Browsing: दिल्ली

panchayattantra24.com,नई दिल्‍ली । कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक में पार्टी सोनिया अध्यक्ष सोनिया गांधी ने पार्टी के असंतुष्ट नेताओं के समूह जी-23 को जवाब दिया है. सोनिया गांधी ने अपने शुरुआती संबोधन में कहा कि वो ही कांग्रेस की पूर्णकालिक अध्यक्ष हैं. सोनिया ने अपने संबोधन में कहा, “यदि आप मुझे ऐसा कहने की अनुमति देते हैं तो मैं कहती हूं कि मैं ही कांग्रेस की फुल टाइम अध्यक्ष हूं, मेरे लिए मीडिया के जरिये बात करने की जरूरत नहीं है.” सोनिया ने कहा कि हमने कभी भी लोक महत्व के मुद्दों पर टिप्पणी करने से इनकार नहीं किया. पार्टी में संगठन चुनाव पर सोनिया ने कहा कि संगठन चुनाव का पूरा खाका आपके सामने आ रहा है ।
 वहीं, संगठन के चुनाव पर सोनिया ने साफ कहा कि पूर्ण संगठनात्मक चुनावों का कार्यक्रम आपके सामने है. 30 जून 2021 को चुनावी रोडमैप को अंतिम रूप दिया गया था, लेकिन कोरोना के चलते चुनाव नहीं हो पाया. आप सभी इसे तय करें, पार्टी में किसी एक मर्जी नहीं चलेगी. सोनिया गांधी ने कहा कि पूरा संगठन कांग्रेस को दोबारा खड़ा करना चाहता है, लेकिन इसके लिए एकता और पार्टी के हितों को सर्वोपरि रखने की जरूरत है. उन्होंने पार्टी नेताओं को आत्म-नियंत्रण और अनुशासन का ख्याल रखने को भी कहा. बैठक में सोनिया गांधी ने मोदी सरकार को भी घेरा. उन्होंने कहा कि लखीमपुर खीरी की घटना बीजेपी की मानसिकता को दिखाती है कि वो किस तरह किसान आंदोलन को देखती है. तीनों काले कानून के खिलाफ किसान अपनी रक्षा के लिए संघर्ष कर रहा है, लेकिन सरकार उसकी चिंता नहीं है ।
बता दें कि कुछ ही दिन पहले कपिल सिब्बल ने कहा था कि कांग्रेस के फैसले कौन लेता है ये उन्हें समझ में नहीं आ रहा है. कांग्रेस CWC की बैठक में 57 नेताओं को न्यौता दिया गया था. इसमें से 5 नेता मीटिंग में शामिल नहीं हैं. पूर्व प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह बीमार हैं जबकि दिग्विजय सिंह मीटिंग में शामिल नहीं हुए हैं. इस मीटिंग में राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, राजस्थान सीएम अशोक गहलोत, पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल शामिल हैं. इसके अलावा जी-23 के नेता आनंद शर्मा भी बैठक में मौजूद हैं. CWC की बैठक से पहले सुरजेवाला ने केंद्र सरकार पर महंगाई को लेकर हमला किया है. उन्होंने ट्वीट कर कहा है कि आज फिर पेट्रोल-डीज़ल महंगा हो गया है. मोदी सरकार ने टैक्स न बढ़ाये होते तो पेट्रोल आज 66 रुपए और डीजल 55 रुपए लीटर होता. मोदी सरकार ने टैक्स लूट में नए कीर्तिमान स्थापित किये. आंकड़े गवाह हैं की जब कच्चे तेल के अंतर्राष्ट्रीय दाम घटें तो टैक्स बढ़ाया. उसका फायदा देश को नहींदिया।
 

