Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
Browsing: रायपुर
रायपुर । सिलतरा स्थित टायर फैक्ट्री में आग लगने की खबर मिल रही है. फैक्ट्री में आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल अमला मौके पर पहुँच चुकी है. आग बुझाने की कड़ी मशक्कत की जा रही है ।
फैक्ट्री का नाम प्रीतम इंजीनियरिंग बताया जा रहा है. अभी ये स्पष्ट नहीं हो सका है कि फैक्ट्री में आग लगने से कितने लाख रुपए का नुकसान हुआ है. साथ ही खबर लिखे जाने तक आग लगने के कारणों का भी पता नहीं चल सका है ।
रायपुर, । भूपेश सरकार के पहले बजट में विद्युत कंपनी के घरेलू उपभोक्ताओं बड़ी राहत मिली है। वर्तमान में घरेलू उपभोक्ताओं को 400 यूनिट बिजली खपत करने पर 1816 रुपये का बिजली अदा करना पड़ता है, लेकिन अब इसका आधा 908 रुपये बिल देना होगा। यानी जो उपभोक्ता 400 यूनिट बिजली खपत करते हैं उन्हें हर माह 908 रुपये की बचत होगी। वर्तमान में एक साल में घरेलू उपभोक्ताओं का बिल 800 करोड़ रुपये का होता। बिजली बिल हाफ होने से अब बाकी के 400 सौ करोड़ रुपये राज्य सरकार जमा करेगी। इससे बिजली विभाग को कोई दिक्कत नहीं होगी।
प्रदेश में कुल 47 लाख घरेलू उपभोक्ता हैं। इनमें 400 यूनिट से कम बिजली खपत करने वालों को आधा बिल देना पड़ेगा। 400 यूनिट से अधिक बिजली का उपयोग करने पर टैरिफ के हिसाब से बिल का भुगतान करना पड़ेगा। बिजली बिल आधा होने से लोगों में खुशी छा गई है।
बिजली विभाग ऐसे करेगा मैनेज
वर्ष 2017-2018 में बिजली विभाग के करीब 2900 करोड़ रुपये के घाटे में चल रहा था। लेकिन वित्तीय वर्ष 2018-2019 में विभाग को करीब 2100 करोड़ रुपये का फायदा हुआ। बिजली विभाग को एक वर्ष में कुल 14 हजार करोड़ रुपये के राजस्व की प्राप्ति हो रही है। इन सब को देखते हुए टैरिफ बनाया जाएगा। विभाग घाटे में नहीं है, इसलिए टैरिफ बढ़ाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
फ्लैट रेट की सुविधा से उपभोक्ताओं को मिल रही बड़ी राहत
अधिकारियों ने बताया कि प्रदेश में फ्लैट रेट की सुविधा पहले से ही चल रही है। इसके तहत 100 यूनिट तक हर माह बिजली खपत करने वाले उपभोक्ताओं से 100 रुपये ही बिजली बिल लिया जाता है।
ऐसे समझें बिजली बिल होगा हाफ
– 40 यूनिट पर 74 रुपये की बचत
– 100 यूनिट पर 128 रुपये, 200 यूनिट पर 378 रुपये, 300 यूनिट पर 643 रुपये, 400 यूनिट पर 908 रुपये की बचत होगी।
रायपुर । पूर्ववर्ती भाजपा सरकार में सबसे प्रभावशाली रहे भारतीय पुलिस सेवा के वरिष्ठ अधिकारी मुकेश गुप्ता और नारायणपुर के एसपी रजनेश सिंह को राज्य सरकार ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। दोनों अधिकारियों के खिलाफ शुक्रवार को गंभीर आपराधिक आरोप के तहत मामला दर्ज किया गया था। दोनों पर नान घोटाले में साक्ष्य छुपाने और जांच को प्रभावित करने के आरोप हैं।
