Browsing: रायपुर

 
 
पंचायत तंत्र – रायपुर । लॉक डाउन में लोग अपने घरों में हैं लेकिन बाहर चोर सक्रिय हैं. राजधानी के कटोरा तालाब स्थित शराब दुकान में जबकि चोरों ने अपना हाथ साफ कर दिया. चोरों ने शराब दुकान के गोडाउन में रखी 13 पेटी शराब चुरा कर ले गए. आबकारी विभाग के मुताबिक चोरी गई शराब की कीमत सवा लाख रुपये बताई जा रही है. मामले में दुकान के मैनेजर की शिकायत पर सिविल लाइन पुलिस ने अपराध दर्ज कर लिया है । 
दुकान  मैनेजर कुणाल जगत ने बताया कि लॉकडाउन के चलते शराब दुकान सील थी. दुकान में लैपटॉप और मदिरा पंजी छूटी थी. हम लोगों को महीने की आखिरी तारीख में जानकारी देनी होती है. इसलिए कल शाम 7 बजे के आसपास थाने के स्टाफ और विभाग के अधिकारियों के साथ दुकान में लैपटॉप और मदिरा पंजी लेने पहुंचे. इसी दौरान गोडाउन पर नजर पड़ी तो देखा गया खिड़की टूटी थी. इसी गोडाउन में शराब रखी जाती है. जब मिलान किया गया तो हाई और मीडियम रेंज की शराब की 13 पेटिया गायब थी । 
वहीं सिविल लाइन टीआई सुशांतो बनर्जी के मुताबिक कटोरा तालाब स्थित अंग्रेजी शराब दुकान में शराब की 13 पेटिया चोरी हुई है. लॉकडाउन के चलते दुकान बंद था. कर्मचारियों को मंथली रिपोर्ट देनी होती है इसलिए कुछ चीजों की जरूरत थी तो मैनेजर और कुछ स्टाफ मंगलवार को दुकान पहुँचे. इस दौरान उन्होंने देखा कि ग्रिल टूटा हुआ है. फिर जहां पर शराब का स्टॉक रखा गया था वहां जाकर देखा गया और मिलान किया गया तो 13 पेटिया गायब थी. मामले में आज रिपोर्ट दर्ज कराई गई है जिस पर अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच की जा रही है । 
 

