Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
Browsing: रायपुर

पंचायत तंत्र – रायपुर । पूर्व मंत्री एवं विधायक बृजमोहन अग्रवाल के माध्यम से उनके निवास के समक्ष आज सब्जियों,मठा,मॉस्क का वितरण किया गया। अब तक लगभग 50 हज़ार मॉस्क उनके द्वारा वितरित किये जा चुके है। इसी तारतम्य में आज हरी सब्जियों,मठा व मास्क भी बाटे गए। गौरतलब है कि लॉक डाउन की वजह से जिन लोगों का रोजगार प्रभावित हुआ है ऐसे गरीब, मजदूर लोगों तक राशन सामग्री पहुचाने का कार्य श्री अग्रवाल रायपुर शहर के भाजपा मंडल अध्यक्षों, पार्षदों व कार्यकर्ताओं के माध्यम से करा रहे है। इस संबंध में श्री अग्रवाल ने कहा कि कोरोना का संकट बड़ा है। इसलिए हुए लॉक डाउन में हम सभी को एकजुटता के साथ जरूरतमंदों की मदद करनी है। शहर में विभिन्न सामाजिक संगठन गरीबों को सहयोग करने आगे आये है यह बहुत अच्छी बात है। इस जज्बे को हमे बरकरार रखना है और जब तक कोरोना का संकट टल न जाये हर कमजोर का हाथ थामे रहना है ।

पंचायत तंत्र – रायपुर । कोरोना महामारी के चलते स्कूल, कॉलेज और कोचिंग सेंटर को बंद कर दिए गए हैं. साथ ही पूरे छत्तीसगढ़ में लॉकडाउन जैसे स्थिति है. प्रदेश छात्रों की शिक्षा प्रभावित न हो इसके लिए ऑनलाइन शिक्षा पोर्टल http://cgschool.in के जरिए पढ़ाई कराई जा रही है. इस शिक्षा पोर्टल में रविवार सुबह 9 बजे तक 1 लाख 86 हजार 713 विद्यार्थी और 85 हजार 378 शिक्षक पंजीयन कर चुके हैं. इसके पेज पर 33 लाख 90 हजार 835 व्यूज पूरे हो चुके हैं. अभी यह आकड़ा आगे बढ़ चुका होगा ।
स्कूल शिक्षा विभाग के प्रमुख सचिव आलोक शुक्ला ने जानकारी साझा करते हुए शिक्षकों के आगे नतमस्तक हो गए. उन्होंने कहा कि शिक्षक बढ़-चढ़कर इस पोर्टल में शैक्षणिक सामग्री लगातार अपलोड कर रहे हैं और ऑन लाइन क्लास ले रहे हैं. अभी तक पोर्टल में 1291 शैक्षणिक वीडियो, 948 फोटो, 261 अन्य पठन सामग्री और 33 आडियो अपलोड हो चुके हैं. सामग्री अपलोड का यह क्रम लगातार जारी है. उन्होंने विश्वास जताते हुए कहा कि शिक्षकों की लगन और मेहनत से यह पोर्टल लगातार बेहतर होता जाएगा ।
उन्होंने कहा कि हमने उच्च शिक्षा विभाग के अनुरोध पर इस पोर्टल पर उच्च शिक्षा की पढ़ाई के लिये भी काम करना प्रारंभ कर दिया है. इसी प्रकार हम इसी पोर्टल पर शिक्षक प्रशिक्षण की कक्षाएं भी शीघ्र प्रारंभ करेंगे. शुक्ला ने बच्चों के हित में किए जा रहे कार्य को लेकर बधाई भी दी ।

पंचायत तंत्र -रायपुर । छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कार्यकारिणी की पहली बैठक वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए शुरु हो गई है. एआईसीसी के छत्तीसगढ़ प्रभारी पीएल पुनिया, एआईसीसी के छत्तीसगढ़ के प्रभारी सचिव डॉ चंदन यादव, सोशल मीडिया की राष्ट्रीय प्रमुख रुचिरा चतुर्वेदी सहित प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम मौजूद है
मुख्यमंत्री के सलाहकार विनोद वर्मा, राजेश तिवारी, कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष शैलेश नितिन त्रिवेदी, कांग्रेस के मोर्चा संगठनों के प्रदेश प्रमुख फूलोदेवी नेताम, कोको पाढ़ी, आकाश शर्मा और प्रदेश कांग्रेस के सोशल मीडिया के प्रमुख जयवर्धन विस्ता विशेष आमंत्रित के रूप में उपस्थित है।

