Browsing: रायपुर

 
पंचायत तंत्र-रायपुर । नेयिल्ला ट्रूनो बेहरा के निधन के बाद असहाय परिजन जब कंपनी की ओर मदद की आस लगाए हुए थे, उस दौरान कंपनी ने परिजनों की खुले हाथ से मदद करने की बजाए इलाज में खर्च हुई रकम तक को क्षतिपूर्ति राशि से काट लिया. कंपनी के द्वारा छले गए परिवार की मदद के लिए अब छत्तीसगढ़ मुक्ति मोर्चा ने सरकार से गुहार लगाई है ।
 
जानकारी के अनुसार, भिलाई के हथखोज इण्डस्ट्रीयल एरिया में स्थित सिसकॉल कंपनी में काम के दौरान कर्मी नेयिल्ला ट्रनो दुर्घटना का शिकार हो गया. उपचार के लिए उसे भिलाई स्थित अस्पताल में दाखिल कराया गया, लेकिन कर्मी की हालत में सुधार नहीं हुआ और उसने दम तोड़ दिया ।
परिवार के मुखिया की मौत के हताश परिजनों को कंपनी की ओर से क्षतिपूर्ति तो दी गई, लेकिन इसमें नेयिल्ला के उपचार में खर्च साढ़े सात लाख रुपए की राशि के साथ अंतिम संस्कार के लिए दी गई 70 हजार रुपए की राशि भी जोड़ दी. इन सबके बाद परिजनों के हाथ में सात लाख से कुछ ऊपर ही रकम आई. जबकि वे पूरी राशि के हकदार थे ।
कर्मी की मौत बीते साल नवंबर महीने में हुई थी, और उसके परिजनों को इस साल जनवरी माह में कंपनी की ओर से मुआवजा दिया गया. लेकिन मामला अब सामने आने के बाद श्रमिक नेता उद्वेलित हैं. छत्तीसगढ़ मुक्ति मोर्चा के पदाधिकारी बताते हैं कि इस तरह की घटना में कंपनी को ही चिकित्सा खर्च उठाने का नियम है, लेकिन पीड़ित परिवार को मिलने वाली क्षतिपूर्ति राशि से काट ली गई, जिसे वापस दिलाया जाएगा ।
 