panchayattantra24.com,नई दिल्‍ली । देश में कोरोना के नए मामलों में कभी उछाल आता है तो कभी इससे राहत मिलती दिखाई देती है. यही कारण है कि कोरोनावायरस पर नजर रखने वाले विशेषज्ञ तीसरी लहर को लेकर अभी भी डरे हुए हैं. स्‍वास्‍थ्‍य मंत्रालय के मुताबिक, पिछले 24 घंटों में देश में कोरोना संक्रमण के 15 हजार 981 नए केस सामने आए हैं, जबकि इस दौरान 166 मरीजों की मौत हुई है. कोरोना के नए मरीज मिलने के बाद अब देश में कुल संक्रमितों की संख्‍या 3 करोड़ 49 लाख 53 हजार 573 हो गई है ।
स्‍वास्‍थ्‍य मंत्रालय के मुताबिक, देश में अब तक कोरोना के 2 लाख 1 हजार 632 एक्टिव केस हैं, जबकि 3 करोड़ 33 लाख 99 हजार 961 लोग ठीक होकर अपने घर जा चुके हैं. वहीं अब तक कोरोना से 4 लाख 51 हजार 980 लोगों की मौत हो चुकी है. पिछले 24 घंटे में 8,36,118 लोगों को कोरोना वैक्‍सीन लगाई गई. वहीं देश में अब तक 97,23,77,045 लोगों को वैक्‍सीन लगाई जा चुकी है. केरल में शुक्रवार को जहां कोविड-19 से 67 मरीजों की मौत हो गई वहीं, जम्मू कश्मीर में पिछले 24 घंटे में महामारी से किसी की मौत नहीं हुई. केरल की स्वास्थ्य मंत्री वीणा जॉर्ज ने बताया कि राज्य में पिछले 24 घंटे के दौरान कोरोना वायरस से संक्रमण के 8,867 नए मामले आए, जिसके बाद केरल में महामारी की चपेट में आने वालों की कुल संख्या बढ़कर 48,29,565 हो गई है. राज्य में कोविड-19 से अब तक 26,734 मरीज अपनी जान गंवा चुके हैं. राज्‍य में अभी भी 94,756 मरीज उपचाराधीन हैं ।
महाराष्ट्र में शुक्रवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 2,149 नए मामले सामने आने के बाद संक्रमितों की कुल संख्या 65,88,429 हो गई है. इसके अलावा 29 और रोगियों की मौत के बाद मृतकों की तादाद 1,39,734 तक पहुंच गई है. महाराष्ट्र के स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक पिछले 24 घंटे में 1,898 लोगों के संक्रमण से उबरने के बाद ठीक हो चुके लोगों की कुल संख्या 64,15,316 हो गई है. कर्नाटक में कोरोना वायरस संक्रमण के 470 जबकि तेलंगाना में 104 नए मामले सामने आए. कर्नाटक के स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि राज्य में संक्रमण के 470 नए मामले सामने आने के बाद संक्रमितों की संख्या 29,82,869 जबकि नौ रोगियों की मौत के बाद मृतकों की तादाद 37,931 हो गई. विभाग ने बताया कि दिनभर में 368 लोगों के संक्रमण से उबरने के बाद ठीक हो चुके लोगों की संख्या 29,35,238 हो गई है. उपचाराधीन रोगियों की संख्या 9,671 है।
 

panchayattantra24.com,नई दिल्ली। भारत में बुधवार यानी 13 अक्टूबर, 2021 की सुबह 8 बजे तक पिछले 24 घंटे में 15,823 नए COVID-19 केस दर्ज किए गए हैं और इस दौरान 226 लोगों की मौत हो गई है. बुधवार को मंगलवार से ज्यादा नए मामले सामने आए हैं. कल एक दिन में 14,133 केस दर्ज किए गए थे. आज के ताजा मामलों के दर्ज होने के बाद देश में कोविड के अबतक 34,001,743 मामले दर्ज हो चुके हैं. वहीं, कोरोना संक्रमण से अब तक देश में कुल 4,51,189 लोगों की जान जा चुकी है। 
