Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
Browsing: दिल्ली

पंचायत तंत्र 24.com,नई दिल्ली – छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने मंगलवार को नई दिल्ली में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने बस्तर अंचल में नक्सल समस्या को जड़ से समाप्त करने के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने का आग्रह किया है। इस दौरान नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में संचार सुविधा बढ़ाने, बस्तर में सीआरपीएफ की दो और बटालियन की तैनाती सहित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई। जिस पर गृह मंत्री ने जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री बघेल ने कहा कि बस्तर अंचल में लौह अयस्क प्रचुरता से उपलब्ध है। यदि बस्तर में स्थापित होने वाले स्टील प्लांट्स को 30 प्रतिशत डिस्काउन्ट पर लौह अयस्क उपलब्ध कराया जाए, तो वहां सैकड़ों करोड़ का निवेश तथा हजारों की संख्या में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर निर्मित होंगे। उन्होंने कहा कि कठिन भौगोलिक क्षेत्रों के कारण बड़े भाग में अभी तक ग्रिड की बिजली नहीं पहुंच पाई है। सौर उर्जा संयंत्रों की बड़ी संख्या में स्थापना से ही आमजन की उर्जा आवश्यकता की पूर्ति तथा उनका आर्थिक विकास संभव है।
मुख्यमंत्री ने वनांचलों में लघु वनोपज, वन औषधियां तथा अनेक प्रकार की उद्यानिकी फसलें के प्रसंस्करण एवं विक्रय की व्यवस्था के लिए कोल्ड चेन निर्मित करने अनुदान दिये जाने का आग्रह किया। बघेल ने राज्य के बस्तर अंचल के सातों आकांक्षी जिलों में आजीविका के साधनों के विकास हेतु कलेक्टरों को कम से कम 50-50 करोड़ रूपये की राशि प्रतिवर्ष दिए जाने की मांग की है। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने बस्तर के विकास के लिए एनएमडीसी का निजीकरण नहीं करने की बात कही, जिस पर गृह मंत्री ने विचार करने का आश्वासन दिया है। मुख्यमंत्री ने आजीविका विकास, नक्सल क्षेत्रों में बैंकों, सड़कें, आधारभूत संरचना के विकास संबंधी मुद्दों पर गृहमंत्री से चर्चा की। इसके साथ ही विभिन्न मुद्दों पर चर्चा के लिए भारत सरकार के गृह मंत्रालय के अधिकारियों और छत्तीसगढ़ के अधिकारियों की रायपुर में जल्द ही बैठक भी नियत की गई है मुलाकात के दौरान केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने सुझावों और आग्रह पर गंभीरता पूर्वक विचार कर मांगों को पूरी करने का आश्वासन दिया है।

पंचायत तंत्र 24.com, नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बीएसएफ और भारतीय सेना के जवानों के साथ दीपावली मनाने राजस्थान के जैसलमेर स्थित लोंगेवाला बॉर्डर पहुंच गए हैं। उनके साथ चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ बिपिन रावत, आर्मी चीफ एमएम नरवणे, एयर चीफ मार्शल आरकेएस भदौरिया और बीएसएफ के डीजी राकेश अस्थाना भी मौजूद हैं।
प्रधानमंत्री का पद संभालने के बाद से मोदी हर साल अपनी दीवाली भारतीय सेना के जवानों के साथ ही मनाते आए हैं। साल 2014 में सियाचिन, 2015 में पंजाब बॉर्डर, 2016 में हिमाचल प्रदेश स्थित चीन बॉर्डर, साल 2017 में पाकिस्तान बॉर्डर के गुरेज सेक्टर में, 2018 में उत्तराखंड के हरसिल में स्थित चीन बॉर्डर और 2019 में पाक बॉर्डर राजौरी गए थे।
