Browsing: रायपुर

रायपुर । प्रदेश के तीन लोकसभा सीट कांकेर, राजनांदगांव और महासमुंद में आज मतदान डाले जा रहे है. इसी बीच डोंगरगांव पोलिंग स्टेशन क्रमांक 76 में दुल्हन ने भी अपने मताधिकार का प्रयोग किया. दुल्हन की वोट डालते हुए तस्वीर चुनाव आयोग ने भी अपने ट्वीटर अकाउंट में पोस्ट की है।
इसके अलावा आईटीबीपी के जवान भी मतदान डालने पहुंच रहे लोगों की मदद कर रहे है. ऐसे बुजुर्ग और दिव्यांग वोटर जिन्हें पोलिंग बूथ तक पहुंचने में परेशानी हो रही है, वे उन्हें बूथ तक पहुंचाने में पूरी मदद कर रहे है, जिससे वे अपने मताधिकार का उपयोग कर सके. वहीं पूर्व स्वास्थ्य मंत्री और विधायक अजय चंद्राकर भी अपने परिवार के साथ वोट डालने पहुंचे थे. वहीं कवर्धा के कलेक्टर और एसपी ने भी लाइन में लगकर सामान्य वोटरों की तरह मतदान किया. वहीं आईटीबीपी ने कुछ पोलिंग बूथ में हेल्थकैंप भी लगाया है, जहां मतदान करने आने वाले वोटरों का हेल्थ चेकअप किया जा रहा है. वहीं कुछ जवान बुजुर्ग वोटरों को पानी पिलाते भी नजर आ रहे है।

रायपुर । प्रदेश में निगरानी दलों की सघन जाँच जारी है। जाँच दलों ने निगरानी के दौरान सबसे अधिक बस्तर लोकसभा क्षेत्र में अवैध नकद तथा वसतु जब्त किया है। वहीं जाँच के दौरान अब तक कांकेर, कोरबा और रायगढ़ लोकसभा क्षेत्रों में कोई भी नकद राशि जब्त नहीं की गई है । दूसरी तरफ बिलासपुर लोकसभा क्षेत्र में सबसे अधिक शराब जब्त की गई है ।
बस्तर में सबसे कम मात्रा में शराब जब्त की गई है, मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुब्रत साहू के निर्देश पर निगरानी दलों द्वारा सतत जाँच अभियान चलाया जा रहा है. प्रदेश में अवैध धनराशि तथा वस्तुओं की बरामदगी का आँकड़ा लगातार बढ़ता जा रहा है। यह आँकड़ा बढ़कर 6 करोड़ 67 लाख रूपए हो गया है। निगरानी दल, धन और वस्तुओं के अवैध परिवहन तथा संग्रहण पर नजर रख रही है जिसमें 16 अप्रैल तक 6 करोड़ 67 लाख 95 हजार 58 रूपए की राशि तथा वस्तु बरामद की गई है। इसमें 5 करोड़ 63 लाख 76 हजार 605 रूपए से अधिक नकद राशि बरामद की गई है। इसमें आयकर विभाग ने 4 करोड़ 81 लाख 28 हजार रूपए जब्त किए हैं ।वहीं पुलिस विभाग ने जाँच के दौरान 82 लाख 48 हजार 605 रूपए जब्त किया गया है।
निगरानी के दौरान बस्तर लोकसभा क्षेत्र में सबसे अधिक नकद 3 करोड़ 56 लाख रूपए जब्त किय गया है ।अन्य सामग्रियों को मिलाकर कुल 3 करोड़ 84 लाख 27 हजार 156 रूपए की जब्ती की गई है। जबकि चार लोकसभा क्षेत्रों कोरबा, रायगढ़ और कांकेर में अब तक कोई भी नकद राशि जब्त नहीं की गई है। बस्तर के बाद रायपुर में 1 करोड़ 29 लाख 13 हजार 500 रूपए, दुर्ग में 29 लाख 15 हजार 600 रूपए , महासमुंद में 20 लाख 74 हजार 500 रूपए, ,राजनांदगाँव में 9 लाख 84 हजार,505 रूपए,सरगुजा में 13 लाख 82 हजार 400 रूपए,जंजगीर में 2 लाख 19 हज़ार एक सौ रूपाय तथा बिलासपुर में एक लाख 90 हजार रूपए जब्त किए गए हैं ।