अगर सक्रिय मामलों की बात करें तो देश में फिलहाल कुल 2,07,653 एक्टिव केस हैं. अब तक इस बीमारी से 33,342,901 लोग ठीक हो चुके हैं. पिछले 24 घंटों में कुल 22,844 मरीज ठीक हुए हैं। 
 

 
panchayattantra24.com,नई दिल्ली। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी  के नेतृत्व में उत्तरप्रेदश के वाराणसी में किसान न्याय रैली का आयोजन किया गया है. किसान न्याय रैली कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी शामिल हुए हैं. इस दौरान उन्होंने वाराणसी की भूमि से योगी सरकार को जमकर ललकारा. उन्होंने कहा कि योगी आदित्यनाथ बहुत डरपोक है, उन्हें एयरपोर्ट पर बैठा रखा, न प्रियंका गांधी से मिलने दिया और न ही लखीमपुर खीरी के किसानों के परिजनों से मिलने दिया. योगी जैसा डरा इंसान मैने आज तक नहीं देखा। 
इस दौरान उन्होंने कहा कि यह तो काले अंग्रेज हैं, पहले लड़े थे गोरों से अब लड़ेंगे कालों, से हम लोग लड़ने वाले लोग हैं. हमने तो सुना था, साधु संत किसी से नहीं डरते हैं, लेकिन यह योगी है, ना बहुत डरपोक है. वह हमारे दलितों से डरते हैं, वह हमारे किसानों से डरते हैं. वह हमारे युवाओं से डरते हैं और पुलिस को आगे करते हैं. अरे इतना डरपोक है, एक महिला प्रियंका गांधी वाड्रा से डर गया. लखीमपुर नहीं जाने दिया, 4 दिन तक जेल के अंदर बंद रखा। 
सीएम बघेल यहीं नहीं ठहरे लगातार योगी सरकार पर हमला करते रहे. उन्होंने कहा कि मैं रायपुर से चलकर किसानों से मिलने के लिए लखनऊ आया, लेकिन एयरपोर्ट से बाहर जाने नहीं दिया. अपने नेता प्रियंका गांधी से मिलने जाना चाहता था, अपने कांग्रेस नेता से मिलना चाहता था, लेकिन एयरपोर्ट से बाहर नहीं निकलने दिया. इतना डरपोक, इतना डरा हुआ इंसान हमने नहीं देखा. योगी हमारे छत्तीसगढ़ में आए, लेकिन हमने योगी को आज तक नहीं रोका।
सीएम ने मोदी सरकार समेत योगी सरकार पर भी हमला बोला. उन्होंने कहा कि मोदी ने किसानों की आय दोगुना का वादा किए, लेकिन नहीं हुआ. हमारे नेता राहुल गांधी छत्तीसगढ़ आए, उन्होंने किसानों से वादा किया. हमारी सरकार बनाई. हम किसानों को 2500 रुपये प्रति क्विंटल धान खरीदी कर रहे हैं. किसानों को मुफ्त बिजली, बिजली बिल आधा किया. पूरे देश में अकेला राज्य है, जहां 2500 रुपये प्रति क्विंटल धान की खरीदी हो रही है। 
जब छत्तीसगढ़ में 2500 में धान खरीदा जा सकता है, तो उत्तर प्रदेश में क्यों नहीं खरीदा जा सकता है. उन्होंने कहा कि किसान भाइयों  प्रियंका गांधी के नेतृत्व में सरकार बनवाइये. हम यहां भी किसानों से 2500 रुपये प्रति क्विंटल में धान खरीदेंगे. उन्होंने बीजेपी सरकार को कहा कि ये जुमले बाजों की सरकार है, कभी कहते हैं 15 लाख देंगे, कभी कहते हैं किसानों की आय दोगुना करेंगे, कभी कुछ और कहते हैं. यह केवल धर्म के नाम से लड़वाना जानते हैं, यह गुर अंग्रेजों से सीखे हैं. फूट डालो और राज करो। 