इस दौरान प्रधानमंत्री ने जवानों का जमकर हौसला बढ़ाया। उन्होंने कहा कि आज दुनिया ये जान रही है, समझ रही है कि ये देश अपने हितों से किसी भी कीमत पर रत्ती भर भी समझौता करने वाला नहीं है। भारत का ये रुतबा, ये कद आपकी शक्ति और आपके पराक्रम के ही कारण है। आपने देश को सुरक्षित किया हुआ है इसीलिए आज भारत वैश्विक मंचों पर प्रखरता से अपनी बात रखता है ।
देखिये पीएम ने क्या कहा

पंचायत तंत्र 24.com, पटना । बिहार में महागठबंधन को हार का सामना करना पड़ा है, जिसके बाद अब मंथन का दौर चल रहा है. गुरुवार को पटना में पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के आवास पर महागठबंधन के नेताओं का जमावड़ा लगा. इस दौरान सभी दलों के नेता बैठक में पहुंचे. महागठबंधन की बैठक में राजद नेता तेजस्वी यादव ने सभी नेताओं को संबोधित भी किया. महागठबंधन की बैठक में तेजस्वी यादव को गठबंधन का नेता चुना गया है. बैठक के बाद तेजस्वी यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि जनता का फैसला महागठबंधन के पक्ष में है, वहीं चुनाव आयोग का नतीजा एनडीए के पक्ष में गया है. 2015 में भी हमारे पक्ष में फैसला आया था, लेकिन बीजेपी चोर दरवाजे से सरकार में आ गई थी. हमने चुनाव में गरीबी, मजदूर, शिक्षा, विकास का मसला उठाया. तेजस्वी यादव बोले कि देश का युवा, किसान, मजदूरों में आक्रोश है. चुनाव में पीएम मोदी, बिहार के सीएम और कई लोग एक तरफ रहे लेकिन 31 साल के युवा को रोकने में असफल रहे. ये लोग राजद को सबसे बड़ी पार्टी होने से कोई रोक नहीं पाया. तेजस्वी यादव ने कहा कि आज नीतीश कुमार तीसरे नंबर पर आ गए हैं, बिहार के लोगों ने जो जनादेश दिया वो बदलाव का है ।

पंचायत तंत्र 24.com,पटना । मुख्यमंत्री का भूपेश बघेल ने मधुबनी जिले के लौकही और दरभंगा जिले के जाले में सभाओं को संबोधित किया. दोनों ही जगहों पर उन्हें सुनने के लिए भारी भीड़ जमा हुई थी. भूपेश ने बेहद जोशीले अंदाज़ में एनडीए के नेताओं द्वारा लगाए गए आरोपों को आधार बनाकर बीजेपी पर हमले किए. अपने भाषण में उन्होंने मोदी को निशाने पर रखा. भूपेश बघेल एक दिन पहले सीमांचल के कदवा विधानसभा में सभा को संबोधित किया था ।
मिथिला में हो रही सभाओं को कवर किया. लौकही और जाले में भूपेश बघेल जोश से लबरेज थे. उनके तेवर बेहद आक्रामक थे. भूपेश बघेल ने दोनों ही सभाओं में अपने भाषण को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बीजेपी के खिलाफ रखा. उनके निशाने पर नीतीश भी रहे. भूपेश बघेल ने अपने भाषणों को एनडीए द्वारा उठाए जा रहे सवालों और खेती- किसानी के इर्द –गिर्द रखा. अंदाज़ ए भूपेश से भीड़ बहुत ज़्यादा कनेक्ट दिखी ।
उनके भाषण की शैली पहले से ज़्यादा आक्रामक और निखरी हुई दिखी. भाषणों के पंच ज़ोरदार थे. उसमें जो आक्रामकता थी, उन्हें सुनने आई जनता उस आक्रामकता से अपने गुस्से को जोड़ती नज़र आई. जनता को रिस्पांस करने के लिए पॉज ले रहे थे. उनके भाषणों के दौरान जनता ने कई दफा ताली बजाई. कई दफा उनके लिए हूटिंग हुई ।
भूपेश बघेल जिंदाबाद के नारे इस तरह लगते रहे, जैसे ये मिथिला न हो दक्षिण कौशल हो. मिथिला की जनता से जुड़ने के लिए भूपेश बघेल ने अपना भाषण सीता की धरती और कौशल्या की धरती के ज़िक्र से शुरु किया ।