 पंचायत तंत्र- रायपुर । राज्यसभा चुनाव को लेकर अन्य प्रदेशों के साथ राजस्थान में भी सियासी घमासान मचा है. राज्य की सियासी गतिविधियों का जायजा लेकर लौटे मंत्री टीएस सिंहदेव ने कांग्रेस प्रत्याशियों की जीत पर भरोसा जताया है. साथ ही उन्होंने छत्तीसगढ़ में ऑपरेशन लोटस नहीं चलने की बात कही।
राजस्थान से लौटने के बाद एयरपोर्ट पर मीडिया से रू-ब-रू होते हुए टीएस सिंहदेव ने कहा कि राजस्थान में स्थिति कांग्रेस के पक्ष में स्पष्ट दिखती है. राज्यसभा के लिए 3 सांसद चुने जाने हैं, 200 विधायकों में से 125 कांग्रेस पक्ष के हैं, इसमें कांग्रेस के 107 विधायकों के साथ दो बीपी पार्टी, दो कम्युनिस्ट पार्टी, एक आरएलडी और13 निर्दलीय हैं. वहीं भाजपा के 72 और बाजपा को समर्थन देने वाली पार्टी के 3 विधायक हैं. 50 वोट पाने वाले पहले तीन प्रत्याशी जीत जाएंगे. कांग्रेस के पास 125 वोट होने से पार्टी के दो प्रत्याशियों के राज्यसभा में जाने में कोई दिक्कत नहीं होगी।
राजस्थान में विधायकों की खरीद-फरोख्त को लेकर चल रहे आरोप-प्रत्यारोप पर सिंहदेव ने कहा कि चर्चा है कि लोगों को अप्रोच किया जा रहा. दलबदल करने के लिए अंतर बहुत ज्यादा है. लोगों की मानसिकता दिखी, लेकिन ना तो हम पार्टी छोड़ने वाले, ना राज्यसभा के सांसदों के दो कांग्रेस पक्ष चुने जाने में कोई भी डाउट है।
असुरक्षा की भावना से ग्रसित भाजपा
ऑपरेशन लोटस को लेकर उन्होंने कहा कि यहां सपना है ऑपरेशन लोटस. छतीसगढ़ में कुछ नहीं हो सकता. 5 साल तक कांग्रेस की सरकार रहेगी, अच्छे से काम करेगी, और हम लोग यह चाहेंगे कि और 5 साल हम लोगों को और मिले. भाजपा को बयान पर टीएस बाबा ने पलटवार करते हुए कहा कि सालों तक विपक्ष में रहकर एक असुरक्षा की भावना उन्हें ग्रसित कर चुकी है. सत्ता में आने के लिए येक-केन-प्रकारेण ये कुछ भी कर सकते हैं. उनकी कार्यपद्धति को देख रहे हैं, और यह महसूस होता है कि उनको सत्ता चाहिए. हमको गवर्नमेंट में रहना है, ये उनकी मानसिकता का आधार है।
यहां सरकार गिर सके ऐसी स्थिति नहीं
मध्यप्रदेश की स्थिति को लेकर सिंहदेव ने कहा कि इतना कम अंतर था कि शुरू से दिख रहा था. स्पष्ट बहुमत भी कांग्रेस के पास नहीं था. 230 की विधानसभा में बमुश्किल 115 भी कांग्रेस के पास नहीं थे. वहां की स्थिति दूसरी थी, कर्नाटक में दूसरी स्थिति बनी, गोवा में अलग प्रकार की स्थिति बनी. यहां कांग्रेस की सरकार गिर सके ऐसी स्थिति नहीं, बाकी इनको कुछ कहना है तो सरोज जी ने कुछ कह दिया होगा।
हमें कोरोना के साथ जीना है
प्रदेश में कोरोना के बढ़ते मामले पर बोले स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि चिंता की बात जरूर है. सामान्य जीवन को कोरोना के साथ जीना है, हमें इस सच्चाई के साथ जीना है. हमको गतिविधियों में भाग लेना है, कोरोना हमारे बीच में ना फैले यह हम सब की चुनौती है, और इन बातों को ध्यान में रखते हुए आगे काम करना होगा।
लॉकडाउन पर आज होगी चर्चा
प्रदेश में लॉक डाउन को लेकर उन्होंने कहा कि यह बात इसलिए आ रही है क्योंकि एकाएक करीब 1500 पॉजिटिव केस छत्तीसगढ़ में हो गए. लोग ठीक भी हो रहे हैं, लेकिन और लोग बाहर से आते जा रहे हैं. करीब डेढ़ लाख मजदूरों को आना है, फ्लाइट रोज चल रही है, और इसमें 700 लोग रोज आ रहे. इसी प्रकार ट्रेनें चल रही है, इसमें से लोग उतर रहे तो यह प्रक्रिया लोगों की कोरोना के लेकर आने की छत्तीसगढ़ में बनी हुई है. इसको कैसे हम सीमित कर सकते हैं, यह देखने वाली बात होगी. लॉकडाउन एक सहारा हो सकता है, उपाय नहीं है. अगर एक-दूसरे के संपर्क में नहीं आए तो कोरोना को रोका जा सकता है, तो दो हफ्ते करीब लॉकडाउन हो, इस तरह से कुछ लोग चाह रहे हैं, लेकिन ऐसा निर्णय अभी तक नहीं हुआ. आज मीटिंग है मुख्यमंत्री के साथ क्या निर्णय लेगा चाहेंगे आज पता चलेगा।
टेस्टिंग फेसेलिटी बढ़ाने बना रहे लैब
वहीं रेड जोन को लेकर सिंहदेव ने कहा कि क्वारेंटाइन सेंटर में तो दिक्कत नहीं है, ना पब्लिक क्वारेंटाइन में दिक्कत है, ना आइसोलेशन वार्ड में और ना आईसीयू में. कहीं-कहीं तैयारी और करनी पड़ रही है. टेस्टिंग के लिए हमारे पास सैंपल ज्यादा आ रहे हैं, और टेस्टिंग की क्षमता ही नहीं है. इस कारण से सैंपल लेने में हम लोगों को थोड़ा दिक्कत हो रहा है. टेस्टिंग की फैसिलिटी बढ़ाने के लिए लैब तैयार किए जा रहे हैं. महीने के आखिर तक तैयार हो जाएंगे और लग रहा है कि थोड़ा विलंब होगा, लेकिन अंबिकापुर के पहले हफ्ते में चालू हो जाएगा।
 