पंचायत तंत्र – रायपुर । छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में पीलिया का कहर देखने को मिल रहा है. पीलिया ने 78 लोगों को अपनी चपेट में ले लिया है. नगरीय प्रशासन मंत्री शिव डहरिया ने भी नगर निगम की लापरवाही मानते कहा कि जनता निगम की गलती भुगत रही है. जोन कमिश्नर को हटा दिया गया है और जरूरत पड़ी, तो कार्रवाई भी करेंगे ।
नगरीय प्रशासन मंत्री शिव डहरिया ने कहा कि निश्चित रूप से पीलिया को लेकर सरकार गंभीरता से लेकर ध्यान दे रही है. राज्य सचिव को आदेश दिया गया था कि इस समस्या का जल्द निराकरण करना होगा. उन्होंने कहा कि हम जो पेयजल उपलब्ध कराते हैं उसमें कुछ कमियां रह गई है. जिसके बाद पीलिया फैली है. इस तरह की घटनाएँ दोबार न हो इसे लेकर नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी और सरकार भी काम कर रही है. आगे इस तरह की घटनाएँ न हो इस पर काम करेंगे ।
उन्होंने कहा कि जिन अधिकारियों ने इस काम में कोताही बरती है, उनके खिलाफ कार्रवाई की गई है. इस दिशा में और आगे क्या कर सकते हैं रायशुमारी के बाद सरकार आगे काम करेगी. साथ ही उन्होंने पिछली सरकार पर टिकरा फोड़ते हुए कहा कि फिल्टर प्लांट को बनाया था. इसलिए सरकार के भ्रष्टाचार का खामियाजा जनता को भुगतनी पड़ रही है. इसे जल्द ठीक किया जाएगा. अभी एक जोन कमिश्नर का ट्रांसफर किया गया है. आगे जरूरत पड़ी तो कार्रवाई की जाएगी ।

पंचायत तंत्र – रायपुर । खाद्य एवं औषधि विभाग ने आज भिलाई के एक मेडिकल स्टोर में छापामार कार्रवाई की है. मेडिकल संचालक को 10 रुपए को मास्क तीन गुना से ज्यादा दाम पर बेचते पकड़ा गया. विभाग मुनाफाखोर संचालक के खिलाफ कार्रवाई कर रही है ।
खाद्य एवं प्रशासन विभाग के उपसंचालक बेनी राम साहू ने बताया कि रूटीन चेकअप में एक टीम भिलाई भेजा गया था. खाद्य निरीक्षक एवं ड्रग कंट्रोलर ग्राहक बनकर जिनोटा फ़ार्मेसी गए, जहां पर 10 रुपये के मॉस्क को 30 से 40 रुपया में बेचा जा रहा था ।
फ़िलहाल रंगे हाथ पकड़ने के बाद दस्तावेज़ की जांच जारी है. रिपोर्ट समीक्षा के बाद जिनोटा फ़ार्मेसी के संचालक को नोटिस भेजा जाएगा. नोटिस के जवाब नहीं आने के बाद लाइसेंस के रद्द करने की कार्रवाई की जाएगी ।

पंचायत तंत्र – रायपुर । राजधानी रायपुर में लॉकडाउन का लगातार हो रहे उल्लंघन को देखकर शुक्रवार को कलेक्टर, एसएसपी फिर सड़क पर उतरे। करीब चार घंटे तक आधे शहर में पुलिस बल के साथ अफसरों ने फ्लैग मार्च किया। इस दौरान सड़क पर बेवजह घूमने वाले दोपहिया सवार, पैदल चलने वाले लोगों को उठक-बैठक कराया। घरों में रहने की हिदायत देकर उन्हें छोड़ा गया। कटघोरा में कोरोना के सात नए मरीज मिलने के बाद रायपुर पुलिस और प्रशासन अलर्ट मूड में आ गया है। शुक्रवार को शहर और आसपास के इलाके में एक बार फिर से सुरक्षा व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त कर
दी गई।
