Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
Browsing: रायपुर

रायपुर । शादी के बाद से ही विवादों में चल रहा धमतरी की अंजलि जैन का प्रकरण शांत होने का नाम नहीं ले रहा है. उच्च न्यायालय के आदेश के बाद रायपुर के सखी वन स्टाप सेंटर में रह रही अंजलि को 17 तारीख को छोड़ना तय किया गया था, लेकिन परिजन के नहीं आने से मामला लटकता नजर आ रहा है. ऐसे में हताश अंजलि जैन ने सखी सेंटर से भागने का प्रयास किया, जिसे पुलिस की मदद से पकड़कर महिला अधिकारी अंदर ले गई ।
बता दें कि उच्च न्यायलय ने दायर रिट पिटिशन पर अंजली जैन को स्वतंत्र रूप से उसकी इच्छा पर रहने देने के लिए सखी वन स्टॉप सेंटर से छोड़ने आदेशित किया गया है. सखी वन स्टॉप सेंटर के अधिकारियों द्वारा अंजली जैन को छोड़ने 17 नवंबर की तिथि नियत की थी. आज सखी वन सेंटर में उसके ससुराल वाले तो पहुंच गए, लेकिन आदेश की तामिली नहीं होने की वजह से उसके मायके वाले नहीं पहुंचे हैं ।
दरअसल, लड़की के मायके वालों की ओर से आपत्ति दर्ज कराई गई है. उनका कहना है कि वे हाईकोर्ट के फैसले का सम्मान करते हैं, लेकिन अचानक रात में घर के बाहर नोटिस तामिली की गई है. पूरे परिवार वाले दिल्ली में है, इसलिए उन्हें दो-तीन दिन का समय दिया जाए. अब इस बात की आशंका है कि अंजलि के मायके वालों के आने तक उसे सखी वन स्टॉप सेंटर में ही रहना पड़ेगा ।
रायपुर । छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज नई दिल्ली में केन्द्रीय पेट्रोलियम और प्रकृतिक गैस मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से उनके निवास पर मुलाकात कर उनसे छत्तीसगढ़ शासन के बायोफ्यूल के क्षेत्र में निवेश प्रोत्साहन नीति को आगे बढ़ाने के लिये सहयोग का आग्रह किया है. मुख्यमंत्री बघेल ने केंद्रीय मंत्री से एनएमडीसी का क्षेत्रीय मुख्यालय बस्तर में स्थापित किये जाने पर विचार करने का आग्रह किया साथ ही गैर प्रबंधकीय पदों पर स्थानीय लोगों को रोजगार प्रदान करते हुए बस्तर क्षेत्र के विकास को बढ़ावा दिये जाने पर विचार करने की माँग भी की. उन्होंने कहा कि मुझे उम्मीद है कि छत्तीसगढ़ की जनता की भावनाओं का आदर करते हुए बस्तर क्षेत्र के विकास को बढ़ावा देने के लिये भारत सरकार इसकी तत्काल स्वीकृति हमें प्रदान करेगा।
बघेल ने कहा कि अधिशेष खाद्यानों से जैव एथेनाॅल उत्पादन हेतु राज्य द्वारा प्रत्याशित धान की अधिक आपूर्ति के अनुमान के आधार पर जैव एथेनाॅल उत्पादन की अनुमति लंबे समय तक जैसे कि न्यूनतम 10 वर्ष के लिये दिया जावे ताकि राज्य में बायो-एथेनाॅल के क्षेत्र में निवेश को बढ़ावा मिल सके. उन्होंने कहा कि आपकी इस पहल से जैव एथेनाॅल के क्षेत्र में निवेश को बढ़ावा मिलेगा।
