Browsing: रायपुर

 
 पंचायत तंत्र – रायपुर । छत्तीसगढ़ राज्य में कोरोना के सभी संभावित लोगों को तेजी से टेस्ट सुनिश्चित करने के उद्देश्य से एक नई रणनीति अमल में लाई जाएगी। इसके तहत सभी संभावितों का सैंपल उनके घर पहुंचकर लिया जाएगा। सैंपल कलेक्शन के लिए मोबाइल एम्बुलेंस में सभी सुविधाओं एवं आवश्यक सामग्री के साथ सैंपल कलेक्शन विशेषज्ञ मौजूद रहेंगे। यह निर्णय आज राज्य स्तरीय कमांड एण्ड कन्ट्रोल सेन्टर में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की सचिव श्रीमती निहारिका बारिक सिंह की मौजूदगी में आयोजित बैठक में लिया गया। सैंपल कलेक्शन की इस व्यवस्था से उपलब्ध संसाधनों का उचित उपयोग तथा टेस्टिंग में तेजी आएगी।
बैठक में स्वास्थ्य सचिव श्रीमती सिंह ने सैंपल कलेक्शन की इस नई व्यवस्था के संबंध में सभी कलेक्टरों को पत्र प्रेषित कर इसकी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए है। मोबाइल एम्बुलेंस संग्रहण के लिए संभावित मरीजों के घर के सामने पहुंचेंगी और उसमें मौजूद लैब टेक्नीशियन पीपीई किट, एन-95 मास्क एवं अन्य सुरक्षा उपकरण पहनकर एम्बुलेंस के पिछले हिस्से में एक-एक कर सभी कोरोना संभावितों का सैंपल कलेक्शन करेंगे। सचिव ने कहा कि प्रत्येक संभावित व्यक्ति का सैंपल कलेक्शन करते समय लैब टेक्नीशियन सिर्फ अपने हैण्डग्लब्स चेंज करेगा। पूरा पीपीई किट बदलने की आवश्यकता नहीं होगी। मोबाइल एम्बुलेंस के माध्यम से एक दिन में ही कई घरों में जाकर संभावितों का सैंपल कलेक्शन किया जा सकेगा।
सचिव श्रीमती सिंह ने विभागीय अधिकारियों को कोरोना संक्रमण की रोकथाम हेतु किए जा रहे प्रयासों के साथ ही स्वास्थ्य विभाग की अन्य सेवाओं का भी बेहतर क्रियान्वयन सुनिश्चित के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिला चिकित्सालय सहित सभी स्वास्थ्य केन्द्रों में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाएं, टीकाकरण, संस्थागत प्रसव, गैरसंचारी एवं संचारी रोगों की रोकथाम तथा अन्य स्वास्थ्य कार्यक्रमों का लाभ लोगों को समुचित रूप से मिलना चाहिए। बैठक में कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों के ईलाज के लिए सभी जिला चिकित्सालयों में कोरोना आईसोलेशन वार्ड की स्थापना के संबंध में विस्तार से चर्चा की गई।
सचिव श्रीमती सिंह ने कोरोना आईसोलेशन वार्ड को चिकित्सालयों के अन्य वार्डों से पर्याप्त दूरी एवं अलग रखने को कहा, ताकि जिला चिकित्सालय में आने वाले मरीजों को इससे कोई परेशानी न हो। बैठक में माना रायपुर, मेडिकल कॉलेज राजनांदगांव, मेडिकल कॉलेज जगदलपुर, अम्बिकापुर तथा बिलासपुर में कोविड अस्पताल की तैयारियों की भी समीक्षा की गई।
एम्स से डिस्चार्ज हुर्ईं प्रदेश की
कोरोना संक्रमित युवती
प्रदेश में कोरोना वायरस से संक्रमित पहली मरीज को पूर्णत: स्वस्थ होने के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। इस संक्रमित युवती का ईलाज एम्स रायपुर में चल रहा था। राज्य में अब कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों की कुल संख्या सिमट कर पांच रह गई हैं। जिसमें से चार संक्रमितों का ईलाज एम्स हॉस्पिटल रायपुर तथा एक का मेडिकल कॉलेज राजनांदगांव में चल रहा है। एम्स में भर्ती कुल सात संक्रमित मरीजों में से तीन मरीज पूर्णत: स्वस्थ हो चुके है। इसी तरह बिलासपुर के अपोलो हॉस्पिटल में भर्ती एक मरीज को गुरूवार को स्वस्थ होने के बाद छुट्टी दे गई थी।
