Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
Browsing: रायपुर

पंचायत तंत्र – रायपुर । कोरोन वायरस के संक्रमण से बचाव के लिए लगाए गए लॉकडाउन के दौरान आवश्यक वस्तुओं जैसे खाद्य सामग्री, दवाएं, चिकित्सा आपूर्ति, चिकित्सा उपकरण, खाद्य तेल, आदि आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता को सुनिश्चित करने दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे रायपुर रेल मंडल के दुर्ग रायपुर स्टेशनों से होते हुए देश के अन्य क्षेत्रों में लगभग 12, कोविड-19 पार्सल स्पेशल ट्रेन चलाई जा रही है. साथ ही दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे द्वारा 4 विशेष पार्सल ट्रेनों का परिचालन किया जा रहा है. इस संकट की घड़ी में एक दूसरे की मदद के लिए आवश्यक सामग्री भेजने वालों को अच्छी सुविधा प्राप्त हो रही है. इस सुविधा के लिए अधिक से अधिक लोग आवश्यक सामग्री की बुकिंग के लिए आ रहे हैं ।
रायपुर एन दुर्ग स्टेशनों से अभी तक लगभग 30 टन की सामग्री राउरकेला, टाटानगर, संकराइल, चांसगिरी आदि स्थानों पर भेजी गई है जिसमें मुख्यता सब्जियां, फल जैसे अमरूद पपीता, अन्य फल, मेडिकल इक्विपमेंट, मेडिकल चश्मा, कुछ दवाइयां आदि भेजा गया है. आने वाली पार्सल गाड़ियों में कुछ दिनों पूर्व तीन पार्सल वेन मिल्क प्रोडक्ट आए थे, कुछ दवाइयां रेल मेल सर्विस की सामग्री आ रही है ।
भेजी जाने वाली सामग्री के कार्टूनों को सैनिटाइज किया जा रहा है साथ ही सामग्री चढ़ाते उतारते समय सोशल डिस्टेंस के नियमों का भी पालन किया जा रहा है ।
रेल प्रशासन सामग्री भेजने वाले व्यापारियों संबंधित फर्मों से अनुरोध करता है आपके द्वारा पार्सल ट्रेनों के द्वारा भेजी जाने वाली सामग्रियों को अच्छा रिस्पांस मिल रहा है एवं आवश्यक सामग्री की अग्रिम बुकिंग हेतु मुख्य वाणिज्य निरीक्षक पार्सल रायपुर रेल मंडल से फोन पर विस्तृत जानकारी ले सकते हैं उनका फोन नंबर 9752 877995 इसके अतिरिक्त मुख्य पार्सल सुपरवाइजर रायपुर 9752877967 एवं चीफ पार्सल सुपरवाइजर दुर्ग से 9109112682 पर बात कर सामग्री बुकिंग करा सकते हैं एवं आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं ।

पंचायत तंत्र – रायपुर । रायपुर छत्तीसगढ़। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राज्यपाल महोदया अनुसुईया उइके को जन्मदिन की बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके अच्छे स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की कामना की है। ट्वीट कर कहा- आपके प्रतिपालकत्व में प्रदेश तरक्की के पथ पर आगे बढ़े, आपके संरक्षण में लोकतांत्रिक मूल्यों की गरिमा और अधिक बढ़े। ऐसी हम सब कामना करते हैं। आप स्वस्थ एवं दीर्घायु रहें ।
शहीद हेमु कालाणी वार्ड में राशन वितरण के दौरान सोशल डिस्टेंसिंग का गुरुवार को अनोखा नज़ारा दिखा। वार्ड पार्षद बंटी होरा के द्वारा गुरुवार सुबह घर-घर जाकर टोकन वितरित किया गया एवं शाम 5 बजे वार्ड में 104 राशन के थैले बांटे गए । राशन वितरण में प्रमुख रूप से महापौर एजाज़ ढेबर, पार्षद नागभूषण राव, राधेश्याम विभार, प्रमोद मिश्रा एवं सम्मानित वार्ड नागरिक उपस्थित थे।

