कार्यरत स्वास्थ्य कर्मचारियों के लिए ड्यूटी के बाद क्वारंटाइन के संबंध में कई दिशा निर्देश जारी किया है ।
राज्य सरकार द्वारा जारी दिशा निर्देश
राज्य के विभिन्न कोविड-19 अस्पतालों में कार्यरत स्वास्थ्य कर्मचारियों के लिए उनकी कोविड अस्पताल में ड्यूटी के पश्चात क्वारंटाइन के संबंध में वर्तमान में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा जारी दिशा निर्देशों का पालन करना है.
कोविड अस्पताल के अधीक्षक/नोडल ऑफिसर को यह सुनिश्चित करना होगा की कार्यरत स्वास्थ्य कर्मचारियों का एक्सपोजर हाई-रिस्क या लो-रिस्क है.
हाई-रिस्क में आये समस्त अधिकारी/कर्मचारियों को 14 दिनों के लिए क्वारंटाइन किया जाएगा. आई.सी.एम.आर. मापदण्ड के अनुसार उनकी कोविड जांच भी की जाएगी.
वे सभी स्वास्थ्य अधिकारी-कर्मचारी जिन्हे लो-रिस्क एक्सपोजर की कैटेगरी में रखा जाएगा. ऐसे अधिकारियों-कर्मचारियो को 7 दिन के लिए क्वारंटाइन नियमों का पालन करना आवश्यक होगा. यदि कोविड के संभावित लक्षण हो तो तत्काल RT PCR के लिए सैम्पल लिया जाए.
इसके अलावा लक्षण ना रहने की स्थिति में 5वें दिन में सैम्पल लिया जाएगा. 7वें दिन तक रिपोर्ट प्राप्त करें और निगेटिव आने के बाद उन्हें वापस कार्य में लिया जाएगा. यानी वे 7वें दिन के अवकाश के बाद अपने काम में लौटेंगे ।

ये था तकनीकि समिति का सुझाव
कोरोना के लिए गठित तकनीकी समिति ने मरीजों की बढ़ती संख्या और उपलब्ध सीमित RT PCR टेस्ट सुविधा को ध्यान में रखते हुए कुछ सुझाव दिए थे ।
राज्य के विभिन्न कोविड-19 अस्पतालों में कोरोना वायरस से ग्रसित मरीजों को अस्पताल से डिस्चार्ज के लिए केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग निर्देशों का पालन करना है ।
कोविड अस्पताल यान कोविड सेंटर में भर्ती लक्षण रहित (एसिम्टोमेटिक) मरीजों को प्रथम RT PCR सैम्पल लिए जाने के 10 दिन बाद तक मरीज लगातार बिना लक्षण के रहने की स्थिति में डिस्चार्ज किया जाए. ऐसे मरीजों के डिस्चार्ज के लिए RT PCR जांच किया जाना आवश्यक नहीं होगा ।
हल्के लक्षण वाले भर्ती मरीजों की नियमित तापमान और पल्स ऑक्सीमीटर से जांच की जाए. ऐसे मरीजों को लक्षण मिलने पर 10 दिन बाद और तीन दिनों तक बुखार न आने पर डिस्चार्ज किया जाए. ऐसे मरीजों के डिस्चार्ज के लिए RT PCR जांच किया जाना आवश्यक नहीं होगा ।
किन्ही कारणोवश मरीज का प्रथम पॉजीटिव टेस्ट प्राप्त होने में 10 दिन या उससे अधिक विलंब हो जाता है या उस समय मरीज लक्षण विहीन रहता है. ऐसी परिस्थिति में भी मरीज को पॉजीटिव रिपोर्ट आने के बाद 5 दिन तक अनिवार्य रूप से कोविड अस्पताल में भर्ती कर उपचार किया जाए. भले ही मरीज लक्षणरहित (एसिम्टोमेटिक) हो ।
मरीज को डिस्चार्ज करते समय अच्छी तरह से काउंसिलिंग कर 7 दिनों के लिए होम आइसोलेशन और सेल्फ मॉनीटरिंग की सलाह दी जाए. मरीज को काउंसिलिंग के माध्यम से यह समझाया जाए की डिस्चार्ज होने के बाद यदि उसे बुखार, खांसी या सांस लेने में तकलीफ इत्यादि लक्षण मिलने पर स्वयं या परिजन कोरोना हेल्प लाइन नं. 104 में संपर्क कर सुझाव लें ।