 
पंचायत तंत्र – रायपुर । स्कूल शिक्षा, अनुसूचित जाति एवं जनजाति और सहकारिता मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह ने बुधवार को वीडियो कॉफ्रेसिंग के माध्यम से मीडिया के प्रतिनिधियों को जानकारी दी कि ’पढ़ई तुंहर दुआर’ कार्यक्रम का लाभ प्रदेश में 15 लाख 77 हजार 351 स्कूली विद्यार्थी को मिल रहा है। इस पोर्टल से एक लाख 65 हजार 245 शिक्षक भी जुड़ चुके हैं। डॉ. टेकाम ने बताया कि निजी विद्यालयों में अध्ययनरत बच्चों की फीस स्थगित करने का निर्णय शासन ने लिया है। बच्चों से शुल्क लेने की शिकायत पर 8 अशासकीय विद्यालयों को नोटिस जारी किया गया है।
डॉ. प्रेमसाय सिंह ने बताया कि कोरोना संक्रमण के बाद स्कूल शिक्षा विभाग ने सावधानी बरतते हुए स्कूलों में सोशल डिस्टेसिंग और आवश्यक निर्देशों का पालन करते हुए सभी स्कूलों को 13 मार्च 2020 लॉकडाउन की श्रेणी में ले लिया था। लॉकडाउन के कारण स्कूली बच्चों की पढ़ाई प्रभावित न हो इसके लिए तत्काल कदम बढ़ाते हुए ’पढ़ई तुंहर दुआर’ कार्यक्रम प्रारंभ किया गया। मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल द्वारा इस कार्यक्रम के अंर्तगत ऑनलाईन पोर्टल का शुभारंभ 7 अप्रैल को किया गया। यह पोर्टल cgschool.in पर सभी बच्चों के निःशुल्क उपलब्ध कराया गया है।
स्कूल शिक्षा मंत्री ने बताया कि ’पढ़ई तुंहर दुआर’ कार्यक्रम के पोर्टल में 7 हजार 910 वीडियों, 188 ऑडियो, 3 हजार 477 फोटो, एक हजार 754 कोर्स मटेरियल अपलोड हो चुके हैं तथा 78 ऑनलाईन कक्षाएं संचालित है। यह पोर्टल उच्च शिक्षा के लिए भी उपलब्ध करा दिया गया है। ’पढ़ई तुंहर दुआर’ कार्यक्रम को काफी सराहा गया है। उन्होंने कहा कि इस पोर्टल के माध्यम से किसी भी राज्य के बच्चे जुड़कर पढ़ाई कर सकते हैं। प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने इस संबंध में अन्य राज्यों के मुख्यमंत्रियों को भी पत्र लिखा है। इसी के साथ बच्चों से सतत् सम्पर्क करते हुए विभिन्न एप के माध्यम से ऑनलाईन कक्षाएं भी प्रारंभ की गई। इस ऑनलाईन प्रक्रिया और पोर्टल से कक्षा पहलीं से 10वीं तक के बच्चे लाभान्वित हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि शीघ्र ही कक्षा 11वीं और 12वीं के बच्चों को यह सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। डॉ. टेकाम ने बताया कि शिक्षा के अधिकार अधिनियम के तहत प्रदेश में बच्चों को प्रवेश दिया जाएगा।
स्कूल शिक्षा मंत्री ने कहा कि सोशल डिस्टेसिंग का पालन हो, इसके लिए विद्यालय में बच्चे एक साथ बैठकर परीक्षा न दे। शासन ने इस संबंध में महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए कक्षा पहली से आंठवी तक तथा नवमी और ग्यारहवीं कक्षा के सभी बच्चों को जनरल प्रमोशन दे कर अगली कक्षा में कक्षोन्नति भी दी है।
डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम ने कहा कि लॉकडाउन की अवधि पर बच्चों का मध्यान्ह भोजन प्रभावित न हो, इसके लिए कक्षा पहली से आंठवी तक के सभी बच्चों के लिए 40 दिन का सूखा अनाज बच्चों को उपलब्ध कराया। प्रदेश में 29 लाख बच्चों में से 98 प्रतिशत बच्चें इसका लाभ उठा रहे है।
स्कूल शिक्षा मंत्री ने बताया कि लॉकडाउन की अवधि में निजी विद्यालयों में अध्ययनरत बच्चों के पालकों पर आर्थिक भार न पड़े इसके लिए समस्त अशासकीय विद्यालयों के बच्चों से शुल्क लेने की कार्रवाई को स्थगित किया गया है। साथ ही अशासकीय विद्यालयों में कार्यरत कर्मचारियों को लॉकडाउन की अवधि का वेतन जारी रखने का निर्देश भी दिया गया है।
आदिमजाति तथा अनुसूचित जाति की 110 से अधिक चिन्हित संस्थाओं में 2200 से अधिक प्रवासी
डॉ. टेकाम ने बताया कि कोविड-19 संक्रमण से बचाव को ध्यान में रखते हुए शिक्षण संस्थाओं के साथ ही राज्य में आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास विभाग द्वारा संचालित छात्रावास-आश्रमों, विशिष्ट शिक्षण संस्थाओं को तत्काल प्रभाव से बंद किए जाने के निर्देश दिए गए। लॉकडाउन अवधि में छत्तीसगढ़ तथा अन्य राज्यों के ऐसे प्रवासी व्यक्ति जो अपने गंतव्य स्थल पर नहीं पहुंच पाए और बीच में फंस गए है ऐसी कठिन परिस्थिति में उनकी देखभाल के लिए विभाग द्वारा विभिन्न जिलों में संचालित 257 छात्रावासों-आश्रमों एवं अन्य आवासीय शिक्षण संस्थाओं को चिन्हित किया गया। इन केन्द्रों पर प्रवासी व्यक्तियों के ठहरने की पर्याप्त व्यवस्था की गई है। इन्हें जिला प्रशासन एवं स्थानीय निकायों के सहयोग से भोजन इत्यादि उपलब्ध कराया जा रहा है। व्यवस्था में सहयोग के लिए छात्रावास अधीक्षकों एवं रसोईयां की ड्यूटी भी लगाई गई है। वर्तमान में 110 से अधिक चिन्हित विभागीय संस्थाओं में 2200 से अधिक प्रवासी व्यक्ति रूके हुए हैं।
लक्ष्य का 50 प्रतिशत खाद समितियों में
मंत्री डॉ. टेकाम ने बताया कि खरीदी मौसम 2020 प्रारंभ हो चुका है। इस वर्ष सहकारी समितियों के माध्यम से 4600 करोड़ का ऋण वितरण लगभग 13 लाख किसानों को करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने बताया कि ऋण वितरण का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है, अब तक 24.39 करोड़ का ऋण वितरण किया गया है। किसानों को रासायनिक खाद वितरण के लिए इस वर्ष 6.35 लाख टन का लक्ष्य सहकारिता क्षेत्र के लिए निर्धारित किया गया है। निर्धारित लक्ष्य का 50 प्रतिशत खाद समितियों में पहुंच गया है। विपणन संघ और सहकारी समितियों के पास वर्तमान में 3.90 लाख टन रासायनिक उर्वरक उपलब्ध है। किसानों के लिए खाद-बीज की पूरी व्यवस्था की गई है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष सहकारी समितियों में सभी खाद का भण्डारण प्रारंभ कर दिया गया है। वर्तमान में सहकारी समितियों में 1.51 लाख टन खाद उपलब्ध है, किसानों को 1637 टन खाद का वितरण किया जा चुका है। डॉ. टेकाम ने कहा कि किसान सामाजिक दूरी का पालन करते हुए खाद परमिट पर (कर्ज पर) प्राप्त कर सकते है।
डॉ. टेकाम ने कहा कि प्रदेश में किसानों से 6 लाख 75 मेट्रिक टन गन्ना की खरीदी की गई है। किसानों को 55 करोड़ रूपए का भुगतान किया जा चुका है तथा 121 करोड़ रूपए का भुगतान किया जाना शेष है। इस अवसर पर प्रमुख सचिव स्कूल शिक्षा डॉ. आलोक शुक्ला, सचिव आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास श्री डी.डी. सिंह, सचिव सहकारिता श्री प्रसन्ना आर., संचालक लोक शिक्षण श्री जितेन्द्र शुक्ला, एमडी मार्कफेड श्रीमती शम्मी आबदी विशेष रूप से उपस्थित थे।