अब तक 1412 सैंपलों की जांच
छत्तीसगढ़ राज्य में अब तक कोरोना वायरस के कुल 1412 संभावित लोगों की पहचान कर सैंपल जांच किया गया है। अभी तक 1234 सैंपल जांच के परिणाम निगेटीव प्राप्त हुए है। 169 सैंपल की जांच की रिपोर्ट आनी बाकी है। जगदलपुर मेडिकल कॉलेज में भी कोरोना सैंपल की जांच शुरू कर दी गई है।
राज्य में कोरोना संक्रमण के संभावितों की जांच के लिए मोबइल एम्बुलेंस के माध्यम से सैंपल कलेक्शन की नई रणनीति पर अमल शुरू किए जा रहा है। इसके तहत संभावितों को सैंपल कलेक्शन में तेजी आएगी और इससे संक्रमण को रोकने में मद्द मिलेगी। मोबाइल एम्बुलेंस के माध्यम से सैंपल कलेक्शन के विस्तृत दिशा-निर्देश स्वास्थ्य विभाग द्वारा सभी कलेक्टरों एवं सीएमएचओ को जारी कर दिए गए है।
राज्य के सभी चिकित्सा महाविद्यालयों में कोविड-19 हॉस्पिटल की स्थापना का काम बहुत तेजी से कराया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग की सचिव श्रीमती निहारिका बारिक सिंह ने कोरोना वायरस से संक्रमित एवं संभावित लोगों को जांच एवं ईलाज में लगे स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सकों एवं कर्मचारियों को आईसीएमआर की दिशा-निर्देश के अनुसार बचाव हेतु हैक्ट्रोक्शिन की औषधि उपलब्ध कराने के निर्देश संचालक चिकित्सा शिक्षा को दिए है।
अंबेडकर हॉस्पिटल बनेगा कोरोना अस्पताल, बाकी विभाग डीकेएस और जिला अस्पताल में होंगे शिफ्ट
कोरोना के संभावित खतरे को देखते हुए अंबेडकर अस्पताल को अब कोरोना अस्पताल बनाया जा रहा है। अस्पताल में अब केवल कोरोना पीडि़तों को ही भर्ती किया जाएगा। कैंसर और रेडियो डायग्नोसिस विभाग को छोड़कर सभी विभाग सरकारी सुपर स्पेशलिटी अस्पताल डीकेएस और जिला अस्पताल पंडरी में शिफ्ट किए जाएंगे। पीडियाट्रिक यानी बच्चों का विभाग शांतिनगर के एक निजी अस्पताल में शिफ्ट किया जाएगा। कोरोना का खतरा टलने तक इसी सिस्टम से मरीजों का इलाज किया जाएगा। सरकार ने मंदिरहसौद स्थित निजी मेडिकल कॉलेज के अस्पताल को कोरोना के लिए अपग्रेड करने का प्लान बदल दिया है। उसी की जगह अंबेडकर अस्पताल को कोरोना मरीजों के लिए अधिकृत किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग के अफसरों ने बताया कि ऑब्स एंड गायनी विभाग को जिला अस्पताल पंडरी में शिफ्ट किया जाएगा। पीडियाट्रिक विभाग के लिए निजी अस्पताल का चयन किया जा चुका है। बाकी विभाग और सारे मरीज डीकेएस में शिफ्ट कर दिए जाएंगे। अंबेडकर अस्पताल में कोरोना के हिसाब से रिनोवेशन का काम एक-दो दिन में शुरू कर दिया जाएगा। रिनोवेशन के बाद यहां के वार्डों को कोरोना के मरीजों के हिसाब से आइसोलेशन वार्ड में तब्दील किया जाएगा। अस्पताल में 700 से 800 बेड रहेंगे। अस्पताल में जरूरत के हिसाब से नए वेंटीलेटर व जरूरी मेडिकल उपकरण मंगाए जा रहे हैं। पीडब्ल्यूडी को रिनोवेशन का जिम्मा सौंपा गया है। जब तक कोरोना के मरीज रहेंगे, तब तक बाकी विभाग डीकेएस, जिला अस्पताल में चलेगा और वहीं मरीजों का इलाज होगा।