शराब जब्ती के मामले में सबसे ज्यादा बिलासपुर में एक हज़ार एक सौ 41 लीटर इसके बाद महासमुंद में एक हज़ार 80 लीटर तथा इसके बाद रायपुर में 773 लीटर शराब जब्त की गई है। वहीं सबसे कम बस्तर में 216 लीटर इसके बाद कांकेर में 240 लीटर तथा सरगुजा में 311 लीटर शराब आचार संहिता लगने के बाद जब्त की गई है ।
16 अप्रैल तक जब्तशुदा इन वस्तुओं में 5 करोड़ 63 लाख 76 हजार 605 रूपए नकद शामिल है, वहीं इस दौरान 6 हजार 222 लीटर शराब जब्त की गई है, जिसकी कीमत 11 लाख 4 हजार 719 रूपए है। सघन जाँच अभियान के तहत अधिकारियों ने अवैध लैपटाप, साड़ी, प्रेशर कुकर आदि भी जब्त किए हैं, जिनकी कीमत 76 लाख 24 हजार 234 रूपए है। साथ ही 16 लाख पचास हजार रूपए के आभूषण तथा रत्न भी शामिल हैं ।

रायपुर । भारतीय जनता पार्टी प्रवक्ता सच्चिदानंद उपासने ने प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और उनकी चाटुकार मंडली द्वारा भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह पर लगातार किये जा रहे प्रहार को सस्ती राजनीति बताया है।
उपासने ने कहा कि डॉ. रमन सिंह न केवल भाजपा के अपितु पूरे प्रदेश के सर्वमान्य आदरणीय नेता हैं, और चरित्र हनन के कांग्रेसी कुटिल प्रयासों का मुकाबला साहस, धैर्य व सत्य के साथ करने के लिए अगर भाजपा कार्यकर्ता डॉ. रमन सिंह के साथ खड़े हैं तो कांग्रेसियों के पेट में क्यों दर्द हो रहा है ।
उपासने ने कहा कि जिन लोगों को अपने आरोपी और जमानतशुदा मुख्यमंत्री के साथ खड़े होने में जरा भी शर्म नहीं आ रही है और जिनको अपने जमानतशुदा राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी और उनके खानदान की चाटुकारिता करते हुए लाज तक नहीं आ रही है, वे लोग भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री की सौजन्यता व सौम्यता का अनुचित लाभ लेकर साजिशाना अभियान चला रहे हैं और जब तक यह कांग्रेसी षड्यंत्र तार-तार नहीं हो जाता, भाजपा का हर कार्यकर्ता डॉ. रमन सिंह के साथ खुद को खड़ा रखेगा, यह बात कांग्रेसी गांठ बांध लें।

रायपुर ।  रायपुर में आज महावीर जयंती धूमधाम से मनाई जा रही है. दादा बाड़ी स्थित दिगंबर जैन मंदिर को भव्य तरीके से सजाया गया है. सुबह दिगंबर जैन मंदिर से भव्य शोभायात्रा निकाली गई. शोभायात्रा रथ में भगवान महावीर की प्रतिमा विराजमान किया गया ।
इसमें भजन मंडली द्वारा महावीर के संदेश को गाया गया. जीवंत झांकियों के माध्यम से महावीर के अहिंसा, जियो और जीने दो व शाकाहार का संदेश दिया. शोभायात्रा मंदिर से निकलकर शहर के कई इलाकों में होते हुए मंदिर पहुंची. शाम छह बजे भगवान की महाआरती की गई ।
सांस्कृतिक कार्यक्रम और दर्जनों मंडली के बीच भजन स्पर्धा होगी. इस मौके पर विशाल भंडारा का आयोजन किया गया. महोत्सव को सफल बनाने में कार्यकारिणी एवं आयोजन समिति जोर-शोर से जुटी हुई है. तो वहीं आलोक जैन ने महावीर जयंती की सभी को शुभकामनाएं दी गई ।

