Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
Browsing: रायपुर

पंचायत तंत्र – रायपुर । राज्यपाल सुश्री अनुसुईया उइके ने आज यहां राजभवन में वीडियो कांफ्रेसिंग के माध्यम से इंडियन पोडियाट्री एसोसिएशन के छत्तीसगढ़ चेप्टर का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि यह प्रारंभ होने से प्रदेश में डायबिटिक फुट से ग्रसित मरीजों को इलाज में विशेष सुविधा मिलने के साथ ही इस बीमारी के प्रति लोगों में जागरूकता आएगी। इस बीमारी से पीड़ित मरीज पैर खोने से बच जाएंगे। यह वास्तव में मानवीय सेवा का बड़ा कार्य है। इसके लिए संस्था के अध्यक्ष डॉ. सुरी और छत्तीसगढ़ चेप्टर के चेयरमेन डॉ. सुनील कालड़ा को विशेष रूप से बधाई देती हूं। यह कार्य इलाज करने के साथ-साथ लोगों को नया जीवन प्रदान करने जैसा है।
राज्यपाल ने कहा कि इंडियन पोडियाट्री एसोसिएशन विशेष रूप से डायबिटिक फुट पर केन्द्रित होकर कार्य करता है। मधुमेह के रोगियों को इसके प्रति जागरूक करता है और उनका इलाज भी करता है। इस संस्था में चिकित्सा से जुड़े विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञ शामिल हैं, जो मिलकर डायबिटिक फुट की बीमारी को रोकते हैं और गंभीर स्थितियों में रक्षा करते हैं। उन्होंने कहा कि आज की भाग-दौड़ की जिन्दगी तथा आनुवांशिक कारणों से डायबिटिज की बीमारी आम होती जा रही है। एक अध्ययन के अनुसार भारत देश में करीब 5 से 6 करोड़ लोग मधुमेह रोग से पीड़ित हैं। इसके कारण हर साल करीब एक लाख मधुमेह रोगी अपना पैर खो देते हैं। एक सर्वेक्षण के अनुसार अधिकतम मधुमेह रोगियों को इस स्थिति की जानकारी नहीं होती और वे अपने पैरों की नियमित जांच भी नहीं कराते।
राज्यपाल ने कहा कि डॉ. कालड़ा छत्तीसगढ़ में कई वर्षों से डायबिटिक फुट के बारे में आम लोगों को जागरूक कर रहे हैं और उनका इलाज कर रहे हैं। मैं इनके लिए उन्हें धन्यवाद देती हूं। आज मेडिकल साइंस निरंतर उन्नति कर रहा है। चिकित्सा से जुड़ी समस्या के हर पहलू की माइक्रो स्टडी की जा रही है और उनमें शोध किये जा रहे हैं। इसके परिणाम स्वरूप गंभीर से गंभीर बीमारी का इलाज संभव हो पा रहा है। आवश्यकता है लोगों को जागरूकता की। राज्यपाल ने आम जनता से आग्रह करते हुए कहा कि वे जागरूक रहें, किसी भी बीमारी से घबराए नहीं, उसका इलाज कराएं और चिकित्सक के निर्देशों का पालन करें। कोरोना काल में डायबिटिक जैसे बीमारियों से ग्रसित मरीजों को अधिक सावधान रहने की आवश्यकता है। उनके लिए सावधानी ही सुरक्षा है।
इंडियन पोडियाट्री एसोसिएशन राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. ए.पी.एस. सूरी ने कहा कि हमारे देश में कई नई तकनीक ईजाद हो गई है जिससे डायबिटिक फुट का इलाज किया जा रहा है। इस चेप्टर के यहां शुभारंभ से छत्तीसगढ़ के गांव-गांव तक इसकी इलाज की सुविधा उपलब्ध हो पाएगी। डॉ. सुनील कालड़ा ने कहा कि अब तक इस चेप्टर का 11 राज्यों में शुभारंभ हो चुका है और यह छत्तीसगढ़ में शुरू हो रहा है। यह चेप्टर निश्चित ही यहां पर मील का पत्थर साबित होगा। इससे डायबिटिक फुट के मरीज अपनी नियमित जांच करा पाएंगे और दवाईयां उपलब्ध हो पाएंगी। डॉ. राका शिवहरे ने कहा कि छत्तीसगढ़ में इस चेप्टर का प्रारंभ करने का उद्देश्य मानव सेवा है।