मुख्यमंत्री बघेल ने बताया कि छत्तीसगढ़ धान का कटोरा है. यहां की 43% कृषि योग्य भूमि में मुख्य फसल धान की होती है. कृषि और उससे सम्बंधित क्षेत्रों का राज्य की जी.एस.डी.पी. में योगदान 20% से अधिक है. उन्होने कहा कि वर्ष 2018-19 में हमारे यहां धान का उत्पादन 80.40 लाख टन था. इसमें राज्य की आवश्यकता 42.40 लाख टन की थी. उसके बाद हमारे पास 38 लाख टन सरप्लस धान बायोफ्यूल के लिये बचता है. मुख्यमंत्री ने कहा कि मुझे आपको यह बताते हुये खुशी हो रही है कि केन्द्र की जैव ईंधन नीति 2018 के प्रावधानों के अंतर्गत छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य मेें जो अतिरिक्त धान का उत्पादन हो रहा है उसमें बायो एथेनाॅल संयत्रो की स्थापना को प्रोत्साहित करने के लिए निजी निवेश को आमंत्रित किया है. इस दिशा में हमारा केन्द्र से आग्रह है कि राष्ट्रीय जैव इंधन समन्वय समिति से धान आधारित बायो एथेनाॅल के विक्रय मूल्य को शीरा, शक्कर व शुगर सिरप से बने एथेनाॅल के विक्रय दर के बराबर रखे तो पर्यावरण आधारित बायो एथेनाॅल के उत्पादन में हमें काफी मदद मिलेगी। केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि हम जल्द ही इस पर विशेष बैठक लेकर, उचित कार्यवाही करेगें।

रायपुर । दूधाधारी मठ द्वारा माता कौशल्या की जन्मतिथि और जन्मकुंडली तैयार करने के लिये विशेष पहल की जा रही है. दूधाधारी मठ के प्रमुख महंत रामसुदर दास ने बताया कि इसके लिये देश भर के ज्योतिषाचार्यों की राय ली जायेगी.उन्होंने बताया कि प्राप्त प्रमाण,पुरातत्व की खुदाई ,प्राचीन ग्रन्थों,जनश्रुति,क्षेत्रीय दंतकथाओं आदि के अलावा ज्योतिष विज्ञान के क्षेत्र में रुचि रखने वाले समस्त विद्वानों को तत्सम्बन्ध में समस्त जानकारियों व ज्योतिष गणना आदि के द्वारा भगवान रामचन्द्र जी की कुंडली के चतुर्थ भाव ( मातृ भाव) के आधार पर माता कौशल्या जी की जन्मतिथि के निर्धारण एवं जन्मकुंडली तैयार किए जाने हेतु आमंत्रित किया जाता है ।
महंत रामसुंदर दास ने बताया कि विद्वानों से प्राप्त प्रस्ताव को चयनित विशेषज्ञ जजों (जूरी) द्वारा प्रमाणित किया जायेगा. प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्वान को नगद राशि 11 लाख रुपये तथा विशेष सम्मान पत्र प्रदान किया जायेगा. उन्होंने बताया कि
पत्राचार की अवधि 15 नवम्बर से 15 दिसम्बर 2019 तक निर्धारित की गई है और इच्छुक विद्वान इस पते पर पत्राचार कर सकतें हैं ।
पत्राचार का पता – राजे श्री महंत डॉ रामसुंदर दास जी महाराज,दूधाधारी मठ पुरानी बस्ती रायपुर.इस संबंध में विस्तृत जानकारी के लिये 7974921927 नंबर पर संपर्क भी किया जा सकता है या फिर EMAIL ID-kaushalyakeram@gmail.com के माध्यम से भी जानकारी ली जा सकती है ।
पुराणों के अनुसार राजा दशरथ व उनकी रानी कौशल्या पूर्व जन्म में स्वायम्भु मनु – शतरूपा थी. इन्होंने भगवान विष्णु को पुत्र रूप में पाने के लिए घोर तपस्या की. तपस्या से प्रसन्न भगवान विष्णु ने कहा कि त्रेतायुग में मेरा सातवां अवतार राम के रूप में होगा. आप दोनों अयोध्या के महाराजा और महारानी के घर में पुत्र रूप में प्रकट होऊंगा ।