 पंचायत तंत्र – रायपुर । कोरोना महामारी के खिलाफ जंग में कई कंपनियों ने भारत की लड़ाई में साथ देने के लिए सरकार की मदद की है। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने भी कोविड- 19 को नियंत्रित करने के लिए सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों में मदद के लिए पीएम केयर्स फंड में अपने वेतन से एक लाख रुपये की सहायता की। सीतारमण ने अपनी बैंक शाखा को निर्देश दिया कि, ‘‘मैं पीएम – केयर्स में एक लाख रुपये की सहायता करना चाहती हूं। मेरे खाते से इतनी राशि काट कर पीएम – केयर्स कोष में दे दी जाए।’’ इससे पहले वित्त राज्य मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने पिछले हफ्ते ही अपनी सांसद विकास निधि से एक करोड़ रुपये देने की प्रतिबद्धता जताई थी । 
नेस्ले करेगी 15 करोड़ रुपये की सहायता
रोजमर्रा के उपभोक्ता उत्पाद बनाने वाली प्रमुख कंपनी नेस्ले इंडिया लॉकडाउन के दौरान जरूरतमंद लोगों को अनिवार्य वस्तुएं उपलब्ध कराएगी। कंपनी ने इसके लिए शनिवार को 15 करोड़ रुपये की सहायता करने की घोषणा की। कंपनी ने एक बयान में कहा कि इस राशि से अस्पतालों को कोरोना वायरस से निपटने में आवश्यक चिकित्सा उपकरण की खरीद में भी मदद की जाएगी । 
इंडियन पोटाश लिमिटेड ने की पांच करोड़ रुपये की सहायता
सरकारी स्वामित्व वाली उर्वरक कंपनी इंडियन पोटाश लिमिटेड (आईपीएल) ने पीएम-केयर्स फंड में पांच करोड़ रुपये योगदान किया है। एक सरकारी बयान में कहा गया है कि इसके बाद उर्वरक क्षेत्र के केन्द्रीय उपक्रमों का योगदान 32 करोड़ रुपये हो गया है। 
एसटीपीआई कर्मचारी भी करेंगे सहायता
साथ ही सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क्स ऑफ इंडिया (एसटीपीआई) के कर्मचारी कोविड- 19 के खिलाफ जारी सरकार की लड़ाई में समर्थन देते हुए अपने वेतन से 15.48 लाख रुपये का योगदान करेंगे। 
अन्य कंपनियों ने भी की आर्थिक मदद
एचडीएफसी समूह – 150 करोड़ रुपये
राष्ट्रीय इस्पात निगम लिमिटेड (आरआईएनएल) – 6.16 करोड़ रुपये
विप्रो लिमिटेड, विप्रो एंटरप्राइजेज लिमिटेड और अजीम प्रेमजी फाउंडेशन – 1,125 करोड़ रुपये
केआईओसीएल – 10 करोड़ रुपये
भेल – 15.72 करोड़ रुपये
भारती एंटरप्राइजेज – 100 करोड़ रुपये
टाटा संस और टाटा ट्रस्ट – 1,500 करोड़ रुपये 
पेटीएम – 500 करोड़ रुपये 
मुकेश अंबानी – 500 करोड़ रुपये
गौतम अडाणी – 100 करोड़ रुपये
अडाणी फाउंडेशन – 100 करोड़ रुपये 
रेल मंत्रालय – 151 करोड़ रुपये
बादा बिजनेस के सीईओ ने दिए एक करोड़ रुपये
बादा बिजनेस प्राइवेट लिमिटेड के संस्थापक और सीईओ डॉक्टर विवेक बिंद्रा, जो की एक प्रसिद्ध मोटिवेशनल स्पीकर और बिजनेस कोच हैं, उन्होंने इस कोरोना प्रकोप से निजाद दिलाने के लिए दिल्ली के गरीब और जरूरतमंद लोगों को भोजन प्रदान कराने के लिए एक करोड़ रुपये का अनुदान दिया है। डॉ. विवेक बिंद्रा ने यह राशि इस्कॉन को दान दी है जो दिल्ली सरकार के साथ मिलकर सरकारी स्कूलों द्वारा उन गरीबों और जरूरत मंदों को भोजन उपलब्ध करा रही है जो की इस महामारी से पीड़ित हैं।  