इस अवसर पर राज्यपाल ने डॉ. सुनील कालड़ा एवं अन्य चिकित्सकों का सम्मान किया। संस्था ने भी राज्यपाल का सम्मान किया। कार्यक्रम में डॉ. आनंद कुमार सुरी, डॉ. अनिल कुमार वर्मा, डॉ. उदय कुमार, डॉ. केतन शाह और देश-विदेश के चिकित्सक शामिल हुए।

पंचायत तंत्र-रायपुर । प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कहा है कि गलवान घाटी में चीनी सेना द्वारा धोखे से घेरकर किये गये क्रूरतापूर्ण बर्बरतापूर्ण हमले में देश के उच्च सैन्य अधिकारी सहित 20 जवानों की शहादत से पूरे देश में भारी रोष और गहरी नाराजगी है। पूरे देश को हमारे वीर सपूतों के शौर्य पर गर्व है, जिन्होंने अपने प्राणों की आहुति दे भारत मां की अस्मिता की रक्षा की है। भारत के साहसी सैनिकों पर हमें नाज़ है, जो सीना ताने आज भी दुश्मनों का सामना कर रहे हैं। चीनी सेना द्वारा लगातार जातरी इस दुस्साहस पर प्रधानमंत्री, श्री नरेंद्र मोदी व उनकी सरकार मौन साधी रही। 40 दिनों की दिल्ली के हुक्मरानों की सरकारी चुप्पी का परिणाम बेहद हृदय विदारक और दुखद निकला। केन्द्र की भाजपा सरकार की खामियों और नाकामियों की वजह से हमारे सैनिकों की शहादत का यह दुखद और वेदना भरा दिन देश को देखना पड़ा है।
पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस पार्टी व पूरा प्रतिपक्ष बार-बार केंद्र सरकार से गुहार लगाते रहे, आगाह करते रहे कि बताईये कि आखिर सीमा पर परिस्थितियां क्या हैं, चीन की सेना हमारी सरहदों में कहां तक घुस आई है? और हमारी कितनी जमीन हड़प ली है? सेना के अनेक जिम्मेदार पूर्व अधिकारियों ने भी लगातार आगाह किया कि स्थिति गंभीर है व सरकार को सावधान होकर कार्यवाही की आवश्यकता है। मगर केन्द्र की भाजपा की लापरवाह और नाकाम सरकार अपने राजनैतिक जलसों, चुनावी लड़ाईयों, विपक्ष की सरकारें गिराने के षडयंत्रों में व्यस्त रही और सीमा की सच्चाई देश से छिपाती रही। बहुत दुख से कहना पड़ता है कि केंद्र की भाजपा सरकार की प्राथमिकता में देश नहीं, भाजपा की सत्ता और भाजपा सरकार राजनैतिक हितो को ज्यादा प्राथमिकता देही है।
मोदी सरकार में सवालों पर पाबंदी है और सूचनाओं पर तालाबंदी है। आज देश से सब कुछ छिपाया जा रहा है। क्या मोदी सरकार के पास उन मांओं के लिए कोई जवाब है, जिन्होंने देश की रक्षा में अपने लाडले बेटों की कुर्बानी दी है? क्या उन पत्नियों के लिए कोई जवाब है, जिन्होंने अपने सिंदूर को भारत मां पर न्योछावर कर दिया? क्या उन बच्चों के लिए कोई जवाब है, जिनके सर से पिता का साया उठ गया? सच्चाई यह है कि देश की हुकूमत चेताए जाने के बावजूद आंखें मूंदे रही। गलवान घाटी में सैनिकों की शहादत के वाकये को होने दिया गया है। चीन ने भारत की सरजमीं पर कब्जा कर लिया, उसकी रक्षा करते हुए हमारे सैनिक वीरगति को प्राप्त हो गए, पर दिल्ली में बैठी मोदी सरकार तथा प्रधानमंत्री व रक्षामंत्री ने मात्र चुप्पी साधे रखने के अलावा क्या किया?