पंचायत तंत्र – रायपुर । छत्तीसगढ़ में अब तक कोरोना वायरस के कुल 3159 संभावित व्यक्तियों की पहचान कर सैंपल जांच किया गया है, अभी तक के 3054 परिणाम निगेटिव प्राप्त हुए हैं तथा 88 की जांच जारी है. बुधवार रात को कटघोरा से 1 पॉजिटिव मरीज भर्ती किया गया। वहीं गुरुवार को कटघोरा से ही नये 7 पॉजिटिव मरीज पाये गए. इस प्रकार वर्तमान में एम्स रायपुर में कटघोरा के कुल 9 मरीज इलाज चल रहा है। वहीं इलाज के बाद स्वस्थ हुए 9 मरीज को मिलाकर राज्य में कुल 18 केस पाये गए। स्वास्थ्य सचिव ने आज अधिकारियों की बैठक ली। इसमें निजामुद्दीन क्षेत्र से कटघोरा में आये हुए व्यक्तियों के संपर्क में आये संकमित व्यक्तियों के पाये जाने पर समुचे क्षेत्र में सघन निगरानी एवं जांच के निर्देश दिये गए। प्राथमिकता के आधार पर कटघोरा के वार्ड 11 में 60 वर्ष से अधिक उम्र के व्यक्तियों, कोरोना लक्षण के पाए जाने वाले व्यक्तियों और बार-बार घर से बाहर जाने वाले व्यक्तियों को चिन्हित कर उनके सैंपल लिये जाने के निर्देश दिए। पूरे प्रदेश में जहां भी हजरत निजामुद्दीन क्षेत्र से आये हुए व्यक्तियों की जानकारी मिली है एवं चिन्हित किये है, उन क्षेत्रों में वर्तमान निवास के क्षेत्र में सघन जांच के निर्देश दिये है। राज्य से अधिकारियों के दल को तत्काल कटघोरा, जिला कोरबा भेजा गया है।
सिंहदेव ने की समीक्षा : स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने बिन्दुवार समीक्षा किया। वहीं आवश्यक सामग्री के लिए सीजीएमएससी को तत्काल आपूर्ति के निर्देश दिये गए। मेडिकल कॉलेज रायपुर में शीघ्र कोरोना की जांच कराए जाने संचालक, चिकित्सा शिक्षा को निर्देश दिए है। राज्य के सभी लोगों से अपील की है कि कटघोरा में पिछले 3 सप्ताह में आने-जाने वाले व्यक्तियों की जानकारी टोल फ्री नंबर 104 पर दें। और कोरोना संक्रमण के खिलाफ लड़ाई में सरकार का सहयोग करें और अफवाहों से दूर रहें।
डाक विभाग ने 17 घंटे में पुणे से एम्स तक पहुंचाई कोरोना जांच किट : कोरोना महामारी से बचने के लिए लॉकडाउन के चलते हवाई, ट्रेन, बस सेवा बंद है। ऐसे में डाक विभाग के सामने जरूरी सेवा बहाल रखना चुनौती से कम नहीं है। इसके बाद भी डाक विभाग संकट की घड़ी में जीवन रक्षक दवाएं प्रदेश के अस्पतालों, प्रमुख लैब में डाकिया, स्पेशल वैन के माध्यम से सप्लाई कर रहा है। जरूरी दवाओं के पार्सल पहुंचाने के लिए विभाग के कर्मचारी चौबीसों घंटे जुटे हैं। वरिष्ठ अधिकारी से लेकर डाकिया तक बखूबी अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं। प्रधान डाकघर रायपुर के वारिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पुणे स्थित माइलैब से अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) रायपुर को ढाई सौ कोरोना जांच किट की सप्लाई करने की जिम्मेदारी सौंपी गई। तय अवधि से पहले ही महज 17 घंटे में गुरुवार को विभाग ने जांच किट एम्स को सप्लाई कर दी।