छत्तीसगढ़, जिसे पुरातनकाल से ही दक्षिण कोसल के नाम से जाना जाता रहा है. रामचरित मानस व वाल्मिकी रामायण में भी कौशल प्रदेश का उल्लेख मिलता है.कौशल्या, इसी कौशल प्रदेश (छत्तीसगढ़) की राजकुमारी थी.पिता भानुमंत व माता सुबाला/अमृतप्रभा थीं ।
राजकुमारी कौशल्या को अयोध्या के राजकुमार दशरथ की अग्रमहिषी तथा मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम की माता होने का सौभाग्य प्राप्त हुआ.वाल्मीकि रामायण,आनन्द रामायण , आध्यात्म रामायण , गुणभद्रकृत उत्तर पुराण सहित बलदेव प्रसाद मिश्र , मैथलीशरण गुप्त आदि के काव्यों में कौशल्या माता की कथाओं का वर्णन है।
छत्तीसगढ़ प्रदेश की राजधानी रायपुर से तकरीबन 25 किलोमीटर दूर चंदखुरी (प्राचीन नाम चंद्रपुरी) गांव है,जिसे माता कौशल्या की जन्म स्थली माना जाता है. यहां माता कौशल्या का मंदिर भी है. यह मंदिर दुर्लभतम है, जैसे पुरे देश मे पुष्कर में ब्रह्मा जी का तथा कोणार्क में सूर्यदेव का एक मात्र मंदिर है. ठीक वैसे ही रायपुर के चंदखुरी में कौशल्या जी का एक मात्र मंदिर स्थित है. करीब 126 तालाब वाले इस गांव में सात तालाबों से घिरे जलसेन तालाब के बीच प्राचीन द्वीप पर यह मंदिर है, जहां भगवान श्रीरामचन्द्र जी की माता कौशल्या की प्रतिमा स्थापित है और रामलला उनकी गोद में विराजमान हैं ।

रायपुर । छत्तीसगढ़ में धान खरीदी का सियासी तौर पर इन दिनों सबसे मसला हो चला है. प्रदेश में इस मसले को सत्ताधारी दल कांग्रेस सरकार और विपक्षी भाजपा दोनों जमकर भूना रही है. इस मामले में आज प्रेसवार्ता के दौरान डॉ. रमन सिंह ने कहा कि प्रदेश के किसानों की दुर्दशा हो गई है. किसानों से धान खरीदने में भूपेश सरकार पूरी तरह फेल हो गई है।
हालात तो ये है कि किसान 12 सौ से 14 सौ रुपये प्रति क्विंटल धान बेचने को मजबूर हो रहे हैं. हमें जानकारी मिली है कि राजनांदगांव, भाटापारा, बलौदाबाजार, बिलासपुर सहित कई जगह मंडियों में किसान धान लेकर पहुँच रहे हैं. एक ही दिन नें 20 हजार क्विंटल धान बिकने की जानकारी मिली है. यह बहुत खराब स्थिति है. इससे सीधा-सीधा नुकसान किसानों को हो रहा है. सरकार अपने वादे के मुताबिक 25 सौ रुपये क्विंटल में धान खरीदी की व्यवस्था करनी चाहिए।

रायपुर । राष्ट्रीय प्रेस दिवस के मौके पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने ट्वीट कर कहा- #NationalPressDay पर उन सभी लोगों को बधाई एवं शुभकामनाएं जो आज भी अभिव्यक्ति की आजादी और स्वतंत्रता के पक्षधर हैं। यह महज एक संयोग नहीं है कि आज इस महत्वपूर्ण दिवस पर छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा तैयार किए जा रहे पत्रकार सुरक्षा क़ानून के प्रारूप पर चर्चा हो रही है।