 
 पंचायत तंत्र – रायपुर । 14 अप्रेल तक जारी लॉकडाउन के बीच अब अगले 48 घंटे तक टोटल कर्फ्यू रहेगा. आज शाम 4 बजे के बाद से टोटल कर्फ्यू को लेकर चेतावनी जिला प्रशासन ने दे दी है. रायपुर जिला प्रशासन के सूत्रों की माने तो पूरी सख्ती की तैयारी कर ली गई है. आज कई जगहों पर पुलिस की ओर से फ्लैग मार्च किया गया है. घर से बेवज़ह निकलने वाले लोग पकड़े गए, तो फिर से सीधे जेल जाएंगे।
शनिवार शाम 4 बजे से लेकर सोमवार तक टोटल कर्फ्यू का ऐलान किया गया है. इस दौरान बहुत ही ज्यादा जरूरी सेवा को खुला रखा जाएगा. इसमें पूरी तरह से जाँच-पड़ताल के बाद लोगों को जरूरी सेवाओं के लिए निकलने दिया जाएगा. जरुरी सेवाओं को यथावत जारी रखा गया है।
जिला प्रशासन की ओर से यह फैसला इसलिए लिया गया है क्योंकि लॉकडाउन का लोग कड़ाई से पालन नहीं कर रहे हैं. जरूरी सेवाओं के बहाने लोग घरो से मनमाने तरीके से निकल रहे हैं.।
शहर में अचानक ट्रैफिक बढ़ गया है. लिहाजा कोरोना वायरस से बचाव के लिए सख्ती बेहद जरूरी है. ऐसे में लोगों को सावधान रहने को कहा गया है. इस दौरान अगर किसी ने भी  लापरवाही बरती, मनमानी करते हुए दिखे तो फिर उन पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी ।

 
पंचायत तंत्र – रायपुर । तबलीगी जमात के कारण पूरा देश कोरोना संक्रमण की चपेट में आ गया है. लेकिन इसे लेकर लोगों में कई प्रकार के भ्रम भी है, जिसे दूर करना बहुत जरूरी है. छत्तीसगढ़ में मरकज में शामिल हुए तबलीगी जमात को लेकर भी सोशल मीडिया में कई मैसेज वायरल हो रहे है. लेकिन इन सभी मैसेज और भ्रम को दूर करने इसकी पूरी पड़ताल की है।
मरकज में शामिल हुए तबलीगी जमात के कुल 107 लोगों की सूची प्रदेश सरकार के पास मौजूद है. अब सवाल ये है कि इसमें से कितनों को कोरोना पॉजीटिव है ? क्या सभी का कोरोना टेस्ट हुआ ? या ये सभी लोग घूम रहे है ।
तो जवाब ये है आपको टेंशन लेने की थोड़ी सी भी जरूरत नहीं है. तबलीगी जमात के लोगों की सूची जैसे ही प्रशासन को मिली मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव के नेतृत्व में पूरा अमला एक्टीव हो गया।
स्वास्थ्य विभाग के उच्च पदस्थ सूत्रों ने आधिकारिक रूप से इसकी पुष्टि कर दी है कि जितने लोगों की सूची मिली थी उतने सभी लोगों का कोरोना टेस्ट टेस्ट किया गया है और इसमें से केवल 1 मरीज की रिपोर्ट ही पॉजीटिव आई है और वह कोरबा का है।
बाकी सबकी रिपोर्ट नेगेटिव आई है. इतना ही नहीं सभी 106 लोगों को क्वारेंटाइन किया गया है और उन्हें ये सख्त हिदायत दी गई है कि वे पूरी तरह से क्वारेंटाइन के नियमों का पालन करें।
इसलिए तबलीगी जमात के लोगों से वर्तमान में छत्तीसगढ़ में किसी भी प्रकार का कोई खतरा नहीं है. वहीं राज्य सरकार ने भी लोगों से अपील की है कि वे इस संकट की घड़ी में किसी भी प्रकार का माहौल खराब न करें और सोशल मीडिया के वायरल मैसेज पर भरोसा न करें और न ही बिना सोचो समझे उसे वायरल करें।
ऐसा करने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की चेतावनी प्रशासन ने पहले भी जारी कर चुकी है. हालांकि राज्य सरकार के पास मरकज में शामिल हुए 159 लोगों के नाम वाली सूची आई थी, जिसे वैरिफाइ करने के बाद ये स्पष्ट हुआ कि 107 लोगों का नाता ही छत्तीसगढ़ से है. बाकी का प्रदेश से कोई लेना-देना नहीं है. वहीं बाकी बचे लोगों की जानकारी भी केंद्र सरकार को दे दी गई है कि वे छत्तीसगढ़ के रहने वाले नहीं है।

