Browsing: रायपुर

रायपुर । प्रदेश के हाई और हायर सेकेंडरी स्कूलों में संचालित वोकेशनल कोर्सेस के परीक्षार्थियों को अब इंटर्नशिप करना अनिवार्य कर दिया गया है। राज्य में 540 हाई एवं हायर सेकेंडरी स्कूलों में वोकेशनल एजुकेशन संचालित है। इनमें आइटी,रिटेल ,ऑटोमोबाइल, हेल्थकेयर, बीएफएसआइ, टेली कम्युनिकेशन, एग्रीकल्चर एवं मीडिया एंटरटेनमेंट , इलेक्ट्रानिक्स एवं ब्यूटी एनवेलनेस ट्रेड के विद्यार्थियों को इंटर्नशिप कराने की व्यवस्था जिला शिक्षा अधिकारियों को करनी है। इसके लिए जिले में शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिया गया है।
इन विद्यालयों के लेवल तीन कक्षा ग्यारहवीं, लेवल चार कक्षा बारहवीं में पंजीकृत विद्यार्थियों का इंटर्नशिप किया जाना है। प्रति विद्यालय 25 हजार रुपये प्राचार्य के खाते में हस्तांतरित कर दिया गया है। 31 मार्च से पहले स्कूलों में इंटर्नशिप करानी है। गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की बोर्ड परीक्षा में वोकेशनल के परीक्षार्थी भी शामिल होंगे।
किस ट्रेड को कहा करनी है इंटर्नशिप
रिटेल : खुदरा दुकानें, सुपर बाजार
आइटी/ आइटीइएसः डीटीपी केंद्र, आइटी पार्ट्स निर्माण इकाई, बीपीओ, संचार और इंटरनेट कैफे, आइटी प्रशिक्षण संस्थान, कम्प्यूटर का उपयोग करने वाला कोई भी व्यावसायिक उद्यम ।
ऑटोमोबाइलः गैराज, ऑटोमोबाइल सेवा केंद्र, ऑटो पार्ट्स केंद्र , विनिर्माण संयंत्र औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान ।
हेल्थकेयर : अस्पताल, क्लीनिक, पैथोलॉजी लैब, नर्सिंग प्रशिक्षण केंद्र, पैरामेडिकल ट्रेनिंग इंस्टिट्यूट, पीएचसी ।
एग्रीकल्चर : कृषि अनुसंधान केंद्र, कृषि विज्ञान केंद्र, एटीएमए, चावल अनुसंधान केंद्र, कृषि फार्म, उपकरण और सेवाओं के लिए कृषि डीलर ।
बीएफएसआइः बैंक, एमएफआइ, कियोस्क, बैंकिंग केंद्र, ई- बैंकिंग इकाइयां ।
मीडियाः पोस्ट प्रोडक्शन यूनिट, एनिमेशन ट्रेनिंग सेंटर, विज्ञापन और संचार एजेंसियां, वीडियो शूटिंग व्यवसाय
दूरसंचारः ब्रॉडबैंड और संचार सेवा प्रदाता
इंटर्नशिप के लिए यह है जरूरी
ग्यारहवीं और बारहवीं के विद्यार्थियों को अवकाश के दिनों में 80 घंटे का प्रशिक्षण दिलाया जाएगा। समय और तिथि विद्यार्थियों एवं व्यावसायिक संस्थान के मध्य समझौते के अनुसार निर्धारित किया जाएगा। इंटर्नशिप का स्थान यथासंभव विद्यालय या घर के आसपास रखने के लिए प्रयास किया जाएगा। इंटर्नशिप में बच्चों को ले जाने से पहले उनके अभिभावकों से अनुमति लेना अनिवार्य होगा। सुरक्षा के लिए छात्र-छात्राओं को पूर्व प्रशिक्षण और जानकारी साझा की जाएगी।
 31मार्च से पहले बच्चों को इंटर्नशिप करानी है। इसके लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दे दिए गए हैं। जिला शिक्षा अधिकारियों को निर्देश भेज चुके हैं। – पी दयानंद, संचालक, समग्र शिक्षा अभियान, छत्तीसगढ़

