Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
Browsing: रायपुर

रायपुर । कांग्रेस आलाकमान की ओर से भूपेश सरकार के कामकाज की समीक्षा किए जाने की खबरों के बीच पूर्व मुख्यमंत्री डाक्टर रमन सिंह ने आलोचनात्मक लहजे में कहा है कि सरकार विकास के साथ कदमताल करने की बजाए पीछे हटते दिखती है. सरकार के पास विकास का कोई विजन नहीं है. सिवाए सीना ठोकने के बुनियादी विकास का काम सरकार ने बीते एक साल में नहीं किया है ।
पूर्व मुख्यमंत्री डाक्टर रमन सिंह ने कहा कि लगता है कि सरकार के काम की दिशा तय करने के लिए बीता एक साल बेहद महत्वपूर्ण था, क्या यह सरकार के आराम करने का समय था? सत्ता में आने के बाद मुख्यमंत्री, चीफ सेक्रेटरी को अपनी पार्टी का घोषणा पत्र सौंपकर कहता है कि इसके एक-एक वादे को पूरा करना सरकार का कर्तव्य है, लेकिन क्या इस सरकार के घोषणा पत्र को कूड़ेदान में फेंक दिया गया है ।
रमन सिंह ने कहा कि सरकार की स्थिति देखकर लगता है कि यह दिशाहीन है. जब विकास की बात होती है, तो ये लोग सिर्फ नरवा, गरवा, घुरवा, बाड़ी की बात करते हैं. कम से कम एक सालों में नरवा ही ठीक कर लिया होता. गरवा सरकार की प्राथमिकता में है, लेकिन भूख-प्यास से गौठानों में गायें मर रही हैं, जिसे भूपेश सरकार फ्लैगशिप स्कीम कह रही है, उसके लिए बजट में प्रावधान, कोई एक्शन प्लान दिखाना चाहिए ।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि बीते एक साल में अधोसंरचना का कोई नया काम नहीं हुआ, निर्माण कार्य पूरे राज्य में ठप्प है. सरकार की धान खरीदी नीति असफल हो गई है. सरकार के पास मैंचिंग ग्रांट के लिए भी पैसे नहीं है. यह आने वाले समय में नान प्लान वाली सरकार साबित होगी. यह राज्य के लिए बेहद दुखद है. डाक्टर रमन सिंह ने कहा कि सरकार के मंत्रियों में आपस में इतने मतभेद है कि हर कोई अपनी अलग ढपली बजाते नजर आता है. मुख्यमंत्री वन मैन शो की तरह हैं, बाकी लेयर तो ऐसे हैं जिन्हें कोई मतलब नहीं है ।
ढाई साल के फार्मूले पर कुछ तो खिचड़ी पक रही है
डाक्टर रमन सिंह ने ढाई-ढाई के मुख्यमंत्री फार्मूले की चर्चाओं पर चुटकी लेते हुए कहा कि जब इस बात पर कांग्रेस के भीतर चर्चा हुई थी, तब केवल तीन चश्मदीद थे. भूपेश बघेल, टी एस सिंहदेव और ताम्रध्वज साहू. जब इन तीनों से पूछा जाता है, तो सबकी प्रतिक्रिया अलग-अलग होती है. जब राजा साहब (टी एस सिंहदेव) से पूछा जाता है, तो वह मुस्कुराते हैं, उनके चेहरे की कांति बढ़ जाती है. उस वक्त सोनिया-राहुल गांधी ने क्या कहा था, यह डाक्टर रमन सिंह नहीं बता सकता, लेकिन कुछ न कुछ खिचड़ी जरूर पक रही है ।

रायपुर । मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने केन्द्रीय बजट को शुतुरमुर्ग प्रवृत्ति का बजट है, जो मूलभूत समस्याओं से मुंह छिपाकर खुश होना चाहता है. इस समय देश में मांग की कमी है, जिसकी वजह से देश मंदी की ओर जा रहा है. इसके मूल में जनता की जेब में पैसों की कमी है, लेकिन वित्तमंत्री निर्मला सीतारमन ने जनता तक पैसा पहुंचाने का कोई इंतजाम नहीं किया है ।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा है कि इस समय भारत में बेरोजगारी की दर सर्वाधिक है. केंद्र सरकार इसके आंकड़े छिपाती है. इसमें आश्चर्य नहीं है, लेकिन बजट में रोजगार और बेरोजगारी का जिक्र ही न होना दुखद है. देश में किसानों को सम्मान निधि का पैसा नहीं मिल रहा है, इस पर वित्त मंत्री चुप रह गईं ।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की 80 प्रतिशत आबादी कृषि पर निर्भर है. इन किसानों के लिये बजट में कोरी जुमलेबाजी तो है, लेकिन किसानों को सच्ची राहत पहुंचाने के लिये कुछ भी नहीं किया गया है. 2022 में किसानों की आय दुगुनी करने की तमाम घोषणाएं कैसे पूरी होंगी, इस पर बजट खामोश है. उन्होंने कहा है कि बजट सरकारी संस्थाओं पर अविश्वास की एनडीए सरकार की धारणा को आगे बढ़ाता है, और सभी संस्थाओं को कमजोर करने की राह पर ले जाता है ।