स्पेशल वाहन से हुआ वितरण : हेल्थ इंडिया प्राइवेट कंपनी पांडिचेरी से डीडी इंटरप्राइजेस देवेंद्र नगर रायपुर को भेजे गए दवाओं के 52 बॉक्स की सप्लाई की गई। इसी तरह अंबिकापुर से कुसमी भेजा गया दवाओं का पार्सल स्पेशल वाहन के माध्यम से पहुंचाया गया। बताया गया है कि कोरोना जांच किट के 33 बॉक्स गोवा से रायपुर आने हैं। इसका इंतजार किया जा रहा है। विभाग के अधिकारियों के अनुसार लॉकडाउन के दौरान डाक सेवाओं को लेकर लोगों को किसी भी तरह की परेशानी न हो इसके लिए योजनाबद्ध तरीके से सेवा दी जा रही है।
एम्स में तैयारी पूरी, घबराने की आवश्यकता नहीं: डॉ. नागरकर : अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान ने कोरोना वायरस के सात नए पॉजीटिव केस पाए जाने की पुष्टि की है। यह सभी कटघोरा के निवासी हैं। इन्हें 9 अप्रैल की देर रात एम्स में भर्ती करने की तैयारी चल रही। इन सात नए केस के बाद अब एम्स में कुल नौ एक्टिव केस हो जाएंगे। एम्स प्रबंधन ने सभी प्रदेशवासियों से अपील की है कि घबराने की आवश्यकता नहीं है। एम्स बड़ी संख्या में कोरोना वायरस पॉजीटिव रोगियों के लिए भी पूरी तरह से तैयार है।
एम्स की ओर से जारी मेडिकल बुलेटिन के अनुसार कटघोरा के सैंपल टेस्टिंग के लिए एम्स भेजे गए थे,जिसमें से सात सैंपल पॉजीटिव पाए गए हैं। इनमें छह पुरुष और एक महिला रोगी शामिल है। इन सभी को देर रात एम्स में भर्ती करने की तैयारी की जा रही थी। अब कोरोना वायरस के कुल केस की संख्या 18 हो गई है,जिसमें नौ पहले ही ठीक होकर होम क्वारंटाइन में हैं जबकि एक्टिव केस 9 हो गए हैं। पूर्व में एम्स में भर्ती दो रोगियों की स्थिति स्थिर बनी हुई है। निदेशक प्रो. (डॉ.) नितिन एम. नागरकर ने सभी प्रदेशवासियों से अनुरोध किया है कि सात नए केस मिलने के बाद भी घबराने की आवश्यकता नहीं है। एम्स प्रबंधन की ओर से आयुष भवन में कोरोना वायरस के 200 रोगियों के लिए पर्याप्त व्यवस्था है और इसे आवश्यकता पडऩे पर 500 बैड तक किया जा सकता है। अभी तक सिर्फ एक कलस्टर में कोरोना वायरस के पॉजीटिव रोगी मिल रहे हैं। कहीं भी स्टेज थ्री के लक्षण दिखाई नहीं दे रहे हैं। ऐसे में किसी को भी परेशान होने की आवश्यकता नहीं है। एम्स के पास पर्याप्त मात्रा में टेस्टिंग किट्स, पीपीई किट्स, मास्क और दवाइयां उपलब्ध हैं। 52 अतिरिक्त वेंटिलेटर भी मंगाए गए हैं।
बृजमोहन ने दिया सुझाव: घर-घर जाकर की जाए स्क्रीनिंग

वरिष्ठ भाजपा नेता एवं विधायक बृजमोहन अग्रवाल ने कोरोना संकट के चलते राज्य के बिगड़े हालात पर मुख्यमंत्री भुपेश बघेल से टेलीफोन पर चर्चा की तथा जन समस्याओं एवं सुविधाओं के संबंध में आवश्यक सुझाव दिए। उन्होंने मुख्यमंत्री से चर्चा करते हुए कहा कि दैनिक उपयोग की खाद्य सामग्रियां जैसे नमक, शक्कर, गुड़, दाल, मसाले आदि बस्तर, सरगुजा व जशपुर क्षेत्र की ग्रामीण जनता को नही मिल पा रही है। लॉक डाउन के चलते हॉट बाजार बंद होने से उनके सामने बड़ी संकट की स्थिति निर्मित हो गई है।