रायपुर । लोक निर्माण विभाग द्वारा राजधानी रायपुर में तीन फ्लाई ओव्हर तथा ओव्हर पास का निर्माण प्रगति पर है। इनमें से भाठागांव फ्लाई ओव्हर ब्रिज तथा कुशालपुर चौक पर ओव्हरपास के निर्माण कार्य को माह फरवरी में पूर्ण कर लिए जाने की संभावना है। वर्तमान में दोनों फ्लाई ओव्हर के 99 प्रतिशत कार्य पूर्ण कर लिए गए हैं। इनमें से 649 मीटर लम्बाई वाले भाठागांव फ्लाई ओव्हर ब्रिज के निर्माण के लिए 40 करोड़ 55 लाख रूपए और कुशालपुर चौक पर 740 मीटर लम्बाई के ओव्हर पास निर्माण के लिए 22 करोड़ 94 लाख रूपए की राशि स्वीकृत है। इसी तरह 786 मीटर लम्बाई के फ्लाई ओव्हर का निर्माण कमल विहार में 25 करोड़ 38 लाख रूपए की राशि से किया जा रहा है। वर्तमान में इसका 60 प्रतिशत निर्माण कार्य पूर्ण कर लिया गया है। कमल विहार में निर्माणाधीन फ्लाई ओव्हर को आगामी अप्रैल माह तक पूर्ण करने का लक्ष्य है।

रायपुर । लोक निर्माण विभाग द्वारा दुर्ग-पाटन मार्ग स्थित ठगड़ा में रेलवे ओव्हर ब्रिज और रेल अण्डर ब्रिज का निर्माण किया जा रहा है। इसके निर्माण के लिए 27 करोड़ 39 लाख रूपए की राशि स्वीकृत है। वर्तमान में इसका लगभग 20 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो गया है ।

रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल अब बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मिलेंगे। इससे पहले कुर्मी सम्ममेलन में नीतीश कुमार बतौर मुख्यमंत्री रायपुर आए थे तो भूपेश बघेल ने उनकी तीमारदारी में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ी थी।
तब प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में बघल सूबाई भाजपा सरकार से टकरा रहे थे और बिहार में नीतीश कुमार भाजपा के साथ मिलकर सरकार चला रहे थे। अब भूपेश बघेल मुख्यमंत्री बनने के बाद पहली बार पटना पहुंच रहे हैं।  
रविवार को आयोजित विपक्षी एकता रैली में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के साथ वे दिल्ली से पटना रवाना होंगे। राहुल गांधी के नेतृत्व में विपक्षी एकता की बड़ी पटकथा पटना के गांधी मैदान से लिखी जानी है।
राजद नेता तेजस्वी यादव ने पहले ही राहुल गांधी को अगले चुनाव के बाद प्रधानमंत्री पद के लिये उपयुक्त चेहरा माना है। विपक्षी गोलबंदी में भूपेश बघेल को कांग्रेस पार्टी बड़े कुर्मी नेता के रूप में देशभर में प्रोजेक्ट करने की रणनीति बना रही है, खासकर उप्र और बिहार के चुनावों में भूपेश बघेल के जादुई नेतृत्व का आलाकमान जमकर फायदा उठाना चाहता है।
कुर्मी कोइरी बिरादरी के नेता के रूप में बिहार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भाजपा के पाले में हैं तो विपक्ष की ओर से स्थानीय जातीय नेतृत्व के अलावा राष्ट्रीय कुर्मी नेता के रूप भूपेश बघेल की महती भूमिका होगी। विपक्षी रैली के बाद बघेल की औपचारिक मुलाकात नीतीश कुमार से भी होनी है।