 
 
 
पंचायत तंत्र – रायपुर । छत्तीसगढ़ के कोरबा से एक बड़ी खबर आ रही है. तबलीगी जमात का एक युवक कोरोना पॉजीटिव हुआ है. जानकारी के मुताबिक ये युवक नागपुर के पास स्थित कामठी से लौटा था. उक्त युवक कटघोरा पुरानी बस्ती में पाया गया ।
रिपोर्ट पॉजीटिव आने के बाद उसे एम्स रायपुर लाने की तैयारी की जा रही है. बता दें कि जमात के करीब 30 लोगों को आइसोलेटेड किया गया था. वहीं इस युवक को छोड़कर अब करीब 29 जमातियों को अभी भी आइसोलेटेड किया गया है ।
वहीं इस मरीज के सामने आने के बाद पूरे प्रदेश में एक बार फिर हड़कंप मच गया है. जबकि अब तक छत्तीसगढ़ की स्थिति सामान्य थी. इस जमात के पूरे देश में कोरोना मरीज की बात करें तो अब तक 649 मरीजों को इस संक्रमण के होने की पुष्टि हो चुकी है ।

 
 पंचायत तंत्र – रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने शुक्रवाल को राजधानी रायपुर के माना कैम्प स्थित शासकीय बहुविकलांग गृह पहुंचकर दिव्यांग बच्चों से मुलाकत की। और उनसे चर्चा कर उनके शिक्षण-प्रशिक्षण सहित अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली। मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर बच्चें बड़े प्रसन्न हुए। मुख्यमंत्री ने बच्चों से बड़ी ही आत्मीयता से मिले और उन्हें दी जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। इस अवसर पर बच्चों ने जसगीत भी प्रस्तुत किया। मुख्यमंत्री ने इन बच्चों का हौसला बढ़ाया और उनके लय के साथ लय भी मिलाया और बच्चों को आशीष भी दिया।
मुख्यमंत्री ने बच्चों से मुलाकात के दौरान उनसे कोरोना वायरस संक्रमण के बारे में सामाजिक दूरी बनाए रखने और हाथ लगातार धोते रहने की समझाईश दी। सेरेब्रल पाल्सी गेट लेब का भी अवलोकन कर विभिन्न अत्याधुनिक उपकरणों का अवलोकन किया। समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों ने विभिन्न उपकरणों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने यहां फुट स्केनर मशीन में स्केन भी कराया।
5 करोड़ की राशि का ऐलान
दिव्यांग बच्चों से मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री बघेल ने माना स्थित समाज कल्याण परिसर में दिव्यांगजनों के लिए एक माडल सेन्टर के रूप में विकसित किए जाने की घोषणा की। इसके लिए 5 करोड़ रूपए प्रदान करने की घोषणा की। माना स्थित लगभग 6 एकड़ में फैले इस परिसर के पुराने बैरकों को तोड़कर दिव्यांगजनों के लिए बाधारहित एकीकृत भवन का निर्माण किया जाएगा। जिसमें दिव्यांगजनों के लिए शिक्षण, प्रशिक्षण, उपचार कृत्रिम अंग सहायक उपकरण निर्माण और कौशल उन्नयन के लिए भवनों एवं केन्द्रों का निर्माण किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि इस केन्द्र में मानसिक के साथ-साथ बहु विकलांग बच्चों के शिक्षण-प्रशिक्षण की निःशुल्क व्यवस्था है। वर्तमान में यहां 27 बच्चे रह रहे हैं। इस केन्द्र में उनके आवास, भोजन, स्वास्थ्य जांच सहित उनके शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए अनेक उपकरण एवं सुविधाएं उपलब्ध करायी गई हैं। इस मौके पर पूर्व जिला पंचायत सदस्य पंकज शर्मा, समाज कल्याण विभाग के सचिव आर प्रसन्ना, संचालक पी. दयानंद, कलेक्टर एस. भारतीदासन, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आरीफ शेख मोहम्मद सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।