 रायपुर ।  छत्तीसगढ़ में आमसभा के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ऊपर आचार संहिता उल्लंघन का आरोप लगाते हुए कांग्रेस ने मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी को ज्ञापन सौंपा है. ज्ञापन में कांग्रेस ने निर्वाचन आयोग से स्वतः संज्ञान लेने की अपील की है. कांग्रेस ने पीएम मोदी के ऊपर 72 घंटे तक चुनाव प्रचार पर रोक लगाने की मांग की है ।
कांग्रेस नेत्री किरणमयी नायक के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी को सौंपे ज्ञापन में कहा है कि दिनांक 16 अप्रैल 2019 को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की छत्तीसगढ़ के कोरबा एवं भाटापारा दो स्थानों पर चुनावी सभा हुई थी, जिसकी विडियों रिकार्डिंग निर्वाचन आयोग द्वारा भी करायी गयी होगी. आयोग द्वारा उसका अवलोकन कर स्वतः संज्ञान लेते हुए त्वरित कार्रवाई किया जाए. क्योंकि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने चुनाव आयोग एवं माननीय उच्चतम न्यायालय के स्पष्ट निर्देशों का उल्लंघन करते हुये अपने चुनावी भाषणओं में लगातार जतिगत भावनाओं को भड़काकर भाजपा के पक्ष में वोट करने की अपील कर चुनाव आयोग के निर्देशों का खुलेआम उल्लंघन कर रहे हैं. कांग्रेस ने कहा है कि इसमें साहू समाज की भावनाओं का पीएम भड़काने का काम कर रहे हैं ।
कांग्रेस ने अपनी शिकायत मे आगे कहा है कि इस बार के दौरे में नरेन्द्र मोदी ने जाति के आधार पर वोट अपील के साथ ही इन पुनः भारतीय सेना के शौर्य वर्णन के आधार पर सेना के नाम से वोट अपील कर उच्चतम न्यायालय एवं चुनाव आयोग के निर्देशों का पुनः उल्लंघन किया है ।
कांग्रेस की मांग है कि आयोग इस मामले में तत्काल संज्ञान में लेते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ 72 घंटे तक चुनाव प्रचार करने पर रोक लगाए जाने का ओदश जारी करें. इसके साथ ही कांग्रेस ने आयोग से मांग की है कि भाजपा नेताओं और पूर्व सीएम रमन सिंह को भी इसकी सूचना देवें कि यदि किसी भी चुनावी सभा में सेना के शौर्य का वर्णन कर चनावी भाषण दिये जाने की दशा में उनके खिलाफ चुनावी आचार संहिता उल्लंघन की कार्यवाही की जाएगी ।

रायपुर । छत्तीसगढ़ का महासमुंद लोकसभा सीट पर राज्य बनने के बाद हुए तीन आम चुनावों में से दो ने देश- विदेश में सुर्खियां बटोरी। राज्य बनने के बाद 2004 में हुए पहले आम चुनाव में इस सीट से दो कांग्रेसी दिग्गज आमने- सामने थे। कांग्रेस ने चार महीने पहले राज्य की सत्ता खोने वाले अजीत जोगी को यहां से प्रत्याशी बनाया तो भाजपा ने कांग्रेस के पूर्व केंद्रीय मंत्री पं. विद्याचरण शुक्ल को कमल निशान थमा दिया।
पूरे चुनाव अभियान के दौरान दोनों-तरफ से जोरदार प्रचार अभियान चला, लेकिन मतदान के ठीक दो दिन पहले जोगी सड़क दुर्घटना का शिकार हो गए। हादसा इतना भयानक था कि जोगी के बचने की उम्मीद नहीं थी। कहा जाता है कि इससे जोगी के पक्ष में सहानुभूति लहर चली। जोगी एक लाख से अधिक मतों से जीत गए, लेकिन हादसे के कारण जिंदगीभर के लिए चलने- फिरने में असमर्थ हो गए। 2014 में जोगी ने फिर इस सीट से भाग्य आजमाया। जोगी हार गए, लेकिन एक नाम के 10 से अधिक प्रत्याशियों की वजह से यह सीट चर्चा में आई।
