Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
Browsing: रायपुर

panchayattantra24.-रायपुर। जग्गी हत्याकांड के एक आरोपी को मेकाहारा के आईसीयू ICU शिफ्ट किया गया है। सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर पिछले माह सरेंडर करने वाले आरोपी को चार दिन पहले स्वास्थ्य गत कारणों से मेकाहारा में भर्ती किया गया था। पहले सामान्य वार्ड में इलाज के बाद उसे आईसीयू शिफ्ट किया गया है। डॉक्टर उसके स्वास्थ्य को स्थिर बता रहे हैं। हालांकि उन्होंने यह नहीं बताया कि किन कारणों से आई सी यू शिफ्ट किया गया है। इधर जेल सूत्रों ने बताया कि इस मामले केे कुछ और आरोपियों की भी तबीयत बिगड़ सकती है । इसे लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है। बता दें कि कोल घोटाले के आरोपियों को जेल में दी गई वीआईपी सुविधा को लेकर जांच की खबरे आ रहीं हैं।
panchayattantra24.-रायपुर। सरगुजा जिले के विकासखण्ड अंबिकापुर अंतर्गत प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र नवानगर में प्रसूता द्वारा जमीन पर प्रसव किए जाने की घटना संज्ञान में आते ही स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने घटना की जांच के निर्देश दिए थे। मामले को लेकर स्वास्थ्य विभाग द्वारा जांच करवाई गई। जांच के दौरान बीएमओ, संस्था प्रभारी, बीपीएम, स्टॉफ नर्स, एएनएम एवं स्थानीय मितानिन उपस्थित रहे। जांच के तहत सभी के समक्ष उक्त प्रकरण के बारे में बयान लिया गया, तथा जच्चा-बच्चा प्रसूता महिला एवं नवजात बच्चों को देखा गया। प्रसव को लेकर प्रोटोकॉल का पालन नही करने वाले खण्ड चिकित्सा अधिकारी डॉ पी.एन. राजवाड़े को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया।
रात्रिकालिन स्टॉफ द्वितीय एएनएम श्रीमती मीना चौहान को तत्काल प्रभाव से हटाकर आयुष्मान मंदिर रेवापुर में कार्यादेशित किया गया। डयूटी में पदस्थ स्टॉफ नर्स बिना पूर्व सूचना के स्टॉफ नर्स कन्या पैंकरा कार्य में अनुपस्थित थी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया, निलंबन अवधि में संबंधित का मुख्यालय शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र नवापारा किया गया। निलबंन अवधि में संबंधित को जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी। स्वास्थ्य मंत्री जायसवाल ने विभाग के अधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं की भविष्य में भी ऐसी गंभीर लापरवाही करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाए और मरीजों के मानवीय पहलुओं का विशेष ध्यान रखा जाए।

panchayattantra24.-दिल्ली/रायपुर। नई दिल्ली के छत्तीसगढ़ सदन में आज मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नेशनल जूनियर और सब जूनियर प्रतियोगिताओं में भाग लेने आए छत्तीसगढ़ के 32 पावर लिफ्टर खिलाड़ियों से मुलाकात की। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा और उप मुख्यमंत्री अरुण साव भी उपस्थित थे। मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनकी मेहनत और समर्पण की सराहना की। chhattisgarh news उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा और अरुण साव ने भी खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। खिलाड़ियों ने अपने अनुभव साझा किए और राज्य सरकार से मिल रहे समर्थन के लिए आभार व्यक्त किया।