रायपुर । राजधानी की आबोहवा को गाडिय़ों के धुएं और प्लास्टिक से ज्यादा नशे के सौदागरों के कारण प्रदूषित हो चुकी है। जनता सेरिश्ता ने नगर के सार्वजनिक गार्डनों की रखरखाव और व्यवस्था का जायजा लिया, जिसमें चौकाने वाले तथ्य सामने आए। नगर के जितने भी गार्डन है वे गांजी, शराब, चरस, सेलोशन, नशीली दवाएं, नाइट्रोटेन और सिरप का मार्केट बन गया है। गार्डन में मार्निंग वॉक और इवनिंग वॉक तो युवाओं को घर से निकलने का बहाना है। दरअसल वे नशे के तलाश में गार्डन -गार्डन भटकते रहते है।
सौदागरों के निशाने पर अमीरों के बच्चे : सार्वजनिक गार्डन में वैसे तो सभी घुमने फिरने आते है लेकिन खासकर अमीरों के बच्चे जो बड़े स्कूलों में पढ़ाई करते है, उन्हें नशे के सौदागर प्रलोभन देकर शुरूआत में गांजा या चरम का एक-दो कस लगावा देते है उसके बाद वह मस्ती में आकर रोज सुबह शाम मनचाही कीमत पर नशे के सौदागरों से नशे का सामान खरीदता है। इस तरह नगर से सारे गार्डन नशे के सौदागरों के गिरफ्त में है। लोग घुमने कम नशे का सामान खरीदने गार्डन पहुंच रहे है।
कलेक्टोरेट गार्डन ने चारों तरफ धुआं ही धुआं : नशे के सौदागर और नशेडिय़ों के लिए कलेक्टोरेट गार्डन सबसे सुरक्षित स्थान है यहां पर पुलिस के होते हुए भी पुलिस कार्रवाई नहीं करती है। कलेक्टोरट और न्यायालय लगे होने के कारण यहां हाई सिक्युरिटी तैनात रहती है, उसके बाद भी नशेडिय़ों को खौफ नहीं है। यहीं से अपना कारोबार संचालित कर रहे है। गार्डन के किनारे दूर कोने पर नशेड़ी बड़े आराम से अपने काम को अंजाम दे रहे है।
व्हाइट हाउस को कर रहे है काला : नशेडिय़ों के लिए नगर निगम के सामने बना गार्डन सबसे सुरक्षित गार्डन है जहां पूरी तसल्ली के साथ नशे का कश लेकर मदमस्त हो रहे है, जिसके धुएं से व्हाइट हाउस की दीवार काली हो चुकी है। नगर निगम गार्डन के पास से गुजरते ही गांजे के धुएं का दुर्गंध नाक में घुस जाता है। नगर निगम के आसपास नशेडिय़ों का जमावाड़ा 24 घंटे देखा जा सकता है।
ओडिसा-मलकानगिरी नहीं रायपुर बना तस्करों का गढ़ : गांजा, अपम, चरस और नशीली दवाओं के सौदागरों के लिए राजधानी सबसे सुरक्षित जोन है जहां से उनका कारोबार बेरोक-टोक संचालित हो रहा है। स्लम बस्तियों में अड्डा बनाकर पूरे देश में गांजा,चरस, अफीम, नशीली दवा, सिरप की सप्लाई को अंजाम दे रहे है। देश भर के तस्करों और सटोरियों का सीधा लिंक रायपुर के नामचीन सफेदपोशों है जो संरक्षण देकर अवैध कारोबार को संचालित करवा रहे है।
चुनावी सीजन में छुटभैया नेता बने लाइजनर