पंचायत तंत्र- रायपुर । छत्तीसगढ़ के सराफा व्यापारियों ने अपना खुद का निर्णय लेते हुए प्रदेश भर में रोजाना शाम 7 बजे दुकानें बंद करने का फैसला लिया है. इसके साथ ही रविवार को पूर्ण लॉकडाउन का फैसला लिया है. सराफा व्यापारी यह नियम राज्य में कोरोना के बढ़ते लगातार संक्रमण को देखते हुए आज से ही लागू करेंगे. आज शाम 7 बजे पूरा गोलबाजार भी बंद रहेगा. बता दें कि प्रशासन के रात 9 बजे तक दुकानों को खोलने की अनुमति दी है ।
सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष हरख मालू ने बताया कि आज से यह फैसला लिया है कि तमाम दुकानों को शाम 7 बजे तक बंद की जाएगी. कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए ये फैसला लिया गया है. जिसका सभी ने सहयोग किया. सराफा की करीब 1500 दुकानों को बंद किया जाएगा. परिवार की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रायपुर के सभी सराफा व्यापारियों ने यह फैसला लिया है. साथ ही रविवार को सभी दुकानों को बंद भी रखा जाएगा. हालांकि प्रदेश भर में कई जगह अन्य व्यापारी संगठन भी दुकान जल्द बंद करने के फैसला लिया है ।
इन व्यापारी संघों ने लिया निर्णय
गोल बाज़ार व्यापारी संघ, रायपुर- शाम 7 तक- दिनेश साहू, अध्यक्ष
गोल बाज़ार कपडा रेडीमेड व्यापारी संघ, रायपुर- सुबह 9 से शाम 7 तक, रविवार बंद- दर्शन होतवानी
चिकनी मंदिर से एडवर्ड रोड के व्यापारियों के भी फोन आ रहे हैं कि वे शाम 7 बंद करना चाहते हैं.
महादेव घाट रोड व्यापारी संघ,रायपुर- शाम 7 तक -विमल बाफना.
रायपुर अनाज व्यापारी संघ-शाम 7 तक- रमेश मेघानी.
रायपुर सराफा एसोसिएशन- सुबह 9 से शाम 7 तक- हरख मालू,दीपचंद कोटडिया.
रायपुर स्कूटर पार्ट्स डीलर एसोसिएशन- सुबह 9 से शाम 7 तक.
पॉवर हाउस सराफा एसोसिएशन- सुबह 9 से शाम 7 तक.
डूमरतराई व्यापारी कल्याण महासंघ- सुबह 10 से शाम 7 तक- राम मंधान.
रायपुर मशीनरी मर्चेंट एसोसिएशन – राजेन्द्र जग्गी, अनिल दुग्गड.
रायपुर इलेक्ट्रिकल मर्चेंट एसोसिएशन- शाम 7 तक- श्याम माहेश्वरी, अमर खट्टर.
रायपुर पुस्तक विक्रेता संघ- शाम 7 बजे तक – दीपक बल्लेवार-अध्यक्ष, परवेज शकिलुद्दीन-महासचिव.
चैंबर ऑफ़ कॉमर्स, नवापारा (राजिम)- सुबह 7 से शाम 7 तक – संजय बंगानी-अध्यक्ष
चैम्बर ऑफ़ कॉमर्स, बेमेतरा- शाम 5 बजे तक- चन्दन सोनी.
चैम्बर ऑफ़ कॉमर्स,तिल्दा- सुबह 9 से शाम 7 तक- दिनेश पंजवानी.
तिल्दा नेवरा फुटवियर एसोसिएशन- सुबह 9 से शाम 7 तक- प्रकाश मेघानी, कन्हैयालाल जोतवानी.
धमतरी सराफा एसोसिएशन- सुबह 9 से शाम 7 तक- शिशिर सेठिया, महेश सोनी.
धमतरी इलेक्ट्रिक, इलेक्ट्रॉनिक्स,फर्नीचर एसोसिएशन- शाम 7 तक- श्याम भाई, जसराज भाई.
धमतरी कपड़ा और रेडीमेड व्यापारी संघ-शाम 7 तक.
बिलासपुर मर्चेंट एसोसिएशन- सुबह 9 से शाम 6 तक- पवन वाधवानी.
महासमुंद इलेक्ट्रिकल एंड इलेक्ट्रॉनिक्स एसोसिएशन- सुबह 9 से शाम 5 तक.
मुख्य मार्ग व्यापारी कल्याण समिति, जगदलपुर- शाम 7 तक.
जशपुर व्यापार संघ- दोपहर 2 बजे.