उनके पास सिर्फ चावल है। राज्य सरकार ग्रामीण जनता तक स्थानीय किराना दुकानों के माध्यम से यह खाद्य सामग्री पहुंचा सकती है। बृजमोहन ने रायपुर के मेकाहारा को कोरोना छोड़कर अन्य बिमारियों के इलाज के लिए आरक्षित किये जाने का सुझाव दिया। कहा कि मेकाहारा प्रदेश का सर्वसुविधायुक्त अस्पताल हैं यहा प्रदेशभर के लोग कैंसर, हृदय रोग,अस्थि रोग जैसी गंभीर बीमारियों का इलाज कराने आते है ऐसे में कोरोना जांच के लिए किसी अन्य अस्पताल को चिन्हांकित किया जाना बेहतर होगा। बृजमोहन ने कहा कि प्रदेश के सभी जिला अस्पतालों में चिकित्सकों के पास पीपीई किट व सुरक्षा के आवश्यक उपकरण भी उपलब्ध कराये ताकि निर्भीक होकर वे मरीजों की वो जांच और इलाज कर सके। बृजमोहन ने कोरोना के 7 नए मरीज सामने आने पर चिंता जाहिर करते हुए श्री बघेल से कहा कि आगे स्थिति भयावह हो, मरीजों की संख्या बढ़े, उससे पहले युद्धस्तर पर घर-घर जाकर स्क्रीनिंग की जानी चाहिए तथा ज्यादा से ज्यादा संदेहियों की टेस्टिंग करने की योजना भी सरकार बनाये।

पंचायत तंत्र – रायपुर । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राज्यपाल अनुसुइया उइके को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं दी है। प्रधानमंत्री मोदी ने शुभकामना देते हुए कहा है कि जन्मदिन वह अवसर होता है,जिसमें हम बीते हुए समय की स्मृतियों और उपलब्धियों का स्मरण करते हैं, साथ ही नए संकल्पों के साथ नई सिद्धि की ओर अग्रसर होने की प्रेरणा ग्रहण करते हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा है,सार्वजनिक जीवन में आपका लंबा अनुभव राज्य के लिए एक खजाने की तरह है। मेरी कामना है कि सदैव जनकल्याण और राष्ट्रसेवा में समर्पित रहकर आपने जिन नैतिकता को स्थापित किया है, उनसे प्रदेशवासी अधिक से अधिक लाभान्वित हों और आपके मार्गदर्शन में राज्य विकास की नित नई ऊंचाईयों को प्राप्त करता रहे। ईश्वर से प्रार्थना है कि आप दीर्घायु हों और सदा स्वस्थ रहते हुए इसी प्रकार जनसेवा के कार्य में जुटे रहें। उल्लेखनीय है राज्यपाल अनुसूईया उइके का शुक्रवार 10 अप्रैल को जन्मदिन है। देश-प्रदेश में कोरोना वाइरस के संकट के मद्देनजर कोई भी आयोजन नही किया जाएगा ।

पंचायत तंत्र – रायपुर । राज्य के हर व्यक्ति के मन में यही सवाल है कि लॉकडाउन 14 अप्रैल के बाद खत्म होगा या नहीं। इस पर प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अपना रुख साफ किया है। उन्होंने कहा है कि छत्तीसगढ़ की सरकार लॉकडाउन को लेकर केंद्र सरकार के फैसले का इंतजार कर रही है। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 11 अप्रैल को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जानकारी देंगे। इसके बाद 12 अप्रैल को राज्य सरकार भी वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए प्रदेश के मंत्रियों और अफसरों से सलाह लेगी। 12 या 13 अप्रैल को लॉकडाउन को लेकर आगे की क्या रणनीति होगी, इसकी जानकारी सरकार आम लोगों से साझा कर सकती है। मुख्यमंत्री ने गुरुवार को देशभर के पत्रकारों से वीडियो कॉन्फ्रेंस चर्चा के दौरान यह जानकारी दी ।