 

 

पंचायत तंत्र- रायपुर । राजधानी रायपुर के सिविल लाइन थाना में चोरी का एक अजीब मामला सामने आया है. सिविल लाइन में रहने वाले एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी और उसके एक साथी के खिलाफ चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई है ।
गुरतीरथ सिंह सेंडो नाम के इस व्यक्ति ने पुलिस में दर्ज कराई शिकायत में बताया है कि 2007 में तरनप्रीत कौन से उसका विवाह हुआ था. शादी के 10 साल बाद साल 2017 से उसकी पत्नी के व्यवहार में अप्रत्याशित परिवर्तन आ गया है. उसकी पत्नी घर में बगैर किसी को बताए बाहर आऩा जाना करती है और वह शहर से पांच छः दफा बाहर गई थी. शिकायत में कहा गया है कि उसके घर की आलमारी से लाखों रुपये के गहने गायब है. पूछताछ करने पर तरनप्रीत कौर ने बताया कि वह वर्तमान में दिल्ली में रहने वाले सुखबीर सिंह नाम के एक व्यक्ति के कहने पर उसे ले जाकर दी. जिसके बाद सुखबीर ने उसे दिल्ली और अमृतसर में बेच दिया ।
गुरतीरथ सिंह सेंडो के अनुसार चोरी गए जेवरातों की कीमत 20 लाख रुपये है. गुरुविंदर की रिपोर्ट पर पुलिस ने उसकी पत्नी तरनप्रीत कौर और सुखविंदर सिंह के खिलाफ चोरी का अपराध दर्ज कर लिया है ।
 

 
 
पंचायत तंत्र- रायपुर । कोरोना संकट के बीच नौजवानों को घर में रहने के बजाय पिकनिक मनाने की सूझ रही है. कोरोना वायरस से तो इन्हें कोई खतरा नहीं हुआ, लेकिन इनके लिए एक कहावत सटीक बैठ रही है कि ‘दुश्मन न करे, दोस्त ने जो काम किया है’. इसे पढ़कर आप समझ ही गए होंगे कि हम कहना क्या चाह रहे हैं।
दरअसल आमानाका थाना इलाके में गुरुवार देर शाम उस वक्त चाकूबाजी की वारदात हुई, जब 6 जिगरी दोस्त खारुन नदी में पिकनिक मनाने गए थे. नदी में मछली पकड़कर सब्जी बनाया गया. जब बारी आई खाने की, तो सागर रात्रे ने अपने दोस्तों को नहाकर आने के बाद ही खाना देने की बात कही. यही बात दूसरे दोस्त संतोष साहू को नागवार गुजर गई. फिर क्या था, उसने पास में ही रखे चाकू से सागर पर जानलेवा हमला कर दिया. हमले में घायल युवक को गंभीर हालत में एम्स में भर्ती कराया गया है।
 