आईपीएस मुकेश गुप्ता का नाम लंबे समय से विवादों में रहा है। भाजपा नेता और पूर्व गृहमंत्री ननकी राम कंवर ने भी मिक्की मेहता सुसाइड मामले में मुकेश गुप्ता की भूमिका पर संदेह जारी करते हुए पिछले दिनों सीएम भूपेश बघेल से मिलकर उनके खिलाफ जांच की मांग की थी। इसके बाद कई और मामले खुले और अंततः शनिवार को पुलिस मुख्यालय से उनके निलंबन का आदेश जारी किया गया।
उनके करीबी माने जाने वाले नारायणपुर के एसपी रजनेश सिंह पर भी गंभीर आरोप लगाए गए हैं। दोनों अधिकारियों को राज्य सरकार ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। भाजपा सरकार के 15 साल के कार्यकाल के दौरान एक के बाद एक पदोन्नती पाते हुए मुकेश गुप्ता स्पेशल डीजी के पद पर पंहुचे हैं। राज्य में कांग्रेस सरकार बनने के बाद से वे हासिये पर आ गए थे। मुकेश गुप्ता के खिलाफ पहले से ही वरिष्ठ आइपीएस अफसर गिरधारी नायक के नेतृत्व में गठित कमेटी जांच कर रही है।
रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा में उम्मीद से बेहतर प्रदर्शन करने वाली कांग्रेस पार्टी अब लोकसभा में बेहतरीन प्रदर्शन की कवायद में जुट गई है। प्रदेश संगठन प्रभारी पीएल पुनिया ने लोकसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर कहा है कि लोकसभा में प्रत्याशी चयन के लिए विधानसभा स्तर पर संकल्प शिविर आयोजित करेंगे। बैठक में इस बात पर भी सहमति बनी कि भाजपा के प्रचार का कांग्रेस आक्रामक तरीक से सामना करेगी।
प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में हुई बैठक में छत्तीसगढ़ प्रभारी श्री पुनिया ने कांग्रेस समन्वय समिति, चुनाव अभियान समिति, चुनाव प्रचार समिति और चुनाव प्रबंधन समिति की संयुक्त बैठक ली। बैठक के बाद उन्होंने कहा कि कांग्रेस लोकसभा में शानदार प्रदर्शन करेगी। विधानसभा स्तर पर संकल्प शिविर आयोजित होंगे।
विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद कांग्रेस का उत्साह चरम पर है। वहीं घोषणा पत्र के अहम मुद्दों में किसान की ऋण माफी और बजट में बिजली बिल हाफ को स्वीकृति देने के बाद कांग्रेस को इसका भरपूर फायदा लोकसभा चुनाव में मिलेगा।
बैठक में ये रहे शामिल
बैठक में एआईसीसी के सचिव एवं छत्तीसगढ़ प्रभारी डॉ. चंदन यादव, एआईसीसी के सचिव एवं छत्तीसगढ़ प्रभारी डॉ. अरुण उरांव, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, मंत्री टीएस सिंहदेव, ताम्रध्वज साहू, कवासी लखमा, मोहम्मद अकबर, डॉ. शिवकुमार डहरिया, जयसिंह अग्रवाल, रूद्रकुमार गुरु, प्रेमसाय सिंह, पूर्व केंद्रीय मंत्री अरविंद नेताम, पूर्व सांसद करूणा शुक्ला, वरिष्ठ विधायक धनेंद्र साहू, पूर्व मंत्री सत्यनारायण शर्मा, पूर्व मंत्री गंगा पोटाई, वरिष्ठ विधायक अमितेष शुक्ल, कोषशाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल, पूर्व कोषाध्यक्ष पारस चोपड़ा, पूर्व सांसद पीआर खुंटे, पूर्व सांसद पुष्पादेवी सिंह, प्रभारी महामंत्री गिरीश देवांगन, प्रदेश महामंत्री एवं संचार विभाग के अध्यक्ष शैलेश नितिन त्रिवेदी, प्रदेश महामंत्री महेंद्र छाबड़ा, पूर्व महापौर किरणमयी नायक, विधयक अरुण वोरा, पूर्व विधायक देवती कर्मा, पूर्व विधायक महंत रामसुंदर दास, पूर्व विधायक गुरूमुख सिंह होरा समेत अन्य कांग्रेसी उपस्थित थे।