केंद्र सरकार वक्त रहते कदम उठाती तो बिगड़ते नहीं हालात
पत्रकारों ने पूछा कि देश में कोरोना के बढ़े संक्रमण को लेकर किसे जवाबदार मानते हैं, इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि इंटरनेशनल फ्लाइट्स को रोकना राज्य सरकार का काम तो है नहीं। यह केंद्र सरकार का काम है। समय रहते पाबंदियां लगाई गईं होती तो यह बीमारी न बढ़ती। मुख्यमंत्री ने माना कि कहीं ना कहीं केंद्र सरकार ने एयरपोर्ट में होने वाली जांचों को सही तरीके से नहीं किया या आने वाले लोगों पर सही नियंत्रण नहीं रखा गया। छत्तीसगढ़ में अब तक 3 हजार लोगों के टेस्ट किए गए हैं ।
राज्य में 76 हजार लोगों को होम क्वारैंटाइन किया गया : छत्तीसगढ़ सरकार कोरोना का संक्रमण फैलने से रोकने के लिए भरपूर प्रयास कर रही है। गुरुवार को मुख्यमंत्री भूपेष बघेल ने बताया कि राज्य में 76 हजार लोगों को होम क्वारैंटाइन किया गया है। सरकार ने इस संकट से निपटने के लिएदो अहम फैसले लिए हैं। पहला यह कि सरकार खनिज के 506 करोड़ रुपए फंड से मेडिकल उपकरण खरीदेगी। दूसरा- राज्य में उन लोगों को भी सरकार की ओर से अनाज दिया जाएगा, जिनके पास राशन कार्ड नहीं हैं।
लॉकडाउन के पालन में नहीं बरतें शिथिलता, पुलिस अधीक्षक स्वयं करें पेट्रोलिंग: डीजीपी
डीजीपी डीएम अवस्थी ने सभी पुलिस अधीक्षकों को निर्देशित किया है कि लॉकडाउन का सख्ती से पालन कराया जाए। उन्होंने कहा है कि कुछ बड़े शहरों में दोपहर 12 बजे तक अधिक संख्या में लोगों की आवाजाही हो रही है, जिस पर तत्काल नियंत्रण करना सुनिश्चित करें। ये ध्यान रखें कि लगातार चल रहे लॉकडाउन के कारण कहीं पर भी शिथिलता ना बरती जाए। लॉक डाउन का सख्ती से पालन कराने के लिए पुलिस अधीक्षक स्वयं पेट्रोलिंग करें। इसके साथ ही अधीनस्थों को फिक्स पिकेट के माध्यम से पालन कराने के लिए सुनिश्चित करें ।
भूपेश बघेल ने पुलिस के जवानों से कहा, कोरोना को हराने की जिम्मेदारी आपके कंधो पर
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पुलिस के जवानों की जमकर तारीफ की और उन्होंने जवानों से टेलीफोन पर चर्चा कर कहा कि कोरोना को हराने की महत्वपूर्ण जिमेदारी आपके कंधो पर है। उन्होंने पुलिस वालों को हो रही कठिनाई के बारे मे भी जानकारी ली। भूपेश बघेल ने जवानों से पूछा उन्हें पर्याप्त सुविधएं मिल रही है या नहीं। बघेल ने पुलिसकर्मियों से कहा कि आपका कार्य बहुत महत्वपूर्ण है। अगर आपने अपनी जिम्मेदारी का अच्छे से निर्वहन किया, तो फिर हम जरूर कोरोना को हरा पाएंगे। आप सभी बहुत अच्छा काम कर रहे हैं। याद रखिए इससे महत्वपूर्ण कोई चुनौती नहीं है, आप मानवता की सेवा में पहली पंक्ति में खड़े हैं, आपका योगदान हमेशा याद रखा जाएगा। अपने कर्तव्य के निर्वहन के दौरान आप लोग सोशल डिस्टेंसिंग सहित कोविड-19 से बचाव के सभी उपायों का कड़ाई से पालन करें। मुख्यमंत्री ने रायपुर के निकट निमोरा में बनाए गए कॉरेन्टीन सेंटर में ड्यूटी दे रहे एसआई युधिष्ठिर धु्रव, बिलासपुर के हेड कांस्टेबल अरविंद सिंह, दुर्ग के सुपेला में डयूटी दे रही महिला आरक्षक यास्मीन खान, दंतेवाड़ा की एसआई सुनीता साहू और बलरामपुर जिले के सीमावर्ती क्षेत्र में ड्यूटी दे रहे एएसआई पुष्पराज सिंह से बड़ी आत्मीयता से बातचीत की और उनका हौसला बढ़ाया। सुपेला भिलाई में ड्यूटी दे रही महिला आरक्षक यासमीन खान से मुख्यमंत्री ने पूछा कि लॉक डाउन का उल्लंघन करने वालों पर क्या कार्यवाही करते हैं ।