भूपेश बघेल ने सबसे बड़ा हमला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर किया. महागठबंधन पर उनके द्वारा भारत माता की जय न बोलने के आरोपों पर भूपेश बघेल ने ज़ोरदार पलटवार किया. भूपेश बघेल ने कहा – ‘हमलोग भारत माता की जय उस दिन से बोल रहे हैं, जिस दिन तुम लोग अंग्रेजों की मुखबिरी कर रहे थे ।
बघेल ने कहा- ‘हमारे पूर्वजों ने लाठियां खाई, गोलियां खाई, जेल की सींखचों के पीछे गए, उस दिन से वे भारत माता की जय बोलते हैं.’ भारत माता को लेकर पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरु की परिभा॑षा को कोट करते हुए भूपेश बघेल ने भारत की नदियों, पहाड़ों, जंगल और लोगों को भारत माता बताया ।
अपनी लौकही की रैली में बघेल ने रेलवे स्टेशन और एयरपोर्ट के मसले पर भूपेश बघेल ने ज़ोर ओ शोर से उठाया. भूपेश बघेल ने पूछा कि ये रेलवे स्टेशन को जो बेच रहे हो, क्या तुम्हारे दादाजी ने बनाया था. लखनऊ का एयरपोर्ट अडानी के नाम से बिक गया, ये नानाजी ने बनाया है. उन्होंने कहा कि एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन, स्टील प्लांट बेचने के बाद अब उनकी नज़र आपकी ज़मीन पर है. भूपेश बघेल ने कहा कि वे अपनी ज़मीन बचा लें. भूपेश बघेल ने कहा कि एनडीए ठगबंधन है. पहले चिराग को ठगा, अब नीतीश को पोस्टर से गायब कर दिए हैं ।
भूपेश बघेल ने अपनी सरकार द्वारा किसानों को 2500 रुपये धान के देने और कर्जमाफी से तेजस्वी के 10 लाख नौकरियों के वादे को जोड़ा. भूपेश बघेल ने कहा कि 2018 में बीजेपी छत्तीसगढ़ में यही कहती थी कि 2500 रुपये कैसे देंगे. लेकिन कांग्रेस की सरकार ने करके दिखाया. उन्होंने कहा कि यहां भी महागठबंधन उसी तरह नौकरियां देंगी ।
भूपेश बघेल ने कहा कि नीतीश कुमार की रिटायरमेंट की उम्र हो चुकी है. वे बूढ़े हो गए हैं. उन्हें अब पेंशन देने की ज़रुरत है. भूपेश बघेल ने कहा कि ये डबल इंजिन इधर लगा हुआ है दूसरा उधर, चिराग बीच से निकल गया तो ट्रेन कैसे चलेगी. भूपेश बघेल ने कहा कि ये इंजिन अब पुराना हो चुका है. लोड नहीं ले सकता, इसलिए बदल देना चाहिए ।

पंचायत तंत्र 24.com, मस्तूरी। मस्तूरी पुलिस ने तस्करी कर बूचड़खाने ले जा रही ट्रक को पकड़कर 36 मवेशियों को कटने से बचाया। इस मामले में पुलिस ने ट्रक के हेल्पर को गिरफ्तार किया है वहीं चालक फरार होने में कामयाब हो गया।
बताया जा रहा है कि अपराध रोकने के लिए थाना प्रभारी फैजुल शाह ने चेकिंग अभियान चला रखा है। इसी दौरान हाइवे में पुलिस की नाकाबंदी और जांच को देख एक ट्रक तेज रफ्तार से भागने लगा। संदेह होने पर पुलिस ने ट्रक का पीछा किया और उसे मोहतरा चौक के पास रुकवाया। ट्रक रोकते ही गाड़ी का चालक और हेल्पर दोनों कूदकर भागने लगे। पुलिस कर्मियों ने दोनों का पीछा किया और हेल्पर उनके गिरफ्त में आ गया वहीं चालक फरार हो गया। गिरफ्तार किये गए आरोपी का नाम असलम रहमान है जो कि नागपुर महाराष्ट्र का रहने वाला है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर ट्रक को जब्त कर लिया है।
इधर ट्रक की तलाशी में पुलिस को 36 नग मवेशी मिले। बताया जा रहा है कि इन मवेशियों को आरोपी जांजगीर जिले के पामगढ़ क्षेत्र से लेकर आ रहे थे और इन्हें बूचड़खाने ले जाया जा रहा था। ट्रक से बरामद किये गए मवेशियों की कीमत 6 लाख 80 हजार रुपये बताई जा रही है। सभी मेवशी को मस्तूरी के पास ही एक गौशाला में रखा गया हैं।