चौक-चौराहों पर बैरिकेड लगाकर तैनात पुलिस आने-जाने वालों से दिन भर पूछताछ करती रही। बेवजह घूमने वालों पर सख्ती बरती गई। उन्हें चेतावनी दी गई कि बेवजह घूमने पर गैर जमानती धारा के तहत कार्रवाई की जायेगी। कलेक्टर डॉ. एस भारतीदासन, एसएसपी आरिफ शेख, एसडीएम, एडीएम, एएसपी, सीएसपी और कई पुलिस थाना प्रभारी समेत पुलिस बल ने सुबह 11बजे से दोपहर 3 बजे तक शहर के आधे हिस्से में फ्लैग मार्च किया। जय स्तंभ चौक स्थित मल्टी स्टोरी पार्किंग से शुरू हुआ फ्लैग मार्च मालवीय रोड, गोलबाजार, कोतवाली, आजाद चौक, टिकरापारा, संतोषी नगर, राजेंद्र नगर, तेलीबांधा होते हुए खम्हारडीह की तरफ निकला। एडिशनल एसपी सिटी पंकज चंद्राकर ने बताया कि कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए शहर में एक बार फिर से कड़ाई शुरू कर दी गई है। फ्लैग मार्च के दौरान दर्जनों दोपहिया वाहन चालकों पर चालानी कार्रवाई की गई। आगे भी सख्ती जारी रहेगी। बेवजह घूमने वालों को चिन्हांकित किया जा रहा है। पहले समझा कर छोड़ा जा रहा है। दोबारा पकड़े जाने पर धारा 188 के तहत कार्रवाई की जाएगी।
यहां दिन भर सख्ती
जय स्तंभ चौक, कोतवाली चौक, कालीबाड़ी चौक, टिकरापारा चौक, संतोषी नगर चौक, शास्त्री चौक, देवेंद्र नगर चौक, फाफाडीह चौक, स्टेशन चौक, तेलीबांधा चौक समेत अन्य चौक-चौराहों पर पुलिस की टीम बैरिकेड लगाकर आने-जाने वाले लोगों को रोक-रोक कर पूछताछ करती रही। इस दौरान सामान लेने के लिए निकले एक ही परिवार के दो से तीन लोगों को पुलिस ने रोका और फटकार लगाकर वापस घर भेजा।
साइंस कालेज मैदान में लग रहे सब्जी बाजार में जिस तरह से लोगों की भीड़ लग रही है, उससे शारीरिक दूरी का पालन नहीं हो पा रहा है। शहर के मुख्य स्थानों पर सब्जी बाजार लगवाने के बारे में विचार किया जा रहा है। निगम के अधिकारियों से इस बारे में बात कर फैसला लिया जाएगा।

पंचायत तंत्र – रायपुर । मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से आग्रह किया है कि लाॅकडाउन की स्थिति में राज्यों के अंदर आर्थिक गतिविधियां चलाने की अनुमति मिलनी चाहिए। इसी प्रकार उन्होंने संकट के समय एमएसएमई सेक्टर को बचाने के लिए केन्द्र सरकार से आर्थिक पैकेज की मांग की साथ ही कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए अधिक से अधिक सेम्पल लिए जाने और वर्तमान में कोरोना संकट को देखते हुए अंतर्राज्यीय सड़क, वायु, रेल सुविधाओं पर प्रतिबंध जारी रखने का सुझाव दिया। बघेल आज प्रधानमंत्री द्वारा कोरोना वायरस संक्रमण की स्थिति की समीक्षा के लिए सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों की ली गयी विडियो कांफ्रेंसिंग में उपरोक्त सुझाव दिए।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रधानमंत्री से यह भी आग्रह किया कि पीपीई किट की संख्या में वृद्धि और परीक्षण की सुविधा भी बढ़ाया जाना चाहिए। उन्होंने केन्द्रीय विश्वविद्यालय की परीक्षाएं स्थगित रखी जाए या आॅन लाइन लिए जाने का सुझाव भी दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि केन्द्र सरकार द्वारा परीक्षण किट की खरीदी के लिए तय की गई गाइडलाइन में स्पष्ट निर्देश नहीं होने से संशय की स्थिति बनी हुई है। इस संबंध में स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए जाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि राज्य में एमएसएमई सेक्टर द्वारा लगातार आर्थिक पैकेज की मांग की जा रही है। लाॅकडाउन की लंबी अवधि के कारण लोगों को सर्वाधिक रोजगार उपलब्ध कराने वाले इस महत्वपूर्ण सेक्टर का अस्तित्व खतरे में पड़ गया है। उन्होंने इन उद्योगों को बचाने के लिए केन्द्र सरकार द्वारा शीघ्र आर्थिक पैकेज दिए जाने की घोषणा करने का अनुरोध किया।