रायपुर  | जोगी कांग्रेस और बसपा का गठबंधन टूटने के संकेत मिल रहे हैं. विश्वसनीय सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक ये गठबंधन लोकसभा चुनाव के पहले ही टूट सकता है. जनता कांग्रेस की समीक्षा बैठक में हार के पीछे एक वजह बसपा से गठबंधन करना भी माना जा रहा है.
समीक्षा बैठक में ये बात सामने आई है कि बसपा से गठबंधन की वजह से जोगी कांग्रेस पार्टी की छवि सतनामी और जनजाति वर्ग की पार्टी बनकर रह गई. जिसके चलते जनता कांग्रेस को सभी वर्गों का वोट नहीं मिल पाया. बीते दिनों जनता कांग्रेस ने 21 सूत्रीय श्वेत पत्र भी जारी किया था. श्वेत पत्र में भी हार की वजहों में बसपा से गठबंधन के वजह से जनता कांग्रेस को नुकसान की बात कही गई थी.

रायपुर. विधानसभा चुनाव में मिली करारी शिकस्त के बाद भाजपा में अंतर्कलह थमने का नाम ही नहीं ले रहा है. अब लोकसभा चुनाव के मद्देनजर भारतीय जनता पार्टी में प्रदेश अध्यक्ष के लिए सोशल मीडिया में लॉबिंग शुरू हो गई है. भाजयुमो के प्रदेश महामंत्री संजू नारायण सिंह ठाकुर ने बृजमोहन अग्रवाल को प्रदेश अध्यक्ष बनाये जाने की मांग रखी है. इस संबंध में उन्होंने पीएम मोदी और राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह से लेकर कई केंद्रीय मंत्री को ख़त लिखा है.
भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश महामंत्री संजू नारायण सिंह ठाकुर ने भाजपा राष्ट्रीय संगठन महामंत्री रामलाल, भाजपा राष्ट्रीय महासचिव एंव छत्तीसगढ प्रभारी अनिल जैन, भाजपा राष्ट्रीय सह-संगठन महामंत्री सौदान सिंह को भी इस संबंध में पत्र लिखकर अवगत कराया है. साथ ही यह पत्र अपने फेसबुक पेज पर भी वायरल किया है. उधर सच्चिदानंद उपासने के समर्थकों का कहना है कि प्रदेश अध्यक्ष की कमान संभालने के लिए सच्चिदानंद उपासने बेहतर साबित होंगे.

रायपुर  |  चर्चित अंतागढ़ टेपकांड की जांच करने गठित एसआईटी आक्रामक मोड पर आ गई है। अब टेपकांड से जुड़े लोगों से पूछताछ का सिलसिला शुरू हो गया है। एसआईटी ने बुधवार को फिरोज सिद्दीकी को बुलाया। गंज थाना परिसर स्थित क्राइम ब्रांच बिल्डिंग में उनसे करीब साढ़े 4 घंटे पूछताछ की गई। इस दौरान एसआईटी के अफसरों ने एक-एक कर करीब 60 सवाल दागे, जिसका उन्होंने जवाब दिया।
पूछताछ में फिरोज सिद्दीकी ने कहा, अंतागढ़ उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी मंतुराम पवार को चुनाव मैदान से हटने के लिए 7 करोड़ रुपए में सौदेबाजी हुई थी, जिसमें करीब 3 करोड़ 50 लाख रुपए एक शख्स के माध्यम से मंतुराम पवार को भिजवाया गया था। इसमें कई राजनीतिक हस्तियां शामिल थीं। फिरोज से हुई पूछताछ के आधार पर अब एसआईटी मंतुराम पवार और संबंधित लोगों से पूछताछ करने की तैयारी में जुटी है। संभावना है, एक-दो दिन में पूछताछ की जाएगी।
इनकी बनी है एसआईटी
राज्य शासन ने रविवार को अंतागढ़ टेपकांड की जांच करने स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम बनाने आदेश जारी किया। इसमें एसपी रायपुर नीतू कमल स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम की प्रभारी बनाई गई हैं। वहीं, डीएसपी अभिषेक माहेश्वरी, इंस्पेक्टर नरेश पटेल और एसआई विक्रम ध्रुव सदस्य हैं। बुधवार को फिरोज सिद्दीकी से पूछताछ के दौरान पूरी एसआईटी मौजूद थी।
अंतागढ़ उपचुनाव में फूटा था कांड
गौरतलब है, साल 2014 में राज्य के अंतागढ़ उपचुनाव में मंतुराम पवार कांग्रेस की तरफ से अधिकृत प्रत्याशी बनाए गए थे, लेकिन पवार ने नामांकन दाखिल करने के बाद नाटकीय तरीके से चुनाव मैदान छोड़ दिया था। पार्टी को सूचना दिए बगैर उन्होंने नामांकन वापस ले लिया। इस मामले को लेकर बड़ा बवाल मचा। कांग्रेस ने आरोप लगाया था कि इसके पीछे भाजपा और जोगी खेमे का हाथ है। इशारों में पार्टी ने कुछ नाम भी सामने रखे थे।
इन दिग्गजों के नाम आए थे सामने
जानकारी के मुताबिक कांग्रेस प्रत्याशी मंतुराम पवार के नाम वापस लेने के बाद खरीद-फरोख्त के आरोप लगे और इसका एक टेप भी सामने आया था, जिसमें कतिपय लोगों की आवाज होने का दावा किया गया था। इस टेप के जारी होने के बाद छत्तीसगढ़ सहित पूरे देश में सियासी घमासान मच गया था, जिसका सीधा असर कांग्रेस पार्टी में फूट के रूप में दिखा। इस टेपकांड विवाद को लेकर छत्तीसगढ़ कांग्रेस दो धड़ों में बंट गई। पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी ने कांग्रेस से इस्तीफा देकर अपनी नई पार्टी छत्तीसगढ़ जनता कांग्रेस का गठन कर लिया था।
और भी लोगों से पूछताछ की जाएगी
एसपी नीतू कमल ने बताया कि फिरोज सिद्दीकी से अंतागढ़ टेपकांड में कई पहलुओं पर पूछताछ की गई है। उनसे ओरिजनल ऑडियो टेप मांगा गया है। जांच में और भी लोगों से पूछताछ की जाएगी।