अस्पताल में भर्ती घायल सागर रात्रे।
पुलिस के मुताबिक हमले में घायल सागर रात्रे सरस्वती नगर कोटा में किराए के मकान में रहकर होटल में मिस्त्री का काम करता है. गुरुवार को वो अपने दोस्त मनोज ध्रुव, जोहान खान, पीताम्बर, संतोष साहू और मोनू ध्रुव के साथ चंदनडीह खारुन नदी के पास पिकनिक मनाने गया था. उसी समय इन्होंने नदी में मछली भी मारा, फिर मछली बनने के बाद तकरीबन 3 बजे सागर रात्रे अपने अन्य सभी साथियों को नहाकर खाना खाने बुलाया. उसने यह भी कहा कि जो नहीं नहाएगा, उसे खाना नहीं दिया जाएगा ।
इस बात से गुस्साए आरोपी संतोष साहू तू खाना कैसे नहीं देगा कहकर सागर से विवाद करने लगा. विवाद आगे बढ़ा, तो संतोष ने सागर के गले पर चाकू से हमला कर दिया. जिससे वह गंभीर रूप घायल हो गया. गंभीर हालात में उसे एम्स में भर्ती कराया गया, जहां उसकी स्थिति अभी ठीक बताई जा रही है. वही घटना के बाद आरोपी संतोष साहू फरार हो गया है, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है।
 

 
पंचायत तंत्र- रायपुर । राजधानी में नगर निगम के 10 जोन में आज अध्यक्ष चुना जाएगा. जिसके लिए निर्वाचन की प्रक्रिया होगी. जोन अध्यक्ष पद के उम्मीदवार अपने-अपने जोनल कार्यालय में नामांकन दाखिल करेंगे. सभी प्रक्रिया होने के बाद दोपहर को मतदान, उसके तत्काल बाद मतगणना और परिणाम की घोषणा की जाएगी ।
ये होगी प्रक्रिया
जोन अध्यक्षों के निर्वाचन की प्रक्रिया गुरुवार 11 जून को दोपहर 12 बजे शुरू होगी. जहां जोन अध्यक्ष पद के उम्मीदवार अपने-अपने जोनल कार्यालय में नामांकन दाखिल करेंगे. आयुक्त सौरभ कुमार के अनुसार दोपहर 12.10 मिनट से 12.15 मिनट तक प्रथम सम्मिलन वार्ड समिति के जोन अध्यक्ष के निर्वाचन की तारीख सूचना पटल जोन कार्यालय में दी जाएगी. इसके बाद 12.15 मिनट से 12.45 मिनट तक प्रथम सम्मिलन वार्ड समिति के जोन अध्यक्ष के नामांकन पत्र प्रस्तुत किये जाएंगे. इसके बाद 12.45 मिनट से 12.50 मिनट तक नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा की जाएगी. फिर सही पाये गये नाम निर्देशन पत्रों के आधार पर अभ्यर्थियों के नाम का प्रकाशन होगा. 12.50 मिनट से एक बजे तक नाम वापस ले सकते हैं. दोपहर 1 बजकर 5 मिनट से 1 बजकर 20 मिनट तक मतदान और उसके तत्काल बाद मतगणना व परिणाम की घोषणा की जाएगी ।
 