नगर चुनाव की आहट से छुटभैया नेता पुलिस और अवैध कारोबरियों के लाइजनर की भूमिका में रोल अदा कर रहे है। चुनावी सीजन शुरू होते ही वार्र्डो में बरसाती मेंढ़क की तरह नेताओं की बाढ़ आ गई है, जगह-जगह टर्राने लगे है। पार्षद बनने के चाह में बड़े नेताओं के साथ फोटों खींचवाकर पोस्टर, बैनर लगाकर नेतागिरी को अंजाम दे रहे है। पुलिस थानों के आसपास पोस्टर-बैनर लगाकर मंत्री, बड़े नेताओं के साथ वाले फोटों के साथ बे वजह बधाई दे रहे है। वहीं वार्ड में सट्टा-जुआ चलाने वालों पर चुनाव में सहयोग करने का वादा कर पुलिस थाना में सेटिंग कराने के नाम पर चांदी काट रहे है। रोज सुबह -शाम थानों में साहब को सलाम बजाने पहुंचते है। इस चक्कर में टीआई-एसआई के साथ स्टाफ में पहचान बढ़ाकर सट्टा और जुआ, गांजा, चरस, नशीली दवाओं के तस्करों को संरक्षण देकर सेटिंग करवाने के नाम पर छुटभैया नेतागिरी कर रहे है।
तस्करों का सरगना नहीं आया पुलिस के हाथ
पुलिस की छापामार कार्रवाई में सैकड़ों क्विंटल गांजा, नशीली दवों का जखारी मिलने के बाद भी आज तक मुख्य सरगना पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ पाया है। हर बार गुर्गे ही पुलिस की गिरफ्त में आए है। जो कोर्ट जाकर छूट जाते है। राजधानी के तंग गलियों में तस्करों ने अड्डा बना रखा है। कबीर नगर, कालीबाड़ी, मोवा , पंडरी, चूना भट्टी, खमतराई में मिले चंगोराभाटा में खुले आम नशे के सामान मिल रहे है। हर बार कार्रवाई करने का बाद सरगना बच निकलता है। पुलिस और अवैद कारोबारियों के बीच आँखमिचौली का खेल चल रहा है। सटोरियों से लेकर तस्करों का गिरोह पुलिस की आंख में धूल झोंककर अपने काम को अंजाम दे रहा है।
असुरक्षित है गार्डन, आए दिन होती है झड़पे
मार्निंग वॉक और इवनिंग वॉक करने आने वालों से नशेडिय़ों की छिटाकशी और छेड़छाड़ को लेकर लड़ाई झगड़े और मारपीट के मामले सामने आते रहते है। नशेडिय़ों के निशाने पर प्रेमी जोड़े होते है। जो नशे में यहां बैठे जोड़ों से वसूली करते है। पैसा नहीं देने पर उसे मारपीट और झगड़ा कर गार्डन में रोज उत्पात मचाते है। सुरक्षा की कोई व्यवस्ता नहीं होने का फायदा नसेड़ी उठाके है और गार्डन में आने वाले नागरिक को छिनताई और चेनस्नेचिंग के शिकार होना पड़ता है। अक्सर देखा गया है सुबह-शाम घुमने आने वालों से नशेड़ी दुव्र्यवहार करते है।

एमआईसी की बैठक में प्रस्ताव मंजूर, 10 और एजेंडे भी पारित
रायपुर । रायपुर नगर निगम की मेयर इन काउंसिल की बैठक शुक्रवार को आयोजित की गई. जिसमें अतिरिक्त विषय के रूप में निगम मुख्यालय भवन व्हाईट हाउस का नाम महात्मा गॉधी सदन रखने का प्रस्ताव रखा गया. जिसे पारित कर लिया गया. इसके अतिरिक्त 10 अन्य प्रस्ताव भी स्वीकृत किये गये है ।
निगम के मुख्यालय भवन में हुई बैठक में महापौर प्रमोद दुबे, एमआईसी सदस्य अनवर हुसैन, श्रीकुमार मेनन, नागभूषण राव, राधेश्याम विभार, सतनाम सिंह पनाग, समीर अख्तर, अजीत कुकरेजा, एजाज ढेबर, विमल गुप्ता,दिषा धोतरे, निशा देवेन्द्र यादव, निगम के अपर आयुक्त लोकेष्वर साहू, तथा अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