हमारे शहीदों की शहादत को सलाम करते हुए भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की ओर से हम फिर दोहराते हैं कि राष्ट्रीय सुरक्षा व देश की भूभागीय अखंडता के हर मुद्दे पर देश के 130 करोड़ नागरिक एक हैं व सरकार के साथ खड़े हैं, परंतु मोदी सरकार को देश को विश्वास में लेना होगा। प्रधानमंत्री, श्री नरेंद्र मोदी को सामने आकर देश के सामने सच्चाई बतानी होगी कि चीन ने हमारी सरजमीं पर कब्जा कैसे किया व 20 सैनिकों की शहादत कैसे हुई? मौके पर आज की स्थिति क्या है? क्या हमारे सैन्य अधिकारी या सैनिक अभी भी लापता हैं? हमारे कितने सैन्य अधिकारी व सैनिक गंभीर रूप से घायल हैं? चीन ने हमारे कितने हिस्से पर और कहां कहां कब्जा कर रखा है? इस पूरी स्थिति से निपटने के लिए भारत सरकार की नीति और रास्ता क्या है? पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी जी ने और पूरी कांग्रेस पार्टी ने स्पष्ट कहा है कि पूरा देश एकजुट हो देश व सीमाओं की रक्षा के लिए सरकार के साथ खड़ा है। अब जिम्मेदारी प्रधानमंत्री, नरेंद्र मोदी व सरकार की है कि वो देश व देशवासियों को विश्वास में लें।

पंचायत तंत्र- रायपुर । प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णु देव साय के बयान पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुये प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष शैलेश नितिन त्रिवेदी ने कहा है कि मोदी जी 9 बार चीन गये। 5 बार प्रधानमंत्री के रूप में मोदी जी चीन गये। 4 बार गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में मोदी जी चीन गये। 18 मुलाकातें मोदी जी की शी जिनपिंग से हुई है। राहुल गांधी से चीनी राजदूत की मुलाकात की जानकारी मांगने वाले विष्णुदेव साय बतायें कि इन मोदी और शी जिनपिंग की 18 मुलाकातों में क्या हुआ? मोदी जी अपने भाषणों में कहा है मेरे और शी जिनपिंग के संबंध दो देशों के संबंधों से अलग निजी संबंध है। दो देशों के संबंध कूटनीतिक संबंध होते है।
प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष शैलेश नितिन त्रिवेदी ने पूछा है कि विष्णु देव साय बतायें कि मोदी और शी जिनपिंग के निजी संबंधों का क्या आधार था? मोदी जी ने इन निजी संबंधों से क्या पाया क्या खोया? चीन की कंपनी शंघाई टनल इंजिनियरिंग कंपनी एसटीईसी ने दिल्ली मेरठ रोड की अशोक नगस्टो साहिनबाद तक 5.6 किमी की भूमिगत टनल परियोजना का ठेका दिया गया। जबकि लार्सन एंड टूब्रो, टाटा प्रोजेक्टस लिमिटेड, एफकान्स जैसी भारतीय कंपनियां इसमें बिडर थी।
मोदी जी ने 3000 करोड़ की सरदार पटेल की मूर्ति चीन से बनवाई। मोदी जी ने महान देशभक्त नेता सरदार पटेल की प्रतिमा उस देश से बनवाई जिसका गद्दारी का इतिहास है। प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष शैलेश नितिन त्रिवेदी ने पूछा है कि मोदी जी और भाजपा सरकार चीन से आयात बंद क्यों नहीं करती? चीन से सामान अपने आप उड़कर तो नहीं आयेगा। भाजपा और मोदी का चीन को लेकर दोहरा चरित्र बेनकाब हो गया है। हर नाकामी का ठीकरा विपक्ष के माथे पे फोड़कर और विपक्ष के सवालों पर मोदी जी का मौनी बाबा बन जाना स्पष्ट करता है कि देश मजबूत हाथों में नहीं। प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष शैलेश नितिन त्रिवेदी ने पूछा है कि विष्णुदेव साय भाजपा द्वारा नकारे हुये नेता है। जिस व्यक्ति को मोदी ने टिकट