 
 पंचायत तंत्र – रायपुर । राजकुमार कालेज के एसबीआई स्थित बैंक अकाउंट से साढ़े 49 लाख रुपए निकालने की कोशिश की गई. अज्ञात ठगों द्वारा चेक का क्लोन तैयार कर ठगी की इस वारदात को अंजाम देने का प्रयास किया गया था. लेकिन बैंक अकाउंट में बैलेंस कम होने की वजह से वो अपने मकसद पर कामयाब नहीं हो पाए. राजकुमार कॉलेज के ऑफिस अधीक्षक की रिपोर्ट पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है।
बताया जा रहा है कि जिस चेक का क्लोन तैयार किया गया था वह स्कूल की एक शिक्षिका के नाम पर 5 लाख 15 हजार का चेक जारी किया था जिसका भुगतान पूर्व में किया जा चुका था. इसी चेक का क्लोन बनाकर अज्ञात आरोपियों ने 49 लाख 50 हजार का चेके  पश्चिम बंगाल की एक संस्था के नाम पर एनआईटी स्थित एसबीआई मे लगाया था. लेकिन अकाउंट में बैलेंस कम होने की वजह से चेक बाउंस हो गया और अकाउंट से चेक बाउंस होने का 177 रुपये जब कटा तब स्कूल प्रबंधन को इसकी जानकारी हुई. जिसके बाद पुलिस में मामले की शिकायत की गई।
 

 
 
 पंचायत तंत्र- रायपुर । भारत सरकार, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग तथा छत्तीसगढ़ शासन द्वारा जारी गाईडलाईन अनुसार जिला रायपुर मे नगर पालिक निगम अन्तर्गत टाटीबंध और गुरुद्वारा के पीछे टाटीबंध में01-01 नया कोरोना पॉजिटिव केस पाये जाने के फलस्वरुप उक्त क्षेत्र को कन्टेनमेंट जोन घोषित किया गया है।अपर कलेक्टर ने टाटीबंध में पूर्व में मोहन सिंह एवं रंजीत सिंह के मकान के पास,उत्तर-पश्चिम में शासकीय माध्यमिक स्कूल टाटीबंध एवं आर.के.प्रोविजन,उत्तर मे हरभजन सिंह का मकान के बगल से गली और दक्षिण में आर.के.प्रोविजन स्टोर का मकान को कंटेंटमेंट जोन घोषित किया है। इसी तरह गुरुद्वारा के पीछे टाटीबंध के पूर्व में नीलाराम महानंद के मकान तक,पश्चिम में बंद है,उत्तर में अरुण कुमार चौधरी के मकान तक और दक्षिण में बंद है,को कंटेंटमेंट जोन घोषित किया गया है।
कन्टेनमेंट जोन के अंतर्गत प्रवेश अथवा निकास हेतु केवल 01 द्वार होगा। जिसमें तैनात पुलिस अधिकारी, फिजिकल डिस्टेंसिग सुनिश्चित करते हुए मेडिकल इमरजेंसी या आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति हेतु आवागमन करने वाले सभी व्यक्तियों का विवरण एक रजिस्टर में दर्ज लिया जाएगा। कन्टेनमेंट जोन अंतर्गत सभी दुकानें, ऑफिस एवं अन्य वाणिज्यिक प्रतिष्ठान आगामी आदेश पर्यन्त पूर्णतः बंद रहेंगें। प्रभारी अधिकारी द्वारा कन्टेनमेंट जोन में होम डिलीवरी के माध्यम से आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति उचित दरों पर सुनिश्चित की जाएगी। आवश्यक वस्तुओं की होम डिलीवरी हेतु विधिवत परिवहन अनुमति इंसीडेंट कमांडर द्वारा दी जाएगी। कन्टेनमेंट जोन अंतर्गत सभी प्रकार के वाहनों के आवागमन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। मेडिकल इमरजेंसी को छोड़कर अन्य किन्हीं भी कारण से कन्टेनमेंट जोन या मकान के बाहर निकलना प्रतिबंधित रहेगा। केवल मेडिकल इमरजेंसी की दशा में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी रायपुर के द्वारा पास जारी कर इंसीडेंट कमांडर को सूचित किया जाएगा। आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति में संलग्न व्यक्ति फिजिकल डिस्टेंसिग तथा सेनिटाईजेशन सुनिश्चित करते हुये कन्टेनमेंट जोन में प्रवेश कर सकेंगें। अन्य किसी भी व्यक्ति को कन्टेनमेंट जोन से बाहर निकलना अथवा अन्दर आना पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। कन्टेनमेंट जोन में उपरोक्तानुसार लॉकडाउन का कड़ाई से पालन कराने हेतु संबंधित थाना प्रभारी उत्तरदायी होगे। कन्टेनमेंट जोन में शासन की गाईडलाईन अनुसार व्यवस्था बनाये रखने हेतु वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, रायपुर के द्वारा आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। जिला चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी द्वारा संबंधित क्षेत्र में शासन के निर्देशानुसार कान्टेक्ट ट्रेसिंग, स्वास्थ्य निगरानी तथा सैम्पल की जांच इत्यादि आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित की जायेगी।
कंटेंटमेंट जोन में प्रवेश अथवा निकास हेतु केवल 01 द्वार की व्यवस्था बेरिकेटिंग के लिए राकेश गौड़,कार्यपालन अभियंता, लोकनिर्माण विभाग, संभाग-01, रायपुर मो.न. 85180-29594, लोक निर्माण विभाग की मांग अनुसार बैरिकेडिंग हेतु बांस-बल्ली की आपूर्ति हेतु विश्वनाथ मुखर्जी, उप वनामंडलाधिकारी रायपुर वनमंडल, रायपुर 90092-42222, कंटेंटमेंट जोन में सेनिटाइजेशन तथा आवश्यक वस्तुाओ की आपूर्ति व्यवस्था हेतु अरुण ध्रुव,जोन आयुक्त नगर पालिक निगम,जोन क्रमांक-08,मो.न. 94242-38392, घरो का एक्टिव सर्विलांस, स्वास्थ्य टीम को एसओपी अनुसार दवा, मास्क, पीपीई इत्यादी उपलब्ध कराने एवं बायोमेडिकल अपशिष्ट प्रबंधन हेतु मीरा बघेल मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, रायपुर मो.नं. 94255-16797, उपरोक्त दर्शित क्षेत्र में आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता सहित अन्य समस्त आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने हेतु इंसीडेंट कमांडर यू. एस. अग्रवाल,संयुक्त कलेक्टर एवं अनुविभागीय दंडाधिकारी नगर,मो.न. 93290-20527, भारत सरकार एवं राज्य शासन के द्वारा समय-समय पर जारी गाईड लाईन अनुसार कंटेंटमेंट जोन में लाकडाउन का कडाई से पालन सुनिश्चत करने हेतु भरत लाल बरेठ, थाना प्रभारी,थाना आमानाका, रायपुर मो.नं. 94791-91033 को नियुक्त किया गया है।
 