देश जब अंग्रेजो के खिलाफ लड़ाई लड़ रहा था, तब RSS के लोग मुखबिरी कर रहे थे. इससे पहले मुंशीगंज में भी किसानों को भूंजा गया था. अब लखीमपुर में भी 8 लोगों को रौंदा गया. गौ माता के नाम से लोग वोट मांगते हैं, कभी सेवा नहीं की है. छत्तीसगढ की सरकार 2 रुपए किलो में गोबर खरीद रही है. अब बिजली बना रहे हैं। 
 

panchayattantra24.com,नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी ने अपनी नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी घोषित कर दी है. भाजपा की नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी में छत्तीसगढ़ के पूर्व सीएम रमन सिंह, राज्यसभा सांसद सरोज पांडे, पूर्व मंत्री व विधायक अजय चंद्राकर, लता उसेंडी, सांसद अरुण साव को शामिल किया गया है। 
दरअसल अगले साल होने वाले पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव से ठीक पहले बीजेपी राष्ट्रीय कार्यकारिणी का ऐलान किया है. इस सूची में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, लालकृष्ण आडवाणी और मुरली मनोहर जोशी का नाम भी शामिल है। 
इसके अलावा राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी, पीयूष गोयल, रविशंकर प्रसाद, गिरिराज सिंह समेत कई के नाम हैं. हालांकि भाजपा की इस लिस्ट में सबसे चौंकाने वाली बात है कि लखीमपुर खीरी कांड को लेकर लगातार मुखर रहने वाले सांसद वरुण गांधी का नाम नहीं है. इतना ही नहीं उनकी मां मेनका गांधी को भी इस लिस्ट में जगह नहीं मिली है। 
देखें पूरी सूची
 

panchayattantra24.com,नई दिल्ली/रायपुर। कोयले की उपलब्धता घटने से ताप विद्युत संयंत्रों के साथ-साथ रोलिंग मिलों पर भी असर पड़ने लगा है. देश के तमाम ताप विद्युत संयंत्रों के पास सितंबर महीने के अंत तक केवल चार दिन का कोयला उपलब्ध था. वहीं कोयले की अनुपलब्धता की वजह से प्रदेश के रोलिंग मिलों को बंद करने की नौबत आ गई है। 
जानकारी के अनुसार, देश के ताप विद्युत संयंत्रों में अगस्त महीने के शुरू में 13 दिन के कोयले से घटते-घटते सितंबर महीने के अंत तक महज चार दिन का ही कोयला बाकी था. आशंका है कि कोयले के इस संकट का असर अगले छह महीनों तक बरकरार रहेगा. कोयले के संकट को देखते हुए ताप विद्युत संयंत्र प्रबंधन ने अलर्ट जारी कर दिया है। 
वहीं कोयले के संकट से जूझ रहे रोलिंग मिलों की स्थिति ठीक नहीं है. छत्तीसगढ़ स्टील रि रोलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष मनोज अग्रवाल, उपाध्यक्ष संजय त्रिपाठी एवं कोषाध्यक्ष ओमप्रकाश अग्रवाल ने बताया कि रोलिंग मिलों की परेशानियों के संबंध में उद्योग विभाग के अधिकारियों के साथ ही छत्तीसगढ़ विद्युत नियामक आयोग में भी गुहार लगा चुके हैं. इस मामले में बीएसपी के उच्चाधिकारियों को भी चिट्ठी लिखी जा चुकी है, लेकिन अभी तक कोई नतीजा नहीं निकला है। 