पंचायत तंत्र 24.com, दिल्ली। देश के न्यायिक इतिहास में पहली बार हाईकोर्ट की सुनवाई का लाइव टेलीकास्ट किया गया। ऐसा करने वाला देश का पहला हाईकोर्ट गुजरात हाईकोर्ट बना।
दरअसल, एक अभिनव प्रयोग में गुजरात हाईकोर्ट में पहली बार कोर्ट की सुनवाई का लाइव प्रसारण किया गया। यह हाईकोर्ट के इतिहास में पहला मामला होगा जिसमें कोर्ट की सुनवाई का लाइव टेलीकास्ट किया गया। गुजरात हाईकोर्ट ने घोषणा की थी कि वह सोमवार से हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस विक्रम नाथ की कोर्ट की सुनवाई की लाइव स्ट्रीमिंग शुरू करेगा। उसी के तहत आज मुख्य न्यायाधीश की अध्यक्षता वाली खंडपीठ के मुकदमों की यूट्यूब पर लाइव स्ट्रीमिंग की गई।
गौरतलब है कि देश के सुप्रीम कोर्ट ने एक फैसले में कहा था कि जनता को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित अदालतों की सुनवाई देखने की अनुमति दी जानी चाहिए। हाईकोर्ट ने सुप्रीम कोर्ट के उसी फैसले का पालन करते हुए सुनवाई का लाइव टेलीकास्ट करने का फैसला लिया। अब चीफ जस्टिस की कोर्ट की कार्यवाही की लाइव स्ट्रीमिंग के बाद दूसरे जजों की अदालतों की कार्यवाही का लाइव टेलीकास्ट किया जाएगा। वैसे ऐसा करने वाला गुजरात हाईकोर्ट देश का पहला हाईकोर्ट बन गया है।

पंचायत तंत्र 24.com, दिल्ली। पाकिस्तान में कट्टरपंथी किसी दूसरे धर्म के लोगों को जीने नहीं देना चाहते। इसी कड़ी में पाकिस्तान में हिंदुओं समेत सभी अल्पसंख्यकों पर जमकर हमले हो रहे हैं। अब फिर हिंदुओं को निशाना बनाया गया है ।
पाकिस्तान में हिंदुओं पर हो रहे हमले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। हिंदुओं और उनके मंदिरों पर आए दिन ताबड़तोड़ हमलों की खबरें मिलती रहती हैं। ऐसे में अब सिंध प्रांत के थारपारकर जिले में स्थित नागारपारकर में धार्मिक कट्टरपंथियों ने दुर्गा माता की मूर्ति को खंडित कर दिया है। इन हमलावरों ने मंदिर को भी जमकर नुकसान पंहुचाया है। वहीं इससे पहले सिंध के ही बादिन इलाके में अक्टूबर के पहले हफ्ते में कट्टरपंथियों ने एक मंदिर में तोड़फोड़ कर उसे तोड़ दिया था।
दुर्गा मंदिर के पुजारी ने बताया कि आधी रात को कुछ अज्ञात लोग मंदिर परिसर में घुसे। इसके बाद उन्होंने दरवाजे को बंद कर माता की मूर्ति को तोड़ दिया। फिर उन्होंने जाते-जाते मंदिर को भी नुकसान पहुंचाया। इस घटना के बाद से पाकिस्तान के हिंदुओं में भय का माहौल है। फिलहाल पाकिस्तान सरकार ने इस घटना को लेकर चुप्पी साध ली है।

पंचायत तंत्र 24.com, नई दिल्ली। बिहार विधानसभा के लिए चुनाव प्रचार अपने चरम पर है. तीन चरणों में होने वाले चुनाव में पहले चरण में 28 अक्टूबर को 71 विधानसभा सीटों के लिए मतदान होगा. इन 71 सीटों पर ताल ठोक रहे 1066 प्रत्याशियों में से 23 प्रतिशत उम्मीदवारों के खिलाफ हत्या, हत्या का प्रयास और दुष्कर्म जैसे गंभीर आरोप हैं ।
नीतीश कुमार की अगुवाई में जहां राजग गठबंधन अपनी ताल ठोक रहा है, तो वहीं दूसरी ओर पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव के बेटे तेजस्वी यादव की अगुवाई वाला महागठबंधन भी कोई कोर-कसर नहीं छोड़ रहा है. रही-सही कसर पूर्व केंद्रीय मंत्री उपेंद्र सिंह कुशवाहा की अगुवाई वाला गठबंधन पूरा कर रहा है. चुनाव प्रचार के दौरान नेताओं द्वारा एक-दूसरे पर लगाए जा रहे आरोप-प्रत्यारोप के बीच एक बात की चर्चा कोई भी दल या गठबंधन नहीं कर रहा है, वह है चुनाव के अपराधीकरण का. तमाम कवायदों और सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के बाद भी बिहार में अपराधिक प्रवृति वाले प्रत्याशियों को चुनाव मैदान में उतारने से किसी भी दल या गठबंधन ने पहरेज नहीं किया है ।