आज दो बैठकें
आज कांग्रेस की दो और अहम बैठकें होंगी, जिसमें लोकसभा चुनाव के लिए 11 बजे मीडिया को आॅर्डिनेशन समिति और दोपहर 12 बजे मोर्चा संगठन, प्रकोष्ठों, विभागों के प्रभारियों और प्रदेश प्रमुखों की बैठक होगी।
रायपुर। छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल ने शुक्रवार को बजट पेश किया। बजट के बाद जहां कांग्रेस इसकी प्रशंसा कर रही है वहीं बीजेपी ने बजट को लेकर कांग्रेस पर पलटवार किया है। पूर्व सीएम रमन सिंह ने कहा है कि कांग्रेस ने युवाओं से रोजगार के वादे किए, लेकिन बजट में उनका जिक्र भी नहीं किया। रमन सिंह ने तंज कसते हुए ट्विटर पर लिखा कि इस बजट ने बेरोज़गार युवाओं का उनकी वास्तविक सरकार से परिचय करवा दिया है। इसके साथ ही रमन सिंह ने शराबबंदी को लेकर भी कांग्रेस सरकार को घेरा। पूर्व सीएम ने कहा कि चुनाव के पहले तो कांग्रेस ने शराब के विरुद्ध आन्दोलन छेड़ दिया था। लेकिन सत्ता में आते ही ऐसा मदिराप्रेम उमड़ा कि घोषणापत्र वाली पूर्ण शराबबंदी बजट से छूमंतर हो गयी है।
रायपुर । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को छत्तीसगढ़ के प्रवास पर पहुंचे हैं। सुबह करीब 10 बजे वे नया रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पहुंचे। यहां राज्य सरकार के नगरीय प्रशासन मंत्री शिव डहरिया, पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह, प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष धरम लाल कौशिक सहित मुख्य सचिव सुनील कुमार कुजूर, डीजीपी डीएम अवस्थी, रायपुर के कलेक्टर बसरव राजू और पुलिस अधीक्षक नीथू कमल सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने पीएम का एक-एक कर स्वागत किया। इस दौरान मुख्यमंत्री भूपेश बघेल एयरपोर्ट पर मौजूद नहीं थे।
सीएम भूपेश बतौर प्रदेश के वित्त मंत्री आज विधानसभा में राज्य का बजट पेश कर रहे हैं। इसी वजह से भूपेश प्रोटोकॉल के मद्देनजर प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए एयरपोर्ट नहीं पहुंच पाए। इसके लिए उन्होंने पीएम को पत्र लिखकर खेद भी जताया था। इसके अलावा भूपेश ने पीएम से अनुरोध किया था कि वे राज्य के बजट को देखते हुए अपना दौरा कार्यक्रम आगे बढ़ाने पर विचार करें। प्रधानमंत्री मोदी का यह दौरा कार्यक्रम पहले से ही तय था और इसमें फेरबदल की कोई संभावना नहीं थी। प्रधानमंत्री रायपुर एयरपोर्ट से सीधे रायगढ़ के लिए रवाना हो गए। वहां एक बड़ी जनसभा को संबोधित करेंगे।
छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को 8 फरवरी को छत्तीसगढ़ का अपना प्रस्तावित दौरा आगे बढ़ाने की सलाह दी थी। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को पत्र लिखकर उनके छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के प्रवास के लिए हार्दिक प्रसन्न्ता भी जताई है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अपने पत्र में लिखा था कि मेरी इच्छा है कि आपके छतीसगढ़ प्रवास के दौरान मैं आपके स्वागत के लिए उपस्थित रहूं। आपका प्रवास और बजट प्रस्तुत होने की तिथि एक ही दिन होने के कारण दोनों दायित्वों के निर्वहन में व्यवहारिक कठिनाइयां आ रही हैं। मुख्यमंत्री ने इसे दृष्टिगत रखते हुए प्रधानमंत्री से छत्तीसगढ़ प्रवास की प्रस्तावित तारीख को आगे बढ़ाने का आग्रह किया था।