एसइसीएल से कोयला नहीं मिलने का कारण उद्योगपति इन दिनों इंडोनेशिया से कोयला मंगा रहे है. आयातित कोयले के कारण ही उनका काम चल जा रहा है. इस गंभीर विषय पर चर्चा के लिए उद्योग मंत्री कवासी लखमा से 7 अक्टूबर की मुलाकात का समय निर्धारित है, इसके साथ प्रमुख सचिव उद्योग मनोज कुमार पिंगुआ को मुलाकात के लिए पत्र लिखा है। 
रोलिंग मिल एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने बताया कि छह माह में कोयला छह हजार से 16 हजार रुपये पहुंच गया है. इसके बाजवूद उन्हें एसइसीएल से कोयला नहीं मिल पा रहा है. रोलिंग मिल संचालकों का कहना है कि कोयले की पर्याप्त मात्रा में उपलब्धता के लिए एक नोडल एजेंसी बनाई जानी चाहिए. पांच साल पहले यह व्यवस्था थी, लेकिन बीते तीन सालों से बंद हो गई है। 
 

 
panchayattantra24.com,नई दिल्ली। दिल्ली सरकार द्वारा डेंगू के खिलाफ चलाए जा रहे ’10 हफ्ते, 10 बजे, 10 मिनट, हर रविवार डेंगू पर वार‘ महाअभियान के तहत इस सप्ताह दिल्ली की सभी आरडब्लूए ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया. सभी आरडब्लूए ने 26 सितंबर को सुबह 10 बजे से अपनी-अपनी सोसायटी में रहने वाले निवासियों के साथ अपने घरों और आसपास जमा साफ पानी की जांच की और उसे बदलकर डेंगू के खिलाफ हमला बोला. साथ ही आरडब्ल्यूए के सदस्यों ने अपने परिचितों और दोस्तों को फोन कर दिल्ली सरकार द्वारा चलाए जा रहे इस महा अभियान में हिस्सा लेने के लिए प्रेरित किया.
शनिवार 25 सितंबर को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली के सभी आरडब्ल्यूए से अपील करते हुए कहा था कि सभी आरडब्ल्यूए अपनी सोसायटी को डेंगू से बचाने के लिए दिल्ली सरकार द्वारा चलाए जा रहे अभियान ’10 हफ्ते, 10 बजे, 10 मिनट’ का पालन कराएं. हमें अपने घर और सोसायटी में चेकिंग करनी है कि कहीं साफ पानी इकट्ठा तो नहीं, अगर है तो उसे उड़ेल दें, बदल दें या उसमें पेट्रोल या तेल डाल दें. सीएम ने सभी आरडब्ल्यूए से अनुरोध करते हुए कहा कि आइए हम सब डेंगू को हराने में अपनी जिम्मेदारी निभाएं. आइए, हम सब डेंगू को हराने में अपनी जिम्मेदारी निभाएं.
‘आरडब्ल्यूए रहो तैयार, हर रविवार डेंगू पर वार‘
दिल्ली सरकार द्वारा चलाए जा रहे डेंगू के खिलाफ महा अभियान के इस सप्ताह की थीम दिल्ली के आरडब्ल्यूए रहे. सरकार ने इस थीम की टैग लाइन ‘आरडब्ल्यूए रहो तैयार, हर रविवार डेंगू पर वार‘ दिया.
पिछले साल की तरह इस बार भी दिल्ली सरकार ने दिल्ली में डेंगू को खत्म करने के लिए ‘10 हफ्ते, 10 बजे, 10 मिनट’ महा अभियान की शुरुआत की है. दिल्ली सरकार के सभी मंत्री, विधायक और अधिकारी भी अभियान में हिस्सा लेकर हर रविवार को अपने-अपने घरों में जमा पानी की सफाई कर रहे हैं. साथ ही, दिल्ली में रह रहे सभी लोगों को विभिन्न माध्यमों के जरिए अभियान के साथ जुड़कर हर सप्ताह अपने घर के कूलर, गमलों आदि का पानी बदलने और आसपास जमा पानी की सफाई करने के लिए जागरूक किया जा रहा है. हम सभी को मिलकर हर हाल में मच्छरों को पनपने से रोकना है. 10 हफ्तों तक हम सब को ऐसा करना है और डेंगू को हराना है.
