Browsing: रायपुर

पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू और राजीव गांधी पर ट्विटर पर की थी अमर्यादित टिप्पणी, कांग्रेस ने 10 मई को सिविल लाइंस और भिलाईनगर थाने में दर्ज कराया था एफआईआर
 
 
पंचायत तंत्र- रायपुर । बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा को बिलासपुर हाईकोर्ट ने राहत देते हुए रायपुर पुलिस को नो कोरेसिव एक्शन का आदेश दिया है. बता दें कि पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू और राजीव गांधी पर टिप्पणी करने के मामले में कांग्रेस ने 10 मई को पात्रा के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी. रायपुर पुलिस ने संबित पात्रा को तीन बार नोटिस जारी कर बयान दर्ज कराने बुलाया था, लेकिन कोरोना संक्रमण की चपेट में आने की दलील देकर बयान देने वह नहीं पहुंचे ।
संबित पात्रा की ओर से वकील शरद मिश्रा ने हाईकोर्ट में याचिका लगाई थी. जस्टिस संजय के अग्रवाल की बेंच ने इस मामले की सुनवाई करते हुए कोर्ट ने नो कोरेसिव एक्शन का आदेश दिया है. कोर्ट के इस आदेश के बाद फिलहाल संबित पात्रा को बड़ी राहत मिल गई है ।
संबित पात्रा के ट्वीट के बाद कांग्रेस नेताओं की ओर से तीखा बयान सामने आया था. संबिता पात्रा के खिलाफ एनएसयूआई अंकुश पिल्लई और यूथ कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष पूर्ण चंद्र पाढ़ी ने शिकायत दर्ज कराई थी आरोप यह लगाया गया था कि पात्रा ने अपने ट्विटर एकाउंट से 1984 के सिख विरोधी दंगों, पूर्व प्रधानमंत्री पं. जवाहरलाल नेहरू व राजीव गांधी को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी. शिकायत में कहा गया था कि जब किसी भी मामले में पूर्व प्रधानमंत्री को अदालत ने दोषी नहीं ठहराया तो ऐसे में कोरोना संकट के समय इस तरह की बातें जानबूझकर फैलाई जा रही हैं ।
रायपुर पुलिस ने तीन दफे जारी की है नोटिस
हाईकोर्ट के आदेश पर फिलहाल अब रायपुर पुलिस किसी तरह का नोटिस संबित पात्रा को नहीं भेज सकेगी. लेकिन इससे पहले तक सिविल लाइन पुलिस ने तीन नोटिस जारी किया है. संबित को पहले 20 मई फिर 2 जून और अब 8 जून को थाने में हाजिर होने को कहा गया. हालांकि अभी तक वे एक भी बार पेश नहीं हुए ।
 

राजधानी में प्रेमिका की अश्लील फोटो वायरल करने के नाम पर ब्लैकमेलिंग करने का मामला सामने आया है. युवक की शिकायत के बाद फिलहाल आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया गया है ।
 
 
 
पंचायत तंत्र – रायपुर । युवक के मोबाइल से उसकी गर्लफ्रेंड का फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी देते हुए रुपए और जेवर की मांग करने का मामला सामने आया है. पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी अजय रमानी को गिरफ्तार कर लिया है ।
 

 
 
पंचायत तंत्र – रायपुर । पुलिस मुख्यालय में पदस्थ तीन अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक को पुलिस महानिदेशक डीएम अवस्थी ने मंगलवार को कार्यभार सौंपा है ।
डीजीपी अवस्थी द्वारा जारी आदेश में अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक हिमांशु गुप्ता को प्रशासन एवं चयन का, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक एसआरपी कल्लूरी को प्रशिक्षण के अलावा अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक जीपी सिंह को राज्य पुलिस अकादमी का निदेशक कार्यभार सौंपा गया है ।
 
 
 

 
 
पंचायत तंत्र – रायपुर । छत्तीसगढ़ में अनलॉक-1 में ढील देने के बाद कोरोना का संक्रमण तेजी से फैल रहा है. प्रदेश में देर रात 29 नए कोरोना पॉजिटिव मरीजों की पहचान की गई है. इसके साथ ही राज्य में कुल केस 1240 हो गए है, जबकि एक्टिव केस की संख्या बढ़कर 884 हो गई है।
कल देर रात मिले 29 नए कोरोना संक्रमितों में जांजगीर से 26, सरगुजा 2, जशपुर से 1 मरीज शामिल है. इसके अलावा जशपुर से 4 मरीजों को स्वस्थ होने के बाद डिस्चार्ज भी किया गया है।
जिले में फूटा कोरोना बम
जांजगीर जिले में एक बार फिर कोरोना विस्फोट हुआ है. एक ही दिन में 26 नए मामले सामने आए है. जिले के पामगढ़, अकलतरा, जैजैपुर, सक्ती, बम्हनीडीह के अलग-अलग क्षेत्रों से 19 पुरुष और 7 महिलाओं की रिपोर्ट पॉजिटिव मिली है. सभी को कोविड अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
एक्टिव केस 884
बता दें कि प्रदेश में अब संक्रमित मरीजों की संख्या 1240 हो गई है. एक्टिव केस की संख्या बढ़कर 884 हो गई है. जिनमें 351 डिस्चार्ज किए गए हैं. वहीं 5 की मौत हो गई है।
 
 
 
 
 

 
पंचायत तंत्र – रायपुर । छत्तीसगढ़ के प्रथम मुख्यमंत्री अजीत जोगी के निधन को दुखद समाचार बताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने डॉ. रेणु जोगी को पत्र लिखा है. उन्होंने कहा कि इस मुश्किल घड़ी में मेरी संवेदनाएं आपके और आपके पूरे परिवार के साथ हैं ।
पीएम मोदी ने पत्र में कहा कि अजीत जोगी ने एक प्रशासनिक अधिकारी से लेकर एक राजनेता के रूप में अपने दायित्वों को परी निष्ठा, कर्मठता और समर्पण के साथ निभाया. सहज और मिलनसार व्यक्तित्व के धनी जोगी सार्वजनिक जीवन में अथक परिश्रम और सेवाभाव के लिए जाने जाते थे. वह हमेशा गरीबों और वंचितों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए प्रयासरत रहे ।
अजीत जोगी सशरीर आज इस संसार में नहीं हैं, मगर उनसे मिले संस्कार व जीवन मूल्य सदैव परिवार का मार्गदर्शन करते रहेंगे. ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि वह दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और शोक संतप्त परिवार और उनके शुभचिंतकों को यह दु:ख सहन करने की शक्ति दें ।
 

 
 
पंचायत तंत्र – रायपुर। छत्तीसगढ़ में कोरोना वायरस के संक्रमण के लगातार बढ़ते मरीजों को देखते हुए अलग-अलग इलाकों को कोविड-19 सेंटर बनाया जा रहा है. इसी बीच राजधानी के इंडोर स्टेडियम को भी क्वारंटाइन सेंटर में तब्दील करने की तैयारियों जोरों पर चल रही है।
जानकारी के मुताबिक इंडोर स्टेडियम के भीतरी हिस्सों को क्वारंटाइन सेंटर बनाया जाएगा. क्वारंटाइन सेंटर का निर्माण स्वास्थ्य विभाग की जरूरतों के मद्देनजर किया जा रहा है. प्रदेश में कोरोना की संख्या में लगातार इजाफा होने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने यह फैसला लिया है. बता दें कि स्टेडियम के बाहर आउटडोर स्टेडियम, सांई कार्यालय, स्मार्ट सिटी कार्यालय और बूढ़ातालाब भी स्थित है ।
प्रदेश में अब तक संक्रमित मरीजों की संख्या 1211 हो गई है. एक्टिव केस की संख्या बढ़कर 859 हो गई है. जिनमें 347 मरीज डिस्चार्ज किए गए हैं. वहीं 5 लोगों की मौत हो चुकी है.
 

पंचायत तंत्र -रायपुर । मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने केन्द्रीय ऊर्जा मंत्री आर.के. सिंह को पत्र लिखकर छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर ड्रिस्ट्रीब्यूशन कंपनी का तेलंगाना राज्य की पॉवर कंपनी पर बकाया 2 हजार करोड़ रूपए के देयक के भुगतान की कार्रवाई के लिए सीएसपीडीसीएल को स्वतंत्र विद्युत उत्पादक (आईपीपी) मान्य करने का आग्रह किया है ।
मुख्यमंत्री ने केन्द्रीय ऊर्जा मंत्री को अवगत कराया है कि छत्तीसगढ़ में स्टेट सेक्टर के अंतर्गत स्थापित 1000 मेगावॉट क्षमता की अटल बिहारी ताप विद्युत परियोजना (मड़वा) से विद्युत आपूर्ति के लिए सीएसपीडीसीएल एवं तेलंगाना राज्य की पावर कम्पनियों के मध्य 22 सितम्बर 2015 को दीर्घकालीन पीपीए निष्पादित किया गया है. जिसके तहत तेलंगाना राज्य को निरन्तर विद्युत आपूर्ति की जा रही है. उन्होंने केन्द्रीय मंत्री को यह भी अवगत कराया है कि सीएसपीडीसीएल का 31 मार्च 2020 की स्थिति में 2 हजार करोड़ रूपये से अधिक का विद्युत देयक तेलंगाना राज्य की पॉवर कम्पनी पर बकाया है, जिसके कारण सीएसपीडीसीएल वित्तीय तनाव से गुजर रही है ।
मुख्यमंत्री ने कहा है कि भारत सरकार द्वारा घोषित ’आत्मनिर्भर भारत अभियान’ के अंतर्गत राज्य के पॉवर सेक्टर को शामिल किया गया है तथा स्पेशल लॉन्ग टर्म ट्रांजेक्शन लोन स्कीम जारी की गई है. जिसके तहत आरईसी लिमिटेड एवं पीएफसी लिमिटेड के माध्यम से केन्द्रीय विद्युत उत्पादन एवं पारेषण उपक्रम सहित स्वतंत्र विद्युत उत्पादक एवं नवीकरणीय ऊर्जा स्त्रोत के पूर्व के बकाया राशि के भुगतान हेतु विद्युत वितरण कम्पनियों को सहयोग हेतु ऋण उपलब्ध कराया जा रहा
 है ।
उन्होंने कहा है कि पीएफसी लिमिटेड द्वारा ऋण प्राप्त करने के लिए जारी पत्र में स्पेशल लॉन्ग टर्म ट्रांजेक्शन लोन टू डिस्कम फॉर कोविड-19 के अनुसार सीपीएसयू जेनको एण्ड ट्रान्सको. आईपीपीस एण्ड री-जनरेटर्स के 31 मार्च 2020 की स्थिति में बकाया बिलों के भुगतान हेतु ही पॉवर कम्पनियों को लोन दिया जाएगा। जिससे कि तेलगांना राज्य की पॉवर कम्पनियों को छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी के बकाया विद्युत देयकों के भुगतान हेतु लोन की पात्रता नहीं रहेगी, क्योंकि सीएसपीडीसीएल उक्त परिभाषा की श्रेणी में शामिल नही है ।
मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कम्पनी लिमिटेड की वित्तीय तनाव की स्थिति के मद्देनजर इसे स्वतंत्र विद्युत उत्पादक मान्य करते हुए तेलंगाना राज्य की पॉवर कम्पनियों के द्वारा आरईसी लिमिटेड को प्रस्तुत ऋण आवेदन पर यथाशीघ्र विचार करने तथा आरईसी के अधिकारियों को निर्देशित करने का आग्रह किया है, ताकि छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कम्पनी लिमिटेड के बकाया देयकों का तेलंगाना राज्य पॉवर कंपनी से भुगतान प्राप्त हो सके। बघेल ने कहा है कि इससे छत्तीसगढ़ राज्य की वितरण कंपनी के साथ ही तेलगांना राज्य की पावर कम्पनी एवं आर.ई.सी. लिमिटेड को भी लाभ प्राप्त होगा ।
 
 


पंचायत तंत्र- रायपुर । आज अजीत जोगी के विधायक प्रतिनिधि ज्ञानेंद्र उपाध्याय ने प्रदेश कांग्रेस के मुख्यालय राजीव भवन रायपुर में प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम के अनुमति से उपाध्यक्ष गिरीश देवांगन के समक्ष जनता कांग्रेस को छोड़ कांग्रेस में वापसी की ज्ञानेंद्र उपाध्याय ने मुख्यमंत्री निवास पहुँच कर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल जी का आशीर्वाद प्राप्त किया। ज्ञानेंद्र उपाध्याय अजीत जोगी के बहुत ही करीबी माने व जाने जाते है । अजीत जोगी के चुनाव की कमान ज्ञानेंद्र उपाध्याय के हाँथो में ही रहती थी उनका कांग्रेस में वापस जाना जनता कांग्रेस एवं अमित जोगी के लिये बहुत बड़ा झटका है। अब मरवाही में अमित जोगी की राह आसान नहीं है क्यूँकि अजीत जोगी हो या अमित जोगी मरवाही सिर्फ़ चुनाव लड़ने जाते थे बाक़ी मरवाही विधानसभा का पूरा कार्यभार ज्ञानेंद्र उपाध्याय के द्वारा ही उनकी ओर से सम्भाला जाता रहा है ।
ज्ञानेंद्र उपाध्याय 1980 से सक्रिय राजनीति में है, ये इस क्षेत्र से जनपद अध्यक्ष एवं मंडी अध्यक्ष भी रह चुके है ये कांग्रेस के विभिन्न पदो में कार्य कर चुके है इनके द्वारा अब तक मरवाही में 7 विधानसभा और लोकसभा चुनाव का सफल संचालन किया जा चुका है । ये भँवर सिंह पोर्ते के वक़्त से चुनाव का काम करते आ रहे है । इनकी पैठ मरवाही विधानसभा के हर बूथ एवं हर घर तक है । अब ऐसे वक्त में जब अमित जोगी मरवाही से चुनाव लड़ने की तैयारी में है अजीत जोगी के बहुत ही करीबी उनका दाहिना हाँथ विधायक प्रतिनिधि का कांग्रेस में शामिल होना मतलब अमित जोगी के लिये ख़तरे की घंटी माना जा रहा है अब अमित की राह आसान नही है ज्ञानेंद्र उपाध्याय के साथ छोड़ने से अमित जोगी का पूरा समीकरण गड़बडा जायेगा।
जनता कांग्रेस जे के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता अमित जोगी के क्रियाकलापों से खुश नही है । अमित जोगी की ख़राब छवि एवं बुरे बर्ताव की वजह से विधानसभा चुनाव के पहले भी कई दिग्गज जनता कांग्रेस छोड़ कर जा चुके है ।
जब तक अजीत जोगी जीवित थे उन्होंने सब को बांध रखा था पर अब वो डोर टूट गई है । अमित जोगी के साथ कोई भी उनकी नकारात्मक छवि की वजह से कार्य नही करना चाहता है । विधानसभा चुनाव के पहले अमित जोगी के क्रियाकलापों से खिन्न हो युवा जनता कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष विनोद तिवारी व अन्य ने जनता कांग्रेस छोड़ मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के जन्मदिवस पर कांग्रेस वापसी की थी। आज ज्ञानेंद्र उपाध्याय के कांग्रेस वापसी में भी विनोद तिवारी की महत्वपूर्ण भूमिका रही है ।
ज्ञानेंद्र उपाध्याय ने कहा की मै पिछले 20 सालो से अजीत जोगी के साथ रहा अब वो इस दुनिया में नहीं है और मै अमित जोगी के साथ काम नहीं कर सकता हूँ। छत्तीसगढ़ के यशस्वी मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के कार्यों से प्रभावित हो विशेष रूप से किसानो के लिये किये गये कार्यों से प्रभावित हो आज अपनी मूल पार्टी कांग्रेस वापसी कर रहा हूँ ।


पंचायत तंत्र – रायपुर । राजधानी के गायत्री नगर स्थित भगवान जगन्नाथ कोरोना काल में बीमार पड़ गए हैं. भगवान जगन्नाथ के जल्द स्वस्थ होने के लिए हिन्दू धर्म शास्त्रों के अनुसार उन्हें औषधियुक्त काढ़ा पिलाने की रस्म निभाई जाती है. 5 जून को भगवान बीमार पड़ते हैं, उसी दिन पूजा-अर्चना और महाआरती कर मंदिर के पट 15 दिनों के लिए बंद कर दिए जाते हैं. इस समय भगवान एकांतवास में विश्राम करेंगे यानी कोरोना काल में क्वारेनटाइन रहेंगे।
भगवान जगन्नाथ हर साल इसी समय बीमार पड़ते हैं. तब मंदिर के पट बंद रहने के दौरान भगवान को दिन में 4 बार काढ़ा पिलाया जाता है. इस दौरान भक्तों को भगवान के दर्शन नहीं करने देते है. 22 जून को भगवान स्वस्थ होंगे, तब 23 जून को भगवान अपने भक्तों को दर्शन देने के लिए रथ पर सवार होकर नगर करेंगे. यानी रथ यात्रा निकाली जाएगी।
मंदिर के पुजारी सीतराम पंडा ने बताया कि 5 जून से भगवान की तबीयत बिगड़ी है. इस दौरान उनका विशेष ख्याल रखा जा रहा है. उन्हें 4 बार काढ़ा पिलाया जाता है. दर्शन करने वाले भक्तों को भी इसी काढ़े का सेवन कराया जाता है. मंदिर के पुजारी ने बताया कि इस काढ़े के पीने से रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है. कोरोना के इलाज में भी रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाने का प्रयास किया जाता है. भगवान के इस काढ़े में 10 प्रकार की जड़ीबूटियों के साथ ही अदरक, लोंग, इलाइची और तुलसी पत्ते का मिश्रण होता है।
रथ यात्रा के संबंध में पंड़ित ने कहा कि भगवान की रथ यात्रा मंदिर में ही निकाला जाएगा, लेकिन रथ बाहर ले जाकर भक्तों को दर्शन नहीं देंगे. आज राज्यपाल और मुख्यमंत्री से इस संबंध में चर्चा होगी. उसके बाद प्रशासन की ओर से जारी गाइडलाइन के मुताबिक निर्णय लिया जाएगा.  बता दें कि आयुष मंत्रालय की ओर से जारी गाइड लाइन में भी तुलसी, दालचीनी, काली मिर्च, सूखी अदरक और किशमिश का काढ़ा पीने की सलाह दी गई है।


पंचायत तंत्र- रायपुर । कांग्रेस के एक पार्षद को करोड़ों रुपए के गांजे के साथ गिरफ्तार किया गया है. कांग्रेस का गिरफ्तार हुआ ये पार्षद बीरगांव के वार्ड नंबर 21 कैलाश नगर का बताया जा रहा है।
गिरफ्तार पार्षद का नाम संजय कुमार है और पार्षद को उत्तर प्रदेश के झांसी के मऊरानीपुर थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है. आरोपी को गिरफ्तार करने की पुष्टि मऊरानी थाने के इंस्पेक्टर ने की है।
उत्तर प्रदेश पुलिस के मुताबिक स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) व नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो, लखनऊ की संयुक्त टीम ने उड़ीसा के संबलपुर से रायपुर के रास्ते डंपर व ट्रक में लादकर झांसी लाए गए 10 क्विंटल गांजा बरामद किया है।
एसटीएफ ने गांजे के साथ झांसी के मऊरानीपुर थाना क्षेत्र में उड़ीसा निवासी शंकर बारी उर्फ विक्रम, छत्तीसगढ़ रायपुर बीरगांव के कांग्रेसी पार्षद संजय कुमार सिंह, देवरिया निवासी छोटेलाल व बिहार निवासी विनोद कुमार सिंह को गिरफ्तार किया है. पुलिस की पूछताछ में ये भी पता चला है कि झांसी के मऊरानीपुर निवासी गौरव गेस्ट हाउस के मालिक राजेंद्र सर्राफ उर्फ राजू के लिए मादक पदार्थ की तस्करी करने की बात स्वीकार की है।
पुलिस के मुताबिक ओड़िशा से करीब 10 से 12 हजार रुपये प्रति किलो (अनुमानित कीमत) गांजा खरीदकर उसे उत्तर प्रदेश में लगभग 15 से 20 हजार रुपये प्रति किलो के हिसाब से बेचा जा रहा था. स्थानीय तस्कर 20 से 25 हजार रुपये प्रति किलो के हिसाब से गांजे की फुटकर बिक्री करते थे।
वहीं बीरगांव के सूत्रों के मुताबिक पार्षद बनने के बाद से संजय कुमार वार्ड से गायब रहते है. उन्हें वार्ड संबंधी समस्याओं के लिए बार-बार उनके घर के चक्कर लगाने पड़ते है. लेकिन जब भी वे उनके घर जाते है घर में पार्षद के न होने की जानकारी मिलती है।
अब पार्षद के गिरफ्तार होने के बाद कांग्रेस की ओर से आरोपी के खिलाफ होने वाली कार्रवाई का इंतेजार है।