देने के लायक नहीं समझा वह राहुल गांधी पर आरोप लगाने के पहले अपनी हैसियत तो नाप ले। अगर चीन के राजदूत से मिलना गुनाह है तो नरेन्द्र मोदी की शी जिनपिंग की 18 मुलाकाते मोदी जी को 18 गुना ज्यादा गुनाहगार बनाती है। प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष शैलेश नितिन त्रिवेदी ने पूछा है कि विष्णु देव साय ने क्या लोकसभा चुनावों में टिकट अपनी नकारे जाने का मोदी जी से बदला लेने के लिये राहुल जी पर यह सतही आरोप उछाला है ताकि पूरे देश की उंगलियां मोदी जी पर उठ सके। मोदी का चीन के साथ छिपा गठजोड़ उजागर हो? अगर ऐसी ही बात है तो हम विष्णुदेव साय के यह भावना और सोच की कूटनीति अब बेनकाब हो गयी है।
विष्णुदेव साय और भाजपा की प्राथमिकता राजनीति है, शहीद नहीं है। 17 जून को जनजुड़ाव रैली कांकेर और जगदलपुर को विष्णुदेव साय ने संबोधित किया। पूरे संबोधन में विष्णुदेव साय ने 20 सैनिकोकी शहादत का जिक्र नहीं किया और कांकेर की माटी के शहीद गणेश कुंजाम का जिक्र तक नहीं किया।
भारतीय प्रधानमंत्रियों द्वारा चीन की आधिकारिक यात्राओं का ब्यौरा निम्नलिखित हैः-
पं० नेहरू : 1
शास्त्री जी : 0
इंदिरा गांधीः 0
मोरारजी देसाई : 0
चौ० चरण सिंह :0
वीपी सिंह : 0
चंद्रशेखर :0
दैवे गोडा : 0
गुजराल : 0
राजीव गांधी : 1
वाजपेयी : 1
डा० मनमोहनसिंह : 2
पी वी नरसिंहराव : 1
नरेंद्र मोदी : प्रधानमंत्री की हैसियत से 05 बार
मुख्यमंत्री की हैसियत से 04 बार
कुल 09 बार

पंचायत तंत्र – रायपुर । भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय के बयान पर कांग्रेस ने तीखा पलटवार किया । प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने मोदी भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि कहाँ छुपा है चौकीदार?18 घण्टा जागकर काम करने का दम्भ भरने वाले चौकीदार की सजगता की पोल खुल गई। असल में सोशल मीडिया के चौकीदार को जनता देश के चौकीदार समझने की भूल कर गई इसका ही दुखद परिणाम है चीन और नेपाल जैसे देश भारत को आंख दिखाने की जुर्रत कर रहे हैं? बीते 6 साल में देश में 17 सौ से अधिक आतंकी हमले हुए, 500 से अधिक नागरिक और सेना के जवानों की शहादत हुई है, 2016 से लेकर 2018 में आतंकी हमलों में 176 प्रतिशत बढ़ोतरी हुई है। भारतीय सीमा में पड़ोसी देशों की सेना की हलचल बढ़ी है, पड़ोसी देश इस दौरान भारतीय भूमि पर कब्जा करने के प्रयास किए।
प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि सोशल मीडिया के चौकीदार और मोदी सरकार एवं भाजपा नेताओं को कांग्रेस के नेता कहां जा रहे है? किस से मिल रहे हैं? इस बात की पुख्ता जानकारी होती है। लेकिन पुलवामा में 350 किलो आरडीएक्स कैसे आया? चीन और नेपाल भारतीय सीमा पर प्रवेश कैसे कर गए? भाजपा को इस बात की ना तो जानकारी होती है ना तो इनको खबर होती है? भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय केंद्र की मोदी सरकार की नाकामी विफलता ढुलमुल विदेशी नीति और बड़बोलापन के कारण चाइना बॉर्डर में हुई 20 से अधिक भारतीय सेना के जवानों की शहादत से और पड़ोसी देश चीन के हरकतों से आम जनता का ध्यान भटकाने कांग्रेस नेताओं पर सवाल उठा रहे है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय को प्रदेश की जनता को बताना चाहिए आखिर नरेंद्र मोदी जी देश को अंधेरे में रखकर अचानक पाकिस्तान कैसे पहुंच गए थे? उनका पाकिस्तान जाने का मकसद क्या था ।