 
 
पंचायत तंत्र – रायपुर । कोरोना को भगाने के लिए अलग-अलग स्थानों से विभिन्न तरीकों के अपनाए जाने के समाचार मिल रहे है. कुछ दिनों पहले ओडिशा के कटक के एक मंदिर में एक युवक की बलि देने, बिहार में कोरोना को कोरोना मईया मान कर उसे खुश करने का सामूहिक अनुष्ठान करने और अब झारखंड के कोडरमा से कोरोना भगाने के लिए अंधविश्वास में पड़कर 400 बकरों की बलि दिए जाने का मामला सामने आया है ।
 
 Dr. Dinesh Mishra
बकरों की बलि देने के दौरान ग्रामीणों ने किसी सुरक्षा, मास्क नहीं लगाया, नाक व मुंह नहीं ढंका, भीड़ जमा हुई. आपसी दूरी भी नहीं बनाई गई और एक के बाद एक 400 बकरों की बलि दे दी. ग्रामीणों को यह समझने की आवश्यकता है. किसी भी पशु की बलि देने से इस प्रकार के अंधविश्वास मानने से कोई संक्रमण नहीं रुकता ।
डॉक्टरों और प्रशासन द्वारा बताई जाने वाली सावधानी और दिशा निर्देशों का पालन करना चाहिए, पर जब भी लॉकडाउन खुलता है, लोग तमाम सावधानी छोड़ देते है. संक्रमण को आमंत्रित कर लेते है. इसलिए सतर्क रहें ।
 