मुख्यमंत्री ने बताया कि छत्तीसगढ़ राज्य में देश में सर्वप्रथम 21 मार्च से लाकडाउन लागू किया गया। लाॅकडाउन का कड़ाई से पालन होने के कारण यहां बेहतर स्थिति है। राज्य में कोरोना संक्रमण के कुल 18 व्यक्ति संक्रमित पाए गए हैं। इनमें अब तक 10 स्वस्थ्य हो चुके हैं। शेष 8 मरीजों की हालत सामान्य है। तबलीगी जमात के 7 सदस्य कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए इन सभी को एम्स रायपुर में भर्ती कराया गया है, उनकी हालत भी सामान्य है। राज्य में अब तक किसी भी व्यक्ति की कोरोना वायरस संक्रमण से मृत्यु नहीं हुई है। उन्होंने बताया कि राज्य के 28 जिलों में केवल 5 जिलों से ही कोरोना संक्रमण के मरीज पाए गए हैं शेष 23 जिलों में संक्रमित व्यक्ति नहीं मिले हैं। प्रदेश में अब तक 3,473 सेम्पल लिए गए हैं। प्रतिदिन औसत 135 सेम्पल लिए जा रहे है। जो अत्यंत कम हैं। कम परीक्षण होने के कारण यह निश्चित रूप से नहीं कहा जा सकता कि वास्तव में कोविड-19 वायरस की स्थिति नियंत्रण में है अथवा नहीं। प्रतिदिन 3 से 5 हजार सेम्पल लेने की आवश्यकता है। इस संबंध में पूर्व में भी अनुरोध किया गया है।
मुख्यमंत्री ने वीडियो कांफ्रेसिंग में बताया कि राज्य में तबलीगी जमात के 107 सदस्यों को क्वारेंटाइन में रखा गया है। इनमें से एक सदस्य का इलाज चल रहा है, कल ही उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि राज्य की सीमा में हजारों लोग फंसे हैं। उन्हें अभी राज्य की सीमा के बाहर ही क्वारेंटाइन करके रखा गया है। लेकिन इन लोगों को काफी परेशानी हो रही है। इनमें कई यात्री और परिवार के लोग भी हैं जो अपने घरों में जाना चाहते हैं। इस संबंध में दिशा-निर्देश की अपेक्षा है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में 56 लाख परिवारों में से 47 लाख गरीब परिवारों को दो माह का एक मुश्त राशन निःशुल्क दिया गया है इसके अलावा, शक्कर, नमक का वितरण किया गया है। उन्होंने बताया कि राज्य में बाजार बंद है जिससे वनोपज की खरीदी-बिक्री नही हो पा रही है। अनुसूचित क्षेत्रों में लघुवनोपज महुआ, इमली के संग्रहण और खरीदी का कार्य वन समितियों के माध्यम से चल रहा है। इस प्रकार की गतिविधियों के संचालन के लिए राज्यों को अनुमति मिलनी चाहिए। प्रदेश में ढ़ाई लाख परिवारों को प्रतिदिन भोजन कराया जा रहा है। 77 हजार लोगों को क्वारेंटाइन में रखा गया है। राज्य की सीमाओं में 10 हजार लोगों को क्वारेंटाइन में रखा गया है।