प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि चाइना बॉर्डर में हुई भारतीय सेना के जवानों की शहादत से देशभर में आक्रोश है। पूरी कांग्रेस पार्टी इस कठिन समय में देश और भारतीय सेना के साथ खड़ी हुई है, देश भारतीय सेना के जवानों की शहादत का बदला चाहती है। ऐसे दुखद समय में भाजपा के नेता कांग्रेस नेताओं पर टीका टिप्पणी कर मोदी सरकार की विफलताओं से जनता का ध्यान हटाने में जुटे हुए हैं। यह वक्त कांग्रेस नेताओं पर टीका टिप्पणी करने का नहीं बल्कि भारत के संप्रभुता मान सम्मान की रक्षा का समय है। शहीद सैनिकों के परिवार को न्याय दिलाने का समय है। मोदी सरकार तत्काल कड़ा और बड़ा फैसला करें और चीनियों के करतूत का कड़ा जवाब दें।

पंचायत तंत्र-रायपुर । शहीद जवान गणेश राम कुंजाम का पार्थिव शरीर आज माना एयरपोर्ट पहुंचा । मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पूर्व सीएम डॉ रमन सिंह, गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू, पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल, मंत्री रविंद्र चौबे, मंत्री शिवडहरिया, विधायक कुलदीप जुनेजा, नगर निगम महापौर ऐजाज ढ़ेबर और DGP डीएम अवस्थी समेत आला-अफसरों ने शहीद जवान गणेश राम कुंजाम को अंतिम सलामी दी। इस मौके पर CRPF,CISF,BSF,ITBP समेत सेना के अधिकारी मौजूद रहे।

पंचायत तंत्र- रायपुर । पुलिस लाइंस एमटीओ में एक और घोटाला उजागर हुआ है. कोतवाली थाने में पांच ड्राइवरों के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज हुआ है. सवा लाख की कीमत के 16 हजार लीटर डीजल की खपत अधिक बताई गई है. पुलिस ने मां तारिणी ट्रेवल्स को जांच के दायरे में लिया है. बताया जा रहा है पुलिस ट्रेवल्स संचालक से भी इस संबंध में बहुत जल्द पूछताछ करेगी ।
पुलिस ने बताया कि राजकुमार द्विवेदी एमटीओ ने लिखित शिकायत किया है कि आरोपियों द्वारा फर्जी सील एवं हस्ताक्षर कर शासन द्वारा अधिगृहित वाहन मीटर रीडिंग में दूरी बढ़ाकर 1600 लीटर डीजल कीमती 1,13,006 रुपए का गबन करना पाया गया. जांच में अपराध पाए जाने पर पांच ड्राइवरों के खिलाफ केस दर्ज किया गया ।
विभागीय तौर पर एयर फोर्स के अधिकारीयों के लिये नक्शल विरोधी अभियान ड्यूटी के लिए मां तारिणी ट्रेवल्स से 1 फरवरी को अधिग्रहित किये गए. एमटीओ शाखा में वाहनों को 15-15 दिन के लिए ड्यूटी के लिए अस्थाई रूप से अधिगृहित कर एयर फोर्स नक्सल विरोधी अभियान ड्यूटी के लिए प्रदान किया गया था ।
पांच ड्राइवरों के द्वारा तैयार किये गए ड्राइवर डायरी का निरीक्षण में सफर अधिक प्रतीत होने पाया गया. एयर फोर्स के अधिकारियों को पत्राचार किया गया एवं ड्राइवर डायरी को सत्यापन के लिए भेजा गया था, जो एयर फोर्स के अधिकारी ने ड्राइवरों के डायरी में सफर कर्ता के हस्ताक्षर एवं सत्यापन के सील को मिलान किया. इसमें सफर कर्ता के हस्ताक्षर एवं सत्यापन की सील, सत्यापन कर्ता का हस्ताक्षर फर्जी पाया गया ।
वाहन चालकों द्वारा फर्जी सील मुद्रा तैयार कर फर्जी हस्ताक्षर एयर फोर्स अधिकारी का बनाकर पांचों ड्राइवरों ने वाहनों की रीडिंग धोखाधड़ी से बढ़ाकर सरकार को नुकसान पहुंचाया. फिलहाल पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है ।