इस वजह से वीआइपी
जोगी : इंजीनियरिंग कॉलेज के प्रोफेसर से पहले आईपीएस फिर आईएएस बने जोगी ने सरकारी नौकरी छोड़कर 1986 में कांग्रेस प्रवेश किया और राज्यसभा सदस्य बन गए। 1998 में रायगढ़ लोकसभा सीट से सांसद चुने गए। लंबे समय तक कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता रहे और छत्तीसगढ़ बना तो वे राज्य के पहले मुख्यमंत्री बनाए गए।
टिकट की भूमिका- वर्ष 2000 में छत्तीसगढ़ अलग राज्य बना तो जोगी राज्य के पहले मुख्यमंत्री बने। नवंबर 2003 में जोगी अपनी मरवाही सीट जीत गए, लेकिन सत्ता हाथ से निकल गई। पार्टी की हार के लिए जोगी को जिम्मेदार ठहराया गया। इस बीच मई 2004 के आम चुनाव में उन्होंने महासमुंद सीट से पार्टी का टिकट हासिल कर लिया।
कांग्रेस से अलग अपनी राह तलाश रहे- जोगी करीब दो वर्ष पहले कांग्रेस से अलग हो चुके हैं। उन्होंने अपनी अलग क्षेत्रीय पार्टी जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जोगी) बनाई है। फिलहाल वे अपनी परंपरागत मरवाही सीट से विधायक हैं।
शुक्ल : अविभाजित मध्यप्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री पं. रविशंकर शुक्ल के पुत्र विद्याचरण शुक्ल की गिनती कद्दावर केंद्रीय नेताओं में होती है। शुक्ल लंबे समय तक केंद्र में मंत्री रहे। शुक्ल की गिनती संजय गांधी के बेहद करीबी नेताओं में होती थी। उनके बड़े भाई पं. श्यामाचरण शुक्ल मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री रहे।
टिकट की भूमिका- वर्ष 2000 में राज्य बना तो मुख्यमंत्री पद के दावेदार कांग्रेसियों में शुक्ल सबसे ऊपर थे, लेकिन पार्टी ने उन्हें दरकिनार कर दिया। इसके बाद लगातार पार्टी में उनकी उपेक्षा होती रही। इस बीच 2002 में उन्होंने एनसीपी की यहां नींव रखी। पार्टी ने राज्य की सभी 90 सीटों पर चुनाव लड़ा, लेकिन केवल एक सीट पर जीत मिली, हालांकि कांग्रेस को सत्ता से बाहर करने का श्रेय इन्हें भी मिला। शुक्ल ने भाजपा प्रवेश किया और महासमुंद लोकसभा सीट से टिकट मिल गई।
झीरम के शहीद : 2013 के विधानसभा चुनाव से पहले शुक्ल कांग्रेस की परिवर्तन यात्रा में शामिल होने बस्तर गए थे। वहां झीरमघाटी में नक्सलियों ने कांग्रेस के काफिले पर हमला कर दिया। इसमें पार्टी के तत्कालीन प्रदेश अध्यक्ष नंदकुमार पटेल समेत कई नेताओं की मौत हो गई। शुक्ल भी घायल हो गए थे और उपचार के दौरान उनका निधन हो गया।
इस वजह से रही यादगार
मतदान के ठीक दो दिन पहले चुनाव प्रचार के दौरान जोगी सड़क हादसे का शिकार हो गए। लंबे उपचार के बाद उनकी जान तो बच गई, लेकिन जोगी चलने- फिरने में असमर्थ हो गए। तभी से वे व्हील चेयर पर हैं।
दूसरे चुनाव को भी जोगी ने बना दिया यादगार
जोगी ने 2014 में फिर महासमुंद सीट से लोकसभा का चुनाव लड़ा। इस बार उनका मुकबाला भाजपा के सिटिंग एमपी चंदूलाल साहू से था। इस चुनाव में महासमुंद सीट से एक साथ 11 चंदूलालों ने नामांकन दाखिल किया और लड़ा भी। इसे जोगी की ही रणनीति माना जाता है। एक नाम वाले इतने लोगों के एक साथ चुनाव लड़ने यह सीट फिर चर्चा में आई। 2014 का चुनाव जोगी करीब 12 सौ वोट से हार गए।