मुख्यमंत्री ने कोरोना संकट के दौरान मरीजों की बढ़ती हुई संख्या को देखते हुए सड़क, वायु और रेल के माध्यम से अंतर्राज्यीय आवागमन सुविधाओं पर प्रतिबंध जारी रखने का सुझाव दिया। उन्होंने यह भी कहा कि कोरोना संक्रमित लोगों की संख्या और उनकी स्थिति को देखते हुए राज्य में आर्थिक गतिविधियों में छूट दी जा अथवा नहीं, यह निर्णय लेने का अधिकार राज्यों को दिया जाना उचित होगा। वर्तमान परिस्थिति को देखते हुए निश्चित रूप से आर्थिक संकट का सामना करना पड़ेगा। आवश्यकता के अनुरूप कार्य योजना बनानी पड़ेगी। जिससे भयंकर आथिक संकट से अपने प्रदेश को उबारा जा सके। इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री टी.एस. सिंहदेव, गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू, अपर मुख्य सचिव सुब्रत साहू, सचिव स्वास्थ्य निहारिका बारिक सिंह, खाद्य सचिव कमलप्रीत सिंह उपस्थित थे।

पंचायत तंत्र – रायपुर । पूर्व मंत्री एवं विधायक बृजमोहन अग्रवाल ने स्वास्थ्य मंत्री टीएव सिंहदेव से कोरोना संकट, प्रदेश के स्वास्थ्य सुविधाओं और समस्याओं को लेकर फोन पर चर्चा की और महत्वपूर्ण सुझाव उन्हें दिए ।
बृजमोहन ने उनसे कहा कि रायपुर के मेकाहारा को कोरोना का सेंटर न बनाकर अन्य बिमारियों जैसे, कैंसर, हृदय रोग, किडनी, अस्थि रोग जैसी गंभीर बीमारियों के इलाज आरक्षित रखना चाहिए। क्योंकि मेकाहारा प्रदेश का सबसे बड़ा अस्पताल हैं, इन्ही तकलीफों को लेकर लोग यहा पहुंचते है। उन्होंने रिम्स या अन्य किसी अस्पताल को कोरोना सेंटर बनाये जाने का सुझाव दिया। उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री से कहा कि प्रदेश के सभी जिला अस्पतालों में चिकित्सकों के पास पीपीई किट व सुरक्षा के जरूरी उपकरण भी उपलब्ध कराये ताकि निर्भीकता के साथ वे मरीजों का इलाज कर सके। कोरोना को लेकर बृजमोहन ने कहा कि कोरोनटाइन मरीजों की संख्या ज्यादा है पर टेस्ट अभी तक लगभग कढाई हजार लोगों के ही हुए है जो कि काफी कम है। ज्यादा से ज्यादा लोगों के टेस्ट किये जाने की आवश्यकता है ताकि एक निश्चिन्तता का माहौल प्रदेश में बन सके। श्री अग्रवाल के सुझाव पर सिंहदेव ने सहमति जताई तथा इस संबंध में आवश्यक कार्यवाही शीघ्र किये जाने की बात कही।
एक और कोरोना संक्रमित हुआ स्वस्थ : छत्तीसगढ़ में शुक्रवार को फिर एक राहत भरी खबर मिली। कोरोना संक्रमित किशोर के स्वस्थ हो जाने पर एम्स रायपुर प्रबंधन ने उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी है। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने ट्वीट कर लोगों को यह जानकारी दी। अब उसे 14 दिन आइसोलेशन में रखा जाएगा। यह वही किशोर है जो कोरबा के हॉट स्पॉट कटघोरा की मस्जिद में 16 जमातियों के साथ मिला था। जमातियों से सबसे पहले चार अप्रैल को इसके कोरोना पॉजिटिव पाए जाने पर एम्स में भर्ती कराया गया था।
छत्तीसगढ़ में 3473 की सैम्पलिंग, अब 9 पॉजिटिव : छत्तीसगढ़ शासन स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग राज्य सर्विलेंस इकाई की ओर से कोरोना वायरस की प्रदेश में 10 अप्रैल की स्थिति पर मेडिकल बुलेटिन जारी की गई है। प्रदेश में अब 9 कोरोना पॉजिटिव मरीज है, जिसका इलाज जारी है। शाम 5 बजे तक की स्थिति में छत्तीसगढ़ में अब तक कोरोना वायरस के कुल 3322 संभावित व्यक्तियों की पहचान कर सैम्पल जांच की गई है। 3054 सैम्पल के परिणाम निगेटिव परिणाम हैं। 133 सैम्पल की जांच की जा रही है। प्रदेश में अब 9 एक्टिव केस हैं।