एमआईसी सदस्य विभार ने बैठक में निगम मुख्यालय भवन व्हाईट हाउस का नाम अतिरिक्त विषय के रूप में महात्मा गॉधी के नाम पर करने का प्रस्ताव रखा. जिसकी स्वीकृति दे दी गई। इसी के साथ ही निराश्रित, असहाय, विधवा, वृद्धावस्था, सुखद सहारा तथा अन्य पेंशन योजनाओं पर भी स्वीकृति दी गई. महापौर दुबे ने पेंषन योजनाओं पर अधिकारियों को निर्देश दिये कि आगामी समय में होने वाले चुनाव के दौरान किसी का भी पेंशन न रूके. यह व्यवस्था सुनिश्चित किया जाए. निगम के प्रभारी सहायक अभियंता राकेष कुमार अवधिया की सहायक अभियंता के पद पर प्रस्ताव की भी स्वीकृति प्रदान की गई. सेवानिवृत्त सहायक ग्रेड 3 रमेश राठौर को संविदा पर कार्य करने की स्वीकृति प्रदान की गई। इसी तरह नगर पालिका परिषद खैरागढ़ में पदस्थ राहुल कुमार वैष्णव, सफाई दरोगा का संविलियन की भी स्वीकृति प्रदान की गई। निगम के कर्मचारी जमुना प्रसाद साहू के पिता के इलाज की चिकित्सा प्रतिपूर्ति राशि 1 लाख 16 हजार 9 रू. की भी स्वीकृति प्रदान की गई।

रायपुर । गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू ने आज सिविल लाईन थाने के नियंत्रण कक्ष में रायपुर जिले के पुलिस अधीक्षक एवं थाना प्रभारियों की बैठक लेकर अपराधों पर नियंत्रण रखने, थानों की व्यवस्था सुधारने, पुलिस चौकियों एवं थानों का उन्नयन तथा उनके परिसीमन के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस महकमे को बेहतर कार्यप्रणाली के जरिए जनता की अपेक्षाओं पर खरे उतरना है। थानों में आगंतुक कक्ष बनाए, वहां बैठने के लिए अच्छा बेंच, चेयर, सोफा तथा पेयजल की व्यवस्था हो। उन्होंने अपराधों पर नियंत्रण के लिए पर्याप्त संख्या में सीसीटीव्ही कैमरा लगाने तथा अपराधों की शिकायत कराने पर एफआईआर दर्ज करें और शिकायतों की त्वरित जांच कराएं। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित हो। यातायात नियम तोड़ने पर जुर्माने की राशि ई-चालान से काउंटर पर पटाएं, इससे लोगों को सीख मिलेगी, अनुशासित रहेंगे।
बैठक में गृह मंत्री ने जनता को बेहतर पुलिसिंग सेवा उपलब्ध कराने के लिए आधुनिक प्रणाली अपनाने पर भी जोर दिया। इसके लिए महाराष्ट्र, तेलंगाना आदि अन्य राज्यों में बेहतर पुलिसिंग सेवा का अध्ययन करने तथा वहां की अच्छी कार्यप्रणाली को छत्तीसगढ़ में लागू करने के लिए प्रस्ताव तैयार करने के भी निर्देश दिए। बैठक में पुलिस अधीक्षक आरिफ शेख, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर सहित सभी थाना प्रभारी उपस्थित थे।

रायपुर । राजभवन में आज राज्यपाल के परिसहाय भोजराम पटेल का कांकेर पुलिस अधीक्षक के पद पर पदस्थ होने पर उन्हें भावभीनी विदाई दी गई। राज्यपाल अनुसुईया उइके एवं पुलिस महानिदेशक डी. एम. अवस्थी ने पटेल को प्रमोशन बैच लगाया। राज्यपाल ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि पटेल ने राजभवन में ए.डी.सी. के रूप में उत्कृष्ट सेवा प्रदान की है। मैं आशा करती हूं कि वे पुलिस अधीक्षक के रूप में भी जनता की समर्पित भाव से सेवा करते रहेंगे और निरंतर प्रगति करते रहेंगे। इस अवसर पर राज्यपाल के सचिव सोनमणि बोरा, विधिक सलाहकार एन. के. चन्द्रवंशी, राज्यपाल के परिसहायद्वय अनंत श्रीवास्तव और त्रिलोक बंसल उपस्थित थे ।