 
पंचायत तंत्र – रायपुर । अर्णव गोस्वामी की गिरफ्तारी की मांग करते हुए छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के संचार विभाग के अध्यक्ष शैलेश नितिन त्रिवेदी ने कहा है कि कांग्रेस की कार्यकारी अध्यक्ष सोनिया गांधी पर रिपब्लिकन टीवी और आर भारत टीवी के संपादक अर्णब गोस्वामी की झूठी निराधार वैमनस्यतापूर्ण टिप्पणी को तो पत्रकारिता नहीं कहा जा सकता. अर्णब गोस्वामी नफरत का वही ज़हर उगल रहे हैं जो राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रशिक्षित कार्यकर्ता सोशल मीडिया पर लगातार उगल रहे हैं  ।
अर्णब गोस्वामी को जिस तरह से संघ और भाजपा के लोग पसंद करते हैं उससे स्पष्ट है कि वे उनकी ही भाषा में बोलते हैं. अर्णव गोस्वामी को केंद्र की मोदी सरकार से मिला प्रश्रय भी ज़ाहिर करता है कि अर्णब गोस्वामी ने श्रीमती सोनिया गांधी के ख़िलाफ़ जो कुछ कहा है वह उनके आकाओं की ही लिखी स्क्रिप्ट है  ।
कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष शैलेश नितिन त्रिवेदी ने कहा है कि अर्णब गोस्वामी श्रीमती गांधी के ख़िलाफ़ अनर्गल प्रलाप करने के बाद जो कह रहे हैं वह देश की समरसता को चोट पहुंचाने वाला और खुले तौर पर सांप्रदायिक दंगा भड़काने वाला है. वे वही कह रहे हैं जो इस देश में सांप्रदायिक सोच वाले लोग कह रहे हैं. अर्णव गोस्वामी स्पष्ट रूप से देश में सांप्रदायिकता भड़काने के एजेंडे को आगे बढ़ाने का काम कर रहे हैं ।अर्णव गोस्वामी के बयान से देश के बहुत से धर्म के मानने वालों और शांति प्रिय लोगों को ठेस भी पहुंची है  ।
कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष शैलेश नितिन त्रिवेदी ने कहा है कि इस समय जब पूरा देश कोरोना के ख़िलाफ़ संघर्ष कर रहा है तो अर्णब गोस्वामी लोगों का ध्यान करोना महामारी को फैलने से रोकने में केंद्र की विफलता से ध्यान भटकाने का प्रयास कर रहे हैं. करोना के मोर्चे पर केंद्र की नाकामी को छिपाने के लिये साम्प्रदायिकता भड़काना उचित नहीं है।ऐसे समय में सांप्रदायिकता भड़का कर विपक्ष को निशाना बनाकर अर्णव पत्रकारिता के स्थापित मानदंडों को तहसनहस कर रहे हैं।
कांग्रेस पार्टी मानती है कि अर्णब गोस्वामी का यह बयान और दंगा भड़काने की कोशिश एक संज्ञेय अपराध है और इसके लिए उनके ख़िलाफ़ तुरंत मुक़दमा क़ायम किया जाना चाहिए और उन्हें गिरफ़्तार किया जाना चाहिए. कांग्रेस पार्टी न्यूज़ ब्राडकास्टर्स एसोसिएशन और एडिटर्स गिल्ट से भी अनुरोध करती है कि वे इस मामले को संज्ञान में लें और अर्णब गोस्वामी और उनके न्यूज़ चैनल पर तत्काल कार्रवाई करें  ।