रायपुर मेडिकल कॉलेज को कोरोना जांच की अनुमति : कोरोना जांच को लेकर राजधानी रायपुर से एक अच्छी खबर है कि केंद्र सरकार ने मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री के पत्र को स्वीकार करते हुए राजधानी रायपुर स्थित पंडित जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज में कोरोना जांच की अनुमति दे दी है. दरअसल, केंद्र सरकार ने जांच की अनुमति के लिए एम्स के डॉक्टरों की एक विशेष टीम गठित कर रायपुर मेडिकल कॉलेज में जांच के लिए मौजूदा साधन-संसाधन और सुविधाओं के निरीक्षण के निर्देश दिए थे. बता दें, रायपुर मेडिकल कॉलेज को केंद्र सरकार द्वारा भेजी गई निरीक्षण रिपोर्ट के आधार पर कोरोना जांच की अनुमति दी है ।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि पंडित जवाहरलाल मेडिकल कॉलेज के माइक्रोबायोलॉजी डिपार्टमेंट में सोमवार से शुरू की जाएगी, जो कोविड-19 के फैलाव को रोकने में अहम भूमिका निभाएगी. मंत्री ने यह भी कहा कि मौजूदा समय में बल्क में मरीज मिले हैं जो आने वाले समय में बड़े खतरे की ओर इशारा कर रहे हैं, हमें इसके प्रति और सजग होना होगा और अधिक जागरूक होना होगा ।
कटघोरा पहुंचे 7 लैब टेक्नीशियन,
एक दिन में लिए 192 सैम्पल
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के निर्देश के बाद कटघोरा में कोरोना के संदिग्ध मरीजों और संक्रमितों के संपर्क में आए लोगो की सैम्पिलिंग तेज कर दी गई है। शुक्रवार को लगभग 192 लोगों के सैम्पल लिए गए,जिन्हें जांच के लिए रायपुर के एम्स भेजा गया है। कलेक्टर किरण कौशल ने पुलिस अधीक्षक अभिषेक मीणा के साथ पैदल ही पूरे इलाके का दो बार दौरा करके स्थिति का जायजा लिया।कलेक्टर ने कटघोरा में सीएम के निर्देश पर स्पेशल नियंत्रण कक्ष (वार रूम) कटघोरा में स्थापित कर लिया गया है। जिला स्तरीय अधिकारियों को विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी गई है। कलेक्टर कौशल ने स्वंय मोर्चा संभाल लगातार स्थिति और किए जा रहे कार्यो की समीक्षा कर रही है। जिला प्रशासन ने कटघोरा में कोरोना संक्रमित पाए गए 9 लोगो के संपर्क में आए लगभग 200 लोगो की पहचान कर ली है। इनमें कुछ अंतर जिले के रहवासी भी है जिनकी जानकारी संबंधित जिलाधिकारी को भिजवा दी गई है। कलेक्टर ने जांजगीर-चांपा, पेंड्रा-गौरेला-मरवाही, बिलासपुर, बलौदाबाजार, दुर्ग सहित सूरजपुर जिले के जिलाधिकारियों को कोरोना पॉजिटिव के संपर्क में आए लगभग 10 लोगों की जानकारी भेजी गई है।सैम्पलिंग का दायरा बढऩे से जिले में बिलासपुर, रायगढ़, जांजगीर व कोरिया से सात लैब टेक्निशियनों की टीम बुलाई गई है।सीएमएचओ डॉ. बीबी बोर्डे के मुताबिक प्राथमिकता के आधार पर कटघोरा नगर पालिका के वार्ड 10 व 11 के सीधे कॉटेक्ट में आये लोगों के सैम्पल लिए जा रहे है।

पंचायत तंत्र – रायपुर । देश में कोरोना लॉकडाउन में भी लगातार संक्रमण बढ़ रहे है. इसे देखते हुए लॉकडाउन आगे और बढ़ाया जाएगा या नहीं इस पर से आज सस्पेंस खत्म हो जाएगा. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज सभी राज्यों के मुख्यमंत्री के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए लॉकडाउन बढ़ाने पर बातचीत करेंगे. इसलिए यह बातचीत बहुत महत्वपूर्ण है. इसके बाद बड़ा फैसला लिया जाएगा ।