रायपुर |  प्रदेश की राजधानी रायपुर से एक बड़ी खबर सामने आई है। खबर है कि ईओडब्लू की टीम ने गुरुवार को पीडब्लूडी और चिप्स के ऑफिस में दबिश दी है। बताया जा रहा है कि रेड टीम में कई बड़े अधिकारी भी शामिल हैं। फिलहाल पीडब्लूडी और चिप्स के दफ्तर में कार्रवाई चल रही है। वहीं, बताया जा रहा है कि कई बड़ी गढ़बड़ियों का खुलासा हो सकता है।

रायपुर। पूरे साल में चार से पांच बार चंद्रमा पृथ्वी के करीब आता है, लेकिन इस बार पहले चक्र में 21 जनवरी को पृथ्वी के करीब नहीं आया। अब 19 फरवरी और 21 मार्च पूर्णिमा के दिन चंद्रमा पृथ्वी के करीब दिखेगा। ज्योतिषाचार्य का कहना है कि एक दशक के बाद ऐसा अवसर आएगा। चंद्रमा करीब होने के कारण बड़ा दिखाई देगा।
खगोली शास्त्री का कहना है कि पृथ्वी की परिक्रमा करता हुआ चंद्रमा पृथ्वी से 3 लाख 61 हजार 740 किलोमीटर या इससे कम दूरी पर आ जाएगा। इसे अंग्रेजी में सुपरमून कहा जाता है। 19 फरवरी का सुपरमून साल का सबसे नजदीक होगा। इस रात को चंद्रमा करीब 14% बड़ा और 30% ज्यादा चमकीला होगा और 27 हजार 554 किलोमीटर करीब होगा।
खगोलशास्त्र के अनुसार
384400 किमी पृथ्वी और चांद की औसत दूरी
27554 किमी करीब होगा 19 फरवरी को सुपरमून
नजदीक 356500 किमी स्थिति को पेरिजी व दूर 406700 किमी वाली स्थिति को ओपीजी कहते हैं।
समानता पूर्णिमा के चंद्रमा से सुपरमून 7% बड़ा और 16% चमकीला होगा
फैक्ट फाइल
दोनों पूर्णिमा पर धरती से दूरी
19 फरवरी – 356846 किलोमीटर
21 मार्च – 360772 किलोमीटर
भविष्य में कब बनेगी ये स्थिति
2034 और 2052 में भी सबसे करीब होगा चंद्रमा। रविशंकर विवि के वैज्ञानिकों का मानना है कि इस सदी में 356500 किलोमीटर से कम दूरी का सुपरमून देखने के लिए 25 नवंबर 2034 का इंतजार करना होगा। इस दौरान चंद्रमा की दूरी 356446 किमी होगी। इस सदी का सबसे नजदीक 6 दिसंबर 2052 को होगा। चंद्रमा की दूरी 300425 किमी होगी।
इनका कहना है
एक संयोग बस है जो पूर्णिमा के दिन चंद्रमा पृथ्वी के करीब आ रहा है। इसके अलावा साल में पांच से छह बार पृथ्वी के करीब आएगा- डॉ. नंद कुमार चक्रधारी, एस्ट्रोलॉजिस्ट, रविवि
एक दशक के बाद चंद्रमा पूर्णिमा के दिन पृथ्वी के करीब आएगा। संयोग प्राकृति आपदा के बन रहे हैं। अविस्मरणीय घटनाएं हो सकती हैं। चंद्र दान करना होगा- पंडित संजय शर्मा, ज्योतिषाचार्य