 
 
पब्लिकयूवाच – रायपुर ।  छत्तीसगढ़। डूमरतराई थोक सब्जी बाजार को रात में खोलने का आदेश टल गया है। बता दें कलेक्टर ने 21 अप्रैल से रात में बाजार को खोलने का आदेश जारी किया था। फिलहाल अनिश्चितकाल तक के लिए आदेश टल गया है।
लॉकडाउन में थोड़ी राहत देने के बाद लोग सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं कर रहे हैं। थोक और चिल्हर बाजारों में इसका लगातार उल्लंघन किया जा रहा है। बुधवार सुबह भी डूमरतराई सब्जी मार्केट में लोगों की भीड़ उमड़ गई ।

 
 
पंचायत तंत्र – रायपुर । केंद्र की पेट्रोलियम मंत्रालय से जुड़ी एक कमिटी ने एफसीआई को चावल से एथेनॉल बनाकर उसका सैनिटाइजर बनाने की अनुमति दे दी है. इस फैसले को कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने गरीब विरोधी करार दिया और गरीबों को इसके खिलाफ उठ खड़े होने की अपील तक कर डाली. लेकिन छत्तीसगढ़ में कांग्रेस सरकार के दो मंत्री केंद्र के इस फैसले को अपनी कामयाबी के रूप में दर्ज कराते नज़र आये।
राहुल गांधी ने सुबह ही अपने सोशल मीडिया अकाउंट से केंद्र सरकार के इस निर्णय पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए इसे गरीब विरोधी बताया. उन्होंने इसे गरीबों का हक़ मारने वाला बताया ।
राहुल गांधी ने अपने फेसबुक और ट्विटर पर लिखा – “हिंदुस्तान का गरीब कब जागेगा. आप भूखे मर रहे हैं और वह आपके हिस्से के चावल से सैनिटाइजर बनाकर अमीरों के हाथ की सफाई में लगे हैं।

 
पंचायत तंत्र – रायपुर । कोरोना वायरस की वजह से पूरे देश को लॉकडाउन किया गया है संकट की इस घड़ी में हर कोई मदद के लिए आगे आ रहा है और अपनी क्षमता के अनुसार दान कर रहा है ।               
ऐसा ही एक सराहनिय काम ब्रह्म स्वरूप संत बाबा गेलाराम ट्रस्ट के द्वारा किया गया संस्थान ने प्रधानमंत्री सहायता कोष के लिए 1 लाख रूपए की राशि दान की है ये राशि चेक के जरिए रायपुर सांसद सुनील सोनी व नरेश गुप्ता को प्रदान की गई है. इस दौरान बाबा गेलारम ट्रस्ट के सेवदारी अमर गिदवानी, राजेश थौरानी, इंदरसचदेव, राम खूबचंदानी, लाल खूबचंदानी, हरी ईसरानी पवन मौजूद रहे ।               

 
 