panchayattantra24.-रायपुर। सतनामी समाज के विभिन्न संगठनों एवं प्रतिनिधियों की मांग पर गिरौदपुरी धाम के पवित्र अमरगुफा के नजदीक जैतखांभ में हुई तोड़फोड़ पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देशानुसार उपमुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री विजय शर्मा ने इस पूरे मामले के लिए न्यायिक जांच कराने की घोषणा की है। उन्होंने दो टूक कहा की प्रदेश में कही भी सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाली घटनाओं को बर्दाश्त नही की जाएगी ऐसे कृत्य करने वाले दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही सभी से सामाजिक साैहार्द्र बनाए रखने की अपील भी की है। गौरतलब है की विगत दिनों 15-16 मई रात को पूज्य जैतखांभ को क्षति पहुंचाने की कोशिश की गई थी।
panchayattantra24.- रायपुर। नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी रायपुर के केमिस्ट्री डिपार्टमेंट में एसोसिएट प्रोफेसर डॉक्टर कफील अहमद सिद्दिकी और उनके पीएचडी छात्र विभव शुक्ला ने एक महत्वपूर्ण खोज की है। उन्होंने एक क्रांतिकारी टेस्ट स्ट्रिप विकसित की है, जो मानव शरीर में यूरिन के माध्यम से शुगर लेवल की जांच कर सकती है। यह नवाचार ग्लूकोज मॉनिटरिंग के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण कदम है, विशेष रूप से उन लोगों के लिए जो रक्त परीक्षण से डरते हैं।
पारंपरिक रूप से, ग्लूकोज स्तर को डायबिटीज जैसी बीमारी की जांच के लिए ब्लड सैंपल blood sample लेकर मापा जाता है। हालांकि, उच्च रक्त ग्लूकोज स्तर ग्लाइकोसुरिया का कारण बन सकता है, जहां ग्लूकोज यूरिन में चला जाता है। सामान्यतः, यूरिन में ग्लूकोज स्तर नगण्य या अनुपस्थित होते हैं, लेकिन जब यह मौजूद होता है, तो यह अक्सर डायबिटीज या अन्य मेटाबोलिक समस्याओं को दर्शाता है। उच्च शुगर स्तर या हाइपरग्लाइसीमिया, अगर नियंत्रित नहीं किया गया तो, गंभीर स्वास्थ्य जटिलताओं का सामान करना पड़ सकता है, जिससे किडनी, नसें, दिल और रक्त वाहिकाओं सहित अंग प्रभावित हो सकते हैं। इंटरनेशनल डायबिटीज फेडरेशन के अनुसार, 2019 में लगभग 463 मिलियन वयस्क डायबिटीज से पीड़ित थे, और यह संख्या 2045 तक 700 मिलियन तक पहुंचने की संभावना है। डायबिटीज के नियंत्रण और इसकी जटिलताओं को रोकने के लिए नियमित मॉनिटरिंग करना बहुत आवश्यक है।
इसके बावजूद कई लोग, विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों के लोग, रक्त परीक्षण से डरते हैं और गलतफहमियों के शिकार बनते हैं। वे मानते हैं कि एक बूंद खून बनने में एक साल लगता है, जिससे वे शुगर परीक्षण के लिए रक्त देने से बचते हैं। यह नई यूरिन-आधारित टेस्ट स्ट्रिप इस डर को कम कर सकती है, जिससे ग्लूकोज मॉनिटरिंग अधिक सुलभ हो जाएगी। डॉ. सिद्दिकी और उनकी टीम ने अपने अनुसंधान में आयरन डोप्ड जिंक-बेस्ड मेटल-ऑर्गेनिक फ्रेमवर्क का उपयोग किया, जिसमें उन्होंने क्रिएटिनिन, क्रिएटिन, यूरिया, ग्लूकोज आदि सहित यूरिन के विभिन्न घटकों का परीक्षण किया। उन्होंने