साफ पानी के अंदर पैदा होते हैं डेंगू के अंडे
उल्लेखनीय है कि हर साल डेंगू के सबसे ज्यादा मामले 1 सितंबर से 15 नवंबर के बीच आते हैं. डेंगू का मच्छर केवल साफ पानी में पैदा होता है. साफ पानी के अंदर डेंगू के अंडे पैदा होते हैं और वो अंडे 8 से 10 दिन के अंदर मच्छर में बदल जाते हैं. अगर हम 8 दिन से पहले उस पानी को बदल दें और उस अंडे को नष्ट कर दें, तो मच्छर पैदा ही नहीं होंगे. यह मच्छर 200 मीटर से ज्यादा नहीं उड़ सकते. अगर आपके घर में डेंगू होता है, तो आप यह मानकर चलें कि मच्छर आसपास ही पैदा हुआ है. लिहाजा, डेंगू को खत्म करने के लिए दिल्ली सरकार द्वारा दिल्ली में रहने वाले हर व्यक्ति को 10 हफ्तों तक केवल 10-10 मिनट देने की अपील की जा रही है. अगर हर दिल्ली वासी अपने घर और आसपास इकट्ठे साफ पानी की अच्छे से जांच कर लें और यह सुनिश्चित कर लें कि आपके पड़ोसियों ने भी अपने घर में जांच कर ली है, तो डेंगू और चिकनगुनिया से सुरक्षित रह सकते हैं.
डेंगू की रोकथाम के लिए तैयार दिल्ली सरकार
दिल्ली सरकार डेंगू की रोकथाम के लिए पूरी तरह तैयार है. घर-घर पर अधिकारी डेंगू की जांच करने जा रहे हैं. इसके अलावा दिल्ली सरकार 10 हफ्ते 10 बजे 10 मिनट अभियान बड़े स्तर पर चला रही है. पिछले दो सालों में यह अभियान डेंगू की रोकथाम के लिए लोगों को जागरूक करने में बेहद ही कारगर साबित हुआ है. परिणाम स्वरूप बीते 20 सितंबर 2021 तक दिल्ली में 87 केस पाए गए हैं, जबकि पिछले सालों में सितंबर महीने के दौरान डेंगू के 2020 में 188 केस, 2019 में 190 केस, 2018 में 374 केस, 2017 में 1103 केस, 2016 में 1300 केस और 2015 में 6775 पाए गए थे.
 

panchayattantra24.com,नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट ने कथित टूलकिट मामले में पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह और भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा के खिलाफ जांच पर रोक लगाने के हाईकोर्ट के आदेश को यथावत रखते हुए छत्तीसगढ़ सरकार की याचिका को खारिज कर दिया है. प्रकरण में छत्तीसगढ़ सरकार की ओर से अभिषेक मनु सिंघवी, श्रीकृष्णा रेड्डी ने सुप्रीम कोर्ट में पैरवी की थी।
हाईकोर्ट के फ़ैसले के विरोध में राज्य सरकार ने वरिष्ठ अधिवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी और श्रीकृष्णा रेड्डी के माध्यम से सुप्रीम कोर्ट में याचिका लगाई थी. सुप्रीम कोर्ट के चीफ़ जस्टिस की बेंच ने छत्तीसगढ़ सरकार की याचिका को खारिज करने के साथ छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय से पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह और भाजपा नेता संबित पात्रा की याचिका पर शीघ्र निर्णय लेने को कहा। 
छत्तीसगढ़ सरकार की ओर से वरिष्ठ वकील अभिषेक मनु सिंघवी ने कहा कि हाईकोर्ट ने अपने अंतरिम आदेश में एफआईआर को राजनीति से प्रेरित और दुर्भावनापूर्ण बताया और सरकार के लिए यह बताने के लिए कोई मौका नहीं दिया कि प्राथमिकी क्यों दर्ज की गई थी।