पंचायत तंत्र -रायपुर ।   बीज निगम की विवादित आरसी प्रक्रिया को लेकर एक वरिष्ठ आईएएस ने नियम विरुद्ध बताया है। विश्वस्त सूत्रों के अनुसार रायपुर में आगामी वर्ष की खरीदी पर एक विभाग की चर्चा के दौरान इस आईएएस ने कहा कि अगर खरीदी बीज निगम से करनी है तो पहले छत्तीसगढ़ भंडारण क्रय नियम 2002 में संशोधन करना होगा ।               
सूत्रों के मुताबिक आईएएस ने चर्चा में कहा है बीज निगम से खरीदी पूरी तरह से अवैध और गैर कानूनी है। उन्होंने कहा कि राज्य में ”छत्तीसगढ़ भंडार क्रय नियम 2002” में जिन एजेंसियों के माध्यम से खरीदी का प्रावधान है, उसमें बीज विकास निगम का ज़िक्र तक नहीं है ।               
सूत्रों के मुताबिक खरीद की प्रक्रिया को लेकर आईएएस के सवाल उठाने पर अब सरकार के कई महकमे पशोपेश की स्थिति में होंगे. क्योंकि नए सामानों की खरीदी रेट कॉन्ट्रैक्ट के ज़रिए बीज निगम से करना है ।               
दरअसल, बीज विकास निगम कई विभागों के ज़रूरत का सामान रेट कॉन्ट्रैक्ट करके निर्धारित दर पर खरीदी करके मुहैया कराता है। इसमें खाद और बीज के अलावा कई ऐसे समान हैं जिनका कोई सरोकार निगम से नहीं है। ये व्यवस्था कई साल से बनी हुई है ।               
छत्तीसगढ़ राज्य बीज विकास निगम के एमडी नरेंद्र दुग्गा से पूछा गया कि जब भंडार क्रय नियम में छत्तीसगढ़ बीज विकास निगम से खरीदी का प्रावधान नहीं है तो फिर किस आधार पर खरीदी होती है। इस पर उन्होंने कहा कि बीज निगम जो रेट कॉन्ट्रैक्ट करता है। दुग्गल का कहना है कि छत्तीसगढ़ शासन ने एक सर्कुलर जारी किया था जिसके आधार पर बीज निगम रेट कॉन्ट्रैक्ट करता है। उन्होंने ये भी कहा कि रेट कॉन्ट्रैक्ट के ज़रिए खरीदी बीज निगम के माध्यम से ही होता है ।  
             

 
पंचायत तंत्र – रायपुर । राजधानी रायपुर में लॉकडाउन की वजह के कुम्हार काफी परेशान नजर आ रहे है. सुबह से वे इस इंतजार में बैठे रहते है कि कोई तो उनके पास मटके खरीदने आएगा. जिससे उनकी आमदनी बढ़े, लेकिन ऐसा कतई नहीं हो रहा है. कुम्हार बताते है कि एकमात्र यही हमारे आमदनी का जरिया है. बता दें कि गर्मियों के मौसम में मिट्टी के बर्तनों की बेतहासा बिक्री होती है. भारी संख्या में लोग मटका, सुराही के साथ ही अन्य मिट्टी से बनी हुई सामाग्री खरीदने आते है ।                   
कुम्हार राजू चक्रधारी ने बताया कि हम सालों से मिट्टी के बर्तन बनाने का काम करते है और उसे बेचते है, लेकिन कोरोना की वजह से खरीद्दार नहीं आ रहे है. हम सुबह से ही खाली बैठे रहते है. 2 बजे के बाद प्रसाशन की तरफ से ये कहा जाता है कि दुकाने बंद कर दीजिए ।                   
लीलाबाई चक्रधारी ने बताया कि सुबह से ही ये सोचकर दुकान लगाते है कि कोई तो हमारे पास से मिट्टी के बर्तनों की खरीद्दारी कर ले, लेकिन आते भी है तो 100 में से 5 फीसदी लोग ही आते है. पहले के मुकाबले आमदनी काफी कम हो गई है. सरकार चावल तो दे रही है, लेकिन उससे क्या हो जाएगा. खर्च करने के लिए कुछ पैसे भी तो होने चाहिए ।                   
कुम्हार घनेश्वरी चक्रधारी ने बताया कि हम शुरू से ही मिट्टी के बर्तन बनाते है और उसी से ही हमारा घर चलता है. इस उम्र में दूसरा कोई काम हमें नहीं मिलेगा. हम कैसे अपना गुजारा करेंगे ये हमें सोचना पड़ रहा है ।                   
बड़ा सवाल यही है कि आम लोग जब घरों से बाहर निकलेंगे ही नहीं, तो कुम्हारों के मटके खरीदेगा कौन ? जब कोई खरीदेगा ही नहीं तो पैसे कहा से आएंगे,  मुफलिसी की मार सिर्फ कुम्हार ही नहीं झेल रहे है, बल्कि वो तमाम गरीब तबके के लोगों को लॉकडाउन का दंश झेलना पड़ रहा है. घर से बाहर निकले, तो पुलिस की मार और घर में रहे, तो पेट की मार झेल रहे हैं. रोजमार्रा की जिंदगी जीने वालों के लिए अभी बड़ी दुख की घड़ी है ।                   
हालांकि कोरोना माहामारी से निपटने के लिए लॉकडाउन का पालन करना जरूरी है. यदि जिंदगी रही तो कल इससे कहीं ज्यादा कमा सकते हैं. इसलिए बेवजह घरों से बाहर न निकलें ।                   