पाया कि मेटल-ऑर्गेनिक फ्रेमवर्क जब ग्लूकोज के संपर्क में आता है, तो यूवी लाइट पड़ने पर हरा रंग प्रदर्शित करता है, जबकि अन्य घटक कोई अलग रंग नहीं दिखाते। उन्होंने 80 से 300 एमजी/डीएल की ग्लूकोज सांद्रता का परीक्षण किया और 110 और 150 एमजी/डीएल की सांद्रता पर एक विशिष्ट तीव्रता देखी। यह परीक्षण मॉडल यूरिन और वास्तविक यूरिन दोनों का उपयोग करके किया गया, जिससे ऐसी टेस्ट स्ट्रिप्स का विकास हुआ जो इन ग्लूकोज सांद्रताओं पर एक विशिष्ट रंग परिवर्तन दिखाती हैं।
उन्होंने फ़िल्टर पेपर और डोप्ड जिंक-बेस्ड मेटल-ऑर्गेनिक फ्रेमवर्क कम्पोजिट से एक नवाचारी डिटेक्शन स्ट्रिप विकसित की। इस स्ट्रिप ने अल्ट्रा-सेंसिटिव डिटेक्शन क्षमताओं का प्रदर्शन किया, जो विभिन्न ग्लूकोज सांद्रताओं के अनुरूप ध्यान देने योग्य फ्लोरोसेंस परिवर्तन दिखाती है। इसका यह गुण इसे वास्तविक दुनिया के अनुप्रयोगों के लिए एक व्यावहारिक उपकरण बनाता है। डॉ. सिद्दिकी ने कहा कि उनका लक्ष्य ऐसी टेस्ट स्ट्रिप्स बनाना है जो सस्ती और आसानी से उपलब्ध हो, जैसे कि गर्भावस्था परीक्षण स्ट्रिप्स। उनका उद्देश्य यह है कि आम लोग अपने घर में बिना किसी इंजेक्शन या रक्त के अपने शुगर स्तर की सही जांच यूरिन के माध्यम से कर सकें। उनका अब तक किया गया यह शोध कार्य ‘मटेरियल्स टुडे केमिस्ट्री’ में प्रकाशित हुआ है। कहा जा रहा है कि यह अभूतपूर्व अनुसंधान ग्लूकोज डिटेक्शन के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण प्रगति लाएगा। यूरिन ग्लूकोज मॉनिटरिंग के लिए जिंक-एमओएफ और इसके आयरन-डोप्ड कम्पोजिट का विकास एक नया, कुशल और उपयोगकर्ता-अनुकूल तरीका प्रस्तुत करता है। दुनिया भर में उच्च शुगर स्तर से प्रभावित लाखों लोगों के साथ, यह नवाचार डायबिटीज प्रबंधन और समग्र स्वास्थ्य परिणामों में सुधार के लिए अपार संभावनाएं बनाएगा। नवविकसित एमओएफ-आधारित टेस्ट स्ट्रिप्स ग्लूकोज मॉनिटरिंग के लिए एक मानक उपकरण बनने की क्षमता रखती हैं, विशेष रूप से उन सेटिंग्स में जहां रक्त परीक्षण व्यावहारिक नहीं होतेहैं। अनुसंधान टीम की उन्नत, पर्यावरण-अनुकूल टेस्ट स्ट्रिप्स पर चल रही कार्यवाही भविष्य में और भी सुलभ और विश्वसनीय ग्लूकोज मॉनिटरिंग समाधान प्रदान करने हेतु प्रयासरत है।

panchayattantra24.-रायपुर। छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल(व्यापमं) की ओर से पीईटी, पीपीएचटी, प्री-एमसीए की प्रवेश परीक्षा 13 जून को होना है। इसके लिए प्रवेश पत्र जारी कर दिए गए हैं। अभ्यर्थी व्यापमं की वेबसाइट www.vyapam.cgstate.gov.in पर जाकर डाउनलोड कर सकते हैं। प्रवेश परीक्षा के माध्यम से प्रदेशभर के इंजीनियरिंग और फार्मेसी कालेजों में प्रवेश दिए जाएंगे।इंजीनियरिंग और फार्मेसी के लिए लगभग 40 हजार छात्र-छात्राओं ने आवेदन किया है। परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र में एक घंटे पहले पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही दो रंगीन फोटो और मतदाता पहचान पत्र, आधार कार्ड, पेन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस समेत अन्य फोटोयुक्त आइडी प्रुफ लेकर परीक्षा देने के लिए केंद्र में पहुंचना है।मूल पहचानपत्र के अभाव पर परीक्षार्थी को केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।