रायपुर । मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की अध्यक्षता में आज यहां उनके निवास कार्यालय में आयोजित बैठक में वन मंत्री मोहम्मद अकबर से सम्बद्ध विभागों के वित्तीय वर्ष 2020-21 के बजट प्रस्तावों पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। बैठक में वन, आवास एवं पर्यावरण, परिवहन तथा विधि एवं विधायी विभागों के प्रस्तावों पर चर्चा की गई।
वन मंत्री मोहम्मद अकबर की उपस्थिति में आयोजित बैठक में अपर मुख्य सचिव वित्त अमिताभ जैन, विधि विधायी विभाग के प्रमुख सचिव एन.के. चंद्रवंशी, सचिव परिवहन डॉ. कमलप्रीत सिंह, वन विभाग के सचिव जय सिंह महस्के, आवास एवं पर्यावरण विभाग की सचिव संगीता पी., प्रधान मुख्य वन संरक्षक राकेश चतुर्वेदी, सचिव वाणिज्यिक कर (आबकारी एवं पंजीयन को छोड़कर) रीना बाबा साहेब कंगाले, मुख्य कार्यपालन अधिकारी नवा रायपुर विकास प्राधिकरण एन.एन. एक्का, आयुक्त छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल भीम सिंह सहित सम्बंधित अधिकारी उपस्थित थे।

रायपुर । राजधानी के मोमिनपारा इलाके में 3 स्कूटर सवार अज्ञात बदमाशों ने खड़ी कार को ज्वलनशील पदार्थ डालकर जलाने की कोशिश की. मौके पर मौजूद लोगों ने आग बुझाई ।
घटना आजाद चौक थाना इलाके की है. आजाद चौक टीआई के मुताबिक, असामाजिक तत्वों ने मिलकर कार में ज्वलनशील पदार्थ डालने का प्रयास किया था, जिसकी जांच में पुलिस जुटी है. मोमिन पारा में हुए चाकूबाजी की घटना और इस घटना का कोई संबंध नहीं है, दोनों अलग-अलग घटनाए है ।

रायपुर । छत्तीसगढ़ी अस्मिता, भाषा, कला और संस्कृति पर आधारित ‘जोहार छत्तीसगढ़’ की धमाकेदार शुरुआत हो गई है. छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी, नगरीय प्रशासन मंत्री डॉ. शिवकुमार डहरिया, विधायक कुलदीप जुनेजा और महापौर एजाज ढेबर पहले दिन ही इस फिल्म को देखने टॉकिज पहुँचे. उनके साथ बड़ी संख्या में समर्थक और कार्यकर्ता मौजूद थे. वहीं आम लोगों की भारी भीड़ इस फिल्म को देखने उमड़ रही ।
फिल्म देखने के बाद सभी खूब तारीफ की. अजीत जोगी ने कहा यह छत्तीसगढ़ियों में स्वाभिमान जगाने वाली फिल्म है. इस फिल्म को हर किसी को देखने चाहिए. यह फिल्म सीधे तौर पर छत्तीसगढ़ियों के दिल में उतर जाने वाली फिल्म हैं. मैं इस फिल्म को टैक्स फ्री करने मांग सरकार से करता हूँ. वहीं मंत्री डहरिया ने कहा कि राज्य सरकार के गढ़बो नवा छत्तीसगढ़ के तर्ज पर यह फिल्म बनी है. फिल्म में छत्तीसगढ़ी संस्कृति, परंपरा और छत्तीसगढ़ महतारी की सेवा पर बात कही गई है. जिस तरह से मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ की संस्कृति, परंपरा के संरक्षण और संवर्धन के लिए नरवा, गरवा, घुरवा और बारी योजना शुरू की गई है. उसी तरह से फिल्म छत्तीसगढ़ियों के हितों की रक्षा की बात कही गई है. डाॅ. डहरिया ने कहा कि राज्य सरकार छत्तीसगढ़ी फिल्म को हमेशा से ही प्रोत्साहन देते रहे हैं. आगे भी हरसंभव मदद किया जाएगा ।