रायपुर । विधानसभा बजट सत्र की कार्यवाही शुरू होते ही मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने जनता का आभार जताया. सीएम भूपेश बघेल ने कहा कि 400 यूनिट तक बिजली की खपत में बिजली बिल हाफ किया जाएगा. सीएम भूपेश बघेल ने आगे कहा कि प्रदेश में 20 लाख किसानों को ऋण माफ़ी का लाभ मिला है।
रायपुर । नारायणपुर, दंतेवाड़ा, बीजापुर से लेकर महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले तक फैला अबूझमाड़ का इलाका नक्सलियों का अभ्यारण्य बना हुआ है। गुरूवार को फोर्स ने इंद्रावती नदी के पार जाकर दुस्साहसिक अभियान चलाया जरूर पर हकीकत यह है कि इस ओर नक्सलियों पर निगरानी रखने की कोई व्यवस्था नहीं है।
दक्षिण बस्तर में 2005 में सलवा जुड़ूम शुरू हुआ तो इंद्रावती के उस पार माड़ के इलाके तक फोर्स और जुड़ूम आंदोलनकारियों की पहुंच बनी थी लेकिन जुड़ूम के ठंडा पड़ने के बाद नक्सली निश्चिंत हो गए हैं।
हालांकि पिछली सरकार ने अबूझमाड़ में पकड़ बनाने की कोशिश काफी की लेकिन 44 सौ वर्ग किमी का यह इलाका वास्तव में अबूझ ही है। घने जंगलों, ऊंचे पहाड़ों से घिरे माड़ में नक्सलियों के कई कैम्प चलने की सूचना है।
यहां वाहन नहीं जा सकता। पैदल चलकर फोर्स बहुत अंदर तक नहीं जा सकती। माड़ में नारायणपुर की ओर से फोर्स कुछ अंदर तक जा चुकी है। सोनपुर और बासिंग में फोर्स की मौजूदगी से उस ओर हालात बदले हैं। लेकिन दंतेवाड़ा और बीजापुर की ओर फोर्स नहीं है।
इंद्रावती के पार 25 किमी अंदर जाकर फोर्स ने ऑपरेशन किया जो आसान नहीं था। डीजीपी डीएम अवस्थी कहते हैं कि फोर्स की पकड़ धीरे-धीरे मजबूत हो रही है। माड़ से इंटेलीजेंस इनपुट मिलना इस बात के संकेत हैं। उन्होंने कहा कि इंद्रावती के पार इस ओर भी कैम्प खोलने की तैयारी की जा रही है।
जल्द ही कुछ कैम्प खुलेंगे। दरअसल इधर से जंगल के अंदर कैम्प खोलना कठिन है। नदी होने की वजह से बैकअप मिलना मुश्किल है। कैम्प में रसद आदि भी पैदल ढोकर ले जाना पड़ेगा। इसका समाधान यही है कि इंद्रावती में भैरमगढ़, नेलसनार, मुचनार के आसपास पुल बनाए जाएं।
इधर से भागकर उधर जा रहे नक्सली
गुरूवार को ही ओड़िशा में पुलिस ने नुआपाड़ा इलाके में एक नक्सल कैम्प को ध्वस्त किया। यह ऐसा इलाका है जहां पिछले कई सालों से नक्सलियों की कोई गतिविधि नजर नहीं आई थी। जानकारों का कहना है कि बस्तर में जब भी दबाव बढ़ता है नक्सली ओड़िशा और तेलंगाना में नए ठिकाने तलाश लेते हैं। उन्हें पकड़ने के लिए संयुक्त रणनीति भी बनी है लेकिन वे रोज ठिकाने बदल रहे हैं।