रायपुर। महात्मा गांधी के सुविचारों की देन है कि हम आजाद हैं। उनके निश्चय का परिणाम है कि देश विकास की गाथा रच रहा है। उनकी पुण्यतिथि के अवसर पर शासकीय नागार्जुन विज्ञान महाविद्यालय में गांधी की पुस्तक की प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। यहां युवा, प्राध्यापक और छात्र उनकी कही बातों से रू-ब-रू हुए।
प्रदर्शनी में आजादी के पूर्व छपी पुस्तकों को प्रदर्शित की गई है। सबसे खास पुस्तक थी ‘आज के विचार’। आजादी के पूर्व लिखी इस पुस्तक का चौथा संस्करण महाविद्यालय परिसर में देखने को मिला। पुस्तक में एक जनवरी से लेकर 31 दिसंबर तक के सुविचार हैं। साल की शुरुआत को ध्यान में रखकर विचार दिया गया कि हम सबको शांति देने वाला होना चाहिए।
साल के आखिरी दिन 31 दिसंबर के लिए लिखा है- रोज बोलता हूं.. वह भी प्रार्थना ही है, उसी का हिस्सा है, मेरा यह सब भी भगवान के लिए है। मौके पर छात्र-छात्राओं की रंगोली, मेहंदी और फल सजाओं प्रतियोगिता हुई। कार्यक्रम के आयोजक डॉ. प्रवीण शर्मा ने बताया कि राजधानी में गांधी की पुस्तकों का सबसे बड़ा संग्रह महाविद्यालय में है। सबसे ज्यादा किताबें नागपुर विश्वविद्यालय से लाई गई हैं। अब इनके संरक्षण के लिए स्कैन करने का कार्य जल्द प्रारंभ किया जाएगा।
मौसम के मिजाज के अनुसार भी विचार
मत्मा गांधी ने सुविचार तो किताब में लिख दिए, लेकिन खास बात ये है कि उन्हें मौसम के मिजाज के अनुसार लिखा। ताकि पाठक सुविचारों का आनंद उठा सके। विचारों में तीज-त्योहारों के महत्व, स्थानीय त्योहारों को भी पिरोया गया है।
‘अगर मैं डिक्टेटर होता’ छात्रों को आई पसंद
प्रदर्शनी में गांधी की लिखी किताब ‘अगर मैं डिक्टेटर होता’ युवाओं को खूब पसंद आई। महात्मा गांधी ने किताब में लिखा है कि मैं अहिंसा को नहीं अपनाता तो सच में डिक्टेटर होता। देश के उत्थान के लिए मेरे कदम उठते ही नहीं, केवल अर्थ के पीछे मैं भागता दिखाई देता।