यास्मीन खान ने बताया कि उन्हें समझाने का प्रयास करते हैं, पूछते हैं यदि कोई जरूरी काम हो तभी आगे जाएं, नहीं तो वापस अपने घर पर जाएं। उन्होंने बताया कि वह घर से ड्यूटी पर आती जाती हैं। बलरामपुर जिले के बसंतपुर थाने में पदस्थ पुष्पराज सिंह धनबाद बॉर्डर पर ड्यूटी दे रहे हैं, उन्होंने मुख्यमंत्री को बताया कि बॉर्डर पर तीन टीमें लगी हैं, जिनमें से एक डॉक्टरों की टीम है, एक राजस्व अधिकारियों की टीम और एक वन विभाग के अधिकारियों की टीम है। उन्होंने बताया कि लॉक डाउन का पूरी तरह पालन किया जा रहा है और वे लोग 3 शिफ्टों में ड्यूटी दे रहे हैं। दंतेवाड़ा के कोतवाली थाने में पदस्थ एएसआई सुनीता साहू ने मुख्यमंत्री को बताया कि वह पेट्रोलिंग पार्टी में ड्यूटी दे रही हैं, जगह-जगह बैरिकेट्स लगाए गए हैं। लॉक डाउन का उल्लंघन करने वालों को समझाइश देकर वापस भेज रहे हैं। उन्होंने बताया कि भोजन की यहां अच्छी व्यवस्था है, ड्यूटी दे रहे लोगों के लिए पानी और ग्लूकोस की व्यवस्था भी की गई है।

पंचायत तंत्र – रायपुर । छत्तीसगढ़ में कोरोना से जंग लड़ने में सभी वर्ग के लोगों का भरपूर सहयोग मिल रहा है. सक्षम लोग मुख्यमंत्री सहायता कोष में सहयोग राशि जमा भी कर रहे हैं. जो लोग सहयोग करना चाहते हैं, लेकिन लॉकडाउन और किसी अन्य वजहों से सहयोग नहीं कर पाए हैं, उनके लिए राज्य सरकार ने विशेष पहल की शुरुआत की है. जिसके तहत जिलों में एक सरकारी वाहन बनाया गया है, जो घर-घर जाकर डोनेशन इकठ्ठा कर रही है. जिसमें आप भी सहयोग कर सकते हैं. इसकी जानकारी कवर्धा कलेक्टर अवनीश शरण ने फेसबुक पर लाइव कर साझा की है।
दरअसल जिला प्रशासन की ओर से इस विशेष पहल की शुरुआत कवर्धा जिले से की गई है. कलेक्टर अवनीश शरण ने फेसबुक पर लाइव के जरिए जिले के अधिकारियों से चर्चा की. व्यवस्थाओं और इस अभियान की जानकारी भी ली. प्रशासन की तरफ से तैयार की गई है यह वाहन लोगों के घर-घर तक पहुंचेगी. जिन्हें भी लगता है कि उनको जरूरतमंदों के लिए सहयोग करना चाहिए, वो डोनेशन के रूप में राशन या पैसा कुछ भी दान दे सकते हैं. जितने भी लोग दान देंगे उनका पूरा हिसाब भी रखा जाएगा. डोनेशन के रूप में मिले चीजों का उपयोग गरीबों और जरूरत के लिए किया जाएगा. यह व्यवस्था इसलिए शुरू की गई है कि कुछ लोग सहयोग देना चाहते हैं, लेकिन किसी न किसी वजह से नहीं दे पा रहे हैं।