पंचायत तंत्र- रायपुर । मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने लद्दाख की गलवान घाटी में चीन के सैनिकों के साथ झड़प में शहीद हुए भारतीय सेना के जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शहीद जवानों के शोकसंतप्त परिवारजनों के प्रति गहरी संवेदना और सहानुभूति प्रकट की है।
मुख्यमंत्री ने वीर जवानों को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि शहीद जवानों में छत्तीसगढ़ महतारी के सपूत कांकेर निवासी श्री गणेश राम कुंजाम भी शामिल हैं। श्री बघेल ने शहीद जवान श्री गणेश राम कुंजाम को श्रद्धांजलि अर्पित की है। मुख्यमंत्री ने कहा है कि हम सबको अपने बहादुर जवानों पर गर्व है, देश की एकता और अखंडता की रक्षा के लिए पूरा देश एकजुट है।

पंचायत तंत्र-रायपुर । मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने 18 जून को रानी लक्ष्मी बाई के बलिदान दिवस पर उनकी वीरता, साहस और देशभक्ति को नमन करते हुए कहा कि झांसी की रानी ने मातृ भूमि के लिए अपने प्राण न्यौछावर कर दिए। वे सच्चे अर्थों में वीरांगना थी, ऐसे चरित्र अनुकरणीय होते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि रानी लक्ष्मी बाई शौर्य और नारी शक्ति का प्रतिमान हैं, उनका व्यक्तित्व केवल महिलाओं के लिए ही नहीं पूरे समाज तथा देश के लिए प्रेरणा स्रोत है।

पंचायत तंत्र- रायपुर । मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की अध्यक्षता में आज यहां निवास कार्यालय में आयोजित वन विभाग की बैठक में राज्य के ग्रामीण वनवासियों के हित में महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है। जिसके तहत अब छत्तीसगढ़ में राष्ट्रीकृत वनोपजों को छोड़कर अन्य लघु वनोपजों के लिए परिवहन अनुज्ञा पत्र (टी.पी. पास) लेने की अनिवार्यता खत्म कर करने का अहम निर्णय लिया गया है। इसके साथ ही वन्य प्राणियों के उपचार के लिए दो अत्याधुनिक और सर्व सुविधा युक्त अस्पताल विकसित करने, मैदानी अमलों पर नियंत्रण के लिए वन विभाग के द्वारा मोबाईल एप तैयार करने सहित अनेक मुद्दों पर निर्णय लिया गया। राज्य में लघु वनोपजों के लिए परिवहन अनुज्ञा पत्र समाप्त होने से इसके परिवहन से जुड़े व्यापारियों को विक्रय हेतु लघु वनोपज एक स्थान से दूसरे स्थान ले जाने में सुविधा होगी। इस अवसर पर वन मंत्री श्री मोहम्मद अकबर, गृह मंत्री श्री ताम्रध्वज साहू सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री श्री बघेल ने बैठक में राज्य में हाथियों सहित अन्य वन्य प्राणियों के संरक्षण पर भी विभागीय अधिकारियों के साथ विस्तृत विचार-विमर्श किया। इस दौरान उन्होंने राज्य में वन्य प्राणियों के संरक्षण के उपायोें को बेहतर बनाने सहित इनकी निगरानी के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। राज्य में विगत 10 वर्षाें के दौरान हाथियों सहित अन्य वन्य प्राणियों की संख्या में बढ़ोत्तरी दर्ज की गई है। अधिकारियों ने बताया कि राज्य में पिछले 10 वर्षाें में हाथियों की संख्या 225 से बढ़कर आज 290 तक हो गई है। इसके अलावा वन तथा राजस्व क्षेत्रों में विशेषकर हाथी प्रभावित क्षेत्रों में वन्यप्राणियों के बचाव के लिए खुली विद्युत तारों को ऊर्जा और वन विभाग के द्वारा केबल लगाने के संबंध में भी विचार किया गया।