मुख्य न्यायाधीश एनवी रमना की बेंच ने इस पर कहा कि कई राज्यों में बड़ी संख्या में राजनीति से प्रेरित एफआईआर दर्ज की गई हैं, और सुप्रीम कोर्ट ऐसे सभी मामलों से निपट नहीं सकता. अदालत ने अपील पर विचार करने से इनकार करते हुए कहा कि हाईकोर्ट को याचिका पर फैसला करने दें. राज्य के पास अंतिम फैसले को चुनौती देने का अवसर होगा।
बता दें कि एनएसयूआई (NSUI) ने पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह और बीजेपी के प्रवक्ता संबित पात्रा के खिलाफ 19 मई को रायपुर में एफआईआर दर्ज कराया था. पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की धाराओं 469, 504, 505 (1) (बी) के तहत मामला दर्ज किया था. इस मामले में रायपुर पुलिस ने रमन सिंह से पूछताछ की थी. संबित पात्रा को भी समन जारी किया था।
मामले में डॉ. रमन सिंह और संबित पात्रा ने अपने खिलाफ दर्ज प्राथमिकी को रद्द करने के लिए हाईकोर्ट में दो अलग-अलग याचिकाएं दायर की थीं. प्रकरण में दोनों पक्षों को सुनने के बाद न्यायमूर्ति नरेन्द्र कुमार व्यास ने 14 जून को टूलकिट मामले में सिंह और पात्रा को अंतरिम राहत देते हुए उनके खिलाफ दर्ज प्राथमिकी और आगे की जांच-पड़ताल पर अगली सुनवाई तक रोक लगा दी थी।
 

panchayattantra24.com,कोरोना मामलों में एक बार फिर कमी देखी गई है. पांच दिनों बाद 30 हजार से कम कोरोना मामले सामने आए हैं. मंगलवार सुबह स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से ताजा आंकड़ा जारी किया गया. मंत्रालय के अनुसार, पिछले 24 घंटों में 26,115 नए कोरोना केस आए और 252 कोरोना संक्रमितों की जान चली गई. वहीं 34,469 लोग कोरोना से ठीक भी हुए हैं यानी कि 8,606 एक्टिव केस कम हो गए. कोरोना के पिछले 7 दिनों का आंकड़ा,
 14 सितंबर- 27,176 15 सितंबर- 30,570 16 सितंबर- 34,403 17 सितंबर- 35,662 18 सितंबर- 30,773 19 सितंबर- 30,256 20 सितंबर- 26,115 देश में कोरोना संक्रमण की स्थिति कोरोना महामारी की शुरुआत से लेकर अबतक कुल तीन करोड़ 35 लाख 4 हजार लोग संक्रमित हुए हैं. इनमें से 4 लाख 45 हजार 385 लोगों की मौत हो चुकी है. अच्छी बात ये है कि अबतक 3 करोड़ 27 लाख 49 हजार लोग ठीक भी हुए हैं. देश में कोरोना एक्टिव केस की संख्या चार लाख से कम है. कुल 3 लाख 9 हजार 575 लोग अभी भी कोरोना वायरस से संक्रमित हैं, जिनका इलाज चल रहा है। 
 कोरोना के कुल मामले- तीन करोड़ 35 लाख 4 हजार 534 कुल डिस्चार्ज- तीन करोड़ 27 लाख 49 हजार 574 कुल एक्टिव केस- तीन लाख 18 हजार 181 कुल मौत- चार लाख 45 हजार 385 कुल टीकाकरण- 81 करोड़ 85 लाख 13 हजार डोज दी गई केरल में कोरोना वायरस संक्रमण के सबसे ज्यादा 15692 नए मामले केरल में कोरोना वायरस संक्रमण के 15,692 नए मामले सामने आए जबकि संक्रमण से प्रदेश में 92 लोगों की मौत हो गयी. इसके साथ ही प्रदेश में संक्रमितों की कुल संख्या 45 लाख 24 हजार 185 जबकि मरने वालों की संख्या 23,683 हो गयी है. प्रदेश में संक्रमण से ठीक होने वाले लेागों की संख्या 22,223 थी जिसके बाद में राज्य अब तक संक्रमण मुक्त हो चुके लोगों की संख्या 43,32,897 पर पहुंच चुकी है. नए मामलों में 64 संक्रमित स्वास्थ्यकर्मी हैं। 