रायपुर । शराब की अवैध बिक्री के साथ सट्टा खिलाते हुए चार आरोपियों को पुलिस ने पकड़ने में सफलता पाई है. आरोपियों के कब्जे से 42 पेटी अंग्रेजी शराब और करोड़ों रुपए की सट्टा-पट्टी के साथ पिस्टल और जिंदा कारतूस जब्त किया गया है. यह कार्रवाई कोतवाली सीएसपी देवचरण पटेल के नेतृत्व में हुई ।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में रवि साहू (34 वर्ष ), वीरू निर्मलकर (35 वर्ष), नरेश तांडी (22 वर्ष) और शत्रुघन सोनी (34 वर्ष) शामिल हैं. आरोपी रवि साहू कोतवाली थाना क्षेत्र का निगरानी बदमाश है, जिसके खिलाफ कई गंभीर मामले दर्ज है. वहीं उसके खिलाफ पूर्व में जिला बदर की कार्रवाई की जा चुकी है. वहीं अन्य आरोपी नरेश दांडी के कब्जे से एक पिस्तौल और एक नग जिंदा कारतूस बरामद किया गया है. आरोपियों के विरुद्ध धारा 34 (2) आबकारी एक्ट, जुआ एक्ट और 25 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया गया है ।
रायपुर । राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि शहीद दिवस के रूप में मनायी गई। विधानसभा अध्यक्ष डाॅ. चरणदास महंत एवं प्रमुख सचिव चन्द्रशेखर गंगराड़े सहित विधानसभा सचिवालय के सभी अधिकारी और कर्मचारियों ने विधानसभा परिसर में गांधी प्रतिमा के समक्ष महात्मा गांधी और स्वतंत्रता संग्राम के अमर शहीदों की स्मृति में दो मिनट का मौन धारण किया ।
विधानसभा अध्यक्ष डाॅ. महंत ने सेंट्रल हाॅल में प्रतिष्ठापित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के तैल चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी सत्य और अहिंसा के पूजारी थे, उनके विचार आज भी प्रासंगिक है।
गांधी जी ने देश की स्वतंत्रता, एकता और अखण्डता के लिए अपना पूरा जीवन न्यौछावर कर दिया। हमें गर्व है कि ऐसे महापुरूष का जन्म भारत भूमि में हुआ। उन्होंने कहा कि गांधी जी के सिद्धांतों का अनुसरण कर देश विकास एवं संपन्नता के मार्ग पर अग्रसर हो सकता है।

रायपुर। रेलवे स्टेशन से 30 किलो गांजा के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। गांजा ओडिशा से कानपुर ले जाया जा रहा था। गिरफ्तार तीन तस्करों में से दो दिव्यांग शामिल हैं। पुलिस को शक न इसके लिए शातिर तस्कर अब दिव्यांगों का सहारा ले रहे हैं। पकड़े गए तस्करों में हिम्मत सिंह, रंगोली सिंह और शालू वर्मा राजपूत शामिल हैं। जीआरपी के मुताबिक पूछताछ में कई खुलासे हो सकते हैं।