इस बार- फिलहाल यह सीट भाजपा के कब्जे में है लेकिन पार्टी ने अपने मौजूदा सांसद चंदूलाल साहू का टिकट काट दिया है। पार्टी ने उनके स्थान पर चुन्नीलाल साहू के स्र्प में नए चेहरे को मैदान में उतारा है। वहीं, कांग्रेस ने अभनपुर विधानसभा सीट से लगातार दूसरी बार के विधायक धनेंद्र साहू को टिकट दिया। साहू पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष हैं।

रायपुर ।   पुलिस ने आईपीएल क्रिकेट मैच में 50 लाख रुपए के सट्टा-पट्टी के साथ चार आरोपी को पकड़ा है. आरोपियों से 9 मोबाईल फोन व  22,200 हजार रुपए नगदी जब्त की गई. न्यू राजेंद्र नगर थाने में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है ।
पुलिस ने बताया कि मुखबिर से न्यू राजेन्द्र नगर क्षेत्र के हिमालया हाईट्स में आईपीएल क्रिकेट पंजाब एवं राजस्थान के मैच में आनलाईन सट्टा खिलाने की जानकारी दिया. विशेष पुलिस टीम ने मुखबिर द्वारा बताए हुलिये के आधार पर उक्त स्थान पर जाकर तस्दीक किया. वहां एक व्यक्ति अपने हाथ में मोबाईल लेकर उपयोग करते हुए पाया गया. पुलिस ने जब उस व्यक्ति से पूछताछ किया तो वह भागने का प्रयास किया, जिसे घेराबंदी कर पकड़ लिया ।
उससे कड़ाई से पूछताछ करने पर वह अपना नाम रवि दखवानी बताया. साथ ही यह भी बताया कि सुमीत रंगलानी आईपीएल के क्रिकेट मैचों पर दांव लगाकर सट्टा जुआ का पैसा वसूली करता है. वह भगवान दास पंजवानी एवं मनोज कुमार जैन नामक दो व्यक्ति से लाईन लेकर सट्टा खिलाने का खुलासा किया ।
दोनों को रंगे हाथ पकड़ने के लिए हिमालया हाईट्स पर रेड की कार्रवाई की गई, जहां भगवान दास पंजवानी एवं मनोज कुमार जैन सट्टा खिलाते पकड़ा गया ।
आरोपियों के निशानदेही पर 9 मोबाईल एवं 22,200 रुपए नगदी जब्त किया गया. आरोपियों के विरुद्ध थाना न्यू राजेंद्र नगर में अपराध दर्ज किया गया. आरोपियों के विरूद्ध पृथक से प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत भी कार्यवाही की जा रही है ।

रायपुर । सभी 11 सीटों पर जीत का दावा करते हुए सांसद रमेश बैस ने कहा, 11 तारीख को हुए पहले चरण के मतदान से समझ आ गया है कि बीजेपी सभी 11 सीटों में जीत रही है। रायपुर लोकसभा भाजपा का गढ़ है और यहां भाजपा ही चुनाव जीतेगी। पिछले दिनों भाजपा विधायक भीमा मंडावी की नक्सलियों द्वारा हत्या करने के बाद ऐसा लग रहा था। इसका मतदान पर असर पड़ेगा लेकिन ऐसा नहीं हुआ। इससे यह साबित होता है कि अब बस्तर के आदिवासियों के मन से नक्सलियों का खौफ खत्म होता जा रहा है।
प्रदेश में 17वीं लोकसभा चुनाव के 11 अप्रैल को बस्तर में हुए पहले चरण के मतदान में उम्मीद से ज्यादा वोटिंग हुई। उक्त बातें भाजपा के पूर्व केन्द्री मंत्री और सांसद रमेश बैस पत्रकार वार्ता के दौरान कहीं। उन्होंने कहा, इतने बड़े हादसे के बाद भी भाई भीमा के परिवार के लोग ने अपने क्षेत्र के ग्रामीणों के साथ डाला। सभी लोग मोदी जी को प्रधानमंत्री बनाने में लगे हैं। पिछले 5 सालों में विकास के कई मार्ग खुले हैं।