बैठक में वन विभाग के मैदानी अमले पर नियंत्रण और फिल्ड में उनकी उपस्थिति सुुनिश्चित करने के लिए मोबाईल एप विकसित करने का निर्णय लिया गया है। इस एप के माध्यम से वन विभाग के फोरेस्ट गार्ड से लेकर उच्च स्तर के सभी अधिकारियों की मॉनिटरिंग की जाएगी। इससे वन प्रबंधन और वन्य प्राणियों के संरक्षण में तत्काल जरूरी कदम उठाए जा सके। इसी तरह मुख्यमंत्री श्री बघेल ने राज्य में वन्य प्राणियों तथा हाथियों के दल की सतत निगरानी के लिए सभी प्रभावित वन मण्डलों में 10-10 लोगों को चयन कर टीम बनाने के भी निर्देश दिए हैं। बैठक में उन्हें वन प्रबंधन समितियों के माध्यम से राशि भुगतान करने का निर्णय लिया गया। राज्य में वर्तमान में महासमुन्द वन मण्डल के अंतर्गत मानव-हाथी द्वंद में नियंत्रण के लिए संचालित मोबाईल बेस्ड एलर्ट सिस्टम की सराहना करते हुए इसे धरमजयगढ़ और सूरजपुर वन मण्डल के 10-10 गांवों में लागू करने का निर्णय लिया गया।
मुख्यमंत्री ने बैठक में वन्य प्राणियों के त्वरित उपचार दिलाने के मद्देनजर राजधानी रायपुर के जंगल सफारी स्थित पशु चिकित्सालय और बिलासपुर के कानन पेंडारी स्थित पशु चिकित्सालय को अत्याधुनिक और सर्व सुविधा युक्त अस्पताल के रूप में विकसित करने के निर्देश दिए। इस दौरान चर्चा करते हुए वन मंत्री श्री अकबर ने बताया कि वन विभाग में वर्तमान में कार्यरत पशु चिकित्सक संविदा नियुक्ति पर है, वन्य प्राणियों के उपचार के लिए विशेषज्ञ चिकित्सक बनने के पहले ही कई चिकित्सक अन्य सेवाओं में चले जाते हैं। जिसके कारण वन्यप्राणियों के उपचार में कई बार कठिनाईयां आती है। मुख्यमंत्री ने वन मंत्री श्री अकबर के अनुरोध पर पशु चिकित्सा विभाग में कार्यरत चिकित्सकों को वन विभाग में प्रतिनियुक्ति पर लेने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी 20 वन मण्डलों में जहां वन्य प्राणियों की संख्या ज्यादा है, वहां इन चिकित्सकों को प्राथमिकता से तैनात करने कहा।
बैठक में मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव श्री सुब्रत साहू, वन विभाग के प्रमुख सचिव श्री मनोज पिगुआ, मुख्यमंत्री के सचिव श्री सिद्धार्थ कोमल परदेशी, प्रधान मुख्य वन संरक्षक श्री राकेश चतुर्वेदी, प्रधान मुख्य वन संरक्षक वन्य प्राणी श्री अतुल शुक्ला, अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक श्री अरुण पाण्डेय, कैम्पा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री व्ही. श्रीनिवास राव, मुख्यमंत्री सचिवालय में उप सचिव सुश्री सौम्या चौरसिया सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

पंचायत तंत्र- रायपुर । छत्तीसगढ़ में कोरोना संक्रमितों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। मंगलवार को भी 69 नए संक्रमित मिले हैं। नारायणपुर जिले में मंगलवार को पहली बार कोरोना के 2 मरीज मिल गए हैं। बलौदाबाजार से 12, कोरबा से 5, दुर्ग से 4, राजनांदगांव से 2, कवर्धा, कोरिया, बिलासपुर, महासमुंद व बालोद के एक-एक मरीज शामिल हैं। रायपुर में एम्स की स्टाफ के अलावा 4 हेल्थ वर्कर समेत 9 नए संक्रमित मिले हैं। प्रदेश में मरीजों की संख्या 1786 हो गई है। इनमें से 842 मरीज अस्पतालों में भर्ती हैं। वहीं मंगलवार को 102 मरीजों को स्वस्थ होने के बाद डिस्चार्ज कर दिया गया। अब तक 933 स्वस्थ हो चुके हैं। बता दें सोमवार की देर रात 47 कोरोना मरीजों की पहचान की गई थी। इसमें कोरबा के 16 में 9 केस रिपीट थे। नारायणपुर को मिलाकर अब प्रदेश के 28 में 26 जिले में कोरोना संक्रमित मिल चुके हैं। अब तक केवल बस्तर के दो जिले सुकमा व बीजापुर में अब तक कोरोना के मरीज नहीं आए हैं। 5 टॉप जिलों में पहले नंबर पर कोरबा है। वहां 249 मरीज मिल चुके हैं। दूसरे नंबर पर बिलासपुर में 168, तीसरे नंबर पर रायपुर 152, चौथे नंबर पर जांजगीर-चांपा में 140 व पांचवें नंबर पर मुंगेली है। वहां 116 मरीज हैं। जिन जिलों में नए मरीज मिल रहे हैं, वहां एक्टिव केस भी ज्यादा है।