रायपुर, । मुख्य सचिव आर.पी. मंडल ने आज यहां न्यू सर्किट हाऊस के सभाकक्ष में प्रदेश के सभी संभागायुक्त और कलेक्टरों की बैठक लेकर प्रदेश में चल रहे विभिन्न विकास कार्यो एवं योजनाओं की विस्तार से समीक्षा की। मंडल ने प्रथम सत्र की बैठक में खरीफ वर्ष 2019-20 में धान खरीदी की तैयारी, लोक सेवा गारंटी अधिनियम, स्मार्ट सिटी योजना के तहत शहरों की साफ-सफाई, आबादी एवं नजूल भूमि के पट्टों को फ्री होल्ड करने, लंबित डायवर्सन प्रकरणों का निराकरण और प्रदेश के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों की सड़कों की मरम्मत आदि कार्यो की जिलेवार समीक्षा की।
मुख्य सचिव मंडल ने धान खरीदी की समीक्षा करते हुए कहा कि देश में 2500 रूपए प्रति क्ंिवटल धान खरीदने वाला छत्तीसगढ़ एक मात्र राज्य है और यहां पर छत्तीसगढ़ के सीमावर्ती राज्यों से धान की अवैध आवक होती है। इसे रोकने के लिए कड़े कदम उठाए जाए। उन्होंने राज्य के सभी कमिश्नरों को इसकी निरंतर मॉनिटरिंग करने और धान खरीदी में कोचियों और बिचौलियों के खिलाफ लगातार कार्यवाही करने को कहा। मंडल ने कहा कि धान खरीदी शुरू होने के साथ ही खरीदी केन्द्रों का रोज सत्यापन किया जाए। वे हर 15 दिन में धान खरीदी की समीक्षा करेंगे।
मुख्य सचिव ने कलेक्टरों से कहा कि आबादी एवं नजूल भूमि के पट्टों हितग्राहियों को भू-स्वामी का हक मिलेगा इससे वे भूमि का हस्तांतरण आसानी से कर सकेंगे। इससे विकास बढ़ेगा और राज्य शासन का राजस्व भी। मुख्य सचिव ने बारिश के दौरान प्रदेश के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों की क्षतिग्रस्त सड़कों का शीघ्र मरम्मत कराने के निर्देश सभी कलेक्टरों को दिए हैं। उन्होंने स्मार्ट सिटी योजना के तहत प्रदेश के पांच शहरों रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, सरगुजा और कोरबा की सफाई व्यवस्था का समीक्षा की। मुख्य सचिव ने सभी कमिश्नरों को गिरदावरी सुधारने, लोक सेवा गारंटी अधिनियम के अंतर्गत लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण कराने, डायवर्सन के प्रकरणों को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ पूरा कराने, छत्तीसगढ़ के शहरी क्षेत्रों में करीब 23 हजार से अधिक तथा ग्रामीण क्षेत्रों में 10 हजार 249 आबादी पट्टों का शत-प्रतिशत वितरण 25 नवम्बर तक कराने, आबादी-नजूल भूमि पट्टो का फ्री-होल्ड कराने, नियमितिकरण के प्रकरणों का शीघ्र निराकरण कराने एवं दो वर्षो से लंबित विवादित नामांतरण के प्रकरणों को शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए हैं। मुख्य सचिव ने सभी कमिश्नरों को सात दिन के भीतर रिर्पोट देने के भी निर्देश दिए हैं।