 
 
पंचायत तंत्र – रायपुर । प्रवीण सोमानी अपरहणकांड में रायपुर पुलिस ने गिरोह के एक और सदस्य पेशे से डॉक्टर को उत्तरप्रदेश के अंसारगंज इल्तफाजगंज इब्राइमपुर जिला अंबेडकर नगर से गिरफ्तार किया। आरोपित बीएएमएस डॉ. आफताब अहमद को उसके घर से गिरफ्तार किया गया। वह लॉकडाउन होने की वजह से घर में ही था। रायपुर पुलिस ने अंबेडकर नगर पुलिस की मदद से छापामार कार्यवाही करते हुए आरोपित को गिरफ्तार किया। आरोपित को मंगलवार को न्यायालय के सामने पेश किया जाएगा ।
एडिशनल एसपी पंकज चंद्रा ने बताया कि आठ जनवरी को प्रवीण सोमानी का अपहरण सिलतरा से किया गया था। रायपुर पुलिस ने लगातार कार्यवाही करते हुए पूर्व में पांच को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में डॉक्टर का नाम सामने आया था। जिसके बाद से लगातार तलाश जारी थी ।
मुखबिर से सूचना पर पुलिस ने डॉ. आफताब के घर पहुंची। जहां से आरोपित को गिरफ्तार किया गया। पुलिस को पूछताछ में आरोपित ने गुनाह कबूलते हुए बताया कि प्रवीण सोमानी का अपहरण कर अंबेडकर नगर स्थित उसके अस्पताल की बेसमेंट कार पार्किंग में रखा गया था। जहां उसके द्वारा उद्योगपति प्रवीण को बेहोशी का इंजेक्शन और मेडिकल चेकअप किया जाता था ।
कई अहम जानकारी आ सकती हैं सामने
डॉक्टर की गिरफ्तारी से पुलिस को पूछताछ में कई और अहम जानकारी मिल सकती है। घटना के बाद से फरार आरोपित डॉक्टर कहां छिपा था और वह किस-किस के संपर्क में था । इसकी भी जांच में पुलिस जुटी है। डॉक्टर से गिरोह के फरार अन्य तीन सदस्यों के बारे में अहम जानकारी सामने आ सकती हैं ।
नौ में से छह आरोपित गिरफ्तार
अपहरण कांड में रायपुर पुलिस ने नौ के खिलाफ अपराध कायम किया था। अब तक रायपुर पुलिस ने छह आरोपितों को गिरफ्तार किया है। तीन आरोपित पुलिस की पहुंच से अभी भी दूर हैं ।

 
 
पंचायत तंत्र – रायपुर । प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम आज दोपहर 12 बजे प्रदेश कांग्रेस के कार्यालय राजीव भवन में सभी सांसदों, विधायकों, जनप्रतिनिधियों,प्रदेश पदाधिकारियों, जिला कांग्रेस अध्यक्षों और मोर्चा संगठनों से पदाधिकारियों से फोन पर चर्चा करेंगे।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम राजीव भवन से करोना महामारी की परिस्थिति में कांग्रेसजनों द्वारा प्रदेश भर चलाए जा रहे मदद और राहत कार्यों की स्थिति का जायजा लेंगे।