panchayattantra24-रायपुर। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान(IIT), मद्रास ने आज जेईई एडवांस्ड परीक्षा के रिजल्ट को घोषित कर दिया है। परिणाम को चेक करने के लिए लिंक को ऑफिशियल वेबसाइट पर सक्रिय कर दिया गया है। इस रिजल्ट में कुल 48,248 स्टूडेंट्स ने सफलता हासिल की है, जिसमें 7,964 फीमेल कैंडिडेट्स शामिल हैं। इस परीक्षा में आईआईटी दिल्ली जोन के वेद लाहोटी ने टॉप किया है। वहीं फीमेल कैंडिडेट्स में आईआईटी बॉम्बे जोन की द्विजा धर्मेशकुमार पटेल ने टॉप किया है।
वहीं जेईई एडवांस्ड एग्जाम में रायपुर के रहने वाले रिदम केडिया ने देशभर में चौथा रैंक हासिल किया है। रिदम ने कोटा राजस्थान से पढ़ाई की और वहीं से एग्जाम दिया है। रिदम ने परीक्षा में कुल 360 में से 337 मार्क्स मिले हैं।
वहीं राजधानी के ही भाग्यांश साहू ने देश में 86 वां रैंक हासिल किया है। इससे पहले भाग्यांश साहू सेशन 2 एग्जाम 99.98 परसेंटाइल हासिल कर स्टेट टॉपर रहे। उनकी आल इंडिया रैंकिंग 321 थी। वहीं भाग्यांश का सेशन-1 में 99.95 परसेंटाइल आया था। कैंडिडेट्स JEE एडवांस्ड की ऑफिशियल वेबसाइट jeeadv.ac.in पर जाकर अपना रिजल्ट चेक कर सकते हैं।
सीएम ने दी बधाई
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बधाई देते हुए X पर लिखा कि, शाबाश बेटा। जेईई एडवांस परीक्षा में राजधानी रायपुर के होनहार छात्र रिदम केडिया ने देशभर में चौथा स्थान हासिल कर हम सबको गौरवान्वित किया है। इस शानदार सफलता के लिए बेटे रिदम को हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं।

panchayattantra24.-रायपुर। खाली प्लॉट पर 7 साल बाद भी मकान बनाकर नहीं देना बिल्डर को भारी पड़ा. खरीदार के शिकायत पर छत्तीसगढ़ रेरा ने बिल्डर के विरुद्ध अहम फैसला सुनाते हुए किश्तों में भुगतान किए गए 32 लाख के साथ 17 लाख ब्याज देने का आदेश दिया है. बिल्डर को छह माह के भीतर मूलधन और ब्याज की रकम लौटानी होगी. प्रकरण के अनुसार, बैकुंठपुर में रहने बाली श्यामवती पटेल ने चंद्रा टाउन भाठागांव में 32 लाख रुपए में 1395 वर्गफीट का प्लॉट खरीदा था. प्लॉट बेचते समय बिल्डर ने 990 वर्गफीट का सिंगल मकान बनाने का अनुबंध भी किया था, जिसके लिए उन्होंने नगर निगम से नक्शा भी पास करवा लिया था.
लेकिन श्यामवती को बिल्डर ने तय सीमा के भीतर मकान का पजेशन नहीं दिया. उन्होंने बिल्डर अनेकों बार मिलकर पजेशन मांगा. हर बाद उन्हें टाल दिया गया. अंत में बिल्डर ने यह तर्क दिया कि उन्होंने प्लॉट बेचने के लिए एग्रीमेंट किया था, उस पर मकान बनाकर देने का करार नहीं हुआ था. आखिरकार पीड़िता ने रेरा की शरण ली. दोनों पक्षों की सुनवाई के बाद रेरा अध्यक्ष संजय शुक्ला ने फैसला दिया कि मकान निर्माण के लिए 32.43 लाख रुपए प्राप्त करने के बावजूद बिल्डर ने उन्हें मकान बनाकर नहीं दिया, जिससे अनुबंध की शर्त का उल्लंघन हुआ है. इसलिए प्रोजेक्ट के संचालक को श्यामवती को प्लॉट की मूल रकम 32.43 लाख रुपए के साथ ही जुलाई 2019 से जुलाई 2024 तक ब्याज 17.50 लाख रुपए कुल 50 लाख 2328 रुपए देने का आदेश दिया.