 
पंचायत तंत्र- रायपुर । जांजगीर जिले के सक्ती की रहने वाली मजदूर महिला लॉकडाउन में अपने परिवार के साथ पंजाब में फंसी हुई थी. इस दौरान पति की बीमारी की वजह से मौत हो गई. उसका अंतिम संस्कार करने के बाद घर आने की चाहत थी, लेकिन नहीं आ पा रही थी. तब बिलासपुर आईजी दीपांशु काबरा ने उनकी मदद की. आईजी की विशेष पहल से 5 सदस्यीय परिवार अपनी मिट्टी में कदम रख पाया।
सक्ती निवासी कैलाश रात्रे अपने परिवार के साथ रोजी रोटी कमाने पंजाब के व्यास जिला गया हुआ था. लॉकडाउन के दौरान गंभीर बीमारी के चलते उसकी मौत हो गई. उसका वहीं अंतिम संस्कार कराने के बाद सभी घर लौट जाना चाहते थे. कैलाश के साथ उसकी पत्नी उर्मिला रात्रे, 20 वर्षीय बेटी सरोजनी, 30 वर्षीय दामाद पोखर ओग्रे, 10 वर्षीय पुत्र सरजू और 8 वर्षीय पुत्री सोनिया गए हुए थे. वो  सब लोग भी लॉकडाउन में वही फंस गए।
दूसरे राज्य में इनके फंसे होने की खबर बिलासपुर आईजी दीपांशु काबरा को लगी. जिसके बाद मजदूर परिवार के लिए गाड़ी और खाने-पीने की व्यवस्था कराकर उनको घर तक वापस लाया गया. प्रवासी मजदूरों को अलग-अलग रास्ते से वाहनों की व्यवस्था कर आईजी ने उनके घर तक पहुंचाया।
अपनी मिट्टी पर कदम रखने के बाद मजदूर परिवार ने प्रदेश की पुलिस और आईजी का आभार जताया. उन्होंने कहा कि आईजी ने उनका साथ दिया, फोन पर बातचीत करते रहे, वो हमेशा उनका आभारी रहेंगे।
 
 

 
पंचायत तंत्र- रायपुर । छत्तीसगढ़ में कोरोना वायरस का संक्रमण दिन-ब-दिन बढ़ता जा रहा है. कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़ने के साथ ही कुल मरीजों का आंकड़ा भी 1400 के करीब पहुंच गया है. कई जिलों में कोरोना का विस्फोट हुआ, जिससे एकाएक मरीजों में इजाफा हुआ है ।
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक बुधवार की रात 97 नए कोरोना पॉजिटिव मरीजों की पहचान हुई है. जिनमें से बिलासपुर 40, कोरबा 25, रायगढ़-महासमुन्द 7-7, रायपुर 5, दुर्ग-राजनांदगांव 3-3, कवर्धा-मुंगेली 2-2, सरगुजा-सुरजपुर-बेमेतरा में 1-1 मरीज मिले हैं ।
 
बिलासपुर जिले में मिले 40 मरीजों में बिल्हा से 2 और मस्तुरी से 38 मरीज हैं. मस्तुरी के 10 मरीज को NTPC सीपत के अस्पताल में, बिल्हा के 2 और मस्तुरी के 28 मरीज को रेलवे कोरोना अस्पताल में भर्ती कराया गया है ।
बता दें कि प्रदेश में कुल कोरोना संक्रमितों की संख्या 1397 हो गई है. एक्टिव मरीजों की संख्या बढ़कर 982 हो गई है. अभी तक 401 मरीज स्वस्थ होने के बाद अस्पताल से डिस्चार्ज हुए हैं. वहीं कोरोना से 6 लोगों की मौत हो चुकी है ।