टॉप तीन में पहले नंबर पर 82 मरीजोंं के साथ बलौदाबाजार, दूसरे नंबर पर बिलासपुर में 83, तीसरे नंबर पर मुंगेली में 82 मरीजों का इलाज चल रहा है। प्रदेश में अब तक कोरोना से 10 लोगों की मौत हो चुकी है। इसमें दुर्ग से 3, बिलासपुर से 2, रायपुर, जगदलपुर, धमतरी, महासमुंद व रायगढ़ से एक-एक की मौत हुई है।
राजधानी में एक ही दिन में 9 मरीज, 5 साल का बच्चा भी संक्रमित : राजधानी रायपुर में सोमवार को देर रात से लेकर मंगलवार तक कोरोना के एक साथ 9 नए मरीज मिल गए हैं। एक दिन में इतने मरीज पहली बार मिले हैं। महिला में संक्रमण पाए जाने के बाद सदरबाजार इलाके में पहला कंटेनमेंट जोन बनाया गया है। रायपुरा का 5 साल का बालक भी कोरोना से संक्रमित हुआ है। उसके संक्रमण के कारण पता लगाए जा रहे हैं।
नए मरीजों में भवानी नगर गुढिय़ारी में 40 साल व पुलिस लाइन की 41 साल की महिला कोरोना मरीजों के संपर्क में आने के कारण संक्रमित हुई हैं। चौरसिया कॉलोनी, मठपारा व एक अन्य मरीज हेल्थ वर्कर है। इसके अलावा सदरबाजार की महिला भी संक्रमित हुई हैं। आमासिवनी का 28 साल का युवक आईटीबीपी का जवान है। वह हाल में अरुणाचल प्रदेश से लौटा है। सभी मरीजों को अस्पतालों में भर्ती किया जा रहा है। साथ ही उनके परिजन व संपर्क में आए लोगों का पता किया जा रहा है। इन इलाकों को कंटेनमेंट जोन बना दिया गया है। रायपुर शहर में अब तक करीब 80 व जिले में 152 मरीज मिल चुके हैं। इनमें 10 मरीजों को मंगलवार को डिस्चार्ज किया गया। कुल एक्टिव केस 93 हैं। जबकि अभी तक 58 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। जून माह शुरू होते ही रायपुर शहर व जिले में 141 मरीज मिल चुके हैं। जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एसके सिन्हा ने बताया कि टीम उन इलाकों का सर्वे कर रही है, जहां मरीज मिले हैं। सैंपल लेकर नेहरू मेडिकल कॉलेज व एम्स भेजा जा रहा है।
कोरोना संक्रमितों को आयुष्मान पैकेज से इलाज
कोरोना के मरीज लगातार बढऩे से सरकारी अस्पतालों में बिस्तर फुल होते जा रहे हैं। प्राइवेट अस्पतालों को अधिग्रहित करने के बाद उसे संचालित करना मुश्किल है, क्योंकि स्वास्थ्य विभाग के पास स्टाफ ही नहीं है। इसलिए अब प्राइवेट अस्पतालों को कोरोना के इलाज की छूट देने का फैसला किया गया है। निजी अस्पतालों में कोरोना मरीजों के इलाज का खर्च स्वास्थ्य विभाग उठाएगा। खबर है कि इसके लिए कोरोना का इलाज आयुष्मान भारत योजना (डॉ.खूबचंद बघेल स्वास्थ्य सहायता योजना)में शामिल कर प्रति बिस्तर पैकेज दिया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग की ओर से इसका प्रस्ताव सरकार को भेज दिया गया है। शासन स्तर पर इलाज का पैकेज तय होने पर इसे आयुष्मान में शामिल कर लिया जाएगा। आयुष्मान भारत योजना के तहत फ्री इलाज की सुविधा अभी केवल सरकारी अस्पतालों में दी जा रही है। इस वजह से कोरोना के इलाज को पैकेज में शामिल करना स्वास्थ्य विभाग का महत्वपूर्ण फैसला बताया जा रहा है। कोरोना का इलाज अभी केवल एम्स, अंबेडकर अस्पताल सहित केवल सरकारी अस्पतालों में ही किया जा रहा है।