कलेक्टर अवनीश शरण फेसबुक लाइव के जरिए जनता से अपील की है कि लोग यदि राशन रूप में या पैसे डोनेट करना चाहते हैं, एक वाहन जिले के हर वार्ड में घर-घर जाएगी. जिसमें आप सहयोग दे सकते हैं. उन्होंने कहा कि कोरोना वायरस से लड़ने के लिए जो लोग सहयोग करना चाहते हैं, उनके लिए घर-घर तक वाहन पहुंचेगी. उसमें आप डोनेट कर सकते हैं. राज्य शासन की पहल पर इसकी शुरुआत कबीरधाम (कवर्धा) जिले से की गई है. ऐसे ही वाहन प्रदेश के सभी जिलों में लगाई गई है. गाड़ियां ज्यादातर शहरी क्षेत्रों और वार्डों में घूमेंगे. जो लोग राशन या पैसा सहयोग के तौर पर देते हैं उसका पूरा हिसाब भी रखा जाएगा ।
कलेक्टर ने जिले के नागरिकों से अपील की है कि जनता को किसी भी प्रकार की सहायता चाहिए, उसके लिए कंट्रोल रूम बनाया गया है. वहां आप कॉल कर मदद ले सकते हैं. सभी कर्मचारी इस लड़ाई में लगे हुए हैं और जनता के सहयोग के बिना यह संभव नहीं है. उन्होंने कहा कि यदि आप ऑनलाइन डोनेशन भी देना चाहते हैं, तो जिला प्रशासन के अकाउंट और मुख्यमंत्री सहायता कोष में मदद कर सकते हैं ।

पंचायत तंत्र – रायपुर । छत्तीसगढ़ में एक और कोरोना पॉजिटिव की पुष्टि हुई है. संक्रमित व्यक्ति तबलीगी जमात के युवक के संपर्क में था. वह युवक भी कोरोना पॉजिटिव है, जिसका इलाज रायपुर एम्स में चल रहा है. मामला कोरबा जिले के कटघोरा है. संक्रमित व्यक्ति को इलाज के लिए देर रात 2 बजे रायपुर एम्स लाया गया. पॉजिटिव मरीज के पूरे परिवार को क्वारेटाईन (आब्जर्वेशन) के लिए कोरबा ले जाया गया है. वहीं कटघोरा शहर के सभी सीमाओं को सील कर दिया गया है ।
गौरतलब है कि बीते 4 दिन में छत्तीसगढ़ में नये केस की पुष्टि नहीं हुई थी. बुधवार को कटघोरा निवासी 44 वर्षीय शख्स को कोरोना पॉजिटिव की पुष्टि हुई है. बता दें कि पूर्व में भी कटघोरा के तबलीगी जमात के एक युवक का सैंपल भी पॉजिटिव आया था. जिसका एम्स में इलाज चल रहा है. अभी जो 44 वर्षीय व्यक्ति संक्रमित पाया गया है वह तबलीगी जमात के युवक का रिश्तेदार है. उसी के संपर्क में आने से वह संक्रमित हुआ है ।
वहीं स्थानीय प्रशासन मस्जिद में आने जाने वाले की सर्वे में लगी है. पॉज़िटिव मरीज के संपर्क में पहुंचे लोगों को चिन्हांकित किया जा रहा है. बता दें कि प्रदेश में 9 कोरोना संक्रमित लोगों की हॉस्पिटल से छुट्टी हो गई है. और अभी एक कटघोरा निवासी 16 वर्षीय युवक इलाज चल रहा है. इस नए मामले आने के बाद अब प्रदेश में कुल केस 11 हो गए हैं ।
स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने ट्वीट कर मामले की जानकारी दी है. उन्होंने कहा कि इसी कारण से मैं लॉकडाउन खोलने में जल्दबाजी करने के खिलाफ था. मैंने इसे लेकर आगाह भी किया था. हालात को देखते हुए हमें और अधिक परीक्षण करने की आवश्यकता है ।

पंचायत तंत्र – रायपुर । देश में अब कोरोना फॉल्स निगेटिव मरीज भी मिलने लगे है. जिसे लेकर सरकार की चिंताए बढ़ती हुई नजर आ रही है. स्वास्थ्य मंत्रालय ने भी माना है कि देश में अब फॉल्स निगेटिव कोरोना के मरीज मिल रहे है।
क्या है फॉल्स निगेटिव मरीजों के लक्षण
कुछ ऐसे मरीज होते हैं जिनमें कोरोना के कोई लक्षण दिखाई नहीं देते. साफ तौर पर कहा जाए तो अब बिना लक्षण वाले कोरोना संक्रमित मिल रहे है. जिनसे कोरोना संक्रमण फैलने का खतरा ज्यादा बना होता है और ऐसे मरीजों को फॉल्स निगेटिव कहा जाता है. दुनियाभर की बात करें, तो अब तक 30 फीसदी मरीज फॉल्स निगेटिव पाए गए है।