पहले प्रधानमंत्री विदेश यात्रा पर जाया करते थे तो पता नही लगता था कब कहां जा रहे हैं। लेकिन अब प्रधानमंत्री मोदी जी जहां जाते है वहां लोगो का तांता लग जाता है। पहले हमारे सैनिकों को आतंकवादी मार देते थे लेकिन कुछ नही होता था, पर मोदी जी ने कहा की घर में घुस कर मरेंगे और उन्होंने किया भी। सांसद रमेश बैस ने कहा, एक समय था जब कांग्रेस के विरूद्ध सभी पार्टियां एक जुट थी और अब भाजपा को हराने के लिए सभी दल एक जुट हो गए हैं। भाजपा ही एक ऐसी पार्टी है को अकेले पूरे देश में चुनाव लड़ रही है। सभी लोग चाहते है की देश में एक मजबूत सरकार बने और मजबूत सरकार केवल भाजपा ही दे सकती है। रमेश बैस ने पत्रकारों के सामने कहा, देश को आगे बढ़ाने और सुरक्षा देने का काम मोदी जी ने किया है। गांवों में बिजली, गैस कनेक्शन पहुंचाने का काम मोदी जी ने ही किया हैै। उन्होंने कहा, भारतीय जनता पार्टी कभी भी सामाज के नाम पर राजनीति नहीं करती। भारतीय जनता पार्टी जैसे पहले थी आज भी वही है। जातिगत राजनीति को हमने कभी भी समर्थन नहीं दिया। प्रधानमंत्री जी ने साहू वाला ये बयान कांग्रेस के द्वारा आपत्तिजनक बयान दिए जाने के बाद दिया था। रमेश बैस ने टिकिट नहीं मिलने वाले सवाल पर कहा कि ये पार्टी का निर्णय है। अगर कोई रमेश बैस को जनता है तो वो सिर्फ भारतीय जनता पार्टी की वजह से। पार्टी ने अगर मुझे चुनाव नहीं लड़ाया होता तो आज मुझे कोई नहीं जानता। मैं आज जो भी हूं ये सब पार्टी की वजह से।

रायपुर. नरेंद्र मोदी और अमित शाह आप कल्पना नहीं कर सकते, उससे ज्यादा भी नीचे गिर सकते हैं. कल का भाषण उसी स्तर का था. छत्तीसगढ़ में जातिवाद नहीं चलता, जिस प्रकार का भाषा का वो प्रयोग किए हैं, चोरी किए हैं तो पूरी जाति को लपेटने की कोशिश कर रहे हैंं. यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण हैं, प्रधानमंत्री को इस प्रकार की भाषा का उपयोग नहीं करना चाहिए. यह बात मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सरगुजा और कोरबा जिले में चुनाव प्रचार के लिए रवाना होने से पहले पत्रकारों से चर्चा करते हुए कही.

बघेल ने कहा कि कोई व्यक्ति यदि चोरी करता है, डकैती करता है तो वह किसी भी जाति या धर्म का मानने वाला होता है. इसका मतलब यह थोड़ी है कि जाति धर्म के लोग भी उस प्रकार के हत्यारे या लुटेरे हो जाएंगे, यह बिल्कुल गलत बात है. कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के दौरे को लेकर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा, 20 तारीख को बिलासपुर के सकरी में राहुल गांधी आएंगे, ढाई से 3 बजे की बीच उनकी सभा होगी. 4:30 से 5 बजे के बीच वैशाली नगर में उनकी आमसभा होगी. स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव भी साथ रवाना हुए.