रायपुर । मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की अध्यक्षता में गुरुवार को उनके निवास कार्यालय में आयोजित छत्तीसगढ़ खेल विकास प्राधिकरण की गवर्निग बॉडी की प्रथम बैठक में अनेक महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए. बैठक में निर्णय लिया गया कि खिलाड़ियों को अत्याधुनिक खेल सुविधाएं और प्रशिक्षण प्रदान करने के लिए प्रदेश में अत्याधुनिक खेल अकादमियां प्रारंभ की जाएगी, इन आकदमियों के लिए स्टेडियमों के चयन का दायित्व मुख्य सचिव की अध्यक्षता में गठित प्राधिकरण की कार्यकारिणी समिति को सौंपा गया है. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से खेल आकदमियों के लिए स्टेडियमों का चयन शीघ्र करने के निर्देश दिए ।
बैठक में यह निर्णय भी लिया गया की खिलाड़ियों को विभिन्न खेल गतिविधियों के लिए आर्थिक सहायता प्रदान करने के लिए प्रदेश में मुख्यमंत्री खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना प्रारंभ की जाएगी. छत्तीसगढ़ के पारंपरिक खेलों-गेंडी, भौंरा, फुगड़ी जैसे खेलों को प्रोत्साहित किया जाएगा. पारंपरिक खेल अब विलुप्त होते जा रहे हैं. बैठक में यह भी निर्णय लिया गया की प्रदेश के महत्वपूर्ण खेल स्टेडियम अब छत्तीसगढ़ खेल विकास प्राधिकरण के आधीन रखे जाएंगे. खेल अकादमी का संचालन सी.एस.आर. मद के माध्यम से किया जाएगा. मुख्यमंत्री ने इसके लिए कार्य योजना तैयार करने के निर्देश मुख्य सचिव की अध्यक्षता में गठित प्राधिकरण की कार्यकारिणी समिति को सौंपा ।
छत्तीसगढ़ खेल प्राधिकरण में दो सांसदों, पांच विधायकों और दो उत्कृष्ट खिलाड़ियों के मनोनयन के लिए मुख्यमंत्री बघेल को अधिकृत किया गया. बैठक में छत्तीसगढ़ में हॉकी, तीरंदाजी, एथलेटिक, क्रिकेट, स्विमिंग, आर्चरी, इंडोर गेम्स (मार्शल आर्ट, फुटबॉल, बास्केटबॉल, टेबल टेनिस, कबड्डी और खो-खो की अकादमी प्रारंभ करने का निर्णय भी लिया गया ।
बैठक में स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव, गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू, कृषि एवं जल संसाधन मंत्री रविंद्र चौबे, वन मंत्री मोहम्मद अकबर, स्कूल शिक्षा मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह, खाद्य मंत्री अमरजीत भगत, नगरीय विकास मंत्री डॉ शिव डहरिया, महिला एवं बाल विकास मंत्री अनिला भेंडिया, राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री गुरु रूद्र कुमार, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री उमेश पटेल सहित अपर मुख्य सचिव अमिताभ जैन, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव गौरव द्विवेदी, खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव सिद्धार्थ कोमल सिंह परदेशी, सचिव खाद्य डॉ कमलप्रीत सिंह, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी सचिव अविनाश चम्पावत, नगरीय विकास विभाग की सचिव अलरमेल मंगई डी, सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव डी.डी. सिंह, संचालक खेल श्वेता सिन्हा तथा संबंधित अधिकारी उपस्थित थे ।

रायपुर । राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर आज राजभवन के दरबार हाल में राजभवन के अधिकारियों, कर्मचारियों और उनके परिजनों के लिए दो दिवसीय स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। राज्यपाल अनुसुईया उइके ने दीप प्रज्ज्वलित कर स्वास्थ्य शिविर का शुभारंभ किया। उन्होंने स्वयं अपना रक्त, दांत और आंख की जांच कराई। स्वास्थ्य शिविर के पहले दिन लगभग 179 लोगों ने स्वास्थ्य परीक्षण कराया। स्वास्थ्य परीक्षण शिविर में पहली बार मोबाईल डेंटल क्लिनिक राजभवन पहुंचा, जिसमें अनेक लोगों ने दंत परीक्षण कराया।
राज्यपाल उइके ने राजभवन के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से कहा कि वे सभी लोग इस स्वास्थ्य शिविर का लाभ उठाएं। राज्यपाल ने स्वास्थ्य शिविर के सभी स्वास्थ्य जांच और परीक्षण स्थल पर जाकर स्वास्थ्य परीक्षण की प्रगति के संबंध में पूछताछ की। इस अवसर पर राज्यपाल के सचिव सोनमणि बोरा और डॉ. भीमराव अंबेडकर स्मृति चिकित्सालय के अधीक्षक डॉ. विनीत जैन, शासकीय दंत महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. वीरेन्द्र वाढेर, राजभवन के चिकित्सा अधिकारी डॉ. रूपल पुरोहित, डॉ. सुनीति मंगरूलकर, डॉ. शिशिर साहू सहित राजभवन के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे
स्वास्थ्य शिविर के पहले दिन 179 लोगों ने पंजीयन कराया, जिसमें 100 से अधिक लोगों ने रक्त परीक्षण, 105 लोगों ने नेत्र परीक्षण, 126 लोगों ने मेडिसिन विभाग में जांच, 16 लोगों ने दांत परीक्षण, चर्म रोग के 42, शिशु रोग के 05, नाक, कान और गला की 43 लोगों ने जांच कराई। इस शिविर में डॉ. भीमराव अंबेडकर स्मृति चिकित्सालय के पैथोलॉजी, नेत्ररोग, दंत रोग, अस्थि रोग, स्त्री रोग और मेडिसिन, आयुर्वेद सहित अन्य विभागों के विशेषज्ञ चिकित्सक स्वास्थ्य परीक्षण किए।