31 प्रतिशत प्रत्याशियों के खिलाफ आपराधिक प्रकरण
बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण में अपनी किस्मत आजमा रहे 1066 प्रत्याशियों में से 1064 प्रत्याशियों की घोषणाओं की स्वयंसेवी संगठन एसोसिएशन ऑफ डेमोक्रेटिक रिफॉर्म (ADR) ने अध्ययन करने के बाद आंकड़े प्रकाशित किए हैं. प्रत्याशियों के द्वारा स्वयं जमा किए गए घोषणा पत्रों के अनुसार, 1064 प्रत्याशियों में से 328 (31 प्रतिशत) प्रत्याशियों के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं, वहीं इनमें से 244 (23 प्रतिशत) प्रत्याशियों के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास और दुष्कर्म जैसे गंभीर आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं ।
राष्ट्रीय दलों में मिल रही है पनाह
आपराधिक प्रवृति के प्रत्याशियों को उतारने में कोई भी राजनीतिक दल पीछे नहीं है, लेकिन इनमें सबसे आगे तेजस्वी यादव (लालू यादव) की अगुवाई वाली राष्ट्रीय जनता दल (राजद) है, जिसके 41 प्रत्याशियों में से 30 (73 प्रतिशत) के खिलाफ आपराधिक मामले और इनमें से 22 (54 प्रतिशत) के खिलाफ गंभीर आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं. इसके बाद केंद्र में राजग का हिस्सा और बिहार में अलग चुनाव लड़ रही लोकतांत्रिक जनता पार्टी (लोजपा) का नंबर आता है, जिसके 41 प्रत्याशियों में से 24 (59 प्रतिशत) के खिलाफ आपराधिक और इनमें से 20 (49 प्रतिशत) के खिलाफ गंभीर आपराधिक प्रकरण हैं ।
दलों की भी मजबूरी अपराधी है जरूरी
वहीं पहले चरण के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने 29 प्रत्याशी मैदान में उतारे हैं, जिनमें से 21 (72 प्रतिशत) के खिलाफ आपराधिक और 13 (45 प्रतिशत) के खिलाफ गंभीर आपराधिक प्रकरण दर्ज है. सुशासन बाबू याने नीतीश कुमार की अगुवाई वाली जनता दल यूनाईटेड (जदयू) ने मैदान में 35 प्रत्याशी मैदान में उतारे हैं, जिनमें से 15 (43 प्रतिशत) के खिलाफ आपराधिक तो 10 (29 प्रतिशत) के खिलाफ गंभीर आपराधिक प्रकरण दर्ज है. कांग्रेस ने मैदान में 21 प्रत्याशी उतारे हैं, जिनमें से 12 (57 प्रतिशत) के खिलाफ आपराधिक तो 9 (43 प्रतिशत) के खिलाफ गंभीर आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं ।


पंचायत तंत्र 24.com, पटना। बिहार में चुनाव प्रचार जोर पकड़ चुका है. अलग-अलग दल और गठंधन के नेता प्रचार में जुटे हैं, ऐसे में कांग्रेस प्रत्याशियों के प्रचार के लिए पहुंचे मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राजग गठबंधन को सबसे बड़ा ठगबंधन बताया है. उन्होंने कृषि के लेकर लाए गए तीन कानूनों का जिक्र करते हुए कहा कि इसे मोदी किसान हितैषी बताकर लोगों को ठग रहे हैं, असर में यह कानून उनके कुछ खास पूंजीपति मित्रों के लिए है ।