गौरतलब है कि कोरबा में मंगलवार को प्रचार के लिए पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने भाषण में भावनात्मक रूप से साहू समाज को अपने पक्ष में जोड़ने के लिए राहुल गांधी के चोर वाले बयान को भी उठाते हुए कहा था कि उन्होंने (राहुल) आरोप लगाया कि सारे मोदी चोर क्यों है? अब आप ये बताइए यहां जो साहू समाज है, अगर वो गुजरात में होते उनको मोदी कहते. तो क्या सबके सब चोर हैं क्या? इनकों ये शोभा देता है क्या? ये भाषा बोली जाती है क्या? ऐसी भाषा बोलने वाले को उखाड़ फेंकना है.
मोदी अपने इस भाषण के जरिए एक तीर से दो निशाना लगाने का प्रयास किया था. इसमें एक तो उन्होंने कांग्रेस और राहुल गांधी को साहू समाज के खिलाफ तो दूसरी ओर खुद को साहू समाज के पक्ष में खड़ा कर लिया.

रायपुर। आरटीओ कार्यालय में भ्रष्टाचार किस तरह से हावी है, इसका नजारा मंगलवार शाम को देखने को मिला। कांग्रेस सरकार में महिला बाल विकास मंत्री अनिला भेड़िया के देवर राकेश भेड़िया की गाड़ी का फिटनेस कराने गए एजेंट और किसान कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री हरीश रहेजा से ट्रांसपोर्टर इंस्पेक्टर रामकुमार ध्रुव और टीएसआइ पंचम द्वारा अवैध उगाही के लिए रखे गए दो बाहरी तत्वों ने एक हजार रुपये अतिरिक्त मांगा।

एजेंट ने पैसा देने से इन्कार किया तो दोनों ने मारपीट कर टाइल्स मारकर सिर फोड़ दिया। घटना की शिकायत पर खमतराई पुलिस ने एफआइआर दर्ज कर ली है। विधायक विकास उपाध्याय ने घटना की निंदा करते हुए आरटीओ कार्यालय में व्याप्त भर्राशाही के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। मारपीट में घायल फाफाडीह, देवेंद्र नगर निवासी किसान कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री और आरटीओ एजेंट हरीश रहेजा (41) ने बताया कि उन्होंने सात ट्रकों का फिटनेस कराने के लिए आरटीओ कार्यालय में आवेदन जमा किया था। सभी गाड़ियों की बाकायदा फिटनेस फीस भी जमा कर दी थी। मंगलवार शाम को सवा चार बजे फिटनेस पता करने आरटीओ कार्यालय गया तो ट्रांसपोर्टर इंस्पेक्टर रामकुमार ध्रुव और टीएसआइ पंचम के कमरे में बैठे बाहरी युवक रमेश कुमार ध्रुव व मौसा ने फिटनेस चार्ज पर एक हजार रुपये और देने को कहा। हरीश ने निर्धारित फीस जमा करने की बात कही तो दोनों ने कहा, फिटनेस पास कराने का यह साहब का फीस है।
इस पर हरीश ने कहा कि मंत्री अनिला भेड़िया जी के देवर की गाड़ी है, देख लें और पैसा नहीं दे पाऊंगा। इतना सुनते ही रमेश ध्रुव व मौसा ने गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी देने लगे। इसी दौरान रमेश ने कार्यालय में रखी टाइल्स (ग्रेनाइट पत्थर) उठाकर हरीश के सिर पर दे मारा। इस हमले में सिर फट गया और खून निकलने लगा। मौके पर मौजूद प्रकाश पुजारा, प्रकाश कुकरेजा ने बीच-बचाव किया। हमले के बाद हो-हंगामा होते देख कर दोनों आरोपित वहां से भाग निकले। देर शाम हरीश की शिकायत पर पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ धारा 294, 506, 323, 34 के तहत अपराध कायम कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है।