 
 
पंचायत तंत्र – रायपुर । मदिरा प्रेमियों के लिए खुशख़बरी है, राज्य सरकार शराब दुकानें जल्द चालू करने जा रही है। लॉकडॉउन के दौरान शराब दुकानों के संचालन के लिए चार सदस्यीय टीम गठित कर दी गई है। 4 सदस्यीय समिति में अनिमेष नेताम को अध्यक्ष (उपमहाप्र्रबंधक सीएसएमसीएल मुख्यालय) शिशिर रायजादा सदस्य ( तकनीकी निर्देशक एनआईसी) श्रीनिवास मुदलियार सदस्य( वित्तीय सलाहकार सीएसएमसीएल) अरविंद पाटले सदस्य( सी एस एम सी एल दुर्ग) को मनोनीत किया गया है। आबकारी विभाग के विशेष सचिव द्वारा जारी पत्र में लिखा गया है मदिरा की अनुपलब्धता के फलस्वरूप मदिरा प्रेमियों द्वारा अवैध मदिरा के उपयोग के कारण राज्य में लोगों की मृत्यु हुई है, जिलों में मदिरा प्रेमियों द्वारा आत्महत्या किया गया है अथवा आत्महत्या का प्रयास किया गया है..कई मदिरा प्रेमियों के द्वारा चोरी कर मदिरा का उपभोग किये जाने का समाचार भी प्राप्त हुआ है। प्रदेश में लॉकडाउन के दौरान शराब प्रेमियों की सेनिटाइजर और स्प्रीट पीने की घटना से सबक लेकर सरकार जल्द शराब प्रेमियों को शराब मुहैय्या कराने प्रदेश भर लॉकडाउन के दौरान शराब दुकान खोलने की एक उच्चस्तरीय समिति गठित की है जो शराब नहीं मिलने से मदिरा प्रेमियों की हालात की समीक्षा करेगी और सरकार को अपनी रिपोर्ट देगी कि मदिरा प्रेमियों के आत्मघाती कदम रोकने उन्हें नियंत्रित मात्रा में शराब उपलब्ध कराई जाए जिससे मदिरा प्रेमी कोई ऐसा कदम नहीं उठाए जिससे उन्हें शराब की जगह जहरीला स्प्रीट या सेनिटाइजर पीना पड़े । राज्य शासन ने लॉक डाउन के दौरान बंद किए गए शराब दुकानों को फिर से शुरू करने का निर्णय लिया है । आबकारी विभाग ने इसके लिए 4 वरिष्ठ अधिकारियों की एक समिति बनाई है,जो शराब दुकान खोलने से लेकर सोशल डिस्पेंसिंग के अनुरूप इसके वितरण का नियम निर्धारित करेगी। शराब दुकान शुरू किए जाने के संबंध में शासन का तर्क है कि हाल ही में शराब के विकल्प के रूप में स्प्रिट का सेवन करने के बाद 2 लोगों की मौत से यह बात सामने आई है कि लोग शराब नहीं मिलने के कारण आत्मघाती कदम उठा रहे हैं ।
साथ ही यह भी कहा गया है कि कुछ स्थानों पर शराब नहीं मिलने के कारण आत्महत्या की कोशिशें भी हुई है। इसके अलावा मीडिया रिपोर्ट्स को आधार बनाकर यह कहा गया है कि कई स्थानों पर शराब दुकानों में चोरियां भी हो रही हैं। इन तमाम बातों को मद्देनजर रखते हुए राज्य शासन ने जल्द शराब दुकान शुरू खोलने के संकेत दिए हैं। राज्य सरकार के आबकारी विभाग ने इन कारणों का उल्लेख करते हुए मदिरा दुकानों को फिर से खोलने का फ़ैसला किया है। लॉकडॉउन के दौरान यह दुकानें कैसे चलें इसके लिए चार सदस्यीय समिति भी बनाई गई है। समिति के मार्गदर्शन में मदिरा प्रेमियों अब जल्द ही सरकार शराब उपलब्ध कराने जा रही है।