प्रधानमंत्री की चुनावी सभा के बाद बिहार पहुंचे बघेल ने कहा कि कहा पीएम मोदी ने बिहार में अपने प्रचार के दौरान किसानों के लेकर तीन नए कानून पर उन्होंने कुछ भी नहीं कहा. राहुल गांधी और पूरी कांग्रेस पार्टी कहती है यह किसान विरोधी और आम उपभोगता विरोधी बिल है. बघेल ने कहा कि नए कानून में सरकार तभी करवाई करेगी जब देश में युध्द की स्थिति हो अकाल हो या 100 प्रतिशत दाम बढ़ जाए. कानून बने 2 महीने भी नहीं हुए उसका असर दिखने लगा. प्याज की कीमत 70 से 83 रुपया हो गई है, जबकि ना तो सूखा है और बारिश भी अच्छी हुई है. प्याज पर सरकार प्राइस सीमित करने की बात इसलिए कह रही है क्योंकि कई राज्यों चुनाव है. दिखावे के लिए कार्रवाई की जा रही ही. सरकार अपने ही कानून उलंघन कर रही है ।
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री ने कहा कि पीएम मोदी की सरकार पुंजिपतियो की सरकार है. वे कांग्रेस मुक्त देश की बात करते है लेकिन उनके असल एजेंडा कांग्रेस मुक्त नही बल्कि कांग्रेस ने जो बनाया उसे मुक्त कर देना है. रेलवे, हवाई जहाज को बेच रहे हैं. अब इस सरकार की निगाह किसानों की जमीन पर है, जो 1970 में इंदिरा गांधी ने गरीबों दी थी. ये कॉन्टेक्ट फार्मिंग के जरिये जमीन हथियाना चाहते हैं. उन्होंने कहा कि पीएम मोदी में चिराग के बारे में एक शब्द क्यों नहीं कहा. क्या अभी तक चिराग एनडीए में हैं. बीजेपी नीतीश कुमार को ठग रही है. एक सवाल पर बघेल ने कहा कि शराब बंदी में समीक्षा की बात गलत नहीं. शराब बंदी है तो देखना होगा शराब की तस्करी हो रही है कि नहीं. शराब घर-घर तक तो पहुंच रही है. यदि यह सब हो रहा है तो इसे रोकने के लिए समीक्षा करना ही चाहिए ।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में मौजूद शक्ति सिंह गोहिल ने कहा कि कानून है, लेकिन सरकार की मंशा है अमीरों को शराब पिलाओ गरीबो को जेल में बंद करो. शराब को लेकर कांग्रेस पार्टी ऐसा कानून बनाएगी जिससे अमीरों को भी शराब नही मिलेगी. शराब में पैरलर इकोनॉमी खड़ी हो गयी है उसे समाप्त करेंगे. शराब बंदी कानून लागू रहेगा. मोदी के दाएं हाथ मे चिराग है जिससे वे जदयू का घर जलाना चाहते हैं, और दूसरे हाथ मे ओबैसी है जो पेट्रोल बम लिए खड़े है. प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष मदन मोहन झा, राष्ट्रीय प्रवक्ता पवन खेडा, राजेश राठौड़ व आनन्द माधव भी मौजूद रहे ।

पंचायत तंत्र 24.com, दिल्ली। भले ही देश में कोरोना वैक्सीन का पता ना हो लेकिन सरकारों ने इसको लेकर जमकर राजनीति शुरू कर दी है।
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के पलानीस्वामी ने कोरोना महामारी की वैक्सीन को लेकर बड़ा एलान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि जब कोरोना वैक्सीन तैयार हो जाएगी तो राज्य के सभी लोगों को यह मुफ्त उपलब्ध कराई जाएगी। तमिलनाडु वैसे कोरोना से सबसे ज्यादा प्रभावित राज्यों में से एक है। यहां इस महामारी के चलते दस हजार से भी ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है।
तमिलनाडु में अब तक कोरोना संक्रमण के लगभग सात लाख से भी ज्यादा मामले सामने आ चुके हैं। इनमें सक्रिय मामलों की संख्या पैंतीस हजार के करीब है। गौरतलब है कि मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी अपने राज्य में लोगों को मुफ्त कोरोना वैक्सीन देने का आश्वासन थमा दिया है। जबकि अभी कोरोना वैक्सीन का दूर दूर तक अता पता नहीं है। माना जा रहा है कि अन्य राज्य भी कोरोना वैक्सीन को लेकर जनता को लॉलीपॉप देना जल्द ही शुरू करेंगे।