देश में बढ़ रही कोरोना मरीजों की संख्या
देश में लगातार कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों की संख्या में इजाफा होता नजर आ रहा है. पिछले 24 घंटों में 773 नए केस सामने आए है. वहीं 48 घंटों में 38 लोगों की मौत हो गई है. मरीजों की संख्या बढ़कर 5734 से अधिक हो गई है. अब तक कुल 149 लोगों ने कोरोना वायरस की वजह से अपनी जान गंवाई है और 410 मरीज इलाज के बाद ठीक हो गए है।
अगले 4 दिनों में और बढ़ने की आशंका
कोरोना मरीजों की संख्या आने वाले 4 दिनों में 10 हजार तक पहुंच सकती है. पिछले दो दिनों में मरीजों की संख्या में 34 फीसदी बढ़ोत्तरी देखी जा चुकी है. जिसे लेकर ऐसे कयास लगाए जा रहे है कि चार दिनों में मरीजों की संख्या दोगुनी हो सकती ।

पंचायत तंत्र – रायपुर । लॉक डॉउन में बिना मतलब घर से बाहर निकलने वालों को समझाने के लिए छत्तीसगढ़ पुलिस नित नए-नए फॉर्मूले अपना रही है. इसी बीच अब कोरबा पुलिस ने लोगों को जागरूक करने के लिए सीधे यमराज को बुला लिया है।
यमराज उन्हें ये समझा रहे है कि घर से बाहर निकलना यानी मौत को बुलावा देने के समान है. कोरबा पुलिस के साथ यमराज बाहर घूमनेवालों को रोककर पूछ रहे क्या जीने का शौक अब नहीं रहा, क्यों मुझे बुला लिया है ।
लोगों को जागरूक करती कोरबा पुलिस
बता दें कि छत्तीसगढ़ के कोरबा से अब तक तीन कोरोना मरीज सामने आ चुके है. यही कारण है कि यहां सबसे ज्यादा लोगों को नियमों का पालन करने की जरूरत है. बावजूद इसके कोरबा में लोग ये समझने को तैयार नहीं है कि बिना वजह अपने घर से बाहर निकल रहे है. बता दें कि पुलिस अधीक्षक अभिषेक मीणा के निर्देश पर रामपुर पुलिस की ओर से ये जागरूकता अभियान चला जा रहा है।

पंचायत तंत्र -रायपुर । मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के निर्देश के बाद प्रदेश के सभी निजी स्कूलों में लॉकडाउन के दौरान फीस वसूली पर रोक लगा दी गई है. लोक शिक्षण संचालनालय ने इस संबंध में निजी स्कूलों से फीस वसूली स्थिगित करने का आदेश जारी कर दिया गया है।
संचालक लोक शिक्षण ने सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया है कि निजी स्कूल लॉकडाउन की अवधि में स्कूल फीस वसूली स्थगित रखें. जिससे पालकों और बच्चों को अनावश्यक परेशानी नहीं हो. इस संबंध में सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को जारी निर्देश में कहा है कि राज्य शासन को ऐसी सूचनाएं मिल रही है कि अनेक निजी स्कूल लॉकडाउन की अवधि में भी स्कूल फीस जमा करने संबंधी संदेश पालकों को लगातर भेजे जा रहे है।
लॉकडाउन की अवधि में स्कूल फीस भुगतान के लिए दबाव डालना उचित नहीं है. संचालक ने इस संबंध में सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को अपने सभी अधीनस्थ कार्यालयों, शालाओं को अवगत कराने और इसका पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए है ।