panchayattantra24.-रायपुर. दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के लिए अत्यंत गर्व का विषय है कि इस रेलवे में कार्यरत सहायक लोको पायलट स्नेह सिंह बघेल को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शपथ ग्रहण समारोह में भाग लेने हेतु आमंत्रित किया गया है. यह प्रतिष्ठित निमंत्रण बघेल की वंदे भारत ट्रेन टीम के एक प्रमुख सदस्य के रूप में अनुकरणीय सेवा और समर्पण के लिए है. दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे द्वारा संचालित वंदे भारत ट्रेन बिलासपुर और नागपुर के बीच अपनी निर्बाध कनेक्टिविटी के लिए प्रसिद्ध है. अपनी गति क्षमताओं और एयरलाइन जैसी सुविधाओं, स्वचालित दरवाज़े, सेंसर-आधारित नल और पूरी तरह से वातानुकूलित अंदरूनी हिस्सों जैसी शीर्ष सुविधाओं के साथ, वंदे भारत ट्रेन आधुनिक रेलवे परिवहन के लिए बेंचमार्क स्थापित करती है. यह ट्रेन छत्तीसगढ़ की संस्कारधानी बिलासपुर से प्रतिदिन प्रातः 6.45 बजे प्रस्थान कर छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर, एजुकेशन हब दुर्ग-भिलाई, राजनांदगांव, माँ बमलेश्वरी की नगरी डोंगरगढ़ तथा राइस सिटी के नाम से मशहूर गोंदिया को जोड़ते हुए 12.15 बजे नागपुर पहुँचती है. इसी प्रकार वापसी में भी नागपुर से दोपहर 14.05 बजे प्रस्थान कर सायं 19.25 बजे बिलासपुर पहुंचती है.

panchayattantra24.-रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज नई दिल्ली के द्वारका स्थित ट्राइबल यूथ हॉस्टल का दौरा किया। इस अवसर पर उन्होंने हॉस्टल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया एवं छात्रों से संवाद कर उन्हें सफलता के लिए प्रोत्साहित किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री के साथ स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, आदिम जाति अनुसूचित जनजाति विकास मंत्री रामविचार नेताम एवं लुण्ड्रा विधायक प्रबोध मिंज भी साथ रहे।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने हॉस्टल की सुविधाओं का जायजा लिया और देखा कि छात्रों को किस प्रकार की सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि छात्रों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए और किसी भी प्रकार की कमी को तुरंत दूर किया जाए। मुख्यमंत्री ने हॉस्टल की सफाई, सुरक्षा और खानपान की गुणवत्ता पर विशेष जोर दिया। छात्रों के साथ बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री श्री साय ने बताया कि यूपीएससी अनुसूचित जाति, जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थियों के सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी के लिए यूथ हॉस्टल में 50 बच्चों के सीटों को बढ़ाकर अब 200 बच्चों को तैयारी कराने का प्रावधान बजट में किया गया है। उनके लिए हॉस्टल व पीजी की व्यवस्था की जाएगी। यह कदम छात्रों की शिक्षा और करियर को बेहतर बनाने की दिशा में कारगर सिद्ध होगा। वहीं छत्तीसगढ़ के ज्यादा से ज्यादा बच्चे सिविल सेवा में सलेक्ट हो सकेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार हमेशा छात्रों के विकास और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रतिबद्ध है और ऐसे ही प्रयासों से हम अपने राज्य के युवाओं को नई ऊंचाइयों तक पहुंचा सकते हैं।
छात्रों को प्रेरित करते हुए साय ने कहा कि वे छत्तीसगढ़ का भविष्य हैं, अपने लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए कड़ी मेहनत करें। छात्रों से उनकी पढ़ाई और भविष्य की योजनाओं के बारे में चर्चा करते हुये उनका मार्गदर्शन किया। मुख्यमंत्री ने छात्रों को हरसंभव मदद का आश्वासन दिया। मुख्यमंत्री ने हॉस्टल के अधिकारियों से बातचीत में छात्रों की हर जरूरत का ध्यान रखने हेतु निर्देशित किया। उन्होंने अधिकारियों को छात्रों के शैक्षिक और मानसिक विकास के लिए विभिन्न कार्यक्रमों और कार्यशालाओं का आयोजन करने का सुझाव दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि छात्रों को एक सकारात्मक और प्रेरणादायक वातावरण प्रदान करना हमारी जिम्मेदारी है। मुख्यमंत्री के इस दौरे ने छात्रों में नया उत्साह और आत्मविश्वास भर दिया है। छात्रों ने मुख्यमंत्री से खुलकर अपनी बातें साझा की एवं उन्हें धन्यवाद दिया।