 81 करोड़ वैक्सीन की डोज दी गई 
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया, 20 सितंबर तक देशभर में 81 करोड़ 85 लाख 13 हजार कोरोना वैक्सीन के डोज दिए जा चुके हैं. बीते दिन 96.46 लाख टीके लगाए गए. वहीं भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के अनुसार, अबतक करीब 55.48 करोड़ कोरोना टेस्ट किए जा चुके हैं. बीते दिन 12 लाख कोरोना सैंपल टेस्ट किए गए, जिसका पॉजिटिविटी रेट 3 फीसदी से कम है. देश में कोरोना से मृत्यु दर 1.33 फीसदी है जबकि रिकवरी रेट 97.72 फीसदी है. एक्टिव केस 0.95 फीसदी हैं. कोरोना एक्टिव केस मामले में दुनिया में भारत अब 8वें स्थान पर है. कुल संक्रमितों की संख्या के मामले में भारत दूसरे स्थान पर है. जबकि अमेरिका, ब्राजील के बाद सबसे ज्यादा मौत भारत में हुई है। 
 

 
panchayattantra24.com,नई दिल्ली।  भ्रष्टाचार रोकने के लिए रेलवे सुरक्षा बल ने नई व्यवस्था शुरू की है. अब आरपीएफ के जवान ट्रैवलिंग से पहले लिखित में यह जानकारी देंगे कि उनकी जेब में कितनी नकदी है. नई व्यवस्था के तहत स्टेशन या ग्राउंड ड्यूटी पर तैनात जवान को 750 और ट्रेनों में एस्कॉर्ट ड्यूटी के दौरान 2000 रुपए से अधिक कैश नहीं रखना होगा। 
आरपीएफ के एक वरिष्ठ अधिकारी ने नाम प्रकाशित नहीं करने की शर्त पर बताया कि पिछले दिनों आरपीएफ जवानों द्वारा ही टिकट दलाली में संलिप्त होने की शिकायत मिली थी. इसके बाद डीजी द्वारा यह निर्णय लिया गया। 
सिपाही भ्रष्टाचार में फंसे तो इंचार्ज पर भी अनुशासनात्मक कार्रवाई
अगर आरपीएफ आईजी या इंटेलिजेंस टीम द्वारा रजिस्टर या जवान की जांच की जाती है और इसमें कोई भी गड़बड़ी मिलती है, तो संबंधित जवान और कई बार अनियमितता पाए जाने पर उसके इंचार्ज के खिलाफ भी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी. साथ ही कार्य स्थलों के आसपास बनी चाय की दुकानों)/थड़ियों पर भी विशेष निगरानी रखी जाएगी. गौरतलब है कि ये देश में किसी भी फोर्स में पहली बार किया गया है कि जब जवानों को ड्यूटी ज्वाईन करने से पहले अपना प्राइवेट कैश घोषित करना पड़ेगा। 
दलाली की शिकायतों पर रेलवे ने सख्ती की
आरपीएफ के आईजी स्तर के अधिकारी का कहना है कि जवान सबसे अधिक भीड़भाड़ और पब्लिक डीलिंग वाले स्थानों पर होते हैं. बुकिंग, पार्सल, रिजर्वेशन, वर्कशॉप और सीएंडडब्ल्यू साइडिंग गेट, टेंडर सेल, सेंट्रल स्टोर्स, स्पेशल रेड और सील चेकिंग ड्यूटी करते हैं. ऐसे में अगर उनके द्वारा किसी भी लालच में आकर पैसों का लेनदेन किया भी जाता है, तो इसका पता लगाना मुश्किल है. इसलिए तुरंत प्रभाव से सभी थानों/पोस्ट पर एक रजिस्टर बनाया जाएगा. इसमें जवान ड्यूटी ज्वाईन करने से पहले अपनी जेब में रखी निजी नगद राशि को अंकित करेंगे. स्टेशन या ग्राउंड ड्यूटी पर तैनात जवान को 750 और ट्रेनों में एस्कॉर्ट ड्यूटी के दौरान 2000 रुपए से अधिक कैश होने पर भ्रष्टाचार के आरोपी माने जाएंगे।