रायपुर। छत्तीसगढ़ के चर्चित अंतागढ़ टेपकांड मामले में आरोपित पूर्व सीएम डॉ. रमन सिंह के दामाद डॉ. पुनीत गुप्ता व मंतूराम पवार की अग्रिम जमानत याचिका जिला अदालत ने खारिज कर दी है। गुरुवार को पंडरी थाना पुलिस के केस डायरी सौंपने के कुछ घंटे बाद अदालत ने सुनवाई पूरी की। कोर्ट ने कहा कि मामला गंभीर है, इसलिए जमानत का लाभ नहीं दिया जा सकता। अपर सत्र न्यायाधीश विवेक कुमार वर्मा की अदालत में याचिका लगी थी।
बचाव पक्ष से पैरवी कर रहे अधिवक्ता हितेंद्र तिवारी ने कहा कि अग्रिम जमानत के लिए अब हाईकोर्ट जाएंगे। जमानत के लिए न्याय का दरवाजा बंद नहीं हुआ है। एक दिन पहले फटकार लगाए जाने के बाद सुनवाई के दिन पंडरी पुलिस ने सुबह 11 बजे ही अपनी उपस्थिति दर्ज करा दी थी। एसपी नीथू कमल के मुताबिक केस में छानबीन जारी है। नियमानुसार आगे की कार्रवाई तय होगी। प्रारंभिक स्टेज में तथ्यों की जांच जरूरी है।
इन धाराओं में दर्ज किया गया है केस
भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की सदस्य एवं प्रवक्ता किरणमयी नायक की रिपोर्ट के आधार पर पंडरी पुलिस ने पांच लोगों डॉ. पुनीत गुप्ता, पूर्व प्रत्याशी मंतूराम पवार, पूर्व मंत्री राजेश मूणत, पूर्व सीएम अजीत जोगी और विधानसभा सदस्य अमित जोगी के खिलाफ धारा 171 ई, 171 एफ, 406, 420, 120, धारा 9, 13 भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
यह है मामला
अंतागढ़ विधानसभा के लिए 2014 में उपचुनाव हुआ। कांग्रेस के अधिकृत प्रत्याशी मंतूराम ने नाम वापसी के अंतिम समय में चुनाव लड़ने से इंकार कर दिया। इस घटना के एक वर्ष बाद एक सीडी जारी हुई और आरोप लगाया कि मंतूराम को पैसे दिए गए थे। विपक्ष में रहते कांग्रेस ने इसकी सीबीआइ जांच की मांग की थी। सत्ता में आने के बाद सरकार ने फिर से जांच शुरू कर दी है।
रायपुर। खमतराई में आज शाम दर्दनाक सड़क हादसा हुआ । इस दुर्घटना में दो महिलाओं की मौत हो गई है। सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंची गई थी
शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। जानकारी के मुताबिक बाइक सवार परिवार कहीं जा रहा था उस दौरान ही खमतराई के व्यास तालाब के पास आ रही ट्रक ने बाइक को जोरदार टक्कर मारी।
हादसा इतना भयावह था कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और तीनों तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आ गए। चपेट में आने से मौके पर ही दो की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार इस हादसे में जमुना वर्मा 70 साल और राजकुमारी वर्मा 48 साल की मौके पर मौत हो गई थी। बाइक चालक दिनेश वर्मा मृतका का बेटा और भाई है जो सुरक्षित है।
तीनो लोग एक बाइक पर सवार होकर भोरभट्टी गांव से अपने भनपुरी के रामेश्वरनगर स्थित अपने घर आ रहे थे कि व्यास तालाब खमतराई के पास तेज रफ्तार ट्रक ने अपनी चपेट में ले लिया।
हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। स्थानीय आक्रोशित भीड़ ने ट्रक में तोड़फोड़ कर आग लगाने की कोशिश की। मौके पर पहुंचकर खमतराई थाना पुलिस ने ट्रक को जब्त कर मृतकों के शवों को मर्चुरी में भिजवा दिया।