 
 
पंचायत तंत्र – रायपुर । कोरोना वायरस की रोकथाम के हेतु राज्य की विभिन्न जेलों से अब तक कुल  584 कैदियों को छोड़ा जा चुका है। जिनमें से 391 कैदियों को अंतरिम जमानत पर, 154 कैदियों को पैरोल पर और 39 कैदियों को सजा पूरी करने पर विभिन्न जेलों से छोड़ा गया है। उल्लेखनीय है कि कोरोना वायरस की रोकथाम हेतु जेलों में कैदियों की संख्या कम करने का निर्णय लिया गया था। जिससे जेलों में बंद कैदियों में कोरोना वायरस का खतरा कम किया जा सके। इसी क्रम में 2 अप्रैल तक इन कैदियों को कुछ शर्तों के अधीन अंतरिम जमानत और पैरोल पर छोड़ा गया है।

 
 
पंचायत तंत्र – रायपुर । चीन के वुहांग शहर से विश्व भर में फैले कोरोना वायरस के कारण जन-जीवन ठहर गया हैं,जिसके कारण भारत मे भी कोरोना के बढ़ते प्रकोप को देखकर 21 दिन की लॉक डाउन की घोषणा की गईं।ज्ञात हो कि माननीय प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री द्वारा अपील किया गया सामाजिक व् स्वयंसेवी संथाएँ द्वारा आगे आकर जरूरतमंदों को भिन्न-भिन्न माध्यमो से मदद कर शासन,प्रशासन का सहयोग करें। इसी कड़ी में रायपुर नगर के सुप्रसिद्ध समाजसेवी,प्रकाश इंडस्ट्री के वॉइस प्रेसिडेंट, क्षत्रिय महासभा युवा, फ्यूचर द युथ फाउंडेशन के संरक्षक रविन्द्र सिंह और उनके टीम के द्वारा ग़रीबो, मजलूमों, असहाय,दिहाड़ी मजदूरों को घर घर राहत सामाग्री प्रदाय किया जा रहा हैं ।

 
पंचायत तंत्र – रायपुर ।  शराब नहीं मिलने पर स्प्रिट पीने वाले तीन युवक की भी शुक्रवार को मौत हो गई. स्प्रिट पीने वाले दो युवकों की पहले ही मौत हो चुकी है. लॉकडाउन के दौरान युवक स्प्रिट कहां से लाएं इसकी पुलिस जांच की जा रही है.
बता दें कि 31 मार्च को शराब नहीं मिलने पर नशे के आदी तीन दोस्तों ने स्प्रिट पी ली थी. स्प्रिट पीने से तीनों की हालत खराब हो गई, जिनमें से दो लोगों की दो दिन पहले ही मौत हो गई थी, वहीं तीसरे युवक अजय कुंजाम की शुक्रवार को मौत हो गई है ।
मामले की जांच कर रहे गोल बाजार थाना प्रभारी बी कुजूर के मुताबिक, 31 मार्च की रात को तीनों युवकों ने स्प्रिट पीया था. स्प्रिट पीकर घर जाने के बाद एक युवक की घर में और दूसरे युवक की अस्पताल ले जाते हुए मौत हो गई थी. तीसरे युवक की आज इलाज के दौरान मौत हो गई ।