पीएम मोदी ने कुछ दिन पहले हुई मुख्यमंत्रियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस मीटिंग में कहा था कि आप सभी अपने प्रदेशों में लॉक डाउन कैसे हटाया जाए, इस पर अपने-अपने राज्यों की स्थिति के आधार पर रिपोर्ट तैयार करके भेजें. हालांकि उड़ीसा और पंजाब ने 30 अप्रैल तक लॉक डाउन बढ़ा दिया है. छत्तीसगढ़ और राजस्थान में भी संकेत दिए हैं कि वह भी लॉक डाउन बढ़ा सकता है ।
भारत में कोरोना वायरस अब तेजी से बढ़ रहा है. देश में कुल में मरीजों की संख्या बढ़कर करीब 7600 हो गई है. जब देश में कोरोना पीड़ितों की संख्या कम थी, तब 21 दिन के लिए लॉकडाउन किया गया. आज संख्या बढ़ गई है, तो लॉकडाउन में किसी तरह की छूट दी जाएगी ।
ऐसे में फिर से लॉकडाउन को कम से कम 14 दिन के लिए बढ़ाया जा सकता है. कई राज्य सरकारें भी इस बात का समर्थन कर रही हैं. हालांकि अब आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ होने वाली वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बैठक के बाद ही इस फैलसा लिया जाएगा ।

पंचायत तंत्र – रायपुर । खाद्य मंत्री अमरजीत भगत ने आज नापतौल विभाग के अधिकारियों की बैठक लेकर नापतौल में गड़बड़ी करने वाले और निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत पर सामान बेचने वाले दुकानदारों पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं. भगत ने दुकानों के सामने में आवश्यक वस्तुओं की मूल्य सूची प्रदर्शित करने के भी निर्देश दिए ।
उन्होंने कहा कि राज्य के पेट्रोल पम्पों, उचित मूल्य की दुकानों सहित अन्य सभी दुकानों में सामग्रियों की वजन और कीमत की जांच के लिए प्रदेश भर में सघन अभियान चलाया जाए । लॉक डाउन के दौरान देश की जनता को किसी भी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए ।
भगत ने कहा कि प्रदेश में कोरोना वायरस के संक्रमण की रोकथाम के लिए लॉक डाउन के दौरान प्रदेशवासियों को सही कीमत पर गुणवत्तापूर्ण सामग्री जरूरत के मुताबिक मिले, इसके लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं. भगत ने कहा कि राज्य की उचित मूल्य की दुकानों सहित अन्य दुकानों में नापतौल की गड़बड़ी एवं ज्यादा मूल्य पर सामान बेचने की शिकायतें मिली है. उन्होंने बैठक में राज्य के कई जिलों के खाद्य एवं नापतौल विभाग के अधिकारियों से दूरभाष पर अनियमितता की जानकारी ली और आवश्यक कार्यवाही करने के भी निर्देश दिए ।
भगत ने पैकेट में बिकने वाले सामग्रियों दूध, बिस्कुट, खाद्य तेल एवं अन्य खाद्य वस्तुओं के पैकेट में अंकित मूल्य और उसका वजन के जांच करने के निर्देश अधिकारियों को दिए. भगत ने अधिकारियों को प्रतिदिन की गई कार्यवाही का प्रतिवेदन देने के निर्देश दिए हैं ।
बैठक में खाद्य विभाग के सचिव डाॅ. कमलप्रीत सिंह, अपर संचालक अजय अग्रवाल, नापतौल विभाग के डिप्टी कन्ट्रोलर बी.आर. सिदार, असिस्टेंट कन्ट्रोलर एस.एस. राय सहित